22.1 C
Raipur
Wednesday, October 28, 2026
Home Blog Page 53

आज मांस-मटन की बिक्री पर पूरी तरह रोक, होटल और रेस्टोरेंट पर भी रहेगी सख्ती,उल्लंघन करने पर होगी कार्रवाई

 रायपुर: गांधी जयंती के मौके पर रायपुर नगर निगम ने शहर में मांस और मटन की बिक्री पर पूरी तरह प्रतिबंध लगा दिया है। नगर निगम के आदेश के मुताबिक 2 अक्टूबर को निगम क्षेत्र में सभी मांस-मटन की दुकानें और पशुवध गृह बंद रहेंगे। प्रशासन ने नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए निगरानी और कार्रवाई के निर्देश भी दिए हैं।

गांधी जयंती पर क्यों लगाया गया प्रतिबंध

नगर निगम की ओर से जारी आदेश के अनुसार, गांधी जयंती के अवसर पर अहिंसा के संदेश को ध्यान में रखते हुए मांस-मटन की बिक्री पर रोक लागू की गई है। निगम की टीमें सुबह से ही शहर के अलग-अलग इलाकों में निरीक्षण करेंगी और प्रतिबंध का पालन सुनिश्चित करेंगी।

दुकान खुली मिली तो जब्त होगा सामान

प्रशासन ने साफ किया है कि प्रतिबंध के बावजूद अगर कोई मांस-मटन की दुकान खुली मिलती है या चोरी-छिपे बिक्री की जाती है, तो संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। मौके पर मौजूद मांस को जब्त करने के साथ नियम तोड़ने वाले दुकानदार पर नियमानुसार कार्रवाई की जा सकती है।

होटल, रेस्टोरेंट और ढाबों पर भी लागू रहेगा आदेश

प्रतिबंध का दायरा केवल मांस-मटन की दुकानों तक सीमित नहीं है। रायपुर नगर निगम क्षेत्र में होटल, रेस्टोरेंट और ढाबों में भी आज मांस-मटन बेचने या परोसने की अनुमति नहीं होगी। जांच के दौरान अगर किसी प्रतिष्ठान में प्रतिबंधित सामग्री मिलती है, तो निगम की टीम उसे जब्त कर सकती है। संबंधित संचालक पर जुर्माना भी लगाया जा सकता है।

जोन और स्वास्थ्य विभाग की टीमें रखेंगी नजर

नगर निगम ने सभी जोन कमिश्नरों और स्वास्थ्य विभाग की टीमों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों की टीमें दुकानों और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की जांच करेंगी। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर छत्तीसगढ़ नगर पालिका अधिनियम के प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जाएगी।

सोना-चांदी के दाम में आज फिर रिकॉर्ड तेजी, गोल्ड 1.50 लाख के पार पहुंचा , चांदी भी 2.25 लाख रुपये के करीब

0

 नई दिल्ली: भारतीय वायदा बाजार में शुक्रवार को सोने और चांदी की कीमतों में जोरदार तेजी देखने को मिली। घरेलू बाजार में मजबूत मांग और निवेशकों की नई खरीदारी के बीच दोनों कीमती धातुओं ने ऊंचे स्तर पर कारोबार किया। एमसीएक्स पर सोने का भाव 1.50 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के पार पहुंच गया, जबकि चांदी भी 2.25 लाख रुपये प्रति किलोग्राम के करीब कारोबार करती नजर आई।

एमसीएक्स पर सोना 1.50 लाख रुपये के पार

मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज पर अक्टूबर डिलीवरी वाला सोना 1,475 रुपये यानी 0.99 फीसदी की बढ़त के साथ 1,50,511 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। कारोबार के दौरान कुल 2,019 लॉट के सौदे हुए।बाजार से जुड़े जानकारों के मुताबिक, घरेलू हाजिर बाजार में मांग बढ़ने से सोने की खरीदारी को समर्थन मिला है। निवेशकों की सक्रियता बढ़ने से वायदा बाजार में भी कीमतों को मजबूती मिली।

अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी गोल्ड मजबूत

विदेशी बाजारों में भी सोने की कीमतों में तेजी का रुख रहा। न्यूयॉर्क में सोने का वायदा भाव 0.59 फीसदी की बढ़त के साथ 4,182.06 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रहा था। वैश्विक बाजार की मजबूती का असर भारतीय वायदा बाजार में भी दिखाई दिया।

चांदी ने भी पकड़ी रफ्तार, भाव 2.25 लाख के करीब

सोने के साथ चांदी की कीमतों में भी शुक्रवार को अच्छी तेजी दर्ज की गई। एमसीएक्स पर दिसंबर डिलीवरी वाली चांदी 2,087 रुपये यानी 0.93 फीसदी चढ़कर 2,25,793 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई। इस दौरान 2,364 लॉट में कारोबार हुआ।अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी चांदी की कीमत बढ़ी। न्यूयॉर्क कमोडिटी मार्केट में चांदी का वायदा भाव करीब 1 फीसदी की तेजी के साथ 61.02 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार करता नजर आया।

देश के प्रमुख शहरों में आज सोने का भाव कितना है

इंडिया बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन के नवीनतम आंकड़ों के आधार पर देश के अलग-अलग प्रमुख शहरों में 24 कैरेट और 22 कैरेट सोने के खुदरा भाव में अंतर देखने को मिलता है। स्थानीय टैक्स, मेकिंग चार्ज और अन्य लागत के कारण आभूषणों की अंतिम कीमत इन दरों से अलग हो सकती है।

