37.9 C
Raipur
Saturday, June 20, 2026

नशामुक्ति संकल्प आवास सर्वे सत्यापन को लेकर विशेष ग्राम सभाएं 24 जून से

Must read

बेमेतरा- 20 जून 2026

पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के निर्देशानुसार बेमेतरा जिले की समस्त ग्राम पंचायतों एवं उनके आश्रित ग्रामों में 24 जून 2026 से एक सप्ताह तक विशेष ग्राम सभाओं का आयोजन किया जाएगा। कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाईं ने इस संबंध में सभी अनुविभागीय अधिकारियों (राजस्व), जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों तथा संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं।

इन ग्राम सभाओं में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत आवास प्लस 2024 सर्वे सूची का सत्यापन एवं अनुमोदन किया जाएगा। साथ ही पात्र हितग्राहियों की स्थायी प्रतीक्षा सूची को भी स्वीकृति दी जाएगी, ताकि आवासहीन एवं जरूरतमंद परिवारों को योजनाओं का लाभ पूरी पारदर्शिता के साथ सुनिश्चित किया जा सके।

ग्राम सभाओं के दौरान पंचायतों के वार्षिक बजट की समीक्षा के साथ-साथ मनरेगा, स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण), जल जीवन मिशन एवं राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति पर विस्तार से चर्चा होगी। स्वीकृत एवं निर्माणाधीन विकास कार्यों की स्थिति भी ग्रामीणों के समक्ष रखी जाएगी।

इन विशेष बैठकों में दो महत्वपूर्ण संकल्प भी पारित किए जाएंगे। पहला, 16वें वित्त आयोग के समक्ष पंचायतों की स्थानीय विकास प्राथमिकताओं एवं आवश्यकताओं को शामिल कराने हेतु संकल्प, और दूसरा, नशा मुक्त ग्राम निर्माण के संकल्प के माध्यम से ग्रामीणों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने का अभियान। इसके अतिरिक्त रोजगार, महिला स्व-सहायता समूहों का सशक्तिकरण, जल संरक्षण, स्वच्छता, शिक्षा एवं स्वास्थ्य जैसे विषय भी चर्चा में शामिल रहेंगे।

जिला प्रशासन ने समस्त जनप्रतिनिधियों, पंचायत पदाधिकारियों एवं ग्रामीण नागरिकों से इन बैठकों में सक्रिय भागीदारी की अपील की है, ताकि ग्राम विकास से जुड़े महत्वपूर्ण निर्णय व्यापक जनसहभागिता के साथ लिए जा सकें।
- Advertisement -spot_img

More articles

- Advertisement -spot_img

Latest article