25.1 C
Raipur
Tuesday, July 21, 2026

कालाबाजारी पर एक्शन: खाद माफिया पर आधी रात रेड, बिलासपुर में दो गोदाम सील

Must read

रायपुर- 04 जून 2026


खरीफ सीजन शुरू होते ही खाद की कालाबाजारी करने वालों पर कृषि विभाग ने सर्जिकल स्ट्राइक शुरू कर दी है। बिलासपुर जिले में उड़नदस्ता दलों ने आधी रात को मल्हार और सेन्दरी में एक साथ छापेमारी की।

मस्तूरी के मल्हार स्थित अग्रवाल खाद भण्डार में यूरिया, एनपीके और एसएसपी का अवैध भण्डारण पकड़ा गया और पूरा स्टॉक जब्त कर मामला सीधे जिला दण्डाधिकारी न्यायालय भेज दिया गया। इसके कुछ घंटों बाद ही सेन्दरी के मेसर्स बंसल फर्टिलाइजर में छिपाकर रखी गई खाद को टीम ने बरामद किया और मौके पर ही गोदाम सील कर दिया। दोनों मामलों में आवश्यक वस्तु अधिनियम तथा उर्वरक नियंत्रण आदेश 1985 के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

किसानों को राहत देने के लिए जिला प्रशासन ने सभी सहकारी समितियों को शनिवार और रविवार समेत हर दिन खोलने के आदेश दे दिए हैं ताकि खाद के लिए कोई लाइन या परेशानी न हो। खरीफ के लिए जिले को 68 हजार 950 मीट्रिक टन उर्वरक का लक्ष्य मिला है जिसके खिलाफ अब तक 46 हजार 780 मीट्रिक टन से ज्यादा भण्डारण हो चुका है और 19 हजार 913 मीट्रिक टन खाद किसानों को बांटी भी जा चुकी है।

यूरिया, डीएपी, पोटाश, एनपीके और एसएसपी का भरपूर स्टॉक मौजूद है और पिछले साल की तुलना में इस बार 10 हजार 711 मीट्रिक टन ज्यादा खाद पहले ही डंप कर ली गई है।

कृषि विभाग ने साफ किया है कि किसान सिर्फ पंजीकृत सहकारी समितियों और लाइसेंसी दुकानों से ही खरीदारी करें और रसीद जरूर लें। विभाग ने खाद की कमी की अफवाहों को खारिज करते हुए किसानों से नैनो यूरिया, नैनो डीएपी, हरी खाद और नील हरित काई जैसे विकल्प अपनाने की अपील की है जिससे खेत की उर्वरा शक्ति बढ़े और केमिकल पर निर्भरता घटे। उड़नदस्ता टीमें पूरे प्रदेश में 24×7 एक्टिव हैं और जहां भी कालाबाजारी या ज्यादा रेट की शिकायत मिलेगी, अगली रेड वहीं होगी।

- Advertisement -spot_img

More articles

- Advertisement -spot_img

Latest article