36.2 C
Raipur
Monday, June 15, 2026

कमर्शियल और छोटू गैस की वैल्यू बढ़ी: जून की पहली तारीख और महंगाई का नया झटका

Must read

न्यूज डेस्क 01 जून 2026

तेल कंपनियों ने कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी है। इसके साथ ही 5 किलो वाले लोकप्रिय “छोटू सिलेंडर” के दाम भी बढ़ गए हैं। जून की शुरुआत आम लोगों के लिए राहत नहीं, बल्कि महंगाई की एक और खबर लेकर आई है।

हालांकि घरेलू रसोई में इस्तेमाल होने वाले 14.2 किलो के सिलेंडर उपभोक्ताओं के लिए फिलहाल राहत की खबर है, क्योंकि उसके दाम में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
होटल-ढाबों की बढ़ेगी लागत, जेब पर पड़ सकता है असर

कमर्शियल गैस सिलेंडर मुख्य रूप से होटल, रेस्टोरेंट, ढाबों, मिठाई दुकानों और कैटरिंग व्यवसाय में इस्तेमाल होता है। ऐसे में इसकी कीमत बढ़ने का असर सीधे आम लोगों तक पहुंच सकता है। बाहर खाना खाना, सुबह की चाय-नाश्ता, फास्ट फूड या शादी-ब्याह के आयोजनों का खर्च बढ़ने की संभावना है।

तेल कंपनियों ने 19 किलो वाले कमर्शियल सिलेंडर के दाम में 42 से 53.50 रुपये तक की बढ़ोतरी की है। नई दरों के अनुसार दिल्ली में यह सिलेंडर अब 3113.50 रुपये, मुंबई में 3067.50 रुपये, कोलकाता में 3255.50 रुपये और चेन्नई में 3283 रुपये का हो गया है।

“छोटू सिलेंडर” भी महंगा
पढ़ाई या नौकरी के लिए घर से दूर रहने वाले छात्र, मजदूर और छोटे दुकानदार जिस 5 किलो वाले एफटीएल सिलेंडर पर भरोसा करते हैं, वह भी अब महंगा हो गया है। लोगों के बीच “छोटू सिलेंडर” के नाम से लोकप्रिय इस सिलेंडर की कीमत में 11 रुपये का इजाफा किया गया है। अब इसके लिए 821.50 रुपये चुकाने होंगे, जबकि पहले इसकी कीमत 810.50 रुपये थी।

घरेलू उपभोक्ताओं को फिलहाल राहत
महंगाई के इस दौर में एक राहत भरी खबर यह है कि घरेलू रसोई में इस्तेमाल होने वाले 14.2 किलो के एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है। यानी घर का बजट फिलहाल गैस के मोर्चे पर प्रभावित नहीं होगा।

कुल मिलाकर जून की शुरुआत व्यापारियों और बाहर खाने-पीने के शौकीनों के लिए थोड़ी महंगी साबित हो सकती है। आने वाले दिनों में बाजार में खाद्य पदार्थों और सेवाओं की कीमतों पर इसका असर देखने को मिल सकता है।

- Advertisement -spot_img

More articles

- Advertisement -spot_img

Latest article