26.1 C
Raipur
Sunday, October 25, 2026
Home Blog Page 29

सरकार प्रदेश के प्रत्येक नगर और गांव के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध – मंत्री टंक राम वर्मा

रायपुर – सरकार द्वारा प्रदेश के प्रत्येक नगर और गाँव के सर्वांगीण विकास तथा बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में एक और ऐतिहासिक पहल की गई है। राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री  टंक राम वर्मा के विशेष प्रयासों से बलौदाबाजार विधानसभा को बुनियादी सुविधाओं, सड़क इंफ्रास्ट्रक्चर तथा शैक्षणिक ढाँचे को नई मजबूती प्रदान करने के लिए लगभग पौने पांच करोड़ रुपए से अधिक के विकास कार्यों की सौगात दी गई है। इस निर्णय से क्षेत्र के ग्रामीणों, व्यापारियों और विद्यार्थियों के बीच भारी उत्साह की लहर दौड़ गई है।
​
2 करोड़ 15.24 लाख रूपए के 42 नए कार्यों को प्रशासनिक स्वीकृति

ग्रामीण क्षेत्रों के चहुंमुखी विकास, शिक्षा के स्तर को सुधारने और मूलभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए पूरी सरकार तरह संकल्पित है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि इन विकास कार्यों के धरातल पर उतरने से ग्रामीण अंचलों में नागरिकों को आधुनिक एवं बेहतर सुविधाएं मिलेंगी, जिससे बच्चों को शिक्षा प्राप्त करने में सुगमता होगी और विभिन्न सार्वजनिक आयोजनों व आवश्यकताओं के लिए मजबूत बुनियादी ढांचा तैयार हो सकेगा।

वर्ष 2026-27 के लिए बलौदाबाजार और सिमगा विकासखंड के ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण हेतु 2 करोड़ 15 लाख 24 हजार रुपये की अनुमानित लागत से 42 नए विकास कार्यों को प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की गई है। इसके अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्रों में अंतिम संस्कार और धार्मिक आयोजनों को सुगम बनाने के उद्देश्य से मुडियाडीह, झोंका, बिटकुली, खैरवारी, बुड़गहन, कसहीडीह, खैरवारडीह, करमनडीह, खैराटा, गोडखपरी, पौंसरी, भांठागांव, रसेड़ा, सोनपुर, चरौटी, अचानकपुर, ढाबाडीह और भालेसुर जैसे अनेक गांवों के मुक्तिधामों में शेड, अहाता तथा प्रतीक्षालय निर्माण के कार्य संपन्न कराए जाएंगे। इसके साथ ही, शासकीय प्राथमिक एवं माध्यमिक शालाओं में बालिकाओं की स्वच्छता और स्वास्थ्य सुविधाओं को बढ़ावा देने के लिए केशडबरी, हलवाई खपरी, चापा, पुरान, छुईहा, सेमराडीह, पारागांव, बिलाईडबरी, मोहभट्ठा, भैंसा, भोथाडीह, जागडा, सिकारी केशली और मगरवाय में बालिका शौचालयों का निर्माण कराया जाएगा। शिक्षा के ढांचे को और अधिक मजबूत करने की दिशा में सिमगा विकासखंड के ग्राम मानिपुर (आमाकोनी), नेवधा और टेकारी की शासकीय प्राथमिक शालाओं में दो-दो अतिरिक्त कक्षों का निर्माण भी इस स्वीकृति का प्रमुख हिस्सा है। इस अवसर पर राजस्व मंत्री  टंक राम वर्मा ने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार ग्रामीण अंचलों में नागरिकों को आधुनिक सुविधाएं देने और शिक्षा के स्तर को सुधारने के लिए पूरी तरह संकल्पित है।
​
2.72 करोड़ से अधिक के विकास कार्यों की प्राविधिक स्वीकृति

इसी कड़ी को आगे बढ़ाते हुए तिल्दा-नेवरा विकासखंड के नगरीय व ग्रामीण इंफ्रास्ट्रक्चर को नई गति देने के लिए 2.72 करोड़ रुपए से अधिक के प्रमुख विकास कार्यों की प्राविधिक स्वीकृति दी गई है। इसके अंतर्गत क्षेत्र के यातायात को सुरक्षित और सुगम बनाने के लिए पं. दीनदयाल उपाध्याय चौक से साहू भवन तक रोड एवं डिवाइडर निर्माण के लिए 101.68 लाख रुपए तथा मंगलम पेट्रोल पंप से पं. दीनदयाल उपाध्याय चौक होते हुए ओवर ब्रिज तक रोड एवं डिवाइडर निर्माण के लिए 95.79 लाख रुपए की राशि स्वीकृत की गई है। इसके अतिरिक्त, विभिन्न ग्रामों के चौतरफा विकास के लिए ग्राम तरपोंगी के बाजार चौक में नाली निर्माण के लिए 10 लाख रुपए, ग्राम टंडवा, ग्राम नकटी-तुलसी के महामाया मंदिर तथा ग्राम तुलसी-नेवरा के बालाजी मंदिर तक सीसी रोड निर्माण के लिए विभिन्न स्वीकृतियां प्रदान की गई हैं। शैक्षणिक और सामाजिक परिसरों के रखरखाव हेतु ग्राम मोहदी और ग्राम जोता की प्राथमिक शालाओं, ग्राम सरारीडीह के गौधाम तथा ग्राम तुलसी-मानपुर एवं खपरीकला व ग्राम सिरवे के पीएम  स्कूल में प्रार्थना शेड और अहाता निर्माण के कार्य भी शामिल हैं।

​गुणवत्ता और पारदर्शिता पर रहेगा विशेष ज़ोर

राजस्व मंत्री  टंक राम वर्मा ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने की बात कहते हुए बताया कि ये सभी कार्य ‘छत्तीसगढ़ वर्क्स डिपार्टमेंट मैनुअल’ के नियमों का कड़ाई से पालन करते हुए उच्च गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण किए जाएंगे। आधुनिक सड़कों और डिवाइडरों के निर्माण से जहां यातायात सुगम होगा और व्यापारिक गतिविधियों को प्रोत्साहन मिलेगा, वहीं विद्यालयों में प्रार्थना शेड और बाउंड्री वॉल निर्माण से बच्चों को धूप और बारिश से सुरक्षा मिलेगी, जिससे उन्हें एक सुरक्षित व व्यवस्थित शैक्षणिक वातावरण प्राप्त हो सकेगा। शासन की इस सौगात के लिए बलौदाबाजार विधानसभा क्षेत्र के वासियों ने राज्य सरकार और मंत्री  टंक राम वर्मा का सहृदय आभार व्यक्त किया है।

Aaj Ka Rashifal: नवरात्रि का पहला दिन, मेष से मीन तक कई राशियों की चमकेगी किस्मत, जानिए आज का राशिफल

Aaj Ka Rashifal: आज 11 अक्टूबर और दिन रविवार है. आज से शारदीय नवरात्रि की शुरुआत हो रही है. आज का दिन कई राशियों के लिए नए अवसर, जिम्मेदारियां और महत्वपूर्ण फैसले लेकर आ सकता है. चंद्रमा के गोचर का प्रभाव सभी 12 राशियों के जीवन के अलग-अलग क्षेत्रों पर पड़ेगा. आज के दिन किसी को धन का लाभ मिलेगा, तो किसी को प्यार, परिवार, रोजगार में शुभ संकेत मिलेगा. जानिए मेष से लेकर मीन तक, आज का राशिफल.

मेष राशि

नित्यानंद का अनुभव होगा, नए काम का नेतृत्व करना पड़ेगा. परस्पर नोकझोंक के योग बन रहे हैं, वाणी पर कंट्रोल बनाए रखें. दांपत्य सुख मिलेगा, समय कुछ विशेषताएं लिए आ रहा है. मेहनत के चलते सितारा बुलंद होगा. नेताओं से संबंधों का फायदा मिलेगा. शुभ समाचार आएगा. कानूनी विवाद सुलझ जाएगा. उन्नति पद समाचार से मन खुश होगा. पढ़ाई में मन लगेगा. बच्चों का परिणाम अच्छे होंगे. समय आपके अनुसार अच्छा लाभ प्रदान करेगा.

