दिनांक: 30 जुलाई 2025, रायपुर/स्त्रोत:_(छग जनसंपर्क)
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में आज मंत्रालय (महानदी भवन) में हुई कैबिनेट बैठक में राज्यहित से जुड़े अनेक महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
1️⃣ खनिज संस्थान न्यास नियम में संशोधन
भारत सरकार के खान मंत्रालय के नए दिशा-निर्देशों और पीएम खनिज क्षेत्र कल्याण योजना (PMKKKY)-2024 के संशोधित गाइडलाइंस के अनुसार छत्तीसगढ़ जिला खनिज संस्थान न्यास नियम 2015 में आवश्यक संशोधन को मंजूरी दी गई।
न्यास की राशि का न्यूनतम 70% व्यय अब पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण, कौशल विकास, महिला-बाल कल्याण, स्वच्छता, आवास, पशुपालन आदि प्राथमिक क्षेत्रों में होगा।
2️⃣ नए रेत खनन नियम-2025 लागू
रेत खनन और परिवहन में पारदर्शिता लाने और अवैध खनन पर रोक लगाने के लिए छत्तीसगढ़ गौण खनिज साधारण रेत (उत्खनन एवं व्यवसाय) नियम 2019 तथा 2023 को समाप्त कर नया नियम 2025 लागू करने का निर्णय लिया गया।
रेत खदानों का आवंटन अब इलेक्ट्रॉनिक नीलामी से होगा।
आम जनता को उचित दरों पर रेत उपलब्ध कराने के लिए सख्त प्रावधान किए गए हैं।
पर्यावरण और सुरक्षा मानकों का पालन अनिवार्य होगा।
3️⃣ कृषि भूमि मूल्यांकन प्रणाली में बदलाव
ग्रामीण कृषि भूमि के बाजार मूल्य की गणना के लिए 500 वर्गमीटर तक के भूखंड की दर समाप्त कर संपूर्ण रकबा हेक्टेयर दर से तय किया जाएगा।
अनियमितताओं से बचने के लिए परिवर्तित भूमि का मूल्यांकन ढाई गुना की जगह नई व्यवस्था से होगा।
शहरी सीमा से लगे ग्रामों और निवेश क्षेत्र की भूमियों का मूल्यांकन वर्गमीटर में किया जाएगा।
4️⃣ नवा रायपुर में क्रिकेट अकादमी को मंजूरी
छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ (CSCS) को नवा रायपुर (अटल नगर) के सेक्टर-3, ग्राम परसदा में क्रिकेट अकादमी स्थापना हेतु 7.96 एकड़ भूमि आबंटित करने का निर्णय लिया गया।
राज्य के प्रतिभावान खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं मिलेंगी।
अकादमी से क्रिकेट के क्षेत्र में नए अवसर मिलेंगे और छत्तीसगढ़ को राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलेगी।


