26.1 C
Raipur
Sunday, October 25, 2026
Home Blog Page 31

छत्तीसगढ़ के गन्ना किसानों को बड़ी राहत, अब 425 रुपये प्रति क्विंटल की दर से होगी खरीदी, पिछले सत्र का भुगतान भी बढ़ेगा

रायपुर। छत्तीसगढ़ की विष्णु देव साय सरकार ने गन्ना उत्पादक किसानों के लिए खरीदी दर में बढ़ोतरी का फैसला किया है। अब प्रदेश के शक्कर कारखानों में किसानों से गन्ने की खरीदी 425 रुपये प्रति क्विंटल की दर से की जाएगी। सरकार के इस निर्णय के तहत पेराई सत्र 2025-26 में पहले से खरीदे गए गन्ने का भुगतान भी नई दर के अनुसार किया जाएगा। इससे संबंधित सत्र में गन्ना बेच चुके किसानों को भी बढ़ी हुई दर का लाभ मिलेगा।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत करना और खेती को लाभ का बेहतर माध्यम बनाना राज्य सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। उनका कहना है कि किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य मिले, ताकि ग्रामीण परिवारों की आय बढ़े और प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिले।

भारतीय किसान संघ के प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात के बाद लिया फैसला

गन्ने की खरीदी दर को लेकर यह निर्णय मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और भारतीय किसान संघ, छत्तीसगढ़ के प्रतिनिधियों के बीच हुई मुलाकात के बाद सामने आया। प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री से सौजन्य भेंट के दौरान किसानों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। इस बैठक में उपमुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा भी मौजूद रहे।

किसान संघ की ओर से संगठन मंत्री मनीष शर्मा, महामंत्री नवीन शेष सहित अन्य पदाधिकारी और सदस्य शामिल हुए। बातचीत के दौरान गन्ना उत्पादक किसानों की मांगों और उनके आर्थिक हितों का विषय प्रमुखता से उठाया गया। किसानों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री ने शक्कर कारखानों में गन्ने की खरीदी 425 रुपये प्रति क्विंटल की दर से करने का निर्णय लिया।

पेराई सत्र 2025-26 के किसानों को भी मिलेगा बढ़ी हुई दर का लाभ

सरकार के इस फैसले की खास बात यह है कि इसका लाभ केवल आगे होने वाली गन्ना खरीदी तक सीमित नहीं रहेगा। पेराई सत्र 2025-26 में जिन किसानों से गन्ना खरीदा जा चुका है, उन्हें भी संशोधित दर के आधार पर भुगतान किया जाएगा।

इस व्यवस्था से पहले ही गन्ना बेच चुके किसानों को भी नई दर का लाभ मिलने का रास्ता साफ हुआ है। हालांकि, किसानों को प्रति क्विंटल कितना अतिरिक्त भुगतान मिलेगा, यह पहले लागू दर और नई दर के बीच के अंतर पर निर्भर करेगा।

किसानों की आय बढ़ाने और खेती को लाभकारी बनाने पर जोर

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र और राज्य सरकार किसानों की आमदनी बढ़ाने, खेती की लागत घटाने और कृषि को आर्थिक रूप से अधिक लाभकारी बनाने के लिए काम कर रही हैं। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार भी कृषि क्षेत्र से जुड़े फैसलों में किसानों की आवश्यकताओं और समस्याओं को प्राथमिकता दे रही है।

मुख्यमंत्री के अनुसार, किसानों को उनकी मेहनत का उचित मूल्य मिलना जरूरी है। कृषि क्षेत्र की मजबूती से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सहारा मिलता है और गांवों में आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलता है। सरकार का उद्देश्य खेती को किसानों के लिए टिकाऊ और सम्मानजनक आजीविका का साधन बनाना है।

किसान संघ ने फैसले पर जताया आभार

गन्ना खरीदी की दर 425 रुपये प्रति क्विंटल किए जाने के निर्णय पर भारतीय किसान संघ के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया। संघ के प्रतिनिधियों ने कहा कि इस फैसले से प्रदेश के गन्ना उत्पादकों को आर्थिक लाभ मिलेगा और उनकी उपज का बेहतर मूल्य प्राप्त करने में मदद मिलेगी।

अब इस फैसले के तहत गन्ना उत्पादकों को नई खरीदी दर का लाभ मिलेगा। साथ ही, पिछले पेराई सत्र में गन्ना बेच चुके किसानों को भी संशोधित दर के अनुसार भुगतान किया जाएगा।

