21.1 C
Raipur
Sunday, November 1, 2026
Home Blog Page 140

उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा के प्रयासों से कबीरधाम में 35 समूहों की दीदियों को व्यवसायिक सिलाई प्रशिक्षण

कबीरधाम- 27 मई 2026 (पवन तिवारी)

उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा के प्रयासों एवं कलेक्टर गोपाल वर्मा के मार्गदर्शन में, जिला पंचायत की बिहान योजना के अंतर्गत शाही एक्सपोर्ट संस्था ने 35 स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी दीदियों के लिए 24 अप्रैल से 45 दिवसीय व्यवसायिक सिलाई प्रशिक्षण शुरू किया है।जिसमें महिला सशक्तिकरण और स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए कबीरधाम जिले में एक सामूहिक सिलाई प्रशिक्षण कार्यक्रम चलाया जा रहा है।

प्रशिक्षण का उद्घाटन जनपद पंचायत कवर्धा के सामुदायिक प्रशिक्षण केंद्र बिरकोना में किया गया। मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत अभिषेक अग्रवाल ने प्रशिक्षण की गुणवत्ता का अवलोकन करने हेतु मौके पर जाकर प्रतिभागियों से चर्चा की और कार्यक्रम की प्रगति की जानकारी ली। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं को आधुनिक सिलाई तकनीक, रेडीमेड वस्त्र निर्माण, डिजाइनिंग, कटिंग और फिनिशिंग के साथ बाजार के अनुरूप परिधानों का निर्माण सिखाकर उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना है।

शाही एक्सपोर्ट संस्था ने बताया कि इस अभियान के तहत कुल 1,000 दीदियों को प्रशिक्षण देने का लक्ष्य रखा गया है। प्रशिक्षण पूरा करने के बाद इच्छुक प्रशिक्षार्थियों को शाही एक्सपोर्ट अपने सेंटर्स में 15,000 रुपए से अधिक वेतन पर रोजगार देने का अवसर भी देगी। वर्तमान में पहला बैच में शामिल 35 दीदियों ने प्रशिक्षण के प्रति अपना उत्साह व्यक्त करते हुए इसे अपने उज्ज्वल भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

जिला प्रशासन ने कहा कि बिहान योजना के माध्यम से ऐसे प्रशिक्षण स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर उत्पन्न करेंगे और दीदियों को ‘लखपति दीदी’ अभियान की दिशा में आगे बढ़ने में सहायता मिलती रहेगी। अधिकारियों ने आश्वस्त किया कि इस तरह के कार्यक्रमों को निरंतरता दी जाएगी ताकि ग्रामीण महिलाओं की आर्थिक स्थिति में स्थायी सुधार हो सके।


शराब दुकान विवाद: प्रशासन ने भ्रामक खबरों का खंडन किया, नियमानुसार परीक्षण के बाद कार्रवाई का आश्वासन

अम्बिकापुर, 27 मई 2026 —

अंग्रेजी शराब दुकान को लेकर उठी मांगों और सोशल मीडिया पर फैल रही भ्रामक सूचनाओं के संबंध में जिला प्रशासन ने स्पष्टीकरण दिया है। दरिमा क्षेत्र में ग्रामीणों और महिलाओं द्वारा कलेक्टर कार्यालय में प्रस्तुत शिकायतों को प्रशासन ने गंभीरता से लिया है और कहा है कि नियमों के अनुरूप परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन ने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार की योजनाएँ एवं नीतियाँ अलग-अलग विभागों द्वारा संचालित होती हैं, और किसी भी आवेदन या मांग पर संबंधित प्रक्रिया के तहत जांच की जाती है। दरिमा की महिलाओं द्वारा की गई शिकायतों के आधार पर नियमानुसार परीक्षण कर शराब दुकान हटाने संबंधित कार्रवाई की जाएगी, यदि परीक्षण में आवश्यक कारण पाए जाते हैं।

