चुनावी पटना से उठे सवाल—क्या बिहार होगा उन्नत और खुशहाल? आज एनडीए जारी करेगी घोषणापत्र।
बिहार चुनाव/पटना/31/10/2025
आज खुलेंगे एनडीए के वादों के पन्ने
शुक्रवार सुबह पटना के होटल मौर्य का माहौल चुनावी तेवरों से गूंजेगा। बिहार विधानसभा चुनाव 2025 से पहले एनडीए अपना साझा घोषणा पत्र जारी करने जा रहा है, जिसमें अगले पांच वर्षों के लिए ‘विकसित बिहार’ का खाका पेश किया जाएगा। मंच पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से लेकर जीतनराम मांझी और चिराग पासवान तक—एनडीए परिवार के सभी चेहरे एक साथ नजर आएंगे।
संजय झा ने गुरुवार शाम सोशल मीडिया पर इस कार्यक्रम की पुष्टि करते हुए लिखा कि यह घोषणा पत्र सभी घटक दलों के विचार-विमर्श से तैयार हुआ है। इसमें विकास, सुशासन और सामाजिक न्याय को केंद्र में रखकर बिहार के अगले अध्याय की रूपरेखा प्रस्तुत की जाएगी।
सूत्रों के अनुसार, मेनिफेस्टो युवाओं, महिलाओं और किसानों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और आधारभूत ढांचे को लेकर बड़े और ठोस वादे इसमें शामिल हो सकते हैं। भाजपा और जेडीयू की साझा रणनीति इस बार ऐसे लोकलुभावन बिंदुओं पर केंद्रित है जो सीधे जन-जीवन से संवाद करें।
घोषणापत्र आज, उम्मीदें कल—क्या एनडीए दे पाएगी उन्नत खुशहाल बिहार का भरोसा
राजनीतिक पर्यवेक्षकों की नजर इस बात पर टिकी है कि एनडीए किन नए प्रयोगों से मतदाताओं के सामने “विश्वास और विकास” की कहानी दोहराने की कोशिश करेगा। क्योंकि चुनावी मैदान में फिलहाल हर पार्टी ‘बदलाव बनाम भरोसे’ की भाषा में जनता से संवाद कर रही है।
बिहार आज अपने घोषणापत्र की प्रतीक्षा में है—देखना होगा कि यह दस्तावेज वादों का पुल बनता है या प्रगति की राह दिखाने वाला सच साबित होता है।