Aaj ka Rashifal : आज किसे होगा लाभ और किसे रहना होगा सतर्क? जानिए सभी 12 राशियों का दैनिक राशिफल

Aaj ka Rashifal 10 October 2026: आज का दिन कई राशियों के लिए नए अवसर और महत्वपूर्ण बदलाव लेकर आ सकता है. जहां कुछ लोगों को रुका हुआ धन मिलने, करियर में उन्नति और व्यापार में लाभ के संकेत हैं, वहीं कुछ राशियों को स्वास्थ्य, क्रोध और कानूनी मामलों में विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है. पारिवारिक जीवन, आर्थिक स्थिति और सामाजिक मान-सम्मान को लेकर भी ग्रहों की चाल अलग-अलग राशियों पर अलग प्रभाव डाल सकती है. जानिए मेष से मीन तक सभी 12 राशियों का आज का राशिफल, भाग्य अंक और शुभ रंग.

1. मेष राशि 

क्रोध पर नियंत्रण बनाए रखें. जमीन जायदाद की समस्या समाप्त हो जाएगी. नए परिचित व्यक्तियों से बहुत लाभ प्राप्त होगा. मित्रों के दिया हुआ आशा निराशा में बदल जाएगी. नशे से दूर रहें. नए राजनीतिक संपर्क से लाभ मिलेगा. परिवार में समस्या उत्पन्न होगी. कानूनी उलझन से बचें. शत्रु-षड्यंत्र से विवाद बढ़ सकता है.

भाग्य अंक: 8

शुभ रंग: लाल

2. वृषभ राशि

व्यापार में धान का निवेश सोच समझकर करें. परिचित व्यक्तियों पर विश्वास ना करें. नुकसानदायक होगा उधर में दिया धन वापस होगा. जीवनसाथी का सहयोग बराबर मिलेगा. अचानक लाभ होगा.

भाग्य अंक: 1

शुभ रंग: सफेद

3. मिथुन राशि

नौकरी में प्रमोशन के पूर्ण योग हैं. वाणी के द्वारा उत्तम लाभ सम्मान प्राप्त होगा. नौकरी में स्थानांतरण का योग बनेगा. नया समझौता हो सकता है. देश-विदेश से शुभ समाचार आएगा.

भाग्य अंक: 3

शुभ रंग: नीला 

4. कर्क राशि

स्थिति को देखते हुए मां को परेशान ना करें. समय के अनुसार सब उत्तम व्यवस्था होगी. मानसिक संतुलन को अच्छा बनाकर रखें. रुका हुआ धन मिलेगा. अतीत के संदर्भ में अनुसंधान का लाभ होगा. मेहनत के चलते सितारा बुलंद होगा. समुद्री यात्रा के सुंदर योग हैं.

भाग्य अंक: 9

शुभ रंग: सफेद

5. सिंह राशि

निडर होकर स्थिति को संयम में परिवर्तन करने का कार्य में आप पूर्ण रूप से विजयी प्राप्त करेंगे. परोपकार कर दूसरे का दिल जीतने में आप मजबूत होंगे. उन्नति की समाचार मिलेगा. दीर्घकालीन विवाद सुलझेगा. गृहस्थी की समस्या सुलझ जाएगी. पारिवारिक में मंगल कार्य होगा.

भाग्य अंक: 5

शुभ रंग: पिला

6. कन्या राशि

कार्यक्षेत्र में वाणी के प्रयोग से सफलता प्राप्त होगी. पुराने परिचित से मिलन संभव है. सोशल मीडिया से दूरी बनाए रखें. कानूनी विवाद में विजय होगी. समय आपकी प्रतीक्षा कर रहा है. भाग्य के भरोसे ना रहे. परिचित से आपको लाभ होगा. रुका हुआ धन आपको प्राप्त होगा.

भाग्य अंक: 3

शभ रंग: हरा 

7. तुला राशि

देश विदेश की यात्रा लाभप्रद होगा. व्यापार में दिया हुआ धन लाभ प्राप्त कराएगा. घूमने फिरने की इच्छा पूर्ण होगी. विदेश से आए हुए मित्र आपसे मिलकर खुश होंगे. उपयोगी वस्तु खरीदी जाएगी समाज में मान सम्मान भी बढ़ेगा. आर्थिक मदद मिलेगी नौकरी में प्रमोशन के योग हैं.

भाग्य अंक: 4

शुभ रंग: सिल्वर 

8. वृश्चिक राशि

स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखें. वर्तमान समय में आपका स्वास्थ्य को लेकर चिंता जनक स्थिति बनी रहेगी. प्रयास करें खान-पांच उत्तम व्यवस्था के योग्य हो. शरीर में खून की कमी होने की संभावना है. आत्मविश्वास बढ़ेगा, कार्य व्यवसाय में परिजनों के सहयोग से लाभ होगा. स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखें.