वृषभ राशि

रोजमर्रा के कामों में वृद्धि होगी. यात्रा लाभप्रद रहेगी. सुख सुविधा की वस्तु मिलेगी. श्री वृद्धि से पड़ोसी को ईर्ष्या होगी. कानूनी विवाद से बचे रहे. मंदिर में दर्शन लाभ होगा. उन्नति पद समाचार से मन खुश होगा. बच्चों का मन पढ़ाई में अत्यधिक रूप से लगेगा. नए काम की रूपरेखा बना रही है. शत्रु षड्यंत्र लोको पवार से बचे रहें. बुराई करने वाले लोगों पर ध्यान ना दें. उत्तम भाग्य हैं, स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखें.

मिथुन राशि

भागदौड़ के चलते सेहत का ध्यान रखें. सोची समझी योजना कारगर रहेगी. कानूनी विवाद से राहत मिलेगी. चल अचल संपत्ति में फायदा होगा. उपयोगी वस्तु खरीदी जाएगी. नए काम बनेंगे. यश पल्लवती का सहयोग बनेगा. मेहनत से सितारा बुलंद होगा. इसलिए मेहनत पर निरंतर प्रयास परिश्रम करते रहें. योजना पूर्ति में किसी का सहयोग अपेक्षित रहेगा. कुछ विशेष लाभ प्राप्त होंगे. कार्य क्षेत्र जोड़ने में आप महत्वपूर्ण योगदान बनाएंगे.

कर्क राशि

स्वयं की सूझबूझ से काम लें. समस्याओं का समाधान मिलेगा. राजनीतिक लाभ का सुयोग्य है. शौक मौज की वस्तु खरीदी जाएगी. शुभ अशुभ समाचार मिलेगा. आक्रमान्यता अदृश्य फलों में बाधक जाने कानूनी विवाद नया मोड़ ले सकता है. योजना पूर्ति में किसी का सहयोग अपेक्षित रहेगा. मित्र सहयोग से अधूरा काम बनेगा. परिवार में जिम्मेदारी का बोझ बढ़ेगा. यह समय बहुत अच्छी व्यवस्थाओं को लेकर आ रहा है. सोचा हुआ कार्य सफलतापूर्वक प्राप्त होगा. उपयोगी वस्तु खरीदी जाएगी.

सिंह राशि

नौकरी के सुंदर योग हैं. बड़ी योजना आपूर्ति में मित्रों का सहयोग मिलेगा. दूर समीप के लोगों से सावधान रहें. जमीन जायदाद वाहन आदि की खरीद में लाभ प्राप्त होगा. सहयोगियों के साथ मौज मस्ती का मौका मिलेगा. मान प्रतिष्ठा बढ़ेगी. प्यार प्रीति के चक्कर चलेगा. असामान्य स्थिति से गुजरना पड़ सकता है. इष्ट मित्रों के सहयोग की आशा व्यर्थ रहेगी. पारिवारिक सुख मिलेगा, क्रोध पर नियंत्रण रखें.

कन्या राशि

पारिवारिक क्षेत्र से आपको लाभ होगा. मेहनत के चलते भाग्य का सितारा बुलंद होगा. आगम प्रताप का नया रास्ता खुलेगा. सुबह अशुभ समाचार मिलेगा. भौतिक सुखों पर भोग के साधन सुलभ होंगे. बनते बिगड़ते कार्य से घबराएं नहीं. परिश्रम ही सफलता की कुंजी है. ऐसा सोच करके परिचित व्यक्तियों से सावधान रहें. नुकसान पहुंचाने का कार्य कर सकते हैं. रोग ऋण विवाद से राहत मिलेगी. घर गृहस्ती में चहल-पहल बढ़ेगी. मांगलिक कार्य का निमंत्रण आपको मिलेगा.

तुला राशि

घूमने की इच्छा बनी रहेगी. राजकीय उलझन से बचें. हर्षोल्लास होगा. विरोधियों के कुछ चक्र से बचें. स्वास्थ्य नरम चलेगा. जीवनसाथी का सहयोग प्राप्त होगा. चालू कार्यों में रुकावटें आएगी. दूर समीप की यात्रा संभव है. व्यर्थ ब्राह्मण विवाद से बचे रहें. अनजान व्यक्ति से दोस्ती आपके हित में नहीं रहेगी. शत्रु षड्यंत्र से बचे रहें. इच्छित वस्तु खरीदी जाएगी.

वृश्चिक राशि

समय का सही उपयोग करें. वाणी पर नियंत्रण बनाए रखें. कारोबार में आश्चर्यजनक लाभ होगा. भौतिक सुखों पर भोग का सामान खरीदा जाएगा. बढ़ते उत्तरदायित्व को संभाले और सफलता के मध्य सफलता मिलेगी. विकास को नई दिशा मिलेगी. दांपत्य सुख मिलेगा. मांगलिक कार्य पूर्ण होंगे.

धनु राशि

चालू कामों में सजग रहे. आगम प्रताप का नया रास्ता खुलेगा. राजनीतिक संपर्क से फायदा मिलेगा. पड़ोसी गतिरोध पैदा करेंगे. मर्यादा रहित व्यवहार छोड़ें. अधूरा पड़ा काम पूरा हो जाएगा. व्यापार में दिया गया धन से आपका कारोबार में प्रगति की प्राप्ति होगी. धन प्राप्ति का नया रास्ता खुलेगा. दोस्त के साथ यात्रा का समय मिलेगा. परिवार में खुशी तथा मंगल उत्सव मिलन होगा. मित्रों से आर्थिक मदद की आशा न करें. परिवार में मंगल उत्सव हास्य रस बढ़ेगा. अध्यात्म में आपका समय अत्यधिक बीतेगा.

मकर राशि

शत्रु षड्यंत्र लोको पवार से बचे रहें. उन्नति पद समाचार से खुशी होगी. राज समाज में रुतबा बढ़ेगा. राजनीतिक क्षेत्र में आपकी एक अलग जगह बनेगी. नौकरी के पूर्ण योग हैं. परिश्रम अत्यधिक रहने वाला है. अचानक लाभ के योग बन रहे हैं. सूझबूझ से काम लें. बैंक बैलेंस बढ़ेगा. उपयोगी वस्तु खरीदी जाएगी. समझ में मान सम्मान भी बढ़ेगा. तरक्की के अवसर मिलेंगे. व्यापारी नया काम शुरू कर सकते हैं. आर्थिक मदद मिलेगी. बच्चों को खेलकूद एवं महिलाओं को भ्रमण के अवसर मिलेंगे. कर्जे में किसी को धन ना दें.

कुंभ राशि

ग्रह चल के अनुसार से यह समय अच्छा रहेगा. भाग्य विकास का सहयोग बनेगा. कानूनी विवाद सुलझेगा. देश विदेश से शुभ समाचार आएगा. घर गृहस्ती में हास्य रस बढ़ेगा. बच्चों के परिणाम उत्तम होंगे. इस समय कोई नया काम बनेगा. पदोन्नति का अवसर मिलेगा. दूर समीप की धार्मिक यात्रा का अवसर मिलेगा. दांपत्य सुखों प्रभोग में वृद्धि होगी. मकान दुकान की इच्छा पूर्ण होगी.

मीन राशि

आर्थिक तरक्की से मन प्रसन्न होगा. परस्पर मानो मालिनी संभव है. पुरानी निराशा समाप्त होकर नया प्रगति पथ मिलेगा. पारिवारिक क्षेत्र के सपोर्ट के द्वारा आपका कार्य बनेगा. शारीरिक व व्यापारिक परेशानियां बढ़ सकती है. कठिन परीक्षा का समय चल रहा है. दिया हुआ धन आपको प्राप्त हो जाएगा. आर्थिक तरक्की से मन प्रसन्न होंगे. घर का कार्य चालू होगा.

