रायपुर/बलरामपुर, 5 मई 2026
मुख्यमंत्री बिष्णु देव साय ने आज जिले के 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि जीवन में सफलता के लिए मजबूत हौसला और निरंतर प्रयास सबसे जरूरी है।
बलरामपुर स्थित सर्किट हाउस में आयोजित सम्मान समारोह के दौरान मुख्यमंत्री साय ने विद्यार्थियों से आत्मीय संवाद किया और उनके भविष्य के लक्ष्यों के बारे में जानकारी ली। इस दौरान अधिकांश विद्यार्थियों ने डॉक्टर और इंजीनियर बनने की इच्छा जताई, वहीं कई छात्रों ने और न्यायिक सेवा में जाने का संकल्प व्यक्त किया।
मुख्यमंत्री साय ने विद्यार्थियों के सपनों की सराहना करते हुए कहा कि “सपना देखना और उसे लक्ष्य में बदलकर निरंतर प्रयास करना ही सफलता की कुंजी है।” उन्होंने छात्रों को अनुशासन, मेहनत और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।
उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि यदि समर्पण, अनुशासन और आत्मविश्वास के साथ मेहनत की जाए, तो कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं है। उन्होंने आश्वस्त किया कि राज्य सरकार विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण के लिए हर संभव सहयोग प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है।
उत्कृष्ट विद्यार्थियों से आत्मीय मुलाकात अवसर पर सीएम साय से मिलने में जिले के कक्षा 12वीं के मेधावी विद्यार्थियों में वाड्रफनगर विकासखंड के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय करमडीहा की कुमारी प्रतिभा गुप्ता, रामचंद्रपुर के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय जामवंतपुर की कुमारी स्नेहा कुशवाहा, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सनवाल के सोनू, वाड्रफनगर के श्री कृष्णा, आदर्श हायर सेकंडरी विद्यालय बलंगी की कुमारी प्रिया लता कश्यप तथा शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बर्तीकला के अजय गुप्ता, कक्षा 10वीं के मेधावी विद्यार्थियों में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय जामवंतपुर के आर्यन गुप्ता, नेशनल पब्लिक इंग्लिश मीडियम हायर सेकेंडरी स्कूल रजखेता की कुमारी आराधना पटेल, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रघुनाथनगर की कुमारी रोशनी कांशी, स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय सेमरा कुसमी की आलिया परवीन तथा स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय रामानुजगंज की आरजू परवीन रहे।
“सपनों को लक्ष्य बनाकर करें निरंतर प्रयास”: CM साय ने मेधावी विद्यार्थियों को किया सम्मानित


