30.1 C
Raipur
Tuesday, September 29, 2026

पगडंडी से पक्की सड़क तक पहुंचा अबुझमाड़, पीएम जनमन से बदली झारावाही-हत्लानार की राह

Must read

रायपुर, 13 अगस्त 2026

पीएम जनमन और प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के प्रभावी क्रियान्वयन से झारावाही-हत्लानार मार्ग अबुझमाड़ में विकास, संपर्क और आत्मनिर्भरता का महत्वपूर्ण माध्यम बन गया है।

कभी दुर्गम पहाड़ियों, घने जंगलों और नक्सल चुनौती के कारण मुख्यधारा से कटे अबुझमाड़ क्षेत्र में अब विकास की नई तस्वीर दिखाई दे रही है। प्रधानमंत्री जनजाति आदिवासी न्याय महाअभियान (पीएम जनमन) के तहत नारायणपुर जिले के झारावाही से हत्लानार तक पक्की सड़क का निर्माण पूरा होने से ग्रामीणों को आवागमन की बेहतर सुविधा मिली है।

छत्तीसगढ़ ग्रामीण सड़क विकास अभिकरण द्वारा वित्तीय वर्ष 2023-24 में स्वीकृत इस परियोजना पर 299.60 लाख रुपये की लागत आई है। इसके तहत 3.20 किलोमीटर लंबी सर्वकालिक सड़क बनाई गई है। सड़क बनने से क्षेत्र के अंदरूनी गांवों को मुख्य मार्ग से सुरक्षित और सुगम संपर्क मिला है।

पहले ग्रामीणों को संकरी पगडंडियों के सहारे आवागमन करना पड़ता था। बारिश के मौसम में रास्ते अवरुद्ध हो जाने से ग्रामीणों को स्वास्थ्य, शिक्षा और अन्य आवश्यक सेवाओं के लिए काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। अब एंबुलेंस और शासकीय वाहन सीधे गांवों तक पहुंच पा रहे हैं, जिससे आपात स्थिति में मरीजों को समय पर उपचार मिलना संभव हुआ है।

सड़क निर्माण से विद्यार्थियों और शिक्षकों की स्कूलों में नियमित उपस्थिति को भी बढ़ावा मिला है। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत निर्माण सामग्री पहुंचाने, बिजली और पेयजल जैसी सुविधाओं के विस्तार में भी तेजी आई है। ग्रामीणों के अनुसार, पहले बरसात में बच्चों को स्कूल भेजना और मरीजों को उपचार के लिए ले जाना बेहद कठिन था, लेकिन अब गांव तक वाहन पहुंचने लगे हैं।

यह सड़क स्थानीय अर्थव्यवस्था और आजीविका के लिए भी महत्वपूर्ण साबित हो रही है। किसान अपनी कृषि उपज को आसानी से मुख्य बाजारों और मंडियों तक पहुंचा पा रहे हैं, जिससे उन्हें बेहतर मूल्य मिलने की संभावना बढ़ी है।




- Advertisement -spot_img

More articles

- Advertisement -spot_img

Latest article