त्योहारी सीजन से पहले मांग बढ़ने का असर

बाजार विश्लेषकों के मुताबिक, सोने और चांदी में मौजूदा तेजी के पीछे वैश्विक स्तर पर बनी अनिश्चितता के साथ घरेलू बाजार में बढ़ती मांग भी एक अहम वजह है। त्योहारी सीजन के अलावा आने वाले शादी के मौसम को देखते हुए कीमती धातुओं की खरीदारी में तेजी आई है।अगर वैश्विक बाजार में मजबूती और घरेलू मांग का यह रुख आगे भी बना रहता है, तो सोने और चांदी की कीमतों पर इसका असर देखने को मिल सकता है। इससे त्योहारों और शादी के सीजन में सोने-चांदी की खरीदारी करने वाले ग्राहकों का बजट भी प्रभावित हो सकता है।

पेट्रोल-डीजल के नए रेट जारी, गाड़ी निकालने से पहले चेक कर लें आपके शहर में आज कितना है भाव

0

 पेट्रोल-डीजल : अगर आज यानी 2 अक्टूबर 2026 को आप कार या बाइक लेकर लंबी दूरी के सफर पर निकलने वाले हैं, तो फ्यूल भरवाने से पहले अपने शहर में पेट्रोल और डीजल की कीमत जरूर जान लें। तेल कंपनियों की ओर से आज के लिए ईंधन के नए रेट जारी कर दिए गए हैं। कई बड़े शहरों में कीमतें फिलहाल लगभग स्थिर बनी हुई हैं, हालांकि अलग-अलग शहरों में टैक्स और स्थानीय शुल्क के कारण दाम अलग हैं।आज के पेट्रोल और डीजल के रेट की जानकारी आपके सफर का बजट तय करने में भी मदद कर सकती है। जानिए दिल्ली, मुंबई, चेन्नई, भोपाल, जयपुर समेत प्रमुख शहरों में आज पेट्रोल और डीजल किस कीमत पर मिल रहा है।

आज आपके शहर में पेट्रोल कितने रुपये लीटर

2 अक्टूबर के उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, अलग-अलग शहरों में पेट्रोल की कीमत में अंतर देखने को मिल रहा है। भोपाल में पेट्रोल 115.41 रुपये प्रति लीटर है, जबकि पटना में इसका भाव 113.35 रुपये और जयपुर में 113.19 रुपये प्रति लीटर दर्ज किया गया है।

शहरपेट्रोल की कीमत
दिल्ली102.12 रुपये
मुंबई111.31 रुपये
जमशेदपुर106.09 रुपये
चेन्नई107.78 रुपये
जयपुर113.19 रुपये
पटना113.35 रुपये
कानपुर101.78 रुपये
भोपाल115.41 रुपये
मेरठ101.44 रुपये

डीजल के लिए कितना खर्च करना होगा

डीजल की बात करें तो भोपाल में इसकी कीमत 100.47 रुपये प्रति लीटर बताई गई है। जमशेदपुर में डीजल 101.23 रुपये, जबकि मुंबई में 97.97 रुपये प्रति लीटर के भाव पर मिल रहा है। दिल्ली में आज डीजल की कीमत 95.20 रुपये प्रति लीटर है।

शहरडीजल की कीमत
दिल्ली95.20 रुपये
मुंबई97.97 रुपये
जमशेदपुर101.23 रुपये
चेन्नई99.56 रुपये
जयपुर98.25 रुपये
पटना99.36 रुपये
कानपुर95.27 रुपये
भोपाल100.47 रुपये
मेरठ94.91 रुपये

दिल्ली से मुंबई तक, बड़े शहरों में क्या है पेट्रोल का भाव

2 अक्टूबर को उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक दिल्ली में पेट्रोल करीब 102.12 रुपये प्रति लीटर है। मुंबई में इसकी कीमत 111.31 रुपये प्रति लीटर बताई गई है। चेन्नई में पेट्रोल 107.78 रुपये और जयपुर में 113.19 रुपये प्रति लीटर के आसपास है।कोलकाता में पेट्रोल का भाव करीब 113.46 रुपये प्रति लीटर बताया गया है। अलग-अलग स्रोतों और स्थानीय स्तर पर लागू दरों के कारण कुछ जगह मामूली अंतर देखने को मिल सकता है।

डीजल के दाम में भी शहर के हिसाब से अंतर

दिल्ली में आज डीजल करीब 95.20 रुपये प्रति लीटर है। मुंबई में यह करीब 97.97 रुपये, जबकि चेन्नई में करीब 99.56 रुपये प्रति लीटर दर्ज किया गया है। कोलकाता में डीजल का भाव करीब 99.82 रुपये प्रति लीटर बताया गया है।

कच्चे तेल की कीमत बढ़ी, घरेलू रेट में बड़ा बदलाव नहीं

अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में तेजी का असर फिलहाल घरेलू पेट्रोल और डीजल की कीमतों पर बड़े बदलाव के रूप में नजर नहीं आया है। मई 2026 के बाद देश में पेट्रोल और डीजल के दामों में कोई बड़ा बदलाव नहीं किया गया है। हालांकि, अलग-अलग राज्यों में टैक्स और स्थानीय शुल्क के चलते अंतिम कीमत अलग हो सकती है।

शुक्रवार का पंचांग: मां लक्ष्मी की पूजा के लिए कौन सा समय रहेगा शुभ? जानें आज का शुभ मुहूर्त

 पंचांग  : आज 02 अक्टूबर, 2026 शुक्रवार, के दिन आश्विन महीने की कृष्ण पक्ष षष्ठी तिथि है. इस तिथि पर मंगल का शासन है. चिकित्सा संबंधी कार्य करने या नई दवाई शुरू करने के अलावा रियल एस्टेट से जुड़े काम के लिए यह तिथि अच्छी मानी जाती है.

