23.1 C
Raipur
Tuesday, October 27, 2026
Home Blog Page 44

महासमुंद में आधी रात घर में घुसा तेंदुआ, 6 लोगों पर किया हमला; परिवार ने कमरे में किया बंद, 3 गंभीर घायलों को रायपुर भेजा गया

 महासमुंद :  बागबाहरा वनपरिक्षेत्र के ग्राम झिटकी में देर रात तेंदुए की दस्तक से हड़कंप मच गया. करीब डेढ़ बजे एक तेंदुआ अचानक यादव परिवार के घर में घुस आया और परिवार के 6 सदस्यों पर हमला कर दिया. हमले में 4 पुरुष और 2 महिलाएं घायल हुई हैं. इनमें 3 लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है.जानकारी के अनुसार परिवार के सदस्य रात में घर के भीतर सो रहे थे. इसी दौरान उत्तरी बाई करीब डेढ़ बजे बाथरूम जाने के लिए बाहर निकलीं. घर से बाहर आते ही उनका सामना तेंदुए से हो गया. तेंदुए ने उन पर हमला किया और इसके बाद घर के भीतर घुस गया.

एक के बाद एक परिवार के 6 सदस्यों पर हमला

घर के अंदर पहुंचने के बाद तेंदुए ने वहां मौजूद अन्य लोगों को भी निशाना बनाया. हमले में सरजू यादव उम्र 60 वर्ष, जनक यादव, मनीष यादव, तुषार यादव, उत्तरी बाई और सुनीता यादव घायल हुए हैं.उत्तरी बाई के चेहरे और गले पर चोट आई है. सुनीता यादव की आंख और चेहरे पर चोट बताई जा रही है. वहीं मनीष यादव के हाथ-पैर में गंभीर चोट लगी है.

परिवार ने दिखाई हिम्मत, तेंदुए को कमरे में किया बंद

तेंदुए के अचानक हमले के बावजूद परिवार के सदस्यों ने हिम्मत नहीं छोड़ी. जनक यादव, उत्तरी बाई और परिवार के अन्य लोगों ने मिलकर किसी तरह तेंदुए को घर के एक कमरे के भीतर बंद कर दिया.बताया जा रहा है कि घटना के वक्त घर में करीब 10 लोग मौजूद थे. यदि तेंदुआ कमरे में बंद नहीं होता तो स्थिति और गंभीर हो सकती थी.

112 की मदद से अस्पताल पहुंचे घायल, 3 को रायपुर रेफर

हमले के बाद सभी घायलों को 112 की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बागबाहरा पहुंचाया गया. यहां प्राथमिक उपचार के बाद सभी को महासमुंद मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया.गंभीर चोटों को देखते हुए 3 घायलों को आगे के उपचार के लिए रायपुर रेफर किया गया है. अन्य घायलों का उपचार भी जारी है.

वन विभाग ने रायपुर से बुलाई विशेष रेस्क्यू टीम

घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई. फिलहाल तेंदुआ घर के एक कमरे में बंद है. उसे सुरक्षित बाहर निकालने के लिए वन विभाग ने रायपुर से विशेष रेस्क्यू टीम बुलाई है.वन विभाग की टीम तेंदुए को बिना नुकसान पहुंचाए सुरक्षित रेस्क्यू करने की तैयारी कर रही है. गांव में घटना के बाद दहशत का माहौल है और ग्रामीणों की नजर अब तेंदुए के रेस्क्यू ऑपरेशन पर टिकी हुई है.

इतिहास रचने के लिए अटूट परिश्रम और निरंतर प्रयास ज़रूरी – मंत्री टंक राम वर्मा

 रायपुर :-  प्रधानमंत्री  नरेंद्र मोदी के स्वर्णिम और आत्मनिर्भर भारत के सपने को आकार देने के उद्देश्य से चलाए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत बलौदाबाजार के वर्धमान स्कूल में शनिवार को जिला स्तरीय चित्रकला, रंगोली और भाषण प्रतियोगिता का रंगारंग आयोजन संपन्न हुआ। इस अवसर पर स्कूली विद्यार्थियों ने अपनी कलात्मक कूचियों के रंगों और ओजस्वी वाणी के शब्दों से “विकसित भारत” की एक जीवंत तस्वीर पेश की। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे प्रदेश के राजस्व मंत्री  टंक राम वर्मा ने प्रतिभागी विद्यार्थियों के हुनर की सराहना करते हुए प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विजेताओं को स्मृति चिन्ह और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।

 ​समारोह को संबोधित करते हुए राजस्व मंत्री  टंक राम वर्मा ने कहा कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक आयोजित यह माहव्यापी अभियान युवाओं और बच्चों में राष्ट्र निर्माण की अलख जगाने का माध्यम है। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि इतिहास रचने के लिए अटूट परिश्रम और निरंतर प्रयास की आवश्यकता होती है। आज की मेहनत ही आने वाले कल के उज्ज्वल भविष्य की नींव रखेगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जीवन को एक खुली पाठशाला बताते हुए उन्होंने कहा कि उनके जीवन दर्शन से सीख लेकर हर वर्ग आगे बढ़ सकता है। साथ ही उन्होंने रेखांकित किया कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ को देश का अग्रणी और विकसित राज्य बनाने की दिशा में हर स्तर पर प्रतिबद्धता से कार्य किया जा रहा है।