Aaj ka Panchang 11 October 2026: शारदीय नवरात्रि का पहला दिन आज, नोट करें शुभ मुहूर्त, राहुकाल और पूरा पंचांग

Aaj ka Panchang 11 October 2026: हिंदू धर्म में पंचांग का काफी महत्व होता है. कोई शुभ काम, यात्रा, निवेश या पूजा-पाठ करने से पहले पंचांग जरूर देखा जाता है. पंचांग हिंदू काल-गणना पद्धति है, जो सूर्य, चंद्रमा और अन्य ग्रहों की स्थिति पर आधारित है. 

आज की तिथि

11 अक्टूबर 2026 को आश्विन माह के शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा तिथि रात 9:31 बजे तक रहेगी. इसके बाद द्वितीया तिथि शुरू हो जाएगी. रविवार को सुबह 6:26 बजे सूर्योदय और शाम 6:01 बजे सूर्यास्त होगा. वहीं, सुबह 6:47 बजे चंद्रोदय और शाम 6:19 बजे चंद्रास्त होगा. 

शारदीय नवरात्रि का पहला दिन आज

11 अक्टूबर 2026 (आश्विन शुक्ल प्रतिपदा) को शारदीय नवरात्र का पहला दिन है, इस दिन माँ शैलपुत्री (मां दुर्गा का प्रथम स्वरूप) की पूजा की जाएगी. इसके अलावा घटस्थापना (कलश स्थापना) की जाएगी.

आज का नक्षत्र

पंचांग के अनुसार, इस दिन सूर्य देव चित्रा नक्षत्र में रहेंगे. वैदिक ज्योतिष के अनुसार, जब सूर्य देव चित्रा नक्षत्र में प्रवेश करते हैं या इस नक्षत्र में स्थित होते हैं, तो इसके विशेष और गहरे प्रभाव देखने को मिलते हैं. चित्रा नक्षत्र के स्वामी मंगल ग्रह हैं, जिन्हें सूर्य का मित्र माना जाता है. सूर्य और मंगल के इस मेल से व्यक्ति के भीतर गजब का आत्मविश्वास, साहस, पराक्रम और ऊर्जा बढ़ती है. नौकरीपेशा लोगों के काम की उच्च अधिकारियों द्वारा सराहना होती है. प्रशासन, उच्च पदों या प्रबंधन से जुड़े लोगों को विशेष लाभ, नई जिम्मेदारी या प्रमोशन मिल सकते हैं.

योग

रविवार को रात 9:05 बजे तक वैधृति योग रहेगा. वैदिक ज्योतिष में वैधृति योग 27 नित्य योगों में से 27वाँ और अंतिम योग माना जाता है. संस्कृत शब्द ‘वैधृति’ का अर्थ “पूर्णतः धारण करना” या “रोकना” होता है. जब सूर्य और चंद्रमा की दीर्घ दूरियों का योग एक विशेष स्थिति (346 डिग्री 40 मिनट से 360 डिग्री 00 मिनट या सूर्य-चंद्रमा की एक नक्षत्रीय स्थिति) के अनुसार बनता है, तब वैधृति योग का निर्माण होता है. इस योग की स्वामिनी दैत्यों की माता दिति हैं और इसके अशुभ प्रभावों को बढ़ाने में राहु तथा अन्य पापी ग्रहों की स्थिति को भी देखा जाता है.

आज का शुभ मुहूर्त

इस दिन अभिजीत मुहूर्त सुबह 11:50 से दोपहर 12:36 बजे तक रहेगा. यह दिन का सबसे शुभ और फलदायी समय माना जाता है. आमतौर पर यह लगभग 48 मिनट (या दिनमान के अनुसार गणना किया गया आठवाँ मुहूर्त) होता है. माना जाता है कि इस मुहूर्त में किए गए कार्यों से सभी प्रकार के अशुभ प्रभाव या दोष स्वतः नष्ट हो जाते हैं. जब सूर्य ठीक सिर के ऊपर रहते हैं, तब अभिजीत मुहूर्त की बेला होती है.

रविवार को दोपहर 3:53 से शाम 5:32 बजे तक अमृतकाल रहेगा. ज्योतिष और पंचांग के अनुसार, अमृतकाल एक अत्यंत शुभ, मंगलकारी और सकारात्मक ऊर्जा से भरपूर समयावधि (मुहूर्त) है. इसे अमृत के समान उत्तम फल देने वाला माना जाता है. इस दौरान किए गए कार्यों में सफलता की संभावना सबसे अधिक होती है. यह समय नए व्यापार, निवेश, पूजा-पाठ और महत्वपूर्ण यात्रा के लिए श्रेष्ठ माना गया है.

नोट करें राहुकाल

इस दिन राहुकाल शाम 4:34 बजे से 6:01 बजे तक रहेगा. ज्योतिष शास्त्र के अनुसार, राहुकाल दिन का वह समय होता है, जिसे किसी भी नए या शुभ कार्य की शुरुआत के लिए अशुभ माना जाता है. राहुकाल को सूर्योदय और सूर्यास्त के बीच के समय को 8 बराबर भागों में बांटकर निकाला जाता है, जो हर दिन लगभग 90 मिनट का होता है. स्थान बदलने के साथ इसके समय में भी बदलाव हो जाता है. इस दौरान कोई नया काम शुरू नहीं करना चाहिए, लेकिन जो काम पहले से चल रहे हैं, उन्हें जारी रखा जा सकता है.

रविवार को गुलिक काल दोपहर 3:07 से 4:34 बजे तक रहेगा. गुलिक काल को ‘विषैला समय’ भी कहा जाता है. यह एक उपग्रह है, जिसे अशुभ माना जाता है. माना जाता है कि इस काल में किए गए कार्य नकारात्मक परिणाम देते हैं. इस काल में कोई नया काम शुरू करने से बचना चाहिए, लेकिन जो काम पहले से चल रहे हैं, उन्हें जारी रखा जा सकता है. जो काम बार-बार करने हों, वे इस काल में किए जा सकते हैं. बैंक में पैसे जमा करना, दान देना या निवेश करना इस काल में अच्छा माना जाता है.

इस दिन यमगंड काल दोपहर 12:13 से 1:40 बजे तक रहेगा. यह समय मृत्यु के देवता यमराज से जुड़ा हुआ माना जाता है. इस समय के दौरान स्वास्थ्य, दीर्घायु या सामान्य दुर्भाग्य से संबंधित बाधाओं का सामना करना पड़ सकता है. इस काल को नए कार्यों की शुरुआत के लिए अशुभ माना जाता है. नया व्यापार या नया काम शुरू करने से बचना चाहिए. इस दौरान किसी यात्रा पर भी निकलने और पैसों के लेनदेन से भी बचना चाहिए.

ग्रहों की स्थिति

रविवार को सूर्य कन्या राशि में स्थित रहेंगे. जब सूर्य कन्या राशि में प्रवेश करते हैं, तो इसका प्रभाव व्यक्ति के जीवन, कामकाज और बौद्धिक क्षमता पर विशेष रूप से पड़ता है. ज्योतिषीय मान्यता के अनुसार, इस दौरान व्यावहारिक और योजनाबद्ध तरीके से काम करना लाभकारी माना जाता है.

इस दिन सुबह 10:03 बजे तक चंद्रमा कन्या राशि में रहेगा. इसके बाद तुला राशि में प्रवेश कर जाएगा. ज्योतिष शास्त्र में चंद्रमा के कन्या राशि में होने (या जन्म कुंडली में कन्या राशि का चंद्रमा होने) का अर्थ है कि व्यक्ति का मन और भावनाएँ विश्लेषणात्मक, व्यवस्थित और संवेदनशील होते हैं. कन्या राशि के स्वामी बुध हैं, जो चंद्रमा के मित्र हैं, इसलिए इस स्थिति का प्रभाव व्यक्ति के जीवन और स्वभाव पर विशेष रूप से पड़ता है.