2 अक्टूबर का पंचांग :

  1. विक्रम संवत : 2083
  2. मास : आश्विन
  3. पक्ष : कृष्ण पक्ष षष्ठी
  4. दिन : शुक्रवार
  5. तिथि : कृष्ण पक्ष षष्ठी
  6. योग : व्यतिपात
  7. नक्षत्र : मृगशीर्ष
  8. करण : वणिज
  9. चंद्र राशि : वृषभ
  10. सूर्य राशि : कन्या
  11. सूर्योदय : 06:14:00 AM
  12. सूर्यास्त : 06:06:00 PM
  13. चंद्रोदय : 10:25 पी एम
  14. चंद्रास्त : 12:03 पी एम
  15. राहुकाल : 10:41 से 12:10
  16. यमगंड : 15:08 से 16:37

आज का नक्षत्र
आज के दिन चंद्रमा वृषभ राशि और मृगशीर्ष नक्षत्र में रहेगा. यह नक्षत्र वृषभ राशि में 23:20 के बाद से मिथुन राशि में 6:40 तक रहता है. इसके देवता चंद्रमा है और इसके शासक ग्रह मंगल है. विवाह आदि कार्य करने, दीक्षा ग्रहण करने, यात्रा, भवन निर्माण के लिए शुभ नक्षत्र है। इस नक्षत्र का स्वभाव कोमल होता है. यह नक्षत्र ललित कलाओं के लिए अच्छा है। कुछ नया आर्ट सीखने, दोस्ती करने, प्रेम अभिव्यक्ति, नए परिधान पहनने के साथ शुभ समारोह, उत्सव, कृषि के सौदे करने के लिए यह नक्षत्र अच्छा होता है.

आज के दिन का वर्जित समय
आज के दिन 10:41 से 12:10 बजे तक राहुकाल रहेगा. ऐसे में कोई शुभ कार्य करना हो, तो इस अवधि से परहेज करना ही अच्छा रहेगा. इसी तरह यमगंड, गुलिक, दुमुहूर्त और वर्ज्यम से भी परहेज करना चाहिए.

आज का राशिफल: नौकरी, कारोबार और धन के मामले में कैसा रहेगा शुक्रवार? पढ़ें सभी 12 राशियों का हाल

 मेष- 02 अक्टूबर, 2026 शुक्रवार को वृषभ राशि का चंद्रमा आज आपके लिए दूसरे भाव में होगा. दिन की शुरुआत में आप थोड़े कन्फ्यूज रहेंगे. आज आप अपना जिद्दी व्यवहार छोड़ दें. दूसरों संग सामंजस्य बनाए रखें. वाणी मधुर रखें. काम आसानी से पूरा कर पाएंगे, हालांकि किसी तरह के नए काम आज शुरू ना करें. दोपहर बाद उत्साह में वृद्धि होने की संभावना हैं. मन खुश रहेगा. परिजनों के साथ कोई विवाद हो सकता है. यात्रा की संभावना है. किसी निवेश में आप रुचि ले सकते हैं.

वृषभ- 02 अक्टूबर, 2026 शुक्रवार को वृषभ राशि का चंद्रमा आज आपके लिए पहले भाव में होगा. महत्वपूर्ण कामों को आज समय पर पूरा कर पाएंगे. कार्यस्थल पर आपके काम की प्रशंसा हो सकती है. धन लाभ की संभावना है. आप आज शारीरिक और मानसिक रूप से उत्साही रहेंगे. परिजनों के साथ समय आनंदपूर्वक गुजरेगा. दोपहर बाद आप किसी बात लेकर उलझन में रहेंगे. जल्दबाजी में कोई अवसर हाथ से गंवा देंगे. इस दौरान वाहन भी धीमे चलाएं. भाई-बंधुओं के साथ संबंध में प्रेम की भावना रहेगी. मित्रों से मुलाकात होगी.

मिथुन- 02 अक्टूबर, 2026 शुक्रवार को वृषभ राशि का चंद्रमा आपके लिए बारहवें भाव में होगा. आज का दिन मिश्रित फलदायी है. आज आप चिंताग्रस्त रहेंगे और स्वास्थ्य भी अच्छा नहीं रहेगा. व्यापारियों के लिए दिन सामान्य है. लाभ के लालच में ना पड़ें. परिवार में किसी से मतभेद रहेगा, लेकिन दोपहर बाद सभी कामों में अनुकूलता का अनुभव करेंगे. काम पूरा होने का उत्साह रहेगा. कार्यस्थल का वातावरण भी परिवर्तित होगा. आर्थिक लाभ की संभावना हैं.