 ​प्रतियोगिता के परिणामों में प्रतिभा की अद्भुत चमक देखने को मिली। रंगोली प्रतियोगिता के कनिष्ठ वर्ग (कक्षा 1ली से 8वीं) में निधि यादव ने पहला, पुष्पांजलि कन्नौजे ने दूसरा तथा गरिमा सोनकर ने तीसरा स्थान हासिल किया, वहीं वरिष्ठ वर्ग (कक्षा 9वीं से 12वीं) में रेखा प्रथम, दीपाक्षी पटेल द्वितीय और नंदिनी तृतीय स्थान पर रहीं। भाषण प्रतियोगिता के कनिष्ठ वर्ग में सौम्या वर्मा, देविका वर्मा और प्रियांशु साहू ने क्रमशः पहला, दूसरा और तीसरा स्थान प्राप्त किया, जबकि वरिष्ठ वर्ग में लाभा वर्मा ने बाजी मारी, रागिनी वास दूसरे और गीतिका गोस्वामी तीसरे स्थान पर रहीं। वहीं चित्रकला के कनिष्ठ वर्ग में हिमांशी साहू प्रथम, कुसुम कोशले द्वितीय और विद्या साहू तृतीय स्थान पर रहीं, तथा वरिष्ठ वर्ग में तन्वी मलाकी ने पहला, सृष्टि सोनी ने दूसरा और साक्षी पूरेना ने तीसरा स्थान अर्जित किया।

 ​इस आयोजन के दौरान राज्यसभा सांसद मती लक्ष्मी वर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष, कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक, पूर्व विधायक डॉ. सनम जांगड़े, भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के राज्य उपाध्यक्ष, जिला पंचायत उपाध्यक्ष और जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी सहित अनेक स्थानीय जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, शिक्षक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

छत्तीसगढ़ से मानसून की विदाई शुरू, बारिश का कोटा सामान्य से 5% ज्यादा, अब बढ़ेगी गर्मी और उमस, जानें आगे कैसा रहेगा मौसम

 रायपुर. छत्तीसगढ़ से दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी शुरू हो गई है. मौसम विभाग के अनुसार 3 अक्टूबर को प्रदेश के कुछ हिस्सों से मानसून विदा हो चुका है. अगले 2 से 3 दिनों के दौरान राज्य के कुछ और हिस्सों से मानसून की वापसी होने की संभावना है.पिछले साल मानसून की विदाई अक्टूबर के मध्य के आसपास हुई थी. इस बार सितंबर से ही मानसून की वापसी के संकेत मिलने लगे थे. हालांकि सितंबर के अंतिम सप्ताह में बंगाल की खाड़ी में बने मौसम तंत्र के कारण प्रदेश के कई हिस्सों में अच्छी बारिश हुई.

बारिश थमते ही गर्मी और उमस का असर बढ़ा

मानसून की गतिविधियां कमजोर होने के बाद प्रदेश के ज्यादातर इलाकों में गर्मी और उमस का असर महसूस किया जा रहा है. बीते 24 घंटे में कोरबा 34.6 डिग्री सेल्सियस के साथ प्रदेश का सबसे गर्म स्थान रहा. वहीं पेण्ड्रा रोड में सबसे कम न्यूनतम तापमान 18.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.

पूरे सीजन में सामान्य से 5% ज्यादा बारिश

छत्तीसगढ़ में मानसून सीजन के दौरान औसत बारिश 1141.2 मिमी रहती है. इस बार अब तक 1194.9 मिमी बारिश दर्ज की गई है. इस तरह पूरे सीजन में सामान्य से करीब 4.7 प्रतिशत यानी लगभग 5 प्रतिशत ज्यादा बारिश हुई है.सीजन की शुरुआत में बारिश कमजोर रही, लेकिन जुलाई से गतिविधियां तेज हुईं. जुलाई में सामान्य 375.5 मिमी के मुकाबले 494 मिमी बारिश हुई. अगस्त में सामान्य 364.2 मिमी के मुकाबले 355.3 मिमी और सितंबर में सामान्य 208.9 मिमी के मुकाबले 279.3 मिमी बारिश दर्ज की गई.

9 जिलों में सामान्य से ज्यादा बारिश

प्रदेश के 33 जिलों में से 9 जिलों में सामान्य से अधिक बारिश दर्ज की गई. इनमें सारंगढ़-बिलाईगढ़, रायपुर, नारायणपुर, मुंगेली, गरियाबंद, धमतरी, बालोद, बलौदाबाजार और बलरामपुर शामिल हैं.इसके उलट सरगुजा में सामान्य से 41 प्रतिशत कम बारिश हुई. जशपुर और बेमेतरा में भी सामान्य से 36 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई. प्रदेश के बाकी जिलों में बारिश सामान्य रही.

जुलाई और सितंबर में हुई जमकर बारिश

जुलाई में 494 मिमी बारिश दर्ज की गई, जो सामान्य के मुकाबले काफी अधिक रही. अगस्त में 355.3 मिमी बारिश हुई, जबकि सितंबर में 279.3 मिमी बारिश दर्ज की गई. सितंबर के अंतिम सप्ताह में बंगाल की खाड़ी के सिस्टम ने बारिश की गतिविधियों को फिर से तेज कर दिया था.