दिशाशूल

रविवार को दिशाशूल पश्चिम दिशा में रहेगा. ज्योतिष और वास्तु शास्त्र के अनुसार, दिशाशूल उस दिशा को कहते हैं, जिसमें किसी खास दिन यात्रा करना या निकलना अशुभ माना जाता है.

साइबर अपराधों से सुरक्षा के लिए जनभागीदारी जरूरी, साइबर जागरूकता को जनआंदोलन बनाना होगा : मुख्यमंत्री  विष्णु देव साय

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय साइबर जागृति अभियान एवं ट्रैफिक हैकाथॉन-2026 के अभिनंदन समारोह में हुए शामिल

सात सप्ताह के साइबर जागृति अभियान में 5 लाख से अधिक कार्यक्रम, 1.70 करोड़ लोगों तक पहुंचा जागरूकता का संदेश

मुख्यमंत्री ने कहा – साइबर जागृति अभियान का समापन नहीं, यह एक शुरुआत है; निरंतर जारी रहेगा अभियान

साइबर अपराधों पर प्रभावी कार्रवाई से एफआईआर में कमी और ठगी की राशि की रिकवरी दर में वृद्धि : उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा

साइबर जागरूकता के लिए अभिनव पहल करने वाले जिलों और ट्रैफिक हैकाथॉन के विजेताओं का हुआ सम्मान

रायपुर / डिजिटल युग में साइबर अपराध एक बड़ी चुनौती के रूप में सामने आए हैं और इनसे सुरक्षित रहने का सबसे प्रभावी माध्यम जागरूकता, सतर्कता और जनभागीदारी है। साइबर सुरक्षा केवल शासन और पुलिस की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक नागरिक की साझा जिम्मेदारी है। हमें साइबर जागरूकता को जनआंदोलन का स्वरूप देना होगा, तभी हम साइबर ठगी और डिजिटल अपराधों से सुरक्षित छत्तीसगढ़ के संकल्प को साकार कर सकेंगे। मुख्यमंत्री  विष्णुदेव साय ने आज राजधानी रायपुर के पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा आयोजित ‘साइबर जागृति अभियान एवं ट्रैफिक हैकाथॉन-2026’ के अभिनंदन समारोह को संबोधित करते हुए यह बात कही।

डिजिटल क्रांति ने जीवन आसान बनाया, अब साइबर सुरक्षा के प्रति सजगता जरूरी

मुख्यमंत्री  साय ने कहा कि प्रधानमंत्री  नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में डिजिटल इंडिया ने देश में अभूतपूर्व परिवर्तन किया है। वर्ष 2014 में जब प्रधानमंत्री मोदी ने डिजिटल इंडिया की परिकल्पना प्रस्तुत की थी, उस समय इतने विशाल देश और बड़ी ग्रामीण आबादी के बीच डिजिटल अर्थव्यवस्था की सफलता को लेकर अनेक आशंकाएं व्यक्त की जाती थीं। आज स्थिति पूरी तरह बदल चुकी है। गांव का सामान्य नागरिक भी मोबाइल फोन के माध्यम से डिजिटल भुगतान कर रहा है और तकनीक के जरिए देश-दुनिया से जुड़ा हुआ है।

उन्होंने कहा कि डिजिटल सुविधाओं के विस्तार ने जहां नागरिकों के जीवन को आसान बनाया है, वहीं साइबर ठगी और डिजिटल अपराधों की चुनौतियां भी बढ़ी हैं। अपराधी नई-नई तकनीकों और तरीकों का उपयोग कर लोगों को ठगी का शिकार बना रहे हैं। कई बार तकनीकी रूप से जानकार व्यक्ति भी इनके जाल में फंस जाते हैं। ऐसे में प्रत्येक नागरिक को साइबर अपराध के तौर-तरीकों और उनसे बचाव के उपायों की जानकारी होना बेहद जरूरी है।

सात सप्ताह के अभियान से 1.70 करोड़ लोगों तक पहुंचा साइबर सुरक्षा का संदेश

मुख्यमंत्री  साय ने छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा 15 अगस्त से 2 अक्टूबर तक चलाए गए सात सप्ताह के विशेष साइबर जागृति अभियान की सराहना करते हुए कहा कि इस अभियान ने साइबर सुरक्षा के संदेश को शहरों से लेकर गांवों तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण कार्य किया है।

उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान प्रत्येक सप्ताह अलग-अलग विषयों को केंद्र में रखकर अभिनव गतिविधियां आयोजित की गईं। विश्वविद्यालयों, महाविद्यालयों, विद्यालयों, ग्राम पंचायतों, हाट-बाजारों और सार्वजनिक स्थलों तक पहुंचकर नागरिकों को जागरूक किया गया। अभियान के दौरान 5 लाख से अधिक कार्यक्रम आयोजित किए गए, 5 लाख से अधिक सेल्फी के माध्यम से नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित की गई और लगभग 1 करोड़ 70 लाख लोगों तक साइबर अपराधों से बचाव का संदेश पहुंचाया गया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इतनी बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी यह दर्शाती है कि साइबर सुरक्षा अब केवल तकनीकी विषय नहीं, बल्कि प्रत्येक परिवार और नागरिक से जुड़ा विषय बन चुका है।

अभियान का समापन नहीं, यह एक नई शुरुआत है : मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि साइबर जागृति अभियान को किसी निश्चित अवधि तक सीमित नहीं रखा जा सकता। सात सप्ताह का यह अभियान समाप्त जरूर हुआ है, लेकिन साइबर जागरूकता की यह यात्रा आगे भी निरंतर जारी रहेगी।

उन्होंने कहा कि सरकार का संकल्प प्रदेश के प्रत्येक नागरिक को सुरक्षित और भयमुक्त वातावरण उपलब्ध कराना है। इसके लिए पुलिस और प्रशासन के साथ सामाजिक संस्थाओं, शैक्षणिक संस्थानों, युवाओं और आम नागरिकों को भी सक्रिय भागीदारी निभानी होगी। विशेष रूप से युवाओं को साइबर जागरूकता के संवाहक के रूप में आगे आकर अपने परिवार और समाज को सुरक्षित बनाने में योगदान देना चाहिए।

रायपुर की यातायात व्यवस्था सुधारने युवाओं के अभिनव सुझावों पर होगा गंभीरता से विचार

मुख्यमंत्री श्री साय ने ट्रैफिक हैकाथॉन-2026 की सराहना करते हुए कहा कि राजधानी रायपुर का तेजी से विस्तार हो रहा है। बढ़ती आबादी और वाहनों की संख्या के साथ यातायात प्रबंधन की चुनौतियां भी बढ़ी हैं। सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और यातायात को अधिक सुरक्षित एवं सुगम बनाने के लिए तकनीक, नवाचार और जनभागीदारी का बेहतर समन्वय आवश्यक है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ट्रैफिक हैकाथॉन के माध्यम से विद्यार्थियों, युवाओं, तकनीकी विशेषज्ञों और विभिन्न संस्थाओं ने राजधानी की यातायात समस्याओं का अध्ययन कर व्यावहारिक समाधान प्रस्तुत किए हैं। सरकार इन सुझावों पर गंभीरता से विचार करेगी तथा जो समाधान उपयोगी और व्यवहारिक होंगे, उन्हें लागू करने की दिशा में आगे बढ़ेगी।

दूरस्थ क्षेत्रों को परिवहन से जोड़ रही मुख्यमंत्री ग्रामीण बस सेवा

मुख्यमंत्री श्री साय ने प्रदेश में सार्वजनिक परिवहन सुविधाओं के विस्तार का उल्लेख करते हुए कहा कि ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में आवागमन की सुविधा विकास की बुनियादी आवश्यकता है। सार्वजनिक परिवहन के साधन उपलब्ध नहीं होने के कारण पहले ग्रामीणों को शिक्षा, स्वास्थ्य, बाजार और अन्य आवश्यक कार्यों के लिए कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था।