भाग्य अंक: 2

शुभ रंग: लाल

9. धनु राशि

मीठे वचनों से युक्त व्यक्तियों से सावधान रहें. व्यापार में मोटा फायदा होने के योग हैं. मोटापा बढ़ाने के कारण शरीर में गंभीर बीमारी बन सकती है. घर गृहस्थी में हास्य रस बढ़ेगा. गृहस्थी का सुख मिलेगा. प्रतियोगिता में जीत होगी.

भाग्य अंक: 9

शुभ रंग: केसरिया

10. मकर राशि

कोर्ट कचहरी से संबंधित समस्याओं का समाधान हो जाएगा. इच्छित मित्र से मिलन संभव है. कानूनी विवाद में आपको सफलता प्राप्त होगी. विरोधियों को आप चित कर देंगे. मकान का कार्य आपका सफल होगा. नया वाहन खरीदने के योग हैं. सहयोगियों के साथ मौज मस्ती का मौका मिलेगा.

भाग्य अंक: 2

शुभ रंग: काला 

11. कुंभ राशि

नया वाहन लेने का सुख आपको प्राप्त होगा. उधर में दिया हुआ धन आपको प्राप्त हो जाएगा. सरकार से संबंधित योगदान के लिए आपको सम्मानजनक उपहार प्राप्त होंगे. सोचा हुआ कार्य जल से प्रगति प्राप्त पूर्वक प्राप्त होगा. भौतिक सुख उपयोग के साधन सुलभ होंगे. काम बिगड़ने की संभावना ज्यादा है. साहित्य संगीत में मन जमेगा.

भाग्य अंक: 3

शुभ रंग: नीला

12. मीन राशि 

कार्य में परिवर्तन के योग्य हैं. नए व्यापार की दिशा बनेगी. आध्यात्मिक की दिशा में अग्रसर कार्य करेंगे. धार्मिक कार्यों में आपका धन व्यय होगा. स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखें. खान-पान का विशेष ध्यान रखें घर में नया सामग्री आने के योग बन रहे हैं. कर लेने का सपना पूरा होगा.

भाग्य अंक: 7

शुभ रंग: नारंगी

Aaj ka Panchang : सर्वपितृ अमावस्या आज, नोट करें शुभ मुहूर्त, राहुकाल और पूरा पंचांग

Aaj ka Panchang 10 October 2026: हिंदू धर्म में पंचांग का काफी महत्व होता है. कोई शुभ काम, यात्रा, निवेश या पूजा-पाठ करने से पहले पंचांग जरूर देखा जाता है. पंचांग हिंदू काल-गणना पद्धति है, जो सूर्य, चंद्रमा और अन्य ग्रहों की स्थिति पर आधारित है. 

सर्वपितृ अमावस्या आज

10 अक्टूबर 2026 को आश्विन माह के कृष्ण पक्ष की अमावस्या तिथि रात 9:19 बजे तक रहेगी. इसे सर्वपितृ अमावस्या के नाम से जाना जाता है. इसके बाद प्रतिपदा तिथि शुरू हो जाएगी. शनिवार सुबह 6:25 बजे सूर्योदय और शाम 6:02 बजे सूर्यास्त होगा. वहीं, सुबह 5:51 चंद्रोदय और शाम 5:44 बजे चंद्रास्त होगा.

नक्षत्र

पंचांग के अनुसार, इस दिन सूर्य हस्त नक्षत्र में रहेगा. ज्योतिष के अनुसार, सूर्य के हस्त नक्षत्र में प्रवेश करने से सभी 12 राशियों पर गहरा प्रभाव पड़ता है. हस्त नक्षत्र के स्वामी चंद्रमा का सूर्य से मित्रता का संबंध माना गया है. वैदिक ज्योतिष के अनुसार, हस्त नक्षत्र 13वां नक्षत्र है, जिसका अर्थ ‘हाथ’ होता है. इस नक्षत्र के स्वामी चंद्रमा हैं और इसकी राशि कन्या है.

आज का योग

शनिवार को रात 10:02 बजे तक ऐंद्र (इंद्र) योग रहेगा. वैदिक ज्योतिष में इंद्र योग एक बहुत ही शुभ, राजसी और प्रभावशाली योग माना जाता है. यह योग देवराज इंद्र के गुणों (नेतृत्व क्षमता, ऐश्वर्य, मान-सम्मान और उच्च पद) का प्रतीक है. ज्योतिष के 27 नित्य योगों में ऐंद्र (इंद्र) योग 26वें स्थान पर आता है.