कुछ मीडिया रिपोर्ट्स और सोशल मीडिया पोस्ट में यह गलत सूचना प्रसारित की गई कि चर्चा के दौरान प्रशासन ने “महतारी वंदन योजना” को शराब दुकान संचालन से जोड़ा। यह दावा पूर्णतः भ्रामक और तथ्यहीन है। प्रशासन ने दोनों पक्षों के बीच हुई बातचीत का संदर्भ तोड़कर पेश करने का खंडन किया है।

जानकारी के लिए बताया जाता है कि “महतारी वंदन योजना” एक जनकल्याणकारी योजना है जिसके तहत जिले में 2,25,027 महिलाओं को मासिक 1,000 रुपए दिए जाते हैं। इस योजना का शराब दुकान संचालन से कोई सम्बन्ध नहीं है। प्रशासन ने दोहराया कि मामले की निष्पक्ष और नियमानुसार जाँच चल रही है और आवश्यक कार्रवाई जाँच के परिणामों के आधार पर की जाएगी।

अवैध भंडारण एवं कालाबाजारी पर बड़ी कार्रवाई: 400 लीटर डीजल, 70 लीटर पेट्रोल और 32 बोरी पीडीएस चावल जब्त

बलरामपुर/रायपुर, 27 मई 2026 —

छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में आवश्यक वस्तुओं के अवैध भंडारण और कालाबाजारी के खिलाफ जिला प्रशासन ने निर्णायक कार्रवाई की है। कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी के निर्देशन में संयुक्त प्रशासनिक टीम ने ग्राम राधाकृष्णनगर स्थित “एमएस महामाया किराना एंड जनरल स्टोर” पर छापामारी कर अवैध रूप से संग्रहीत पेट्रोल, डीजल और पीडीएस चावल जब्त किए।

जांच में दुकान संचालक अशोक डे के प्रतिष्ठान से 2 ड्रम में लगभग 400 लीटर डीजल, चार गैलन में करीब 70 लीटर पेट्रोल तथा लगभग 32 बोरी पीडीएस चावल बरामद हुए। तत्काल कार्रवाई करके सभी सामग्री जब्त कर चौकी गणेश मोड़ को सुपुर्द कर दी गई है। मामले में प्रकरण दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।

प्रशासन ने कहा है कि जिले में आवश्यक वस्तुओं के अवैध भंडारण, कालाबाजारी और अनियमितताओं पर सतत निगरानी रखी जा रही है। आम जनता के हितों से जुड़ी किसी भी अवैध गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

IPL 2026 : RCB ने धर्मशाला में तोड़ा 10 साल का इंतज़ार — फाइनल में जगह पक्की!

0

आईपीएल क्रिकेट न्यूज 27/05/2026

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने गुजरात टाइटन्स को 92 रन से हराकर फाइनल में जगह पक्की की। रजत पाटीदार ने 33 गेंदों पर 93 रन (9 छक्के, 5 चौके) की धमाकेदार पारी खेली।लंबे इंतजार के बाद अपना पहला आईपीएल खिताब जीतने वाली आरसीबी अब फिर से फाइनल में पहुंच चुकी है।

धर्मशाला – रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने मंगलवार को क्वालीफायर 1 में गुजरात टाइटन्स को केवल 92 रनों से हराकर आईपीएल 2026 के फाइनल में जगह बना ली है। यह RCB के लिए 10 साल बाद दूसरी बार फाइनल पहुंचने का कीर्तमान है।

रजत पाटीदार की बाज़ूबंदी ने तोड़े सभी रिकॉर्ड
RCB के मध्यक्रमी रजत पाटीदार ने धर्मशाला में एक बेहतरीन पारी खेली। उन्होंने केवल 33 गेंदों पर 93 रन बनाए, जिसमें 9 छक्के और 5 चौके शामिल थे। उनकी इस पारी का स्ट्राइक रेट 281.81n रहा — आईपीएल 2026 में 90+ रनों की सबसे तेज़ पारी।

पाटीदार ने 14 गेंदों पर 22 रन से शुरूआत की, फिर 22 गेंदों पर 61 रन तक पहुंचे। अंत में उनकी पारी में कुल 71 रन केवल 19 गेंदों से आए।

