27.1 C
Raipur
Thursday, August 13, 2026

खैरागढ़-छुईखदान-गंडई में ‘आदि अमितान’ अभियान के तहत स्वास्थ्य जांच

Must read

रायपुर, 13 अगस्त 2026

अभियान का उद्देश्य दूरस्थ बैगा बस्तियों में घर-घर स्वास्थ्य जांच, उपचार, रोगों की रोकथाम और स्वास्थ्य जागरूकता सुनिश्चित करना है। छुईखदान विकासखंड में जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. विवेक बिसेन और विकासखंड नोडल अधिकारी डॉ. मनीष बघेल के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की टीम विभिन्न बैगा बसाहटों में स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान कर रही है।

प्रधानमंत्री जनमन योजना के अंतर्गत विशेष पिछड़ी जनजाति बैगा समुदाय के लिए संचालित ‘आदि अमितान’ यूनिवर्सल हेल्थ स्क्रीनिंग अभियान के तहत खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले में स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाई जा रही हैं। अभियान 15 जुलाई से 14 अगस्त 2026 तक संचालित किया जा रहा है।

इसी क्रम में 9 अगस्त को ग्राम पंचायत सरईपतेरा के छूईहा (बैगाटोला) में निवासरत 39 बैगा परिवारों को मलेरिया से बचाव के लिए मच्छरदानियां वितरित की गईं। ग्रामीणों को मच्छरदानी के नियमित एवं सही उपयोग, घर और आसपास पानी जमा नहीं होने देने तथा मच्छरों के प्रजनन स्थलों को समाप्त करने की जानकारी दी गई।

स्वास्थ्य विभाग की टीम ने ग्रामीणों को मलेरिया के लक्षणों के बारे में भी जागरूक किया। बुखार, ठंड लगना, कंपकंपी, सिरदर्द, शरीर में दर्द या कमजोरी होने पर स्वयं दवा लेने के बजाय तत्काल निकटतम स्वास्थ्य केंद्र में जांच कराने की सलाह दी गई।

‘आदि अमितान’ अभियान के अंतर्गत मलेरिया, टीबी, कुष्ठ, सिकल सेल, एनीमिया, उच्च रक्तचाप, मधुमेह, नेत्र रोग तथा महिलाओं में स्तन और गर्भाशय ग्रीवा कैंसर की स्क्रीनिंग की जा रही है। आवश्यकता के अनुसार उपचार और उच्च स्वास्थ्य संस्थानों में रेफरल की व्यवस्था भी की जा रही है।

कार्यक्रम में चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रकाश वर्मा, पर्यवेक्षक अमीलाल, एलटी प्रवीण गायकवाड़, एएनएम कविता सोनवानी सहित स्वास्थ्य विभाग के मैदानी कर्मचारी उपस्थित रहे। स्वास्थ्य विभाग ने ग्रामीणों से मच्छरदानी का नियमित उपयोग करने और मलेरिया के लक्षण दिखने पर तुरंत जांच कराने की अपील की।

- Advertisement -spot_img

More articles

- Advertisement -spot_img

Latest article