नोट करें शुभ मुहूर्त

इस दिन अभिजीत मुहूर्त सुबह 11:50 से दोपहर 12:37 बजे तक रहेगा. यह दिन का सबसे शुभ और फलदायी समय माना जाता है. आमतौर पर यह लगभग 48 मिनट (या दिनमान के अनुसार गणना किया गया आठवां मुहूर्त) होता है. माना जाता है कि इस मुहूर्त में किए गए कार्यों से सभी प्रकार के अशुभ प्रभाव या दोष स्वतः नष्ट हो जाते हैं. जब सूर्य ठीक सिर के ऊपर रहते हैं, तब अभिजीत मुहूर्त की बेला होती है.

शनिवार को दोपहर 3:35 से 5:13 बजे तक अमृतकाल रहेगा. ज्योतिष और पंचांग के अनुसार, अमृतकाल एक अत्यंत शुभ, मंगलकारी और सकारात्मक ऊर्जा से भरपूर समयावधि (मुहूर्त) है. इसे अमृत के समान उत्तम फल देने वाला माना जाता है. इस दौरान किए गए कार्यों में सफलता की संभावना सबसे अधिक होती है. यह समय नए व्यापार, निवेश, पूजा-पाठ, और महत्वपूर्ण यात्रा के लिए श्रेष्ठ माना गया है.

जान लें राहुकाल

इस दिन राहुकाल सुबह 9:19 बजे से 10:46 बजे तक रहेगा. ज्योतिष शास्त्र के अनुसार, राहुकाल दिन का वह समय होता है, जिसे किसी भी नए या शुभ कार्य की शुरुआत के लिए अशुभ माना जाता है. राहुकाल को सूर्योदय और सूर्यास्त के बीच के समय को 8 बराबर भागों में बांटकर निकाला जाता है, जो हर दिन लगभग 90 मिनट का होता है. स्थान बदलने के साथ इसके समय में भी बदलाव हो जाता है. इस दौरान कोई नया काम शुरू नहीं करना चाहिए, लेकिन जो काम पहले से चल रहे हैं, उन्हें जारी रखा जा सकता है.

शनिवार को गुलिक काल सुबह 6:25 से 7:52 बजे तक रहेगा. गुलिक काल को ‘विषैला समय’ भी कहा जाता है. यह एक उपग्रह है, जिसे अशुभ माना जाता है. माना जाता है कि इस काल में किए गए कार्य नकारात्मक परिणाम देते हैं. इस काल में कोई नया काम शुरू करने से बचना चाहिए, लेकिन जो काम पहले से चल रहे हैं, उनको जारी रखा जा सकता है. जो काम बार-बार करना चाहते हैं तो इस काल में किया जा सकता है. बैंक में पैसे जमा करना, दान देना या निवेश करना इस काल में अच्छा माना जाता है.

इस दिन यमगंड काल दोपहर 1:40 से 3:08 बजे तक रहेगा. यह समय मृत्यु के देवता यमराज से जुड़ा हुआ माना जाता है. इस समय के दौरान स्वास्थ्य, दीर्घायु, या सामान्य दुर्भाग्य से संबंधित बाधाओं का सामना करना पड़ सकता है. इस काल को नए कार्यों की शुरुआत के लिए अशुभ माना जाता है. नया व्यापार या नया काम शुरू करने से बचना चाहिए. इस दौरान किसी यात्रा पर भी निकलने और पैसों के लेनदेन से भी बचना चाहिए.

ग्रहों की स्थिति

शनिवार को सूर्य कन्या राशि में स्थित रहेंगे, जब सूर्य कन्या राशि में प्रवेश करते हैं, तो इसका प्रभाव व्यक्ति के जीवन, कामकाज और बौद्धिक क्षमता पर विशेष रूप से पड़ता है. ज्योतिषीय मान्यता के अनुसार, इस दौरान व्यावहारिक और योजनाबद्ध तरीके से काम करना लाभकारी माना जाता है.

इस दिन चंद्रमा कन्या राशि में संचार करेगा. ज्योतिष शास्त्र में चंद्रमा के कन्या राशि में होने (या जन्म कुंडली में कन्या राशि का चंद्रमा होने) का अर्थ है कि व्यक्ति का मन और भावनाएं विश्लेषणात्मक, व्यवस्थित और संवेदनशील स्वभाव की होती हैं. कन्या राशि के स्वामी बुध हैं, जो चंद्रमा के मित्र हैं, इसलिए इस स्थिति का प्रभाव व्यक्ति के जीवन और स्वभाव पर विशेष रूप से पड़ता है.