RCB ने पावरप्ले में ही 58/0 का ज़बरदस्त स्टार्ट लिया। पाटीदार के अलावा, विराट कोहली ने भी शुरुआत में मजबूत पारी खेली। GT के लिए राशिद खान ने 3 विकेट लिए, लेकिन RCB के बल्लेबाजों की आक्रामकता को रोक न पाए।

फाइनल की तैयारी
आईपीएल 2026 का फाइनल 31 मई को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में रात 7:30 बजे खेला जाएगा। RCB के सामने फाइनल में कौन होगा, यह क्वालीफायर 2 के बाद पता चलेगा। फिलहाल, सनराइजर्स हैदराबाद, राजस्थान रॉयल्स और गुजरात टाइटन्स अंतिम जगह के लिए लड़ रहे हैं।

इतिहास: यह RCB की पांचवीं फाइनल पहुंच है। पिछले सीजन में उन्होंने फाइनल में पंजाब किंग्स को हराकर खिताब जीता था। 2016 में वे फाइनल में हार गई थीं।

सर्राफा व्यापारी की गोली मारकर हत्या, जेवरात लूटकर बदमाश फरार; पेंड्रा बंद, सड़क पर शव रखकर प्रदर्शन

पेंड्रा/गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (GPM)27 मई 2026

एक बेहद सनसनीखेज और दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। पेंड्रा के कोटमी साप्ताहिक बाजार में बेखौफ बदमाशों ने एक सर्राफा व्यापारी की सीने में गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी सोने-चांदी से भरा बैग लूटकर फरार हो गए। इस खूनी वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत और भारी आक्रोश का माहौल है। घटना के विरोध में आज पेंड्रा बंद का आह्वान किया गया है, वहीं आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने सड़क पर शव रखकर चक्काजाम कर दिया है।

दुकान बढ़ाते वक्त बदमाशों ने घेरा, विरोध करने पर मारी गोली

मिली जानकारी के अनुसार, यह पूरी घटना मंगलवार (26 मई) शाम करीब 7 बजे की है। कोटमी गांव में साप्ताहिक बाजार लगा हुआ था। पेंड्रा निवासी सर्राफा व्यवसायी प्रदीप सोनी (उम्र लगभग 42 वर्ष) बाजार में अपनी दुकान समेटकर, सामान पैक करने के बाद अपनी गाड़ी की ओर जा रहे थे। इसी दौरान मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए अज्ञात नकाबपोश बदमाशों ने उन्हें घेर लिया और जेवरात से भरा बैग छीनने की कोशिश की।लूटे गए सोने-चांदी की सटीक कीमत का आकलन अभी किया जा रहा है।

अस्पताल में तोड़ा दम, पुलिस वाहन से लाया गया अस्पताल

गोलीबारी की सूचना मिलते ही कोटमी थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। खून से लथपथ व्यापारी को तत्काल पुलिस वाहन से जिला अस्पताल ले जाया गया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। अस्पताल में डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद प्रदीप सोनी को मृत घोषित कर दिया।

अस्पताल से शव लेकर सड़क पर उतरे लोग,

इस घटना के बाद पेंड्रा और कोटमी में स्थानीय नागरिकों और व्यापारी वर्ग का गुस्सा फूट पड़ा। घटना से नाराज परिजनों और स्थानीय व्यापारियों ने जिला अस्पताल में पुलिस के सामने भारी नाराजगी जाहिर की और वहां से शव को लेकर पेंड्रा के दुर्गा चौक पहुंच गए। चौक पर शव को सड़क पर रखकर चक्काजाम कर दिया गया है। प्रदर्शनकारियों का साफ कहना है कि जब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो जाती, तब तक मृतक का अंतिम संस्कार नहीं किया जाएगा।

सुरक्षा और न्याय की मांग को लेकर सर्राफा व्यापारी संगठन और अन्य व्यापारिक संगठनों ने आज पेंड्रा पूरी तरह बंद रखने का ऐलान किया है, जिसे व्यापक जनसमर्थन मिल रहा है।