कर्क- 02 अक्टूबर, 2026 शुक्रवार को वृषभ राशि का चंद्रमा आज आपके लिए ग्यारहवें भाव में होगा. आज व्यापार में लाभ के योग हैं. इंपोर्ट-एक्सपोर्ट के काम में भी आपको लाभ हो सकता है. किसी पर्यटन स्थल पर जाने का कार्यक्रम बन सकता है. दोपहर बाद आप थोड़े आलसी बने रहेंगे. काम में मन नहीं लगेगा. आंख के रोगों से कष्ट बढ़ सकता है. परिजनों के लिए पैसा खर्च करके खुश होंगे. गाड़ी और इलेक्ट्रॉनिक आइटम के उपयोग में सावधानी बरतें. विद्यार्थियों के लिए समय सामान्य है. मन भटकाव की स्थिति रह सकती है.

सिंह- 02 अक्टूबर, 2026 शुक्रवार को वृषभ राशि का चंद्रमा आज आपके लिए दसवें भाव में होगा. नए काम की शुरुआत के लिए आज का दिन अच्छा है. अधूरे काम पूरे होंगे. कार्यस्थल पर आपके काम की तारीफ होगी. दोस्तों और परिजनों से उपहार मिल सकता है. व्यापार में नए संपर्क से भविष्य में लाभ होने की संभावना रहेगी. परिजनों और मित्रों के साथ आनंददायी क्षण गुजार सकेंगे. आय में वृद्धि होने के योग हैं. कोई आनंददायी प्रवास होगा. विद्यार्थियों के लिए दिन अच्छा है. आज किसी नए ऑनलाइन कोर्स के प्रति आपकी रुचि बढ़ सकती है.

कन्या- 02 अक्टूबर, 2026 शुक्रवार को वृषभ राशि का चंद्रमा आज आपके लिए नवें भाव में होगा. व्यापार से धन लाभ होगा. आपकी सकारात्मक ऊर्जा दूसरों के लिए प्रेरणादायक होगी. आज यात्रा के योग हैं. स्वास्थ्य के मामले में संभलकर चलें. दूर के रिश्तेदारों से मिलना हो सकता है. दोपहर बाद काम में अधिकारी आपका साथ देंगे. मैरीड कपल में सुख और शांति बनी रहेगी. पदोन्नति का योग है. सामाजिक जीवन में सम्मान प्राप्त होगा.

तुला- 02 अक्टूबर, 2026 शुक्रवार को वृषभ राशि का चंद्रमा आज आपके लिए आठवें भाव में होगा. खान-पान में आज विशेष ध्यान रखें. आज नए काम का आरंभ करने के लिए समय अनुकूल नहीं है. अधिक कार्य से आलस्य और मानसिक चिंता का अनुभव करेंगे. यात्रा आज लाभदायी नहीं है, परंतु दोपहर बाद आपको कुछ नया करने की प्रेरणा मिलेगी. धार्मिक काम होंगे. किसी प्रिय मित्र या रिश्तेदार से बातचीत करके मन प्रसन्न रहेगा. व्यापार में आर्थिक लाभ होगा. नए काम के लिए अनुकूल परिस्थिति का निर्माण होगा. जीवनसाथी के साथ विचारों का मतभेद दूर होगा.

वृश्चिक- 02 अक्टूबर, 2026 शुक्रवार को वृषभ राशि का चंद्रमा आज आपके लिए सातवें भाव में होगा. सुबह के समय आप शारीरिक रूप से स्वस्थ और मन से खुश रहेंगे. परिजनों और मित्रों के साथ कहीं बाहर जाने का कार्यक्रम बन सकता है. दोपहर बाद किसी बात की चिंता आपको रह सकती है. कार्यालय या व्यवसाय में काम अधूरा रहने से मन निराश रहेगा. इस दौरान आपको अपने अधिकारियों के साथ बातचीत या विवाद को टालना चाहिए. यात्रा में विघ्न आ सकता है. आध्यात्मिकता और ईश्वरभक्ति से मन प्रसन्न रहेगा. गृहस्थ जीवन की चिंता दूर होगी.

धनु- 02 अक्टूबर, 2026 शुक्रवार को वृषभ राशि का चंद्रमा आज आपके लिए छठे भाव में होगा. आज मन खुश रहेगा, लेकिन आलस्य बना रहेगा. इस कारण आपके काम योजनानुसार पूरे नहीं हो सकेंगे. कई काम अधूरे रह सकते हैं. हालांकि दोपहर बाद स्थिति में तेजी से सुधार होगा. इस दौरान धन लाभ की संभावना है. गृहस्थजीवन में मधुरता बनी रहेगी. बिजनेस या नौकरी के लिए छोटी यात्रा करेंगे. विदेश में रहने वाले रिश्तेदारों से शुभ समाचार मिलेंगे. शाम में स्वास्थ्य को लेकर चिंता दूर होगी.

मकर- 02 अक्टूबर, 2026 शुक्रवार को वृषभ राशि का चंद्रमा आज आपके लिए पांचवें भाव में होगा. आज आप अपने व्यवहार से किसी का दिल जीत सकते हैं. आपका नेटवर्क बढ़ेगा. किसी अच्छे निवेश में धन लगा पाएंगे. आज का पूरा दिन आनंद के साथ गुजरेगा. नौकरी में साथी कर्मचारियों का साथ मिलेगा. दोपहर बाद बीमार व्यक्ति के स्वास्थ्य में सुधार होगा और अधूरे काम पूरे होंगे. परिवार के साथ भी हंसी-खुशी का माहौल रहेगा. आज परिवार की जरूरत पर धन खर्च करके खुशी भी मिलेगी. विद्यार्थियों के लिए समय अच्छा है.