दिशाशूल

शनिवार को दिशाशूल पूर्व दिशा में रहेगा. ज्योतिष और वास्तु शास्त्र के अनुसार, दिशाशूल उस दिशा को कहते हैं, जिसमें किसी खास दिन यात्रा करना या निकलना अशुभ माना जाता है.

गरियाबंद में मां-बेटे गांजा तस्करी के आरोप में गिरफ्तार, कार और मोबाइल समेत 12 लाख का सामान जब्त

गरियाबंद : छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में गांजा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मां और बेटे को गिरफ्तार किया है। देवभोग थाना क्षेत्र के खुंटगांव चेकपोस्ट के पास एक इको कार की जांच के दौरान 18 किलो 100 ग्राम गांजा बरामद किया गया। पुलिस के मुताबिक, जब्त गांजे की अनुमानित कीमत 9 लाख 5 हजार रुपये है। गांजे के परिवहन में इस्तेमाल कार और एक मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है। सभी जब्त सामग्री की कुल अनुमानित कीमत 12 लाख 5 हजार रुपये बताई गई है।

चेकपोस्ट पर वाहन की जांच में मिला गांजा

पुलिस ने खुंटगांव चेकपोस्ट के पास इको कार क्रमांक CG 25 N 8089 की जांच की। इसी दौरान वाहन से गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने कार में मौजूद दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की और बाद में गांजा तस्करी के आरोप में गिरफ्तार कर लिया।जब्त गांजे का कुल वजन 18 किलो 100 ग्राम दर्ज किया गया है। पुलिस ने गांजे के साथ परिवहन में इस्तेमाल वाहन और एक मोबाइल फोन भी अपने कब्जे में लिया है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान

इस मामले में गिरफ्तार आरोपियों की पहचान डिंडेश्वर पांडे और सीता पांडे के रूप में हुई है। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, 25 वर्षीय डिंडेश्वर पांडे रतनपुर का निवासी है। वहीं, सीता पांडे को कलमी तर रानी गांव की निवासी बताया गया है। दोनों मां-बेटे हैं।पुलिस ने दोनों के खिलाफ गांजा तस्करी से संबंधित मामले में कार्रवाई की है। मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।

गांजा कहां से आया, कहां पहुंचाया जाना था?

गिरफ्तारी के बाद पुलिस अब गांजे की आपूर्ति और परिवहन से जुड़े पहलुओं की जांच कर रही है। जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि गांजा कहां से लाया गया था और इसे किस स्थान पर पहुंचाया जाना था।जब्त मोबाइल फोन से मिलने वाली जानकारी भी जांच में महत्वपूर्ण हो सकती है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि कथित तस्करी में आरोपियों के अलावा किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका थी या नहीं। फिलहाल, किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता की पुष्टि नहीं हुई है।

12 लाख 5 हजार रुपये की सामग्री जब्त

पुलिस की इस कार्रवाई में 18 किलो 100 ग्राम गांजा, एक इको कार और एक मोबाइल फोन जब्त किया गया है। जब्त सामग्री की कुल अनुमानित कीमत 12 लाख 5 हजार रुपये बताई गई है।अब जांच का मुख्य फोकस गांजे के स्रोत, संभावित खरीदारों और परिवहन से जुड़े संपर्कों का पता लगाने पर है। पुलिस की जांच आगे बढ़ने के साथ मामले में और तथ्य सामने आने की उम्मीद है।

CG Teacher Recruitment 2026: छत्तीसगढ़ में शिक्षक भर्ती परीक्षाओं पर हाईकोर्ट की रोक, 11 और 25 अक्टूबर की परीक्षा अटकी

छत्तीसगढ़ : सहायक शिक्षक और शिक्षक भर्ती की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों को बड़ा झटका लगा है। बिलासपुर हाईकोर्ट ने दोनों पदों के लिए प्रस्तावित लिखित परीक्षाओं पर फिलहाल रोक लगा दी है। दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए आरक्षण व्यवस्था और भर्ती रोस्टर को लेकर दायर याचिका पर सुनवाई करते हुए मुख्य न्यायाधीश कृष्ण राम महापात्र की अध्यक्षता वाली डिवीजन बेंच ने राज्य सरकार को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है।इस आदेश के बाद 11 अक्टूबर 2026 को प्रस्तावित सहायक शिक्षक परीक्षा और 25 अक्टूबर 2026 को होने वाली शिक्षक भर्ती परीक्षा का आयोजन फिलहाल रुक गया है। अब आगे की स्थिति अदालत में होने वाली सुनवाई और राज्य सरकार के जवाब के बाद स्पष्ट होगी।

आखिर क्यों लगी भर्ती परीक्षाओं पर रोक?

