बेमेतरा, 05 मई 2026:-
जिले का ग्राम टेमरी आज कृषि विकास की दिशा में एक प्रेरणादायक उदाहरण बनकर उभरा है। प्रदेश के राज्यपाल श्री रमेन डेका के ‘गोद ग्राम’ के रूप में विशेष पहचान प्राप्त कर चुके इस गांव ने शासन की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के जरिए कृषि और किसान कल्याण में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं।
ग्राम टेमरी में किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के उद्देश्य से किसान क्रेडिट कार्ड योजना का व्यापक अभियान चलाया गया। लक्ष्य 733 किसानों के विरुद्ध सभी 733 किसानों को केसीसी प्रदान कर शत-प्रतिशत उपलब्धि हासिल की गई, जो प्रशासन और ग्रामीणों के बेहतर समन्वय का परिणाम है। इससे किसानों को समय पर ऋण, बीज, खाद एवं अन्य कृषि संसाधन आसानी से उपलब्ध हो रहे हैं, जिससे खेती की लागत और निर्भरता में संतुलन आया है।
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत भी ग्राम टेमरी ने उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की है। 559 कृषकों के लक्ष्य के विरुद्ध 527 किसानों का पंजीकरण किया गया है, जिससे किसानों को प्रत्यक्ष आर्थिक सहायता मिल रही है और उनकी आय में स्थिरता आई है। साथ ही, कृषि विभाग के मार्गदर्शन में गांव में पहली बार 4 हेक्टेयर क्षेत्र में रागी की खेती कर नवाचार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है, जिससे किसानों के लिए नए अवसर खुले हैं।
ग्राम टेमरी की सफलता यह दर्शाती है कि योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन, प्रशासन और किसानों के बीच समन्वय तथा नवाचार को अपनाने की सोच ग्रामीण विकास को मजबूत आधार प्रदान करती है। आज टेमरी न केवल बेमेतरा जिले, बल्कि पूरे प्रदेश के लिए एक