कुंभ- 02 अक्टूबर, 2026 शुक्रवार को वृषभ राशि का चंद्रमा आज आपके लिए चौथे भाव में होगा. छात्र, कलाकार और खिलाड़ियों के लिए आज का दिन शुभ है. पिता तथा सरकार की ओर से लाभ होगा. आपका मनोबल भी आज दृढ़ रहेगा. काम की सफलता में कोई बाधा नहीं आएगी. आज लंबी यात्रा के आयोजन की योजना हो तो उसे टालना आपके हित में होगा. पठन-पाठन में आपकी रुचि बढ़ेगी. निवेश के लिए कोई बड़ी योजना बना पाएंगे.

मीन- 02 अक्टूबर, 2026 शुक्रवार को वृषभ राशि का चंद्रमा आज आपके लिए तीसरे भाव में होगा. आज आप काल्पनिक दुनिया में ही दिन ज्यादा गुजारेंगे. इससे आपके काम को उचित दिशा मिल सकेगी. परिजनों और मित्रों के साथ बाहर जाने का कार्यक्रम बनेगा. दैनिक काम में भी आत्मविश्वास रहेगा. विद्यार्थियों के लिए आज का दिन अच्छा है. संतान की प्रगति से मन खुश रहेगा. पिता से लाभ होगा. प्रेम जीवन में सकारात्मक दृष्टिकोण रहेगा. जीवनसाथी के साथ आपके संबंध अच्छे रहेंगे.

‘मुफ्त’ की राजनीति और शिक्षा का ढोंग

0

बेमेतरा, 01/10/ 2026

जनता की आंखों में सब दिखता है। सबसे ज्वलंत सवाल यह है कि यदि देश वाकई विकास कर रहा है, तो ‘रेवड़ी संस्कृति’ (Freebies) की जरूरत क्यों पड़ रही है?
शिक्षा बनाम रोजगार
आज शिक्षा इतनी महंगी है कि वह निवेश नहीं, बल्कि कर्ज बन गई है। डिग्री हाथ में है, पर हुनर और रोजगार का उससे कोई तालमेल नहीं है।

जब स्कूल बंद होते हैं और शिक्षकों को ‘एडजस्ट’ (समायोजित) किया जाता है, तो असल में उस क्षेत्र का भविष्य अंधेरे में धकेला जाता है। सरकारी तर्क अक्सर ‘छात्रों की कम संख्या’ का होता है, लेकिन सवाल यह है कि संख्या कम क्यों हुई? क्या इसलिए कि सरकारी स्कूलों की गुणवत्ता को निजी स्कूलों की चकाचौंध के आगे घुटने टेकने पर मजबूर कर दिया गया?

वोट बैंक का गणित
जब सरकारें रोजगार देने में विफल होती हैं, तो वे ‘मुफ्त योजनाओं’ का झुनझुना थमा देती हैं। यह विकास नहीं, बल्कि जनता की सोच को ‘दकियानूसी और निर्भर’ बनाए रखने की साजिश है।

वोट देने वाली उंगलियां दिखती हैं, पर काम मांगने वाले हाथ नहीं दिखते।
‘शराब’ बनाम ‘संस्कार’

छत्तीसगढ़ जैसे राज्य में, जहाँ सामाजिक ताना-बना बहुत संवेदनशील है, वहां सरकार का शराब बेचने में ‘मशगूल’ होना एक विरोधाभासी स्थिति पैदा करता है। एक उंगली शिक्षा मांग रही है, तो सरकार उसे नशा परोस रही है। यह न केवल आर्थिक शोषण है, बल्कि आने वाली पीढ़ी के ‘मानसिक विकास’ को रोकने का तरीका भी है।
विकास का विरोधाभास
आज देश में ‘गति’ और ‘शक्ति’ जैसे बड़े प्रोजेक्ट्स पर काम हो रहा है। हाईवे और एक्सप्रेस-वे बन रहे हैं, लेकिन ‘ह्यूमन डेवलपमेंट इंडेक्स’ (HDI) में हम अब भी पीछे हैं।

सच्चाई यह है कि इस चकाचौंध का लाभ ऊपरी 10-15% आबादी उठा रही है, जबकि शेष आबादी केवल उस चकाचौंध को देख रही है, जी नहीं रही।

एक तरफ 5G इंटरनेट है, तो दूसरी तरफ पीने के साफ पानी के लिए लंबी कतारें। यह ‘डिजिटल इंडिया’ और ‘बेबस इंडिया’ का विरोधाभास है।
“विकास का अर्थ केवल ऊंची इमारतें नहीं, बल्कि ऊंचे जीवन स्तर से है। यदि सड़क चौड़ी होने से दुर्घटनाएं बढ़ रही हैं और डिग्री होने से बेरोजगारी, तो समझ लीजिए कि हम विकास की दिशा में नहीं, बल्कि एक चमकीले विनाश की ओर बढ़ रहे हैं।”
निष्कर्ष: हमें स्मार्ट सिटी चाहिए या स्मार्ट जीवन? सड़कें चौड़ी हैं पर जिंदगी तंग क्यों है? यही आज का सबसे बड़ा सवाल है।

