23.1 C
Raipur
Saturday, August 29, 2026

बगीचे का अंतिम प्रसन्न पेड़: जिंदगी कोई दौड़ या होड़ नहीं है?

Must read

पर्व विशेष/28 अगस्त 2026

जब आप दूसरों से तुलना करना छोड़ देते हैं, तभी से आपका असली जीवन शुरू होता है।क्योंकि तुलना से छोटा या बड़ा का भाव आता है जिससे स्वयं का प्रभाव कम होते दिखता है।

बात छोटी है, लेकिन इसका उद्देश्य और दिशा विशाल है। आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में हर कोई किसी न किसी को हराने में लगा है। लेकिन क्या दूसरों को हराने के लिए जीतना वाकई हमारी आवश्यकता है? या यह सिर्फ एक मानसिक होड़ है? इस बात को समझने के लिए एक छोटी सी कथा हमें जीवन का सबसे बड़ा पाठ पढ़ाती है।

कहानी: उजड़ा बगीचा और मुस्कुराता बांस बहुत वर्षों बाद एक राजा अपने प्रिय बगीचे में लौटा। उसने यह बगीचा बड़े प्रेम और शौक से लगवाया था, लेकिन आज वहाँ सब कुछ उदास और उजड़ा-उजड़ा था।

ओक का पेड़ रोते हुए बोला: “मैं देवदार जैसा विशाल होकर आकाश नहीं छू सकता, इसलिए मेरे जीने का क्या लाभ?”

देवदार उदास होकर बोला: “मैं अंगूर की तरह मीठे फल नहीं दे सकता, मेरा इतना ऊँचा होने का क्या फायदा?”

अंगूर की लता शिकायत करते हुए बोली: “मैं गुलाब की तरह मंदिरों में पूजी नहीं जाती, मेरा अस्तित्व ही व्यर्थ है।”

राजा बेहद उदास होकर आगे बढ़ा। तभी बगीचे के एक कोने में उसकी नज़र एक छोटे से बांस के झुरमुट पर पड़ी। वह हवा के साथ झूम रहा था, एकदम हरा-भरा और आनंद से भरा हुआ।

राजा ने अचरज से पूछा— “यह पूरा बगीचा अपने अधूरेपन के दुख में डूबा है, तुम इतने प्रसन्न कैसे हो?”

बांस ने मुस्कुरा कर जवाब दिया—
महाराज! जब आपने मुझे यहाँ रोपा था, तब मैं समझ गया था कि आपको इस जगह पर ओक या गुलाब नहीं, बल्कि एक बांस चाहिए था। यदि आपको ओक चाहिए होता, तो आप ओक लगाते। आपने मुझे चुना, इसका अर्थ है कि मेरी भी इस दुनिया में कोई खास आवश्यकता है। इसीलिए मैंने दूसरों जैसा बनने की दौड़ छोड़ दी।

मैं बस वही बनने लगा जो मैं हो सकता हूँ—एक बेहतर बांस। क्योंकि मेरे इसी बांस से आपकी वह बांसुरी बनेगी, जिसकी मधुर तान पर पूरा महल झूमेगा।”

राजा की आँखें खुल गईं और उन्हें अपने प्रश्न का उत्तर मिल गया।

जीवन का बोध और मूल सीख हमारा जीवन भी इस बगीचे की तरह है। हम अक्सर समाज के ‘देवदारों’ और ‘गुलाबों’ को देखकर खुद को छोटा समझ लेते हैं और अपनी उपयोगिता भूल जाते हैं।

अद्वितीय अस्तित्व: इस सृष्टि के रचयिता ने आपको किसी और की नकल बनाने के लिए नहीं रचा है। आपकी तुलना किसी से नहीं हो सकती, क्योंकि आप इस ब्रह्मांड में अद्वितीय युनिक हैं।

बस अपनी मौलिकता बनाए रखे !?

तुलना ही दुख का कारण है: प्रेरणा आपको आगे बढ़ाती है, लेकिन तुलना हमेशा दुख को जन्म देती है।

सच्चा आनंद तब मिलता है जब आप खुद से यह नहीं पूछते कि “मैं उसके जैसा कैसे बनूँ?”, बल्कि यह पूछते हैं कि “मैं जैसा हूँ, उसमें सबसे बेहतरीन कैसे बनूँ?”

क्या आप भी खुद की तुलना दूसरों से करते हैं? कमेंट में अपनी राय दें।

निष्कर्ष _दूसरों से प्रतिस्पर्धा करने की दौड़ छोड़िए। अपने स्वधर्म और अपनी विशिष्टता को पहचानना ही सबसे बड़ी आध्यात्मिकता और सफलता है। आप जो हैं, उसी में अपना सर्वश्रेष्ठ दीजिए—क्या पता आपकी ही खूबियों से किसी के जीवन में संगीत घुलने वाला हो!

- Advertisement -spot_img

More articles

- Advertisement -spot_img

Latest article