राज्य सरकार ने सहायक शिक्षक और शिक्षक के पदों पर नियुक्ति के लिए भर्ती विज्ञापन जारी किया था। हालांकि, विज्ञापन में दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए आरक्षण के प्रावधानों को लेकर सवाल उठाए गए। इसी मुद्दे पर कुछ याचिकाकर्ताओं ने हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया।याचिका में आरोप लगाया गया है कि भर्ती विज्ञापन में दिव्यांग उम्मीदवारों के लिए आरक्षित पदों की व्यवस्था होने के बावजूद पूरी तरह दृष्टिबाधित अभ्यर्थियों को इसका समुचित लाभ नहीं मिल रहा है। याचिकाकर्ताओं ने सामान्य प्रशासन विभाग और समाज कल्याण विभाग के संबंधित सर्कुलर का हवाला देते हुए आरक्षण व्यवस्था तथा रोस्टर को चुनौती दी है।

दृष्टिबाधित अभ्यर्थियों को अवसर नहीं मिलने का आरोप

याचिकाकर्ताओं का तर्क है कि आरक्षण लागू करने के तरीके में कथित खामियों के कारण पूरी तरह दृष्टिबाधित उम्मीदवार सहायक शिक्षक भर्ती में अवसर से वंचित हो सकते हैं। उनके मुताबिक, यह स्थिति समान अवसर के अधिकार से जुड़े संवैधानिक प्रावधानों के अनुरूप नहीं है।याचिकाकर्ताओं की ओर से अधिवक्ता रुंगटा ने अदालत में पक्ष रखा। सुनवाई के दौरान आरक्षण संबंधी नियमों और भर्ती विज्ञापन में अपनाई गई व्यवस्था पर सवाल उठाए गए। अदालत ने इन आपत्तियों पर राज्य सरकार से जवाब मांगा है।

11 और 25 अक्टूबर को होनी थीं परीक्षाएं

भर्ती कार्यक्रम के अनुसार, सहायक शिक्षक पद के लिए लिखित परीक्षा 11 अक्टूबर 2026 को प्रस्तावित थी। वहीं, शिक्षक पद की परीक्षा 25 अक्टूबर 2026 को आयोजित की जानी थी।दोनों परीक्षाओं की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों को अब आगे के निर्देशों का इंतजार करना होगा। फिलहाल परीक्षा की नई तारीख घोषित होने की जानकारी उपलब्ध नहीं है। उम्मीदवारों को संबंधित विभाग की आधिकारिक सूचना और हाईकोर्ट के आगामी आदेश पर नजर रखनी चाहिए।

सहायक शिक्षक के 2,292 पदों पर होनी है भर्ती

सहायक शिक्षक भर्ती के तहत कुल 2,292 पदों पर नियुक्तियां प्रस्तावित हैं। इनमें ई-संवर्ग के 795 और टी-संवर्ग के 1,497 पद शामिल हैं। बड़ी संख्या में अभ्यर्थी इन पदों के लिए लिखित परीक्षा की तैयारी कर रहे थे।परीक्षाओं पर रोक लगने से भर्ती प्रक्रिया की समय-सीमा प्रभावित हो सकती है। हालांकि, इस आदेश को भर्ती विज्ञापन पूरी तरह रद्द होने के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए।

अब आगे क्या होगा?

हाईकोर्ट ने फिलहाल लिखित परीक्षाओं के आयोजन पर रोक लगाई है और राज्य सरकार से आरक्षण व्यवस्था पर जवाब मांगा है। भर्ती विज्ञापन को अंतिम रूप से निरस्त किए जाने की पुष्टि नहीं हुई है।आगे की प्रक्रिया इस बात पर निर्भर करेगी कि राज्य सरकार अदालत में क्या जवाब पेश करती है और सुनवाई के बाद हाईकोर्ट क्या आदेश देता है। ऐसे में अभ्यर्थियों के लिए जरूरी है कि वे बिना आधिकारिक पुष्टि के परीक्षा की नई तारीख या भर्ती रद्द होने से जुड़ी खबरों पर भरोसा न करें।

