नशा मुक्त भारत अभियान के तहत दंत चिकित्सा महाविद्यालय में शपथ ग्रहण कार्यक्रम
रायपुर-13 अगस्त 2026
शासकीय दंत चिकित्सा महाविद्यालय, रायपुर में ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ के तहत शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित।
शासकीय दंत चिकित्सा महाविद्यालय, रायपुर में ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ और ‘मिशन स्पंदन’ के संयुक्त तत्वावधान में ‘10 करोड़ नशामुक्ति प्रतिज्ञा महाअभियान’ के अंतर्गत जागरूकता एवं शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
यह अभियान प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय के मेडिकल विंग द्वारा संचालित किया जा रहा है। कार्यक्रम में महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं, चिकित्सकों और कर्मचारियों ने हाथ आगे बढ़ाकर जीवनभर नशे से दूर रहने तथा समाज को नशामुक्त बनाने में सक्रिय योगदान देने की शपथ ली।
कार्यक्रम के दौरान ब्रह्माकुमारी संस्था के प्रतिनिधियों ने महाविद्यालय प्रशासन को अभियान में सक्रिय सहभागिता और सहयोग के लिए प्रशस्ति पत्र प्रदान किया। विद्यार्थियों और उपस्थित अतिथियों ने ‘10 करोड़ नशामुक्ति प्रतिज्ञा’ से संबंधित पोस्टर एवं पम्फलेट प्रदर्शित कर नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।
संस्था के प्रतिनिधियों ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि स्वस्थ, सशक्त और विकसित भारत के निर्माण के लिए युवाओं का नशामुक्त रहना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वयं नशे से दूर रहने, अपने परिवार और आसपास के लोगों को जागरूक करने तथा नशामुक्त समाज के निर्माण में सहभागी बनने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि नशे की लत व्यक्ति के स्वास्थ्य, परिवार और सामाजिक जीवन पर गंभीर प्रभाव डालती है। सामूहिक जागरूकता, संकल्प और निरंतर प्रयासों से ही नशामुक्त समाज का लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों ने नशामुक्त भारत के निर्माण में योगदान देने का संकल्प लिया।
- Advertisement -
- Advertisement -