5 KG LPG Cylinder: छोटे सिलेंडर पर भी मिलेगी उज्ज्वला सब्सिडी, जानिए कितनी राहत और किन लोगों को मिलेगा फायदा

0

LPG सिलेंडर की कीमतों के बीच कम गैस खपत वाले परिवारों के लिए 5 किलो का सिलेंडर एक सुविधाजनक विकल्प हो सकता है। प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत 5 किलो कनेक्शन का विकल्प पहले से उपलब्ध है। सरकारी जानकारी के मुताबिक, PMUY लाभार्थियों को 5 किलो कनेक्शन के लिए भी योजना के तहत सहायता दी जाती है।

5 किलो सिलेंडर पर कितनी मिलेगी सब्सिडी?

केंद्र सरकार की लक्षित उज्ज्वला सब्सिडी 14.2 किलो सिलेंडर पर 300 रुपये प्रति रिफिल तक है और 5 किलो कनेक्शन के लिए यह राशि अनुपात के आधार पर तय होती है। पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय के अनुसार, यह सब्सिडी अधिकतम 12 रिफिल प्रति वर्ष तक दी जाती है और 5 किलो कनेक्शन के मामले में राशि प्रोराटा आधार पर होती है। यानी 5 किलो सिलेंडर पर 14.2 किलो वाले सिलेंडर के 300 रुपये की पूरी सब्सिडी नहीं मिलती।

किन लोगों के लिए उपयोगी हो सकता है 5 किलो सिलेंडर?

5 किलो सिलेंडर उन लोगों के लिए सुविधाजनक हो सकता है, जिनकी LPG खपत कम है या जिन्हें एक साथ 14.2 किलो का सिलेंडर भरवाना मुश्किल लगता है। छात्र, प्रवासी कामगार, किराए के मकान में रहने वाले, अकेले रहने वाले लोग और छोटे परिवार अपनी जरूरत के हिसाब से इसका इस्तेमाल कर सकते हैं।

PMUY की आधिकारिक वेबसाइट पर 5 किलो और 14.2 किलो दोनों तरह के कनेक्शन का विकल्प उपलब्ध बताया गया है।

5 किलो उज्ज्वला कनेक्शन के लिए कौन पात्र है?

प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत कनेक्शन के लिए आवेदक महिला की उम्र कम से कम 18 वर्ष होनी चाहिए। इसके अलावा उसी परिवार में किसी अन्य तेल विपणन कंपनी का LPG कनेक्शन नहीं होना चाहिए। आवेदक का गरीब परिवार से संबंधित होना भी योजना की निर्धारित पात्रता के तहत जरूरी है।

कौन से दस्तावेज जरूरी होंगे?

आवेदन के लिए KYC, राशन कार्ड या परिवार की संरचना से संबंधित निर्धारित दस्तावेज, आधार कार्ड, बैंक खाते की जानकारी और जरूरत के अनुसार पते का प्रमाण देना पड़ सकता है। प्रवासी आवेदकों के लिए स्व-घोषणा का विकल्प भी उपलब्ध है।

कनेक्शन पर क्या-क्या सुविधा मिलती है?

PMUY की आधिकारिक जानकारी के मुताबिक, पात्र लाभार्थियों को कनेक्शन के लिए निर्धारित सहायता दी जाती है। 5 किलो कनेक्शन के मामले में सिलेंडर की सिक्योरिटी डिपॉजिट, रेगुलेटर, LPG होज, गैस कंज्यूमर कार्ड और इंस्टॉलेशन से जुड़ी निर्धारित लागत शामिल है। इसके अलावा पात्र PMUY लाभार्थियों को पहला रिफिल और स्टोव भी OMCs की ओर से दिया जाता है।

इसलिए 5 किलो सिलेंडर को लेकर यह समझना जरूरी है कि 300 रुपये की सब्सिडी सीधे 5 किलो सिलेंडर पर पूरी तरह लागू नहीं होती, बल्कि सरकारी नियमों के अनुसार 5 किलो कनेक्शन के लिए सब्सिडी 14.2 किलो वाले सिलेंडर की राशि के अनुपात में होती है।

Asian Games 2026: पाकिस्तान को 4-3 से हराकर हॉकी फाइनल में पहुंचा भारत, आखिरी मिनट में अभिषेक ने किया कमाल

0

Men’s Hockey Team Into Finals:  एशियन गेम्स 2026 में भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने पाकिस्तान को रोमांचक सेमीफाइनल में 4-3 से हराकर फाइनल में जगह बना ली है। भारत ने मुकाबले की शुरुआत में 3-0 की बढ़त हासिल कर ली थी, लेकिन पाकिस्तान ने शानदार वापसी करते हुए स्कोर 3-3 कर दिया। मैच खत्म होने से कुछ सेकंड पहले अभिषेक ने निर्णायक गोल दागकर भारत को जीत दिला दी।

हरमनप्रीत ने शुरुआती मिनटों में दागे दो गोल

भारत ने मुकाबले की शुरुआत आक्रामक अंदाज में की। कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने 5वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई। इसके बाद 13वें मिनट में हरमनप्रीत ने एक और पेनल्टी कॉर्नर पर गोल कर भारत की बढ़त 2-0 कर दी।