आरोपियों की तलाश में नाकेबंदी तेज

मामले की गंभीरता को देखते हुए जीपीएम के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) अविनाश मिश्रा ने बताया:
व्यापारी अपना सामान पैक कर गाड़ी की तरफ जा रहे थे, तभी बाइक सवार अज्ञात हमलावरों ने बैग छीनने का प्रयास किया। झूमाझटकी के दौरान गोली चलाई गई, जिससे व्यापारी की मौत हो गई।

पुलिस की कई टीमें गठित कर दी गई हैं। जिले के सभी निकास मार्गों पर नाकेबंदी कर दी गई है और संदिग्धों की तलाश जारी है। जल्द ही आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होंगे।”

फिलहाल मौके पर भारी पुलिस बल तैनात है और अधिकारी स्थिति को संभालने के साथ-साथ परिजनों को समझाने का प्रयास कर रहे हैं। इस वारदात ने एक बार फिर व्यापारियों की सुरक्षा और कानून व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।



छत्तीसगढ़ में नैनो डीएपी को बढ़ावा: किसानों को कम लागत में बेहतर उत्पादन का लक्ष्य

न्यूज छत्तीसगढ़ 26/05/2026

कृषि मंत्री नेताम ने नैनो डीएपी और नैनो यूरिया जैसे वैकल्पिक उर्वरकों को अपनाने की अपील की है। पश्चिम एशिया में तनाव के चलते आयातित उर्वरकों की आपूर्ति प्रभावित होने की आशंका को देखते हुए राज्य सरकार ने व्यापक रणनीति बनाई है।

उर्वरक की वर्तमान स्थिति:
स्टॉक उपलब्ध: राज्य में अभी 9.29 लाख मीट्रिक टन रासायनिक खाद गोदामों और सोसायटियों में उपलब्ध है, जो खरीफ सीजन के लक्ष्य का 60% है।
केंद्र से आवंटन: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रयास से केंद्र सरकार ने खरीफ 2026 के लिए 15.55 लाख मीट्रिक टन उर्वरक का लक्ष्य दिया है। यह पिछले साल की खपत 14.62 लाख मीट्रिक टन से 93 हजार मीट्रिक टन ज्यादा है।
आवंटन का ब्रेकअप: यूरिया 7.25 लाख, डीएपी 3 लाख, एमओपी 80 हजार, एनपीके 2.5 लाख, एसएसपी 2 लाख मीट्रिक टन।

नैनो डीएपी क्यों? लागत और फायदे:
कम लागत: 1 एकड़ में परंपरागत 50 किलो डीएपी पर 1350 रु. खर्च होते हैं। वहीं 25 किलो डीएपी + 500 मिली नैनो डीएपी से लागत 1275 रु. ही आती है।
फायदे: संतुलित पोषण, बेहतर परिणाम, पर्यावरण अनुकूल खेती, ठोस डीएपी पर निर्भरता कम, उर्वरक उपयोग की दक्षता बढ़ेगी।
“कृषि क्रांति की ओर एक कदम” अभियान के तहत नैनो डीएपी को फॉस्फोरस व नाइट्रोजन युक्त उन्नत तरल उर्वरक के रूप में प्रचारित किया जा रहा है।

नैनो डीएपी के उपयोग की वैज्ञानिक विधि:
चरण 1 – आधार खाद: 25 किलो डीएपी या 75 किलो सिंगल सुपर फॉस्फेट या 38 किलो 12-32-16 मिश्रित उर्वरक।
चरण 2 – बीज/पौध उपचार: बीज के लिए 150 मिली नैनो डीएपी को 3 लीटर पानी में मिलाएं। पौध की जड़ों के लिए 250 मिली नैनो डीएपी को 50 लीटर पानी में घोलें।
चरण 3 – छिड़काव: रोपाई के 30 दिन बाद 250 मिली नैनो डीएपी को 125 लीटर पानी में मिलाकर खड़ी फसल में छिड़काव करें।

सरकार की अन्य रणनीति:
विकल्प बढ़ाए जा रहे: एनपीके 12:32:16, 20:20:0:13, हरी खाद, जैविक खाद, नील हरित काई और नैनो उर्वरकों की उपलब्धता बढ़ाई जा रही है।
पारदर्शी वितरण: सभी जिलों में पात्रता अनुसार खाद मिले, इसके लिए राज्य स्तर पर मॉनिटरिंग।