उन्होंने कहा कि इसी आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री ग्रामीण बस सेवा प्रारंभ की गई है। विशेष रूप से वर्षों तक नक्सलवाद से प्रभावित रहे बस्तर सहित दूरस्थ क्षेत्रों में बस सेवाओं का विस्तार किया जा रहा है। ऐसे मार्गों पर 100 से अधिक बसों का संचालन किया जा रहा है, जहां आर्थिक रूप से लाभकारी नहीं होने के कारण पहले बस सेवाएं उपलब्ध नहीं थीं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने लाभ-हानि से ऊपर उठकर जनहित को प्राथमिकता दी है और इन मार्गों पर बस संचालन से होने वाली आर्थिक क्षति की भरपाई की व्यवस्था की है। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों के साथ बस में यात्रा के दौरान उन्होंने स्वयं देखा है कि यह सेवा किस तरह लोगों के जीवन में सुविधा और खुशियां लेकर आई है।

डिजिटल लेनदेन में भारत की अग्रणी भूमिका, सुरक्षा भी उतनी ही महत्वपूर्ण : उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा

उप मुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री श्री विजय शर्मा ने कहा कि आज दुनिया में होने वाले डिजिटल लेनदेन का लगभग 50 प्रतिशत भारत में हो रहा है। यह प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के डिजिटल इंडिया अभियान की बड़ी उपलब्धि है। डिजिटल लेनदेन ने लोगों के जीवन को सुविधाजनक बनाया है, लेकिन इसके साथ साइबर अपराधों से सुरक्षा की चुनौती भी बढ़ी है।

उन्होंने कहा कि नागरिकों को साइबर अपराधों से सुरक्षित रखने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ पुलिस ने साइबर जागृति अभियान के माध्यम से अभिनव पहल की है। अभियान के दौरान पुलिस ने धार्मिक आयोजनों, चौक-चौराहों, ग्राम सभाओं, ग्राम पंचायतों, विश्वविद्यालयों, महाविद्यालयों और विद्यालयों तक पहुंचकर लोगों को ऑनलाइन ठगी तथा साइबर अपराधों से बचाव के तरीके बताए।

श्री शर्मा ने कहा कि पुलिस केवल जागरूकता तक सीमित नहीं है, बल्कि साइबर अपराधियों के पूरे नेटवर्क के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई भी कर रही है। साइबर ठगी में उपयोग होने वाले म्यूल खाते खोलने में संलिप्त बैंककर्मियों से लेकर फर्जी सिम उपलब्ध कराने वालों तक कार्रवाई की गई है। इन प्रयासों से साइबर अपराधों से संबंधित एफआईआर में कमी आई है और ठगी गई राशि की रिकवरी की दर में भी वृद्धि हुई है।

उन्होंने कहा कि यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए केवल पुलिस और प्रशासन के प्रयास पर्याप्त नहीं हैं। समस्याओं का स्थायी समाधान जनभागीदारी और नवाचार से ही संभव है। इसी सोच के साथ ट्रैफिक हैकाथॉन आयोजित किया गया, जिसमें युवाओं ने अनेक उपयोगी और व्यावहारिक समाधान प्रस्तुत किए हैं।

सात विषयों के माध्यम से गांव-शहर तक पहुंची साइबर जागरूकता

छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा 15 अगस्त से 2 अक्टूबर 2026 तक संचालित साइबर जागृति अभियान में प्रदेश की 34 पुलिस इकाइयों के समन्वय से सात विषय आधारित सप्ताहों में जागरूकता गतिविधियां आयोजित की गईं।

अभियान में डिजिटल सुरक्षा, वित्तीय धोखाधड़ी एवं यूपीआई सुरक्षा, डिजिटल अरेस्ट, महिलाओं की ऑनलाइन सुरक्षा, रोजगार संबंधी ठगी, डेटा गोपनीयता और सामूहिक संकल्प जैसे विषयों पर विशेष रूप से नागरिकों को जागरूक किया गया।

विद्यालयों, महाविद्यालयों, विश्वविद्यालयों, ग्राम पंचायतों, हाट-बाजारों और सार्वजनिक स्थलों पर आयोजित कार्यक्रमों में नागरिकों को ओटीपी और पासवर्ड किसी से साझा नहीं करने, संदिग्ध लिंक से बचने, फर्जी निवेश योजनाओं से सावधान रहने तथा डिजिटल अरेस्ट जैसे नए साइबर अपराधों को पहचानने के तरीके बताए गए।

अभियान में युवाओं को ‘साइबर प्रहरी’ के रूप में जोड़कर उनके माध्यम से परिवार और समाज तक जागरूकता पहुंचाने की पहल की गई। नागरिकों को साइबर ठगी की स्थिति में तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 तथा राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने के लिए भी प्रेरित किया गया।

सोशल मीडिया पर 6.02 करोड़ से अधिक व्यूज

साइबर जागृति अभियान में सोशल मीडिया का भी व्यापक उपयोग किया गया। फेसबुक, इंस्टाग्राम, एक्स, यूट्यूब और व्हाट्सऐप के माध्यम से साइबर सुरक्षा से संबंधित संदेश और जागरूकता सामग्री प्रसारित की गई।

भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र (आई4सी) के सहयोग से अभियान के दौरान 3,100 से अधिक सोशल मीडिया पोस्ट साझा की गईं, जिन्हें 6.02 करोड़ से अधिक व्यूज प्राप्त हुए। आई4सी ने भी अपने आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अभियान से जुड़ी कई पोस्ट साझा कर इसकी पहुंच को और व्यापक बनाया।

जिलों के नवाचारों ने साइबर जागरूकता को जनभागीदारी से जोड़ा

अभियान के दौरान विभिन्न जिलों ने स्थानीय परिस्थितियों के अनुरूप अनेक अभिनव प्रयोग किए। मुंगेली जिले में विशेष ग्राम सभाओं के माध्यम से लगभग 15 हजार ग्रामीणों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। गरियाबंद जिले में मितानिनों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और स्व-सहायता समूहों की लगभग 493 महिलाओं को साइबर सुरक्षा की जानकारी देकर उनके माध्यम से परिवारों तक जागरूकता पहुंचाई गई।

दुर्ग जिले में ‘सुरक्षित दुर्ग, साइबर जागरूक दुर्ग’ अभियान के अंतर्गत विद्यार्थियों ने नुक्कड़ नाटकों और विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से 15 हजार से अधिक नागरिकों को जागरूक किया। रायपुर जिले में आयोजित साइबर जागरूकता लघु फिल्म प्रतियोगिता में 11 राज्यों के 35 जिलों से 162 फिल्में प्राप्त हुईं। इन फिल्मों के माध्यम से लगभग दो लाख लोगों तक साइबर सुरक्षा का संदेश पहुंचने का अनुमान है।

जांजगीर-चांपा जिले में ‘एक राखी साइबर जागृति के नाम’ अभियान के माध्यम से लगभग 1 लाख 61 हजार नागरिकों तक जागरूकता पहुंचाई गई। वहीं बिलासपुर जिले में आकाशवाणी के माध्यम से संचालित विशेष फोन-इन कार्यक्रम से लगभग आठ लाख श्रोताओं तक साइबर सुरक्षा का संदेश पहुंचा। समारोह में इन अभिनव प्रयासों के लिए संबंधित जिलों को सम्मानित किया गया।

ट्रैफिक हैकाथॉन में युवाओं ने दिए भविष्य की यातायात व्यवस्था के समाधान

ट्रैफिक हैकाथॉन-2026 के ओवरऑल विजेता श्री कार्तिकेय पंत ने रायपुर के शंकर नगर टर्निंग पॉइंट की यातायात व्यवस्था को अधिक सुरक्षित और सुगम बनाने के लिए ‘टैक्टिकल अर्बनिज्म’ की अवधारणा पर आधारित मॉडल प्रस्तुत किया।

