नई दिल्ली – 2 जून 2026
भारत अमेरिका व्यापार समझौता पर भारत और अमेरिका के बीच प्रस्तावित द्विपक्षीय व्यापार समझौते को अंतिम रूप देने की दिशा में बड़ी प्रगति हुई है। केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कहा है कि समझौते के अधिकांश हिस्सों पर दोनों देशों के बीच सहमति बन चुकी है और अब केवल कुछ अंतिम बिंदुओं पर चर्चा बाकी है।
मंत्री श्री गोयल के अनुसार, भारत और अमेरिका के मुख्य वार्ताकार 2 से 4 जून तक नई दिल्ली में बैठक कर शेष मुद्दों का समाधान करने का प्रयास करेंगे। उन्होंने संकेत दिया कि समझौते का पहला चरण जल्द ही अंतिम रूप ले सकता है।
पियूष गोयल ने कहा कि व्यापार समझौते में अमेरिका की टैरिफ नीति में हुए हालिया कानूनी बदलावों को भी शामिल किया जाएगा। दोनों देशों के बीच वार्ता का उद्देश्य व्यापार को आसान बनाना, बाजार तक पहुंच बढ़ाना और निवेश एवं आर्थिक सहयोग को नई गति देना है।
सूत्रों के अनुसार, अधिकांश प्रमुख मुद्दों पर सहमति बन चुकी है और अब बातचीत केवल तकनीकी एवं कानूनी विवरणों पर केंद्रित है। गोयल ने इसे “कॉमा और फुल स्टॉप” स्तर की चर्चा बताते हुए कहा कि समझौते के बड़े हिस्से लगभग तय हो चुके हैं।
विशेषज्ञों का मानना है कि यह समझौता दोनों देशों के बीच व्यापारिक संबंधों को मजबूत करेगा तथा भारतीय निर्यातकों को अमेरिकी बाजार में बेहतर अवसर प्रदान कर सकता है। यदि वार्ता सफल रहती है तो आने वाले सप्ताहों में समझौते के पहले चरण की औपचारिक घोषणा संभव है।