दो बार बने बाढ़ जैसे हालात

इस मानसून सीजन में प्रदेश के कई इलाकों को दो बार बाढ़ जैसे हालात का सामना करना पड़ा. 31 जुलाई को कई जिलों में भारी बारिश के बाद जलभराव और बाढ़ की स्थिति बनी थी.इसके बाद सितंबर के अंतिम सप्ताह में लगातार बारिश से कई क्षेत्रों में फिर जलभराव और बाढ़ जैसे हालात पैदा हुए. इस दौरान कई कच्चे मकान क्षतिग्रस्त हुए और हजारों एकड़ फसल प्रभावित हुई. राहत और बचाव कार्य के लिए NDRF और SDRF की टीमें भी तैनात करनी पड़ीं. राजधानी रायपुर के कई इलाकों में भी जलभराव की समस्या सामने आई.

अब कैसा रहेगा मौसम, 4 अक्टूबर को कोई चेतावनी नहीं

मानसून की वापसी के साथ प्रदेश में अब मौसम के मुख्य रूप से शुष्क रहने का अनुमान है. 4 अक्टूबर के लिए मौसम विभाग ने किसी भी जिले में चेतावनी जारी नहीं की है. अगले दो दिनों के दौरान प्रदेश के एक-दो स्थानों पर बहुत हल्की से हल्की बारिश हो सकती है.

रायपुर में साफ रहेगा आसमान, 34 डिग्री तक पहुंच सकता है तापमान

राजधानी रायपुर में आज आसमान मुख्य रूप से साफ रहने की संभावना है. यहां अधिकतम तापमान करीब 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है.3 अक्टूबर को शाम 5:30 बजे तक कोरबा 34.6 डिग्री के साथ सबसे गर्म रहा. इसके बाद राजनांदगांव में 34.5, जांजगीर-चांपा में 34.4, रायपुर में 34.2 और रायगढ़ में 34.1 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया.

डॉक्टरों के स्टाइपेंड में 73 हजार रुपए की बढ़ोतरी वाला आदेश निकला फर्जी, चिकित्सा शिक्षा विभाग ने AI से तैयार दस्तावेज को लेकर दी बड़ी चेतावनी

रायपुर : डॉक्टरों के स्टाइपेंड और मानदेय-वेतन बढ़ने से जुड़ा एक कथित सरकारी आदेश सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहा है. दस्तावेज में शासकीय चिकित्सा महाविद्यालयों के जूनियर रेजिडेंट, प्रदर्शक और स्वास्थ्य विभाग के चिकित्सा अधिकारियों के लिए बढ़ी हुई राशि का दावा किया गया है.वायरल दस्तावेज के अनुसार चिकित्सकों को हर माह 73,152 रुपए देने की बात कही गई है. साथ ही नई राशि को 1 नवंबर 2026 से लागू किए जाने का दावा किया गया है.

चिकित्सा शिक्षा विभाग ने बताया पूरी तरह फर्जी

मामला सामने आने के बाद चिकित्सा शिक्षा विभाग ने इस कथित आदेश का खंडन किया है. विभाग ने साफ किया कि सोशल मीडिया पर प्रसारित दस्तावेज उसकी ओर से जारी नहीं किया गया है. विभाग के अनुसार यह एक भ्रामक और फर्जी दस्तावेज है, जिसे कृत्रिम बुद्धिमत्ता यानी AI की मदद से तैयार किया गया है.

डॉक्टरों और विद्यार्थियों से सतर्क रहने की अपील

विभाग ने चिकित्सकों, चिकित्सा विद्यार्थियों और आम नागरिकों से अपील की है कि वे इस वायरल दस्तावेज को वास्तविक सरकारी आदेश मानकर भरोसा न करें. किसी भी तरह की वेतन, स्टाइपेंड या मानदेय संबंधी जानकारी को आधिकारिक माध्यम से सत्यापित करने के बाद ही सही माना जाए.

सरकारी आदेश की पुष्टि के बाद ही करें शेयर

चिकित्सा शिक्षा विभाग ने यह भी कहा है कि शासकीय आदेश या किसी प्रशासनिक निर्णय की प्रमाणिकता अधिकृत स्रोत से जांचना जरूरी है. सोशल मीडिया पर मिले किसी दस्तावेज को बिना सत्यापन के आगे साझा करने से गलत सूचना फैल सकती है. विभाग ने लोगों से ऐसे फर्जी दस्तावेज को सरकारी आदेश बताकर प्रसारित नहीं करने की अपील की है.