उन्होंने उपलब्ध सड़क क्षेत्र के बेहतर उपयोग, स्पष्ट लेन मार्किंग, पैदल यात्रियों के लिए सुरक्षित स्थान, स्ट्रीट वेंडरों और ऑटोरिक्शा चालकों के लिए व्यवस्थित स्थान निर्धारण तथा यातायात प्रवाह को बेहतर बनाने से जुड़े सुझाव प्रस्तुत किए।

हैकाथॉन के प्रतिभागियों ने टाटीबंध चौक, तेलीबांधा मरीन ड्राइव, आमापारा चौक, लोधीपारा चौक और शंकर नगर सहित राजधानी के प्रमुख यातायात दबाव वाले क्षेत्रों का अध्ययन कर पार्किंग प्रबंधन, सुरक्षित पैदल मार्ग, सार्वजनिक परिवहन के एकीकरण, लेन मार्किंग तथा यातायात जाम कम करने से संबंधित समाधान प्रस्तुत किए।

एआई और इंटरनेट ऑफ थिंग्स से स्मार्ट ट्रैफिक प्रबंधन के सुझाव

युवाओं ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और इंटरनेट ऑफ थिंग्स आधारित स्मार्ट ट्रैफिक प्रबंधन के लिए भी अभिनव सुझाव प्रस्तुत किए। ‘रायपुर नेत्र’ और ‘दृष्टि’ जैसी प्रस्तावित परियोजनाओं में सीसीटीवी कैमरों और एआई तकनीक के माध्यम से यातायात नियमों के उल्लंघन की पहचान, ट्रैफिक जाम की पूर्व सूचना तथा एम्बुलेंस और अग्निशमन वाहनों के लिए ग्रीन कॉरिडोर तैयार करने जैसी परिकल्पनाएं शामिल रहीं।

ट्रैफिक हैकाथॉन के सफल आयोजन में राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) रायपुर और द इंस्टीट्यूशन ऑफ इंजीनियर्स (इंडिया) के छत्तीसगढ़ स्टेट सेंटर ने तकनीकी सहयोग प्रदान किया। विशेषज्ञों ने प्रतिभागियों के प्रस्तावों का दो चरणों में परीक्षण कर उनकी तकनीकी व्यवहार्यता, उपयोगिता और क्रियान्वयन की संभावनाओं का मूल्यांकन किया। आयोजन में शिवाशा फाउंडेशन का भी सहयोग रहा।

विधायक श्री राजेश मूणत ने कहा कि राजधानी रायपुर की यातायात व्यवस्था को अधिक सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए सभी संबंधित विभागों को बेहतर समन्वय के साथ कार्य करना होगा। यातायात से जुड़ी समस्याओं के स्थायी समाधान के लिए दीर्घकालिक योजना के साथ व्यावहारिक कदम उठाना आवश्यक है।

इस अवसर पर छत्तीसगढ़ रजककार बोर्ड के अध्यक्ष श्री प्रह्लाद रजक, विधायक श्री राजेश मूणत, रायपुर नगर निगम की महापौर श्रीमती मीनल चौबे, पुलिस महानिदेशक श्री अरुण गौतम, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक श्री अमित कुमार सहित जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, तकनीकी विशेषज्ञ, विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित थे।

छत्तीसगढ़ में जारी होगा ₹200 का स्मारक सिक्का, राष्ट्रपति मुर्मू करेंगी विमोचन

रायपुर। छत्तीसगढ़ के रायपुर स्थित शदाणी दरबार की पीठाधीश माता साहिब हासी देवी की 200वीं जयंती पर भारत सरकार 200 रुपए का स्मारक सिक्का जारी करेगी।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 22 अक्टूबर को रायपुर लोकभवन में सिक्के का विमोचन करेंगी। इस अवसर पर विशेष डाक टिकट भी जारी किया जाएगा। कार्यक्रम में 200 से अधिक वीआईपी के शामिल होने की संभावना है।

दरबार के सचिव उदय सांई ने बताया कि किसी सिंधी विभूति के सम्मान में स्मारक सिक्का और विशेष डाक टिकट जारी होना समाज के लिए ऐतिहासिक अवसर है। इससे देश-विदेश में रहने वाले सिंधी समुदाय के लोगों को गौरव की अनुभूति होगी। उन्होंने इस पहल के लिए सिक्का संग्राहक विक्रम तेजवानी के वर्षों के प्रयासों को महत्वपूर्ण बताया।

35 ग्राम वजन, चांदी समेत 4 धातुओं का मिश्रण

प्रसिद्ध मुद्राशास्त्री सुधीर लूणावत के मुताबिक, सिक्के का निर्माण भारत सरकार की कोलकाता टकसाल में किया गया है। इसका वजन 35 ग्राम होगा। सिक्के में 50 प्रतिशत चांदी, 40 प्रतिशत तांबा, 5 प्रतिशत निकल और 5 प्रतिशत जस्ता का इस्तेमाल किया जाएगा। इसके संबंध में राजपत्र में अधिसूचना भी जारी की गई है।

दरबार की इकाइयों से होगी बुकिंग

सिक्के के विमोचन के बाद श्रद्धालु और सिक्का संग्राहक इसे शदाणी दरबार की विभिन्न इकाइयों के माध्यम से बुक कर सकेंगे। कोलकाता टकसाल की आधिकारिक वेबसाइट पर भी बुकिंग की सुविधा उपलब्ध कराने की बात कही गई है।

300 साल पुरानी परंपरा से जुड़ा है दरबार

शदाणी दरबार का इतिहास 18वीं सदी से जुड़ा है। इसके संस्थापक संत शदूराम साहिब का जन्म अक्टूबर 1708 में लाहौर में हुआ था। वर्ष 1768 में उन्होंने सिंध क्षेत्र के हयात पिताफी में दरबार की स्थापना की थी। यहां प्रज्वलित पवित्र धूनी आज भी श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है।

विभाजन के बाद शदाणी परंपरा भारत में आगे बढ़ी। रायपुर में धमतरी रोड पर करीब 12 एकड़ क्षेत्र में शदाणी दरबार तीर्थ विकसित किया गया। वर्तमान में संत डॉ. युधिष्ठिर लाल इसके नौवें पीठाधीश्वर हैं। दरबार धार्मिक आयोजनों के साथ मानव सेवा और समाज कल्याण के कार्य भी करता है।

डोंगरगढ़ के चौथना गांव में घर में घुसकर मां-बेटे की हत्या, बेटी पर भी धारदार हथियार से हमला

 राजनांदगांव : छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले के डोंगरगढ़ क्षेत्र में दोहरी हत्या का मामला सामने आया है। चौथना गांव में 9 अक्टूबर की रात अज्ञात हमलावरों ने एक घर में घुसकर कमला सोनकर और उनके बेटे हितेन्द्र सोनकर पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में मां-बेटे की मौत हो गई, जबकि उनकी बेटी ममता सोनकर गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है।

रात 8:30 से 9:30 बजे के बीच वारदात की आशंका

डोंगरगढ़ थाना क्षेत्र में हुई इस घटना के समय को लेकर DSP सुमन जायसवाल ने बताया कि वारदात 9 अक्टूबर की रात करीब 8:30 से 9:30 बजे के बीच हुई। अज्ञात हमलावर कमला सोनकर के घर में दाखिल हुए और परिवार के सदस्यों पर धारदार हथियार से हमला किया। इस हमले में कमला और उनके बेटे हितेन्द्र की मौके पर ही मौत हो गई।हमलावरों ने ममता सोनकर को भी निशाना बनाया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना के बाद उन्हें बेहोशी की हालत में डोंगरगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए रायपुर रेफर कर दिया गया। फिलहाल उनका इलाज जारी है।

घर लौटे पति ने देखा खून से लथपथ पड़े थे पत्नी और बेटा

जानकारी के अनुसार, घटना के समय कमला सोनकर के पति घर से बाहर थे। जब वे वापस लौटे तो घर में पत्नी और बेटे को खून से लथपथ पाया। दोनों की मौत हो चुकी थी, जबकि बेटी गंभीर हालत में मिली। इसके बाद घटना की सूचना पुलिस को दी गई।सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस घटनास्थल से जुड़े तथ्यों और परिवार के सदस्यों से संबंधित जानकारी जुटा रही है, ताकि हमले की परिस्थितियों और आरोपियों तक पहुंचने में मदद मिल सके।

