4,500 से अधिक उपभोक्ताओं को मिलेगा लाभ।
कोरबा- 02 सितंबर 2026
नया सबस्टेशन बनने के बाद क्षेत्र के 4,500 से अधिक बिजली उपभोक्ताओं को लाभ मिलेगा। इससे बिजली की आपूर्ति पहले से बेहतर और अधिक सुचारू होने की उम्मीद है। आसपास के मौजूदा सबस्टेशनों पर बिजली का भार भी कम होगा।
कोरबा जिले के ग्राम पंचायत जामबहार में ₹3.40 करोड़ की लागत से बनने वाले नए विद्युत सबस्टेशन का भूमिपूजन किया गया। उद्योग मंत्री श्री लखनलाल देवांगन ने 33/11 केवी और 5 एमवीए क्षमता वाले इस सबस्टेशन का भूमिपूजन किया।
इस सबस्टेशन से जामबहार के अलावा रोकबहरी, सोनपुरी, परसाबातेल, चुहिया, रूमगरा, बेलगिरी बस्ती, मदरसा मोहल्ला, हवाई पट्टी, खान मोहल्ला और जोगियाडेरा क्षेत्र की बिजली व्यवस्था में सुधार होगा।
भूमिपूजन कार्यक्रम के दौरान मंत्री श्री देवांगन ने ग्रामीणों से प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना और बिजली बिल समाधान योजना का लाभ उठाने की अपील की।
उन्होंने कहा कि बेहतर बिजली व्यवस्था से ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को सुविधा मिलेगी और विकास के कामों को भी गति मिलेगी। सरकार का प्रयास है कि हर घर तक बेहतर बिजली सुविधा पहुंचाई जाए।