कालाबाजारी रोकने के लिए उड़नदस्ता दल और निगरानी समितियां बनाई गई हैं।फसल विविधीकरण द्वारा सुगंधित धान, दलहन-तिलहन, ऑयल पाम, मखाना और मसाला फसलों को बढ़ावा।

कृषि उत्पादन आयुक्त सिद्धार्थ कोमल सिंह परदेशी ने कहा कि किसानों से वैज्ञानिक पद्धति अपनाकर नैनो डीएपी का उपयोग करने की अपील है, जिससे उत्पादन बढ़े और लागत घटे।

अवैध खनिज कारोबार पर बड़ी कार्रवाई, रेत और चुना पत्थर के अवैध परिवहन में 36 वाहन जब्त

रायपुर – 26 मई 2026

न्यूज छत्तीसगढ़ – बस्तर जिले में अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ खनिज विभाग द्वारा लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। खनिज विभाग के संचालक एवं कलेक्टर बस्तर के निर्देशानुसार चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत जिला खनिज जांच उड़नदस्ता दल ने विभिन्न क्षेत्रों में औचक निरीक्षण कर बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध परिवहन में संलिप्त 36 वाहनों को जब्त किया है।

खनिज अधिकारी के मार्गदर्शन में गठित जांच दल ने उपनपाल, देवड़ा, कोडेनार, बड़ेआमाबाल, कोरपाल, बस्तर, खोरखोसा, बेलगांव, धरमपुरा, जगदलपुर, कुम्हरावंड, पिपलावंड, बजावंड, बडांजी, छापरमानपुरी, तारापुर एवं बनियागांव क्षेत्रों में लगातार निरीक्षण अभियान चलाया। जांच के दौरान अवैध रूप से गौण खनिज रेत एवं चुना पत्थर का उत्खनन, परिवहन और भंडारण करते पाए जाने पर संबंधित परिवहनकर्ताओं, उत्खननकर्ताओं एवं भंडारणकर्ताओं के विरुद्ध नियमानुसार प्रकरण दर्ज किए गए।

चार भंडारणकर्ताओं के विरुद्ध कार्रवाई जारी
कार्रवाई के दौरान कुल 36 वाहनों को जब्त कर पुलिस अभिरक्षा में सौंपा गया है। इसके अतिरिक्त चार भंडारणकर्ताओं के विरुद्ध भी नियमानुसार कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है। खनिज विभाग के अधिकारियों ने बताया कि सभी प्रकरणों में छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियमावली 2015 के नियम 71 तथा खान एवं खनिज अधिनियम 1967 की धारा 21 के तहत दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।

इस अभियान में खनि अधिकारी शिखर चेरपा, सहायक खनि अधिकारी जागृत गायकवाड़, खनि निरीक्षक अंकित पुरी, खनिज सिपाही डिकेश्वर खरे, नगर सैनिक विजय कश्यप, कृष्णा बघेल एवं सहदेव बघेल सहित जिला खनिज जांच उड़नदस्ता दल के सदस्य सक्रिय रूप से शामिल रहे। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनिज उत्खनन एवं परिवहन के खिलाफ आगे भी लगातार अभियान जारी रहेगा तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।

शराब अवैध परिवहन एवं बिक्री और पड़ोसी राज्यों से आने वाली शराब रोकने के दिए निर्देश

रायपुर – 26 मई 2026

प्रदेश के वाणिज्यिक कर (आबकारी) मंत्री लखन लाल देवांगन ने नवा रायपुर स्थित जीएसटी भवन स्थित आबकारी आयुक्त कार्यालय में विभागीय कार्यों की विस्तृत समीक्षा की और आगामी महीनों के लिए जिलेवार विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर आबकारी मंत्री ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए निर्धारित राजस्व लक्ष्य की प्राप्ति हेतु ठोस रणनीति अपनाने, दुकानवार समीक्षा करने और अनुशासन के साथ कार्य संपादन के निर्देश दिए।