रायपुर सेंट्रल जेल में 4 घंटे चला अचानक तलाशी अभियान, 50 जवानों ने खंगाली बैरकें, जांच में नहीं मिली प्रतिबंधित सामग्री

रायपुर : सेंट्रल जेल की सुरक्षा व्यवस्था को परखने के लिए शनिवार को जिला प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने अचानक सघन तलाशी अभियान चलाया। करीब चार घंटे तक चली इस कार्रवाई में जेल की अलग-अलग बैरकों से लेकर परिसर के विभिन्न हिस्सों की जांच की गई। कैदियों और उनके सामान की भी बारीकी से तलाशी ली गई। हालांकि इस दौरान कोई खास आपत्तिजनक या प्रतिबंधित वस्तु बरामद नहीं हुई।

सुबह 11 बजे शुरू हुई जांच, दोपहर 3 बजे तक चला अभियान

संयुक्त टीम ने सुबह करीब 11 बजे तलाशी अभियान शुरू किया, जो दोपहर 3 बजे तक जारी रहा। कार्रवाई के लिए पुलिस और प्रशासन की कई टीमें बनाई गई थीं। सभी टीमों ने एक साथ अलग-अलग बैरकों में पहुंचकर कैदियों, उनके सामान और बैरक के आसपास के हिस्सों की जांच की।अधिकारियों ने जेल के संवेदनशील स्थानों पर भी सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।

महिला बैरक के लिए बनाई गई अलग टीम

जेल की महिला बैरक की जांच के लिए अलग टीम गठित की गई थी। टीम ने सुरक्षा नियमों का पालन करते हुए महिला बैरक और वहां मौजूद सामान की तलाशी ली। इसके अलावा जेल परिसर के अन्य चिन्हित स्थानों को भी जांच के दायरे में रखा गया।

50 से ज्यादा जवान और साइबर यूनिट की टीम रही मौजूद

पूरे अभियान में करीब 50 पुलिस जवान शामिल रहे। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट के साथ सेंट्रल जोन के अलग-अलग थानों के अधिकारी और कर्मचारी भी कार्रवाई का हिस्सा रहे।कार्रवाई का नेतृत्व DCP क्राइम IPS स्मृतिक राजनाला, DCP सेंट्रल जोन तारकेश्वर पटेल और ADM उमाशंकर बांधे ने किया।

वरिष्ठ अधिकारियों ने बैरकों में पहुंचकर देखी तलाशी

अभियान की निगरानी अतिरिक्त DCP सेंट्रल जोन विवेक शुक्ला, अतिरिक्त DCP ACCU गौरव मंडल, ACP कोतवाली दीपक मिश्रा और प्रशिक्षु DSP अमित कोसमा ने की। अधिकारियों ने अलग-अलग टीमों के साथ बैरकों में पहुंचकर तलाशी प्रक्रिया का निरीक्षण किया और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।

औचक जांच का मकसद जेल की सुरक्षा मजबूत करना

पुलिस के मुताबिक जेल में इस तरह की अचानक जांच समय-समय पर की जाती है। इसका उद्देश्य जेल के भीतर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत रखना और प्रतिबंधित सामग्री के प्रवेश या इस्तेमाल की किसी भी संभावना को रोकना है।अभियान के बाद अधिकारियों ने जेल प्रशासन को सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लगातार सतर्क रहने और नियमित निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए।

दीपावली-छठ से पहले रेलवे का बड़ा तोहफा, टीकमगढ़ होकर चलेगी फेस्टिवल स्पेशल ट्रेन, 13 फेरे और सीधी उदयपुर कनेक्टिविटी

Festival Special Train:   दीपावली और छठ पर्व के दौरान बढ़ने वाली यात्रियों की भीड़ को देखते हुए रेलवे ने बुंदेलखंड क्षेत्र के यात्रियों के लिए विशेष सुविधा शुरू करने का फैसला लिया है। खजुराहो से उदयपुर सिटी के बीच चलने वाली फेस्टिवल स्पेशल ट्रेन अब सप्ताह में दो दिन टीकमगढ़ स्टेशन से होकर गुजरेगी। इससे टीकमगढ़ के साथ खरगापुर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के यात्रियों को भी सीधा फायदा मिलेगा।इस ट्रेन के जरिए यात्रियों को राजस्थान के प्रमुख शहरों और पर्यटन स्थलों तक पहुंचने के लिए एक अतिरिक्त रेल विकल्प मिलेगा। त्योहार के सीजन में यह सेवा खासतौर पर यात्रियों के लिए उपयोगी साबित हो सकती है।

8 अक्टूबर से शुरू होगी विशेष ट्रेन सेवा

उत्तर मध्य रेलवे के प्रयागराज मुख्यालय की ओर से जारी सूचना के मुताबिक फेस्टिवल स्पेशल ट्रेन का संचालन 8 अक्टूबर से शुरू होगा और 20 नवंबर तक जारी रहेगा।ट्रेन नंबर 04141 खजुराहो-उदयपुर सिटी फेस्टिवल स्पेशल 8 अक्टूबर से 19 नवंबर के बीच प्रत्येक सोमवार और गुरुवार को चलेगी। इस दौरान ट्रेन कुल 13 फेरे लगाएगी।

टीकमगढ़ में सिर्फ 2 मिनट रुकेगी ट्रेन

खजुराहो से यह ट्रेन रात 8 बजे रवाना होगी और रात 10:13 बजे टीकमगढ़ पहुंचेगी। यहां ट्रेन का ठहराव महज 2 मिनट का रहेगा और 10:15 बजे आगे के लिए रवाना हो जाएगी।इसके बाद ट्रेन रात करीब 11:15 बजे वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी स्टेशन पहुंचेगी और रात 12:20 बजे वहां से रवाना होगी। अगले दिन शाम 5:50 बजे ट्रेन उदयपुर सिटी पहुंचेगी।