महासमुंद में 560 किलो गांजा जब्त, महाराष्ट्र के दो आरोपी गिरफ्तार, कीमत 2.95 करोड़ रुपये

महासमुंद। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में पुलिस ने गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 560 किलो गांजा बरामद किया है। मामले में महाराष्ट्र के दो युवकों को गिरफ्तार किया गया है। जब्त गांजे की कीमत करीब 2 करोड़ 80 लाख रुपये आंकी गई है। तस्करी में इस्तेमाल वाहन और दो मोबाइल फोन भी पुलिस ने जब्त किए हैं।

NH-53 पर नाकेबंदी कर पकड़ा वाहन

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि महाराष्ट्र नंबर के एक वाहन में भारी मात्रा में गांजा ले जाया जा रहा है। इसके बाद एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स और सिंघोड़ा पुलिस की संयुक्त टीम ने राष्ट्रीय राजमार्ग-53 पर रेहटीखोल चेक पोस्ट के पास नाकेबंदी की। संदिग्ध वाहन को रोककर तलाशी ली गई।

कैरेट के नीचे छिपाकर रखी थी 16 बोरियां

तलाशी के दौरान वाहन में कैरेट के नीचे छिपाकर रखी गई 16 बोरियों से कुल 560 किलो गांजा मिला। प्रत्येक बोरी में करीब 35 किलो गांजा रखा गया था। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल आइशर माजदा वाहन और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। जब्त की गई कुल संपत्ति का मूल्य 2 करोड़ 95 लाख 8 हजार रुपये बताया गया है।

महाराष्ट्र के जलगांव के रहने वाले हैं आरोपी

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 30 वर्षीय अजय रविन्द्र पवार और 25 वर्षीय स्वराज महाजन के रूप में हुई है। दोनों महाराष्ट्र के जलगांव जिले के निवासी बताए गए हैं। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ओडिशा के बरहमपुर क्षेत्र से गांजा लेकर महाराष्ट्र जा रहे थे।

NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज

पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मादक पदार्थ संबंधी कानून NDPS एक्ट की धारा 20(बी)(II)(सी) के तहत कार्रवाई की है। अब पुलिस गांजे की सप्लाई के स्रोत और इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है।

जेवर एयरपोर्ट का बदलेगा नाम, योगी कैबिनेट ने नरेंद्र मोदी एयरपोर्ट नाम रखने को दी मंजूरी

0

 उत्तर प्रदेश :  जेवर में बन रहे नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का नाम बदलकर नरेंद्र मोदी एयरपोर्ट किए जाने को मंजूरी मिल गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में इस प्रस्ताव को स्वीकृति दी गई।

कैबिनेट बैठक के बाद CM योगी का ऐलान

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ में कैबिनेट बैठक के बाद आयोजित प्रेसवार्ता में नाम बदलने की जानकारी दी। इस फैसले के बाद जेवर एयरपोर्ट को नए नाम से पहचान दिए जाने की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।

छत्तीसगढ़ में 18 IPS अधिकारियों का तबादला, ASP और CSP के पदों पर मिली नई जिम्मेदारी

 रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने पुलिस विभाग में प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 18 भारतीय पुलिस सेवा (IPS) अधिकारियों की नई पदस्थापना की है। तबादला सूची में 2021 से 2024 बैच तक के अधिकारी शामिल हैं।

ASP और CSP के पदों पर नियुक्ति

सरकार के आदेश के तहत संबंधित अधिकारियों को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) और नगर पुलिस अधीक्षक (CSP) के पदों पर तैनात किया गया है। इस बदलाव से प्रदेश के विभिन्न जिलों और शहरी क्षेत्रों में पुलिस अधिकारियों की जिम्मेदारियों में फेरबदल होगा।

नई पदस्थापनाओं से संबंधित विस्तृत जानकारी के लिए शासन का आधिकारिक आदेश देखा जा सकता है।

बस्तर आएंगे राहुल गांधी, बोधघाट परियोजना से प्रभावित ग्रामीणों से करेंगे मुलाकात

 रायपुर। कांग्रेस नेता राहुल गांधी छत्तीसगढ़ के बस्तर क्षेत्र का दौरा करेंगे। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज ने यह जानकारी दी है। प्रस्तावित दौरे के दौरान राहुल गांधी बोधघाट परियोजना से प्रभावित ग्रामीणों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं और चिंताएं सुनेंगे।