सुखजीत ने दिलाई 3-0 की बढ़त

दूसरे क्वार्टर में भारत ने अपनी बढ़त को और मजबूत किया। 23वें मिनट में सुखजीत सिंह ने फील्ड गोल कर भारत को 3-0 से आगे कर दिया। इस समय तक मुकाबले पर भारतीय टीम का नियंत्रण दिखाई दे रहा था।हालांकि पाकिस्तान ने हार नहीं मानी। पहले हाफ के अंतिम मिनटों में अबू महमूद ने गोल कर स्कोर 3-1 कर दिया और पाकिस्तान ने वापसी की उम्मीद कायम रखी।

पाकिस्तान ने 3-3 से बराबरी कर बढ़ाई भारत की मुश्किल

दूसरे हाफ में पाकिस्तान ने लगातार दबाव बनाया। टीम ने दो और गोल कर मुकाबले को 3-3 की बराबरी पर ला दिया। भारत के लिए अंतिम मिनटों में मुकाबला काफी चुनौतीपूर्ण हो गया और मैच अतिरिक्त समय की ओर जाता हुआ दिखाई देने लगा।लेकिन भारतीय टीम ने आखिरी पलों में बाजी पलट दी।

अंतिम मिनट में अभिषेक का गोल, भारत फाइनल में

मैच खत्म होने से करीब 45 सेकंड पहले अभिषेक ने फील्ड गोल दागकर भारत को 4-3 की बढ़त दिला दी। इसके बाद भारतीय डिफेंस ने पाकिस्तान को बराबरी का मौका नहीं दिया और भारत ने रोमांचक जीत के साथ फाइनल का टिकट पक्का कर लिया।

फाइनल में किससे होगा मुकाबला?

भारत अब गोल्ड मेडल के लिए दूसरे सेमीफाइनल के विजेता से भिड़ेगा। दूसरे सेमीफाइनल में मलेशिया और दक्षिण कोरिया आमने-सामने हैं। इसलिए फिलहाल भारत के फाइनल प्रतिद्वंद्वी की आधिकारिक पुष्टि दूसरे सेमीफाइनल के बाद होगी। गोल्ड मेडल मुकाबला 3 अक्टूबर को खेला जाना है।

आज से 7 दिन बंद रहेंगी 28 हजार राशन दुकानें, जानिए विक्रेताओं की 5 सूत्रीय मांगें

0

 मध्य प्रदेश :  राशन विक्रेता संघ ने अपनी पांच सूत्रीय मांगों को लेकर 1 अक्टूबर से हड़ताल शुरू कर दी है। इसके चलते इंदौर समेत पूरे प्रदेश में करीब 28 हजार उचित मूल्य की राशन दुकानें 1 से 7 अक्टूबर तक बंद रहेंगी। राशन विक्रेताओं ने मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन को आगे बढ़ाने की चेतावनी भी दी है।

कमीशन बढ़ाकर 200 रुपये प्रति क्विंटल करने की मांग

राशन विक्रेता संघ की प्रमुख मांग खाद्यान्न वितरण पर मिलने वाले कमीशन को बढ़ाने की है। विक्रेताओं के मुताबिक वर्तमान में 90 रुपये प्रति क्विंटल कमीशन मिलता है, जिसे बढ़ाकर 200 रुपये प्रति क्विंटल किया जाना चाहिए।इसके अलावा राशन दुकानदारों के लिए हर महीने 40 हजार रुपये की न्यूनतम आय सुनिश्चित करने की मांग भी संघ की ओर से रखी गई है।

तौल और परिवहन में होने वाले नुकसान पर भी राहत मांगी

राशन विक्रेताओं ने खाद्यान्न की तौल और परिवहन के दौरान होने वाले नुकसान को लेकर भी व्यवस्था में बदलाव की मांग की है। संघ चाहता है कि प्रति क्विंटल एक किलो तक शॉर्टेज की छूट दी जाए।विक्रेताओं का कहना है कि इस व्यवस्था से वितरण के दौरान होने वाली व्यावहारिक दिक्कतों का समाधान हो सकेगा।

कमीशन का भुगतान हर महीने 5 तारीख तक करने की मांग

राशन विक्रेताओं की एक अन्य प्रमुख मांग कमीशन के समय पर भुगतान को लेकर है। संघ का कहना है कि वर्तमान व्यवस्था में कमीशन मिलने में कई बार 3 से 4 महीने तक की देरी हो जाती है। विक्रेता चाहते हैं कि हर महीने की 5 तारीख तक कमीशन का भुगतान सुनिश्चित किया जाए।

दूसरे राज्यों का दिया जा रहा उदाहरण

राशन विक्रेता संघ का दावा है कि मध्य प्रदेश की तुलना में बिहार, हरियाणा और दिल्ली जैसे राज्यों में राशन विक्रेताओं को अधिक कमीशन दिया जाता है। संघ के मुताबिक इन राज्यों में कमीशन 200 रुपये या उससे अधिक है।विक्रेताओं का कहना है कि जुलाई-अगस्त में भी कमीशन बढ़ाने की मांग सरकार के सामने रखी गई थी, लेकिन अब तक इस पर कोई ठोस पहल नहीं हुई।