वापसी में मंगलवार और शुक्रवार को चलेगी ट्रेन

उदयपुर से खजुराहो के लिए ट्रेन नंबर 04142 फेस्टिवल स्पेशल 9 अक्टूबर से 20 नवंबर के बीच प्रत्येक मंगलवार और शुक्रवार को संचालित होगी। वापसी में भी ट्रेन कुल 13 फेरे लगाएगी।उदयपुर से ट्रेन रात 10 बजे रवाना होगी। अगले दिन दोपहर 2:35 बजे यह झांसी पहुंचेगी और शाम 5 बजे टीकमगढ़ पहुंचने का समय निर्धारित है। इसके बाद ट्रेन रात 8:45 बजे खजुराहो पहुंचेगी।

खजुराहो से उदयपुर तक कई प्रमुख स्टेशनों की कनेक्टिविटी

इस विशेष ट्रेन के जरिए खजुराहो से झांसी, आगरा, श्री महावीरजी और केशवरायपाटन होते हुए उदयपुर तक रेल संपर्क मिलेगा। इससे बुंदेलखंड क्षेत्र के यात्रियों को राजस्थान की यात्रा के लिए अतिरिक्त सुविधा मिलेगी।

व्यापारी, छात्र और पर्यटकों को मिलेगा सीधा फायदा

फेस्टिवल स्पेशल ट्रेन शुरू होने से त्योहार के दौरान यात्रा करने वाले यात्रियों को अतिरिक्त विकल्प मिलेगा। क्षेत्र के व्यापारी कारोबार के सिलसिले में राजस्थान की ओर आसानी से जा सकेंगे, जबकि छात्रों और पर्यटकों के लिए भी यात्रा सुविधाजनक होगी। खासतौर पर टीकमगढ़ और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के यात्रियों को इस सेवा से राहत मिलने की उम्मीद है।

रायपुर से अपहरण के बाद यूपी तक पहुंची पुलिस, 12 घंटे में स्कॉर्पियो रोकी और 3 संदिग्ध पकड़े, CCTV से खुला पूरा रास्ता

 रायपुर :  खमतराई थाना क्षेत्र से एक व्यक्ति के अपहरण की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए महज 12 घंटे के भीतर मामले में तीन संदिग्धों को उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले के अहरौरा क्षेत्र से हिरासत में लिया। पुलिस ने CCTV फुटेज, तकनीकी निगरानी, वाहन की लोकेशन और टोल से मिली जानकारी के आधार पर स्कॉर्पियो को ट्रैक किया। इसके साथ ही दोनों राज्यों की पुलिस के बीच लगातार समन्वय बनाया गया।

रात में मिली सूचना, CCTV से सामने आई अपहरण की तस्वीर

डीएम टावर, रांवाभाठा निवासी अनिता राय ने 2 अक्टूबर की रात करीब 9 बजे खमतराई पुलिस को बताया कि उनके पति प्रतीक राय घर वापस नहीं आए हैं और उनका मोबाइल फोन भी बंद है।सूचना मिलते ही पुलिस ने आसपास के CCTV कैमरों की जांच शुरू की। फुटेज खंगालने पर पता चला कि उसी दिन दोपहर करीब 2.28 बजे काले रंग की उत्तर प्रदेश नंबर वाली स्कॉर्पियो में सवार तीन लोगों ने प्रतीक राय को कथित तौर पर जबरदस्ती अपने साथ बैठा लिया था।

स्कॉर्पियो की लोकेशन यूपी में मिली, पुलिस ने तुरंत किया अलर्ट

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों ने पुलिस टीम को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। वाहन की तकनीकी निगरानी शुरू की गई और उसकी लोकेशन पर लगातार नजर रखी गई।जब स्कॉर्पियो के उत्तर प्रदेश की तरफ जाने की जानकारी मिली तो रायपुर पुलिस ने यूपी पुलिस से संपर्क किया। अहरौरा के अलावा चौपन, रॉबर्ट्सगंज और संभावित रास्ते में आने वाले अन्य थाना क्षेत्रों को भी वाहन की जानकारी देकर सतर्क किया गया।पुलिस टीमों को वाहन की बदलती लोकेशन के साथ लगातार अपडेट दिया जाता रहा। संभावित रास्तों पर नाकाबंदी और वाहनों की जांच शुरू कर दी गई।

अहरौरा में पुलिस ने स्कॉर्पियो रोककर 3 लोगों को पकड़ा

लगातार निगरानी और पुलिस की नाकाबंदी के बीच अहरौरा थाना पुलिस ने संदिग्ध स्कॉर्पियो को रोक लिया। वाहन में मौजूद तीन लोगों को हिरासत में लिया गया।पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार प्रतीक राय को वाहन और पैसों के लेनदेन से जुड़े विवाद के चलते कथित तौर पर जबरन साथ ले जाया जा रहा था। पुलिस अब पूरे मामले की जांच और आरोपियों से पूछताछ कर रही है।