परियोजना प्रभावितों से सीधे संवाद की तैयारी

दीपक बैज के मुताबिक, राहुल गांधी ग्रामीणों से बातचीत कर बोधघाट परियोजना से जुड़े मुद्दों को समझेंगे। परियोजना से प्रभावित लोगों की समस्याएं इस समय चर्चा में हैं। ऐसे में राहुल गांधी की प्रस्तावित मुलाकात को इस मुद्दे के संदर्भ में अहम माना जा रहा है।

दौरे की तारीख का इंतजार

फिलहाल राहुल गांधी के बस्तर पहुंचने की तारीख और उनके दौरे का विस्तृत कार्यक्रम जारी नहीं हुआ है। कार्यक्रम की आधिकारिक जानकारी सामने आने के बाद दौरे से जुड़ी अन्य गतिविधियां स्पष्ट होंगी।

CG Police Transfer: छत्तीसगढ़ में 18 IPS अधिकारियों के तबादले, बीजापुर से रायपुर तक बदली जिम्मेदारियां

 रायपुर। छत्तीसगढ़ शासन के गृह विभाग ने पुलिस महकमे में प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 18 IPS अधिकारियों की नई पदस्थापना के आदेश जारी किए हैं। 9 अक्टूबर 2026 को जारी आदेश के मुताबिक, अधिकारियों को आगामी आदेश तक अस्थायी रूप से नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। इस सूची में पुलिस मुख्यालय में नियुक्तियों के साथ कई जिलों में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और नगर पुलिस अधीक्षक स्तर पर बदलाव किए गए हैं।

पुलिस मुख्यालय में इन अधिकारियों को मिली जिम्मेदारी

  • झा अमनकुमार रमनकुमार को बीजापुर से पुलिस मुख्यालय रायपुर में पुलिस अधीक्षक (SIA) बनाया गया है।
  • अजय कुमार को नारायणपुर से पुलिस मुख्यालय में पुलिस अधीक्षक (SIB) की जिम्मेदारी दी गई है।
  • आकाश श्री श्रीमाल को कांकेर से पुलिस मुख्यालय में सहायक पुलिस महानिरीक्षक (अ.अवि.) नियुक्त किया गया है।
  • अक्षय प्रमोद सबद्रा को नारायणपुर से पुलिस मुख्यालय में सहायक पुलिस महानिरीक्षक (योजना/प्रबंध) बनाया गया है।
  • आकाश कुमार शुक्ला को STF बघेरा, दुर्ग से पुलिस मुख्यालय में सहायक पुलिस महानिरीक्षक (NTF) पदस्थ किया गया है।
  • रविन्द्र कुमार मीणा को बीजापुर से पुलिस मुख्यालय में पुलिस अधीक्षक (चिटफंड एवं महिला विरुद्ध अपराध) की जिम्मेदारी दी गई है।

जिलों में भी बदले गए अधिकारी

आदेश के अनुसार, रोहित कुमार शाह को सुकमा से छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल की 15वीं वाहिनी, बीजापुर भेजा गया है। ध्रुवे समीतकुमार दत्तात्रेयी को जगदलपुर से कांकेर में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ऑप्स) बनाया गया है।

अन्य बदलावों में ये पदस्थापनाएं शामिल हैं:

  • ईशु अग्रवाल: रायपुर नगर से नारायणपुर
  • मयंक मिश्रा: रायगढ़ से सुकमा
  • वैशाली जैन: राजनांदगांव से जगदलपुर में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ऑप्स)
  • विमल कुमार पाठक: कोरबा से नारायणपुर
  • हर्षित मेहर: दुर्ग से कोंडागांव
  • राहुल बंसल: अंबिकापुर से बीजापुर में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ऑप्स)

प्रशिक्षु अधिकारियों को भी मिली नई पोस्टिंग

तबादला आदेश में प्रशिक्षु अधिकारियों की पदस्थापना भी की गई है। इसके तहत:

  • सुश्री अंकिता जैन को बिलासपुर से जगदलपुर में नगर पुलिस अधीक्षक बनाया गया है।
  • सुश्री साकोर मानसी नानाभाऊ को रायपुर से आजाद चौक, रायपुर नगर में सहायक पुलिस आयुक्त की जिम्मेदारी दी गई है।
  • आदित्य कुमार को राजनांदगांव में नगर पुलिस अधीक्षक पदस्थ किया गया है।
  • प्रतीक बंसोड़ को कांकेर से अंबिकापुर में नगर पुलिस अधीक्षक बनाया गया है।

शासन के आदेश के अनुसार, सभी संबंधित अधिकारियों को नई पदस्थापना पर आगामी आदेश तक अस्थायी रूप से जिम्मेदारी निभानी होगी।