अंतरराज्यीय सीमाओं पर विशेष अभियान के निर्देश राज्य की अंतरराज्यीय सीमाओं पर स्थित आबकारी जांच चौकियों को अन्य राज्यों की मदिरा के विरुद्ध विशेष अभियान चलाने और सीसीटीवी कैमरों से निगरानी रखने के निर्देश । जिला अधिकारियों को कहा मदिरा के अवैध परिवहन एवं बिक्री पर कोचियों के विरुद्ध प्रभावी कार्य करें।

सभी जिला अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि आबकारी उपनिरीक्षक एवं नीचे का अमला अवैध शराब बिक्री करने वाले के विरुद्ध समझौता न करें।

विभाग में प्राप्त शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश के साथ मदिरा दुकानों में उपभोक्ताओं की मांग के अनुसार मदिरा स्कंध का संधारण सुनिश्चित करें तथा निर्धारित दर से अधिक मूल्य पर बिक्री न हो।

दुकानों में अनुशासन और पारदर्शिता पर जोर मदिरा दुकानों में नियम और अनुशासन का कड़ाई से पालन के निर्देश दुकानों में उपलब्ध मदिरा को नियमानुसार दरों सहित रैकों में प्रदर्शित करने कहा गया, ताकि उपभोक्ताओं को पारदर्शिता और सुविधा मिल सके।

राजस्व लक्ष्य पर सख्ती, मिलावट बर्दाश्त नहीं
मंत्री ने जिलेवार राजस्व लक्ष्य की समीक्षा की। लक्ष्य पूरा करने वाले जिलों को गति बनाए रखने और पिछड़ने वाले जिलों को दुकानवार समीक्षा कर तत्काल कार्ययोजना लागू करने के निर्देश दिए।

मदिरा में मिलावट पर जीरो टॉलरेंस की चेतावनी देते हुए मंत्री ने आकस्मिक निरीक्षण, तत्काल कार्रवाई, दोषी कर्मचारियों को कार्यमुक्त कर ब्लैकलिस्ट करने और दुकानों में कैशलेस भुगतान के लिए अलग काउंटर की व्यवस्था के निर्देश दिए।

आबकारी सचिव श्रीमती कंगाले ने प्रदेश में संचालित बारों, क्लबों, होटलों और ढाबों की आकस्मिक जांच करने तथा समय पश्चात संचालन अथवा अवैध मदिरा विक्रय करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने अवैध मदिरा एवं अन्य मादक पदार्थों के निर्माण, परिवहन, तस्करी और विक्रय पर सख्त नियंत्रण रखने हेतु आवश्यकता पड़ने पर पुलिस विभाग से सहयोग लेने के निर्देश दिए।

बैठक में वाणिज्यिक कर आबकारी विभाग सचिव श्रीमती रीना बाबा साहेब कंगाले, आबकारी आयुक्त श्री पदुम सिंह एल्मा, विशेष सचिव आबकारी श्री देवेन्द्र भारद्वाज, आबकारी मुख्यालय, बेवरेजेस कारपोरेशन, मार्केटिंग कारपोरेशन के अधिकारियों सहित जिले से आए मैदानी अधिकारी उपस्थित थे।


सीबीआई जांच:ट्विशा शर्मा केस की जांच अब CBI करेगी, DSP निशु कुशवाहा बनीं जांच अधिकारी

0

भोपाल, 26 मई 2026

भोपाल में हुई ट्विशा शर्मा की संदिग्ध मौत के मामले की जांच अब केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) करेगी। एजेंसी ने भोपाल के कटारा हिल्स थाने में पहले से दर्ज FIR को दोबारा पंजीकृत करते हुए जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच के लिए CBI ने DSP निशु कुशवाहा को जांच अधिकारी नियुक्त किया है।

क्या है पूरा मामला?
यह मामला भोपाल के कटारा हिल्स इलाके का है। 12 मई 2026 को ट्विशा शर्मा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। ट्विशा की शादी 9 दिसंबर 2025 को समर्थ सिंह से हुई थी। शादी के सिर्फ 5 महीने बाद ही उनकी मौत हो गई।