पारिवारिक रंजिश के एंगल से जांच

DSP सुमन जायसवाल के मुताबिक, शुरुआती जांच में पुरानी या पारिवारिक रंजिश की आशंका जताई जा रही है। कमला सोनकर के कुछ रिश्तेदारों को लेकर सामने आए संदेह के आधार पर भी जांच की जा रही है। हालांकि, अब तक हत्या की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हुई है और हमलावरों की पहचान भी नहीं हो पाई है।पुलिस का कहना है कि मामले की जांच लगातार जारी है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

जंतर-मंतर पर प्रदर्शन में शामिल नहीं होंगे सोनम वांगचुक, हिमालय में जल सुरक्षा के मिशन पर रहेगा ध्यान

0

 Delhi News: दिल्ली के जंतर-मंतर पर 10 अक्टूबर को होने वाले CJP के विरोध प्रदर्शन से पर्यावरणविद् सोनम वांगचुक ने दूरी बना ली है। उन्होंने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर इसकी जानकारी दी। प्रदर्शन में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग उठाई जानी है, लेकिन वांगचुक ने फिलहाल हिमालय में जल सुरक्षा और ग्लेशियर से जुड़े महत्वपूर्ण कार्यों को प्राथमिकता देने का निर्णय लिया है।वांगचुक ने अपने संदेश में कहा कि उनके काम में बाधा डालने और उसे नुकसान पहुंचाने की कोशिशों के बावजूद वे देश की सुरक्षा के लिए काम करते रहेंगे। उनके इस फैसले से प्रदर्शन में उनकी भागीदारी को लेकर चल रही चर्चाओं पर विराम लग गया है।

कृत्रिम ग्लेशियर और बाढ़ से बचाव पर कर रहे काम

सोनम वांगचुक ने बताया कि दिल्ली के प्रदर्शन में शामिल नहीं होने की एक वजह हिमालय में चल रहा उनका काम है। वे कृत्रिम ग्लेशियर बनाने और ग्लेशियर झीलों में अचानक बाढ़ आने यानी ग्लेशियल लेक आउटबर्स्ट फ्लड (GLOF) के खतरे से बचाव के लिए प्रयोग कर रहे हैं।इस पहल का उद्देश्य ऊंचे हिमालयी क्षेत्रों में मौजूद 200 से अधिक संवेदनशील ग्लेशियर झीलों से जुड़े जोखिम को कम करने के उपाय विकसित करना है। ऐसी झीलों से अचानक पानी निकलने पर निचले क्षेत्रों में जान-माल और बुनियादी ढांचे को नुकसान पहुंच सकता है। वांगचुक का ध्यान इसी खतरे से निपटने के लिए व्यावहारिक समाधान तलाशने पर है।उन्होंने कहा कि उनके काम में रुकावटें आने के बावजूद देश की सुरक्षा से जुड़े प्रयास जारी रहेंगे।

फैज की पंक्तियों से जाहिर किया अपना नजरिया

अपने सोशल मीडिया संदेश में वांगचुक ने मशहूर शायर फैज अहमद फैज की पंक्तियों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा, और भी गम हैं जमाने में सियासत के सिवा, राहतें और भी हैं वस्ल की राहत के सिवा।इन पंक्तियों के माध्यम से उन्होंने संकेत दिया कि राजनीतिक गतिविधियों के अलावा भी कई ऐसे मुद्दे हैं, जिन पर ध्यान देना जरूरी है। फिलहाल वे हिमालय में पानी की उपलब्धता और प्राकृतिक आपदाओं से बचाव के प्रयासों पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं।

क्या है CJP का प्रदर्शन और क्यों मांगा जा रहा इस्तीफा?

दिल्ली के जंतर-मंतर पर कोकरोंच जनता पार्टी (CJP) की ओर से मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन का ऐलान किया गया है। प्रदर्शनकारियों की प्रमुख मांग है कि ज्ञानेश कुमार अपने पद से इस्तीफा दें।CJP ने स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) प्रक्रिया को लेकर सवाल उठाए हैं। संगठन का आरोप है कि इस प्रक्रिया के कारण लोगों के मतदान के अधिकार प्रभावित हुए हैं। चुनाव आयोग के कामकाज को लेकर भी प्रदर्शनकारियों ने आपत्तियां जताई हैं। ये संगठन की ओर से लगाए गए आरोप हैं।

पिछले प्रदर्शन में प्रमुख भूमिका में थे वांगचुक

इससे पहले हुए विरोध प्रदर्शन में सोनम वांगचुक प्रमुख चेहरों में शामिल थे। इसी कारण इस बार भी उनके जंतर-मंतर पहुंचने की संभावना जताई जा रही थी। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट कर दिया है कि 10 अक्टूबर के प्रदर्शन में शामिल होने के बजाय वे हिमालय में चल रहे अपने कार्यों पर ध्यान देंगे।वांगचुक के इस फैसले के बाद अब प्रदर्शन में उनकी भूमिका को लेकर जारी अटकलें समाप्त हो गई हैं। वहीं, CJP का विरोध प्रदर्शन मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग और SIR प्रक्रिया से जुड़े मुद्दों पर केंद्रित रहेगा।

तानाशाही का अंत जल्द होगा : अभिजीत – जंतर-मंतर पर CJP के प्रदर्शन से पहले दिल्ली में हाई अलर्ट

0

दिल्ली ,10 अक्टूबर 2026

मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों की मांग को लेकर ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (CJP) के आज दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रस्तावित प्रदर्शन पर दिल्ली पुलिस ने अनुमति नहीं दी। अनुमति न मिलने के बाद पूरी राजधानी में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए।

CJP से जुड़े सूत्रों का दावा है कि पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके, सौरव दास और आशुतोष रांका सहित कई नेताओं को दिल्ली पहुंचने पर या एयरपोर्ट पर ही हिरासत में ले लिया गया। पार्टी का यह भी दावा है कि यूट्यूबर ध्रुव राठी समेत करीब 600 समर्थकों को हिरासत में लिया गया है और जंतर-मंतर की तरफ जाने वाली सड़कों पर मल्टी-लेयर बैरिकेडिंग, कीलें बिछाने और भारी फोर्स तैनाती की गई है।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, जंतर-मंतर पर बिना अनुमति भीड़ जुटने की आशंका के मद्देनजर एहतियाती कार्रवाई की गई है। पुलिस का कहना है कि करीब 500 से अधिक संभावित प्रदर्शनकारियों को एहतियातन हिरासत में लिया गया है, साथ ही सुरक्षा के लिहाज से 50 से अधिक आपराधिक पृष्ठभूमि वाले व्यक्तियों पर भी कार्रवाई की गई है।

समीक्षा: प्रदर्शन या दबाव की राजनीति?

