बेमेतरा पुलिस ने करीब 65 हजार रुपये का माल किया बरामद, मोटरसाइकिल और चोरी में इस्तेमाल औजार जब्त।
बेमेतरा-12 सितंबर 2026
बेमेतरा पुलिस ने सोलर प्लांट से तांबे का केबल वायर चोरी करने के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामले में एक विधि से संघर्षरत बालक की संलिप्तता भी सामने आई है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी का तांबे का केबल, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और चोरी में इस्तेमाल किए गए औजार समेत करीब 65 हजार रुपये का सामान बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, ग्राम गाड़ाडीह स्थित परम पूज्य सोलर प्लांट में लगे 10 तड़ित चालक खंभों से करीब 320 मीटर तांबे का केबल वायर चोरी हो गया था। इसकी कीमत लगभग 40 हजार रुपये बताई गई। प्रार्थी योगेन्द्र सिरमौर की रिपोर्ट पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस अधीक्षक त्रिलोक बंसल के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. हरीश यादव और एसडीओपी बेरला रुचि वर्मा के मार्गदर्शन में थाना परपोडी पुलिस ने जांच आगे बढ़ाई। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने भोजराम वर्मा, जागेश्वर ठाकुर और रोहन यादव को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पूछताछ में आरोपियों ने एक अन्य साथी के साथ मिलकर चोरी करना स्वीकार किया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 40 हजार रुपये का तांबे का केबल, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल क्रमांक CG 07 LR 7771 जिसकी कीमत करीब 25 हजार रुपये है, तथा कटर, पेंचिंस और छेनी बरामद की।
तीनों आरोपियों को 10 सितंबर 2026 को गिरफ्तार कर न्यायालय में न्यायिक रिमांड पर भेजा गया, जबकि विधि से संघर्षरत बालक को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया गया।