परिवार का आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष ट्विशा को दहेज के लिए प्रताड़ित कर रहा था। शिकायत में कहा गया है कि ट्विशा को लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से परेशान किया जाता था।

किन धाराओं में दर्ज हुआ केस?
CBI ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 80(2), 85 और 3(5) के साथ-साथ दहेज निषेध अधिनियम की धारा 3 और 4 के तहत केस दर्ज किया है। एजेंसी ने 25 मई 2026 को मामला दर्ज किया।

कौन-कौन हैं आरोपी?
FIR में गिरीबाला सिंह (सास) और समर्थ सिंह (पति) को आरोपी बनाया गया है।

CBI को कैसे मिला केस?
मामले की गंभीरता को देखते हुए मध्य प्रदेश सरकार ने दिल्ली स्पेशल पुलिस एस्टैब्लिशमेंट एक्ट की धारा 6 के तहत सहमति देते हुए केस को CBI को सौंप दिया। इसके बाद केंद्र सरकार के कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग ने 25 मई को अधिसूचना जारी कर CBI को पूरे मध्य प्रदेश में जांच का अधिकार दे दिया।

ट्विशा के परिवार ने CBI जांच की मांग की थी। उनका कहना था कि स्थानीय पुलिस सही जांच नहीं कर रही है। अब CBI की टीम जल्द भोपाल पहुंचकर जांच शुरू करेगी।

26 मई:पीएम मोदी के 12 साल पूरे’ सीएम योगी ने दी बधाई, बोले- ‘नए भारत’ को मिली नई पहचान

0

लखनऊ 26 मई 2026

राष्ट्रीय अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लोकप्रिय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल के 12 साल पूरे होने पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उन्हें बधाई दी है। 26 मई 2014 को नरेंद्र मोदी ने देश के 15वें प्रधानमंत्री के रूप में शपथ ली थी।

सीएम योगी ने X पर किया पोस्ट
सीएम योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर पीएम मोदी को ‘प्रधान सेवक’ के रूप में सेवा, सुशासन और लोक-कल्याण को समर्पित 12 गौरवशाली वर्ष पूरे करने पर हार्दिक बधाई दी।

‘गरीब कल्याण बना सर्वोच्च प्राथमिकता‘
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में गरीब कल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता मिली है। जनभागीदारी ने विकास को एक व्यापक जन-आंदोलन का स्वरूप दिया है। अंत्योदय अब आत्मनिर्भरता की शक्ति में बदल गया है।

‘नए भारत’ का किया जिक्र
सीएम योगी ने लिखा कि यही वह दृष्टि है जिसने ऐसे ‘नए भारत’ का निर्माण किया, जहां नारी सशक्तिकरण, नवाचार, आर्थिक प्रगति और सांस्कृतिक पुनर्जागरण साथ-साथ आगे बढ़ रहे हैं। आज भारत सीमाओं पर अडिग, आतंकवाद के विरुद्ध निर्णायक और विश्व मंच पर आत्मविश्वास से परिपूर्ण है।

‘विकसित भारत 2047′ का लक्ष्य
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि डिजिटल, डेमोग्राफी और डेमोक्रेसी की त्रिवेणी ‘विकसित भारत 2047’ के लक्ष्य को नई गति दे रही है। भारत आज एक सशक्त और विश्वसनीय नेतृत्व के रूप में स्थापित हो चुका है।

योजनाओं से बदला जन-जीवन
सीएम योगी ने केंद्र सरकार की योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री आवास, जन-धन, आयुष्मान भारत, उज्ज्वला और स्वनिधि जैसी योजनाओं ने विकास को आम लोगों तक पहुंचाया है। इन योजनाओं ने जनता का विश्वास मजबूत किया है और ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास’ के संकल्प को साकार किया है।

अंत में सीएम योगी ने ‘नेशन फर्स्ट’ की भावना और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प के साथ आगे बढ़ रही इस युगांतकारी यात्रा के लिए प्रधानमंत्री का कोटि-कोटि अभिनंदन किया।