इस पूरे घटनाक्रम के दो पहलू हैं। पहला, प्रशासनिक। जंतर-मंतर दिल्ली का नोटिफाइड प्रदर्शन स्थल है, लेकिन किसी भी बड़े प्रदर्शन के लिए पूर्व अनुमति अनिवार्य है। पुलिस का तर्क है कि बिना अनुमति के हजारों लोगों के जुटने से संसद मार्ग और कनॉट प्लेस इलाके में कानून-व्यवस्था बिगड़ सकती थी, इसलिए ट्रैफिक डायवर्जन और मेट्रो पाबंदियां लगाना उसकी SOP है।

दूसरा पहलू, राजनीतिक संदेश का। CJP के नेता अभिजीत का बयान – “लड़ेंगे और जीतेंगे भी, अंतिम साँस तक हक की लड़ाई लड़ेंगे, कितने दिन तक रोकेंगे” और “तानाशाही का अंत जल्द होगा” – यह साफ करता है कि पार्टी इस कार्रवाई को लोकतांत्रिक अधिकारों पर रोक के तौर पर पेश करना चाहती है। “परिंदा भी पर नहीं मार सकता” जैसे वीडियो संदेश से माहौल को भावनात्मक बनाने की कोशिश दिखती है।

हालांकि, चुनाव आयोग जैसी संवैधानिक संस्था के प्रमुख के इस्तीफे की मांग के पीछे CJP ने जो मतदाता सूची में गड़बड़ी के आरोप लगाए हैं, उनके पक्ष में अभी तक कोई स्वतंत्र या आधिकारिक प्रमाण सार्वजनिक नहीं किया गया है।

बड़ी संख्या में हिरासत और सड़कों पर फोर्स की तैनाती से सवाल उठता है कि क्या विरोध को मैनेज करने और रोकने के बीच की लक्ष्मण रेखा पतली हो रही है।

CJP के प्रदर्शन से दिल्ली में परिवहन और स्कूलों पर असर, 45 मेट्रो स्टेशन बंद रखने का फैसला, जानें कहां-कहां लगी पाबंदी

0

 Delhi News: मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर 10 अक्टूबर को दिल्ली में प्रस्तावित प्रदर्शन के मद्देनजर राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है। स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) प्रक्रिया में कथित गड़बड़ियों को लेकर कोकरोंच जनता पार्टी (CJP) ने विरोध प्रदर्शन का ऐलान किया है। इसे देखते हुए मेट्रो सेवाओं, रेल यातायात, सड़क मार्गों और शैक्षणिक संस्थानों की गतिविधियों पर असर पड़ने की जानकारी सामने आई है। ऐसे में दिल्ली में रहने वाले लोगों और राजधानी की यात्रा करने वालों के लिए यह जानना जरूरी है कि किन सेवाओं में बदलाव किया गया है।

45 मेट्रो स्टेशनों पर प्रवेश और निकास पर रोक

प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) ने 45 मेट्रो स्टेशनों पर प्रवेश और निकास बंद रखने का फैसला लिया है। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, यह व्यवस्था सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक लागू रहने वाली है। इस दौरान प्रभावित स्टेशनों से यात्रियों को मेट्रो में प्रवेश करने या बाहर निकलने की सुविधा नहीं मिलेगी।

प्रभावित स्टेशनों में जनपथ, पटेल चौक, केंद्रीय सचिवालय, लोक कल्याण मार्ग, राजीव चौक, नई दिल्ली, सेना भवन, मंडी हाउस, बाराखंबा रोड, आईटीओ, दिल्ली गेट, खान मार्केट, रामकृष्ण आश्रम मार्ग, झंडेवालान, सुप्रीम कोर्ट, इंद्रप्रस्थ, शिवाजी स्टेडियम, दिल्ली हाट-आईएनए, हौज खास, जोर बाग, लाजपत नगर, जंगपुरा, आश्रम, जामिया मिल्लिया इस्लामिया, चावड़ी बाजार, जामा मस्जिद, करोल बाग, राजेंद्र प्लेस, विश्वविद्यालय, कश्मीरी गेट, इंद्रलोक और गुरु तेग बहादुर नगर समेत अन्य स्टेशन शामिल बताए गए हैं।

इस व्यवस्था से यात्रियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए वैकल्पिक स्टेशन या परिवहन के दूसरे साधनों का इस्तेमाल करना पड़ सकता है।

200 से अधिक ट्रेनों के रद्द होने की खबर

प्रदर्शन के चलते रेल सेवाओं पर भी असर पड़ने की जानकारी दी गई है। रिपोर्ट के मुताबिक, दिल्ली आने और यहां से रवाना होने वाली 200 से अधिक ट्रेनों को रद्द किए जाने की बात कही गई है। इनमें दिल्ली से प्रस्थान करने वाली और राजधानी पहुंचने वाली ट्रेनें शामिल बताई गई हैं।

ट्रेनों के रद्द होने से यात्रियों को अपनी यात्रा की योजना बदलनी पड़ सकती है। हालांकि, ट्रेनवार स्थिति अलग हो सकती है। यात्रियों को स्टेशन जाने से पहले रेलवे के आधिकारिक माध्यमों पर अपनी ट्रेन की स्थिति की पुष्टि कर लेनी चाहिए।

सड़कों पर बैरिकेडिंग, संसद मार्ग पर प्रतिबंध

प्रदर्शन के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा इंतजाम बढ़ाए हैं। राजधानी के कई मार्गों पर यातायात प्रतिबंधित करने और कुछ स्थानों पर बैरिकेडिंग लगाए जाने की जानकारी है।

संसद मार्ग पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 163 लागू किए जाने की बात भी सामने आई है। सुरक्षा व्यवस्था के तहत दिल्ली को 20 जोन में बांटने और प्रत्येक क्षेत्र में वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की तैनाती की योजना की जानकारी दी गई है। भीड़भाड़ वाले इलाकों पर नजर रखने के लिए 300 से अधिक कैमरों से निगरानी किए जाने की भी बात कही गई है।

स्कूलों में ऑनलाइन कक्षाएं, परीक्षाओं में बदलाव

प्रदर्शन के मद्देनजर राजधानी के कुछ स्कूलों और कॉलेजों ने शैक्षणिक गतिविधियों में बदलाव किया है। कई संस्थानों में ऑनलाइन कक्षाएं चलाने का निर्णय लिया गया है, जबकि कुछ स्कूलों और कॉलेजों में शनिवार को होने वाली परीक्षाएं रद्द किए जाने की जानकारी है।

कुछ स्कूलों ने अभिभावक-शिक्षक बैठक का समय बदलने और अन्य गतिविधियां स्थगित करने का फैसला भी किया है। विद्यार्थियों और अभिभावकों को अपने संस्थान से जारी आधिकारिक सूचना के अनुसार ही आगे की तैयारी करने की सलाह दी जाती है।

यात्रा से पहले आधिकारिक अपडेट देखना जरूरी

CJP के प्रस्तावित प्रदर्शन के चलते दिल्ली में परिवहन और सुरक्षा से जुड़ी व्यवस्थाओं में बदलाव किए जाने की जानकारी सामने आई है। मेट्रो स्टेशन बंद रहने, ट्रेनों के रद्द होने और सड़क मार्गों पर प्रतिबंध के कारण लोगों को परेशानी हो सकती है। ऐसे में घर से निकलने से पहले DMRC, रेलवे और संबंधित स्कूल या कॉलेज की आधिकारिक सूचना जांचना जरूरी है।

भूपेश बघेल का केंद्र सरकार पर निशाना, बोले- इतनी घबराहट क्यों कि बंद करनी पड़ रही ट्रेनें और मेट्रो

 CG News: छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने दिल्ली में शनिवार को होने वाले प्रदर्शन से पहले केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने ट्रेनों, इंटरनेट और मेट्रो सेवाओं को बंद किए जाने को लेकर सवाल उठाते हुए कहा कि सरकार इतनी डरी हुई है कि उसे परिवहन और संचार सेवाओं पर रोक लगाने जैसे कदम उठाने पड़ रहे हैं।बघेल ने आरोप लगाया कि दिल्ली में ट्रेन, इंटरनेट और मेट्रो सेवाएं बंद करने का फैसला सरकार की घबराहट को दर्शाता है। उनके इस बयान के केंद्र में प्रदर्शन से पहले राजधानी में लागू किए जा रहे प्रतिबंध रहे।

राहुल गांधी पर हमले को बताया दुर्भाग्यपूर्ण

पूर्व मुख्यमंत्री ने प्रदर्शन के दौरान राहुल गांधी पर हुए कथित हमले का भी उल्लेख किया। उन्होंने इस घटना को बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताया। बघेल ने कहा कि प्रदर्शन के दौरान इस तरह की घटना होना चिंताजनक है।दिल्ली में प्रस्तावित प्रदर्शन से पहले सुरक्षा व्यवस्था और सेवाओं पर प्रतिबंध को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। भूपेश बघेल ने इन मुद्दों के जरिए सरकार की कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं।