34.3 C
Raipur
Friday, June 5, 2026

आईपीएल क्रिकेट में कोहली का दबंग वार, गुजरात बेकरार… RCB ने रचा इतिहास, लगातार दूसरी बार बनी IPL चैंपियन

Must read

न्यूज डेस्क – 01 जून 2026

आईपीएल फाइनल मैच दर्शकों से खचाखच भरे अहमदाबाद नरेंद्र मोदी स्टेडियम में रविवार रात क्रिकेट का ऐसा रोमांच देखने को मिला, जिसे आईपीएल प्रशंसक लंबे समय तक याद रखेंगे। दबाव, ड्रामा, विकेटों की बारिश और फिर विराट कोहली का विराट अवतार… इन सबके बीच रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने गुजरात टाइटंस को 5 विकेट से हराकर लगातार दूसरी बार आईपीएल का ताज अपने नाम कर लिया।

156 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी RCB ने तूफानी शुरुआत की। वेंकटेश अय्यर ने सिर्फ 16 गेंदों में 32 रन ठोककर माहौल बना दिया, लेकिन उनके आउट होते ही गुजरात ने वापसी की कोशिश की। देवदत्त पडिक्कल एक रन बनाकर लौट गए और फिर कप्तान रजत पाटीदार भी ज्यादा देर नहीं टिक सके।

मैच का सबसे बड़ा मोड़ तब आया जब राशिद खान ने एक ही ओवर में रजत पाटीदार और क्रुणाल पंड्या को पवेलियन भेज दिया। 89 रन पर चार विकेट गिरते ही गुजरात के खेमे में उम्मीद की लहर दौड़ गई और मुकाबला पूरी तरह रोमांचक बन गया।

लेकिन दूसरी ओर एक बल्लेबाज चट्टान की तरह डटा रहा—विराट कोहली। जब टीम को सबसे ज्यादा जरूरत थी, तब कोहली ने अपना अनुभव दिखाया। उन्होंने महज 25 गेंदों में अर्धशतक जड़ दिया, जो उनके आईपीएल करियर की सबसे तेज फिफ्टी मानी जा रही है।

हर चौके और छक्के के साथ स्टेडियम में “कोहली-कोहली” के नारे गूंजते रहे।

टिम डेविड के आउट होने के बाद भी दबाव बढ़ा, लेकिन विराट ने जितेश शर्मा के साथ मिलकर जीत की पटकथा पूरी कर दी। दोनों बल्लेबाज टीम को लक्ष्य तक पहुंचाकर ही मैदान से लौटे और RCB के डगआउट में जश्न का विस्फोट हो गया।

इससे पहले गुजरात टाइटंस को 155 रन पर रोकने में RCB के गेंदबाजों ने निर्णायक भूमिका निभाई। रसिख सलाम ने तीन विकेट झटके, जबकि जोश हेजलवुड और भुवनेश्वर कुमार ने दो-दो सफलताएं हासिल कीं। हार्ड लेंथ और शरीर की तरफ उठती गेंदों की रणनीति ने गुजरात के बल्लेबाजों को पूरी तरह बांध दिया।

फाइनल में RCB ने सिर्फ मैच नहीं जीता, बल्कि यह साबित कर दिया कि अब वह आईपीएल की नई बादशाह टीम बन चुकी है। और इस जीत के केंद्र में एक बार फिर वही नाम रहा—विराट कोहली, जिसने बड़े मंच पर बड़ा खिलाड़ी होने का सबूत फिर दे दिया।

- Advertisement -spot_img

More articles

- Advertisement -spot_img

Latest article