हिरासत में लिए गए तीनों संदिग्ध कौन हैं

पुलिस के मुताबिक हिरासत में लिए गए संदिग्धों की पहचान अभय सिंह उम्र 28 वर्ष, निवासी हनुमंत नगर चौराहा, थाना हैदरगढ़, जिला बाराबंकी; बृहस्पत देव सिंह उम्र 27 वर्ष, निवासी दरियावगंज, थाना सीहोर और आदर्श सिंह उम्र 24 वर्ष, निवासी अलावलपुर, पोस्ट अटीहार, जिला प्रतापपुर, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है।तीनों को मिर्जापुर के अहरौरा क्षेत्र से हिरासत में लिया गया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए रायपुर पुलिस की टीम उत्तर प्रदेश रवाना हो चुकी है।

CCTV से लेकर टोल ट्रैकिंग तक, ऐसे आगे बढ़ी पुलिस की जांच

इस कार्रवाई में खमतराई थाना प्रभारी निरीक्षक जितेन्द्र जायसवाल और उनकी टीम की अहम भूमिका रही। पुलिस ने सबसे पहले CCTV फुटेज से संदिग्ध वाहन की पहचान की। इसके बाद तकनीकी निगरानी और वाहन की लगातार ट्रैकिंग के जरिए उसके रास्ते का पता लगाया गया।टोल से जुड़ी जानकारी जुटाने के साथ ही रायपुर पुलिस ने उत्तर प्रदेश के अलग-अलग थाना क्षेत्रों से संपर्क बनाए रखा। इसी समन्वित कार्रवाई के चलते पुलिस टीम संदिग्ध स्कॉर्पियो तक पहुंच सकी।

सिंगापुर पहुंचे CM विष्णुदेव साय, छत्तीसगढ़ में निवेश बढ़ाने की तैयारी, उद्योगपतियों से करेंगे बड़ी बैठक

 छत्तीसगढ़ :  मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय इन दिनों सिंगापुर दौरे पर हैं। उनका यह दौरा प्रदेश में विदेशी निवेश की संभावनाओं को मजबूत करने और अंतरराष्ट्रीय उद्योग जगत के साथ नए कारोबारी संबंध बनाने के लिहाज से अहम माना जा रहा है। सिंगापुर पहुंचने पर भारतीय उच्चायुक्त डॉ. शिल्पक अंबुले ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया।मुख्यमंत्री अपने दौरे के दौरान सिंगापुर के प्रमुख निवेशकों और उद्योग जगत से जुड़े प्रतिनिधियों से मुलाकात करेंगे। इस दौरान छत्तीसगढ़ में उपलब्ध निवेश अवसरों, औद्योगिक विकास और रोजगार की संभावनाओं को लेकर चर्चा होगी।

SING Forum 2026 में छत्तीसगढ़ की हिस्सेदारी

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सोशल मीडिया के जरिए अपने सिंगापुर दौरे की जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि सिंगापुर बिजनेस फेडरेशन की ओर से आयोजित पहले SING Forum 2026 में छत्तीसगढ़ को सहभागी राज्य के तौर पर शामिल होने का अवसर मिला है।इस अंतरराष्ट्रीय मंच के जरिए राज्य की उपलब्धियों, विकास की संभावनाओं और निवेश के अवसरों को वैश्विक निवेशकों के सामने रखने की तैयारी है। मुख्यमंत्री इस मंच से छत्तीसगढ़ में निवेश के लिए उद्योग जगत को आमंत्रित करेंगे।

CEO Roundtable में निवेशकों से सीधी बातचीत

दौरे के दौरान मुख्यमंत्री CEO Roundtable बैठक में भी शामिल होंगे। इस बैठक में सिंगापुर के प्रमुख निवेशकों और उद्योग जगत के प्रतिनिधियों के साथ छत्तीसगढ़ में कारोबार और निवेश की संभावनाओं पर विस्तार से बातचीत होगी।सरकार का फोकस प्रदेश में औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के साथ रोजगार के नए अवसर तैयार करने पर है। माना जा रहा है कि इस बैठक के जरिए छत्तीसगढ़ के संभावित निवेश क्षेत्रों को अंतरराष्ट्रीय कंपनियों के सामने रखा जाएगा।

नई औद्योगिक नीति और संसाधनों को बनाएंगे निवेश का आधार

मुख्यमंत्री ने कहा है कि राज्य सरकार छत्तीसगढ़ को देश के प्रमुख निवेश केंद्रों में स्थापित करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। नई औद्योगिक नीति, प्राकृतिक संसाधनों की उपलब्धता, मजबूत इंफ्रास्ट्रक्चर और कुशल मानव संसाधन को निवेश के प्रमुख आधार के तौर पर पेश किया जा रहा है।इसके अलावा उभरते हुए सेक्टर में मौजूद संभावनाओं के जरिए वैश्विक कंपनियों को प्रदेश की ओर आकर्षित करने की रणनीति है। सरकार का उद्देश्य अंतरराष्ट्रीय निवेश मानचित्र पर छत्तीसगढ़ की मजबूत पहचान बनाना है।

