डीआईजी ने कहा बोले- “फरियादी थाने आए तो तनाव नहीं, सुकून मिले”।
बेमेतरा-10 जून 2026
पुलिस कार्यालय बेमेतरा का नजारा मंगलवार को कुछ अलग था। वर्दी के साथ कुदाल-तसला लेकर खड़े थे खुद पुलिस उप महानिरीक्षक रामकृष्ण साहू। मौका था “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान का। DIG साहू ने एसपी ऑफिस परिसर में छायादार, फलदार और फूलों के पौधे लगाकर न सिर्फ पर्यावरण बचाने का संदेश दिया, बल्कि पूरे जिले की पुलिसिंग को ‘ग्रीन टच’ देने की शुरुआत भी कर दी।
पौधारोपण के बाद DIG साहू ने कहा, “पेड़ लगाना सबसे बड़ा पुण्य का काम है। यह आने वाली पीढ़ियों के लिए ऑक्सीजन का बैंक तैयार करना है।” लेकिन उनकी सबसे बड़ी बात थानों की सूरत बदलने को लेकर थी। उन्होंने जिले के सभी थाना-चौकी प्रभारियों को साफ निर्देश दिए कि अपने परिसर को सुंदर, स्वच्छ और हरा-भरा बनाएं।
थाने बनेंगे ‘स्ट्रेस बस्टर जोन’
DIG साहू का मानना है कि फूल-पौधों से सजा थाना परिसर फरियाद लेकर आने वाले लोगों का तनाव कम करेगा। “जब कोई परेशान व्यक्ति थाने आए और उसे हरियाली व फूल दिखें, तो उसका आधा गुस्सा और तनाव वहीं खत्म हो जाएगा। सजावटी पौधे माहौल को सकारात्मक बनाते हैं और हवा भी शुद्ध करते हैं। इससे पुलिसकर्मियों की कार्यक्षमता भी बढ़ेगी,” उन्होंने कहा।
उन्होंने पुलिस कॉलोनी और थानों की खाली जगहों पर फल, फूल और छायादार पौधे लगाने के निर्देश दिए। मकसद साफ है: थाने सिर्फ शिकायत की जगह न रहें, बल्कि स्वच्छ और शांत माहौल की मिसाल बनें।
इस अवसर पर एसडीओपी बेमेतरा भूषण एक्का, प्रधान आरक्षक एश्वर्य सिंह, आरक्षक कमलेश साहू, फत्ते पाटिल, प्रवीण ठाकुर समेत अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे और सभी ने पौधारोपण में हिस्सा लिया।
फोटो : पुलिस उप महानिरीक्षक रामकृष्ण साहू बेमेतरा एसपी कार्यालय परिसर में “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत पौधा रोपण करते हुए।