कलेक्टरों को सौंपा था ज्ञापन

हड़ताल से पहले राशन विक्रेताओं ने अपनी मांगों को लेकर अलग-अलग जिलों में प्रशासन को ज्ञापन सौंपे थे। 28 सितंबर को विक्रेताओं ने कलेक्टरों के माध्यम से अपनी मांग सरकार तक पहुंचाई। इसके बाद प्रतिनिधिमंडल ने खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री गोविंद सिंह राजपूत के सामने भी अपनी मांगें रखीं।फिलहाल 1 से 7 अक्टूबर तक दुकानों के बंद रहने से उचित मूल्य की दुकानों से राशन लेने वाले उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। अगर मांगों पर सहमति नहीं बनती है तो संघ ने हड़ताल आगे बढ़ाने का संकेत दिया है।

Navratri 2026: नवरात्रि में भूलकर भी न करें ये 8 काम, मान्यता है पूजा का फल हो सकता है प्रभावित

0

 Navratri 2026:  शारदीय नवरात्रि को हिंदू धर्म में देवी आराधना का विशेष पर्व माना जाता है। इस साल शारदीय नवरात्रि की शुरुआत 11 अक्टूबर से होने जा रही है। नौ दिनों तक मां दुर्गा के अलग-अलग स्वरूपों की पूजा की जाती है और बड़ी संख्या में श्रद्धालु व्रत रखते हैं। इस दौरान पूजा-पाठ और खानपान से जुड़े कई नियमों का पालन करने की धार्मिक मान्यता है।धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, नवरात्रि के दौरान कुछ कार्यों से परहेज करना चाहिए। हालांकि, इन नियमों की मान्यता अलग-अलग परंपराओं और परिवारों में अलग हो सकती है। आइए जानते हैं वे 8 काम, जिनसे नवरात्रि के दौरान बचने की सलाह दी जाती है।

1. नाखून काटने से बचें

धार्मिक मान्यता के अनुसार नवरात्रि के नौ दिनों में नाखून काटना शुभ नहीं माना जाता। व्रत और साधना के दौरान शरीर और मन की शुद्धता पर विशेष ध्यान देने की परंपरा है।

2. अखंड ज्योति जलाएं तो घर खाली न छोड़ें

यदि नवरात्रि में घर पर अखंड ज्योति स्थापित की गई है, तो उसकी लगातार निगरानी करने की परंपरा है। धार्मिक मान्यता के अनुसार अखंड ज्योति को बिना निगरानी के नहीं छोड़ना चाहिए, ताकि वह बुझने न पाए।

3. प्याज, लहसुन और मांसाहार से परहेज

नवरात्रि के दौरान व्रत रखने वाले लोग आमतौर पर सात्विक भोजन करते हैं। इस दौरान प्याज, लहसुन और मांसाहारी भोजन से परहेज करने की परंपरा है। फल, दूध, कुट्टू, सिंघाड़े और अन्य व्रत वाली चीजों का सेवन किया जाता है।

4. साफ कपड़े पहनने की परंपरा

नवरात्रि में पूजा और व्रत के दौरान साफ-सुथरे कपड़े पहनने की सलाह दी जाती है। धार्मिक मान्यताओं में पूजा स्थल और शरीर की स्वच्छता को विशेष महत्व दिया गया है।

5. चमड़े की वस्तुओं से परहेज

कुछ धार्मिक परंपराओं में नवरात्रि के व्रत के दौरान चमड़े से बनी वस्तुओं के इस्तेमाल से बचने की सलाह दी जाती है। इसमें बेल्ट, जूते, चप्पल और बैग जैसी चीजें शामिल हो सकती हैं। हालांकि, इसका पालन व्यक्ति की धार्मिक मान्यता और परंपरा पर निर्भर करता है।

6. नींबू काटने से जुड़ी मान्यता

नवरात्रि के दौरान नींबू काटने से बचने की भी कुछ धार्मिक मान्यताएं हैं। हालांकि, यह नियम सभी परंपराओं में समान रूप से प्रचलित नहीं है। इसलिए इसे धार्मिक मान्यता के तौर पर ही देखा जाना चाहिए।

7. अनाज और सामान्य नमक से परहेज

व्रत रखने वाले श्रद्धालु आमतौर पर नवरात्रि के दौरान अनाज का सेवन नहीं करते। इसकी जगह फलाहार या व्रत में इस्तेमाल होने वाली सामग्री खाई जाती है। सामान्य नमक के स्थान पर सेंधा नमक का इस्तेमाल करने की परंपरा भी कई घरों में है।

8. दिन में सोने से बचने की मान्यता

नवरात्रि व्रत के दौरान दिन में सोने से बचने की धार्मिक मान्यता भी प्रचलित है। मान्यता के अनुसार इससे आलस्य बढ़ सकता है और साधना में एकाग्रता प्रभावित हो सकती है। हालांकि, स्वास्थ्य संबंधी जरूरत होने पर पर्याप्त आराम करना जरूरी है।

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार अलग हो सकते हैं नियम

नवरात्रि से जुड़े नियम अलग-अलग धार्मिक परंपराओं, क्षेत्रों और परिवारों में अलग हो सकते हैं। इसलिए इन बातों को धार्मिक मान्यता के रूप में समझना चाहिए, न कि सभी लोगों के लिए अनिवार्य नियम के तौर पर।