सिंगापुर दौरे से उद्योग और रोजगार को कितना मिलेगा फायदा

मुख्यमंत्री के इस दौरे का एक प्रमुख उद्देश्य विदेशी निवेशकों के साथ संवाद बढ़ाना है। सरकार चाहती है कि अंतरराष्ट्रीय कंपनियां छत्तीसगढ़ में औद्योगिक इकाइयां स्थापित करें और इससे प्रदेश में निवेश के साथ रोजगार के नए अवसर भी पैदा हों।SING Forum और CEO Roundtable जैसे मंचों के जरिए राज्य सरकार अपने निवेश प्रस्तावों और औद्योगिक संभावनाओं को सीधे वैश्विक कारोबारी प्रतिनिधियों तक पहुंचा रही है।

सोने की ज्वेलरी खरीदने वालों के लिए जरूरी खबर, हॉलमार्किंग की फीस 67% बढ़ी, जानें कैसे पहचानें असली सोना

 सोने की ज्वेलरी खरीदने वाले ग्राहकों के लिए हॉलमार्किंग से जुड़ा अहम बदलाव हुआ है। गोल्ड ज्वेलरी की हॉलमार्किंग फीस 45 रुपए से बढ़ाकर 75 रुपए प्रति आर्टिकल कर दी गई है। यानी फीस में करीब 67 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है। इस बदलाव के बाद ज्वेलरी कारोबार से जुड़े संगठन ने नकली हॉलमार्क के इस्तेमाल को लेकर चिंता जताई है।ग्राहकों के लिए अब केवल हॉलमार्क देखकर ज्वेलरी खरीदना पर्याप्त नहीं होगा। सोने की शुद्धता की जांच के लिए HUID नंबर को भी वेरिफाई करना जरूरी है।

हॉलमार्किंग महंगी होने के बाद क्यों बढ़ी चिंता

ऑल इंडिया जेम एंड ज्वेलरी डोमेस्टिक काउंसिल यानी GJC का कहना है कि हॉलमार्किंग की लागत बढ़ने से नियमों का पालन करने वाले ज्वेलर्स पर अतिरिक्त वित्तीय बोझ पड़ सकता है। संगठन को आशंका है कि कुछ कारोबारी इस अतिरिक्त लागत से बचने के लिए गलत तरीके अपना सकते हैं।GJC ने खासतौर पर छोटे शहरों और कस्बों में ग्राहकों की जागरूकता को लेकर चिंता जताई है। टियर-2, टियर-3 और टियर-4 शहरों में हॉलमार्क और HUID की जांच को लेकर जागरूकता सीमित होने की बात कही गई है।

45 रुपए की जगह अब देने होंगे 75 रुपए

BIS के संशोधित नियमों के अनुसार गोल्ड ज्वेलरी की हॉलमार्किंग फीस अब 75 रुपए प्रति आर्टिकल होगी। यह बदलाव 14 सितंबर 2026 को अधिसूचित BIS Hallmarking Amendment Regulations, 2026 के तहत किया गया है।वहीं चांदी की हॉलमार्किंग फीस में कोई बदलाव नहीं किया गया है। इसकी फीस अभी 35 रुपए प्रति आर्टिकल है।GJC ने गोल्ड हॉलमार्किंग की पुरानी 45 रुपए वाली फीस को दोबारा लागू करने की मांग की है। संगठन ने BIS से यह भी जानकारी मांगी है कि फीस बढ़ाने के पीछे उपकरण, कर्मचारियों, प्रोसेसिंग और स्टोरेज जैसी मदों में अतिरिक्त खर्च कितना बढ़ा है।

ज्वेलरी खरीदते समय इन 3 चीजों की जरूर करें जांच

ग्राहक सोने की ज्वेलरी खरीदते समय केवल हॉलमार्क का निशान देखकर भरोसा न करें। असली हॉलमार्क वाली ज्वेलरी पर आमतौर पर BIS का लोगो, शुद्धता का फाइननेस ग्रेड और 6 अंकों का HUID नंबर दर्ज होता है।HUID नंबर को BIS Care App में Verify HUID विकल्प के जरिए चेक किया जा सकता है। इससे ग्राहक यह पता कर सकते हैं कि ज्वेलरी का हॉलमार्क और उससे जुड़ी जानकारी सही है या नहीं।

22K916 और 18K750 का क्या मतलब है

ज्वेलरी पर लिखी शुद्धता की जानकारी को समझना भी जरूरी है। 22K916 का मतलब 22 कैरेट सोना और 91.6 फीसदी गोल्ड कंटेंट होता है। इसी तरह 18K750 का अर्थ 18 कैरेट सोना और 75 फीसदी गोल्ड कंटेंट है।इसलिए ज्वेलरी खरीदते समय बिल के साथ BIS मार्क, प्योरिटी ग्रेड और HUID नंबर की जांच करना समझदारी होगी।

देश में हॉलमार्किंग का नेटवर्क लगातार बढ़ रहा

सरकारी आंकड़ों के मुताबिक जुलाई 2026 तक देश में मान्यता प्राप्त Assaying and Hallmarking Centres की संख्या बढ़कर 1,577 हो गई। जुलाई 2022 में इनकी संख्या 1,220 थी।वित्त वर्ष 2025-26 के दौरान करीब 13.22 करोड़ ज्वेलरी आर्टिकल्स की हॉलमार्किंग की गई। यानी देश में हॉलमार्किंग का दायरा लगातार बढ़ रहा है।

फीस बढ़ने से कितना पड़ सकता है अतिरिक्त बोझ

GJC के अनुमान के अनुसार हॉलमार्किंग फीस में हुई इस बढ़ोतरी से पूरे इकोसिस्टम पर करीब 400 करोड़ रुपए का अतिरिक्त वित्तीय बोझ पड़ सकता है। इसके अलावा करीब 80 करोड़ रुपए का GST प्रभाव भी होने का अनुमान जताया गया है।

पेट्रोल-डीजल के दाम आज भी स्थिर, लेकिन कुछ जगह महंगा हुआ ईंधन, जानें आपके शहर में पेट्रोल, डीजल और CNG के नए रेट

 रविवार 4 अक्टूबर 2026 :  वाहन चालकों के लिए राहत की खबर है। सरकारी तेल कंपनियों ने पेट्रोल और डीजल की कीमतों में आज कोई बदलाव नहीं किया है। दिल्ली, मुंबई, कोलकाता और चेन्नई समेत देश के प्रमुख शहरों में ईंधन पुराने रेट पर ही मिल रहा है। हालांकि, निजी कंपनी के पंपों पर पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बदलाव हुआ है, इसलिए वाहन मालिकों के लिए आज के रेट जानना जरूरी है।

दिल्ली में पेट्रोल 102.12 और डीजल 95.20 रुपए लीटर

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में रविवार को पेट्रोल की कीमत 102.12 रुपए प्रति लीटर है, जबकि डीजल 95.20 रुपए प्रति लीटर बिक रहा है। सरकारी तेल कंपनियों की ओर से दोनों ईंधनों के दाम में कोई बदलाव नहीं किया गया है।इसके अलावा अलग-अलग शहरों में CNG की कीमत भी अलग है। ऐसे में अगर आप आज वाहन में ईंधन भरवाने जा रहे हैं तो अपने शहर का ताजा रेट जरूर देख लें।

आपके शहर में पेट्रोल कितने रुपए लीटर मिल रहा है

अहमदाबाद में पेट्रोल 102.15 रुपए, बैंगलोर में 111.68 रुपए, चेन्नई में 107.76 रुपए, गुडगांव में 102.97 रुपए और हैदराबाद में 116.15 रुपए प्रति लीटर है।जयपुर में पेट्रोल 113.19 रुपए, कोलकाता में 113.51 रुपए, लखनऊ में 101.86 रुपए, मुंबई में 111.21 रुपए, नोएडा में 101.96 रुपए और पुणे में 112.02 रुपए प्रति लीटर है।नई दिल्ली में पेट्रोल का रेट 102.12 रुपए प्रति लीटर है।

इन शहरों में डीजल के आज के रेट

अहमदाबाद में डीजल 98.27 रुपए, बैंगलोर में 99.56 रुपए, चेन्नई में 99.55 रुपए और गुडगांव में 95.64 रुपए प्रति लीटर है।हैदराबाद में डीजल 104.23 रुपए, जयपुर में 98.25 रुपए, कोलकाता में 99.82 रुपए, लखनऊ में 95.36 रुपए और मुंबई में 97.83 रुपए प्रति लीटर है।नई दिल्ली में डीजल 95.20 रुपए, नोएडा में 95.44 रुपए और पुणे में 98.66 रुपए प्रति लीटर मिल रहा है।

CNG के लिए कितना खर्च करना होगा

अहमदाबाद में CNG 94.02 रुपए, बैंगलोर में 97 रुपए, चेन्नई में 97.50 रुपए और गुडगांव में 92.01 रुपए प्रति किलो है।हैदराबाद में CNG की कीमत 112 रुपए, जयपुर में 97.50 रुपए, कोलकाता में 93.50 रुपए, लखनऊ में 95.75 रुपए और मुंबई में 88 रुपए प्रति किलो है।नई दिल्ली में CNG 86.98 रुपए, नोएडा में 95.59 रुपए और पुणे में 98.50 रुपए प्रति किलो बिक रही है।

आपके शहर में ईंधन का रेट अलग क्यों होता है

पेट्रोल और डीजल की कीमत पूरे देश में एक जैसी नहीं होती। अलग-अलग राज्यों में लगने वाले टैक्स और स्थानीय शुल्क के कारण ईंधन के दाम में अंतर आता है। इसके अलावा अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमत, रुपए और डॉलर की विनिमय दर तथा तेल कंपनियों की खरीद लागत भी कीमतों को प्रभावित करती है।यही वजह है कि एक शहर में पेट्रोल-डीजल का रेट दूसरे शहर से अलग दिखाई देता है।

नायरा एनर्जी के पंपों पर पेट्रोल-डीजल हुआ महंगा

सरकारी तेल कंपनियों ने भले ही रविवार को पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बदलाव नहीं किया है, लेकिन निजी कंपनी नायरा एनर्जी ने 3 अक्टूबर से अपने पंपों पर कीमतें बढ़ाई हैं। कंपनी ने पेट्रोल के दाम में 5 रुपए और डीजल में 3 रुपए प्रति लीटर की बढ़ोतरी की है।यह बदलाव निजी कंपनी के पंपों पर लागू है। इसलिए ईंधन भरवाने से पहले यह देखना जरूरी है कि आपके आसपास का पंप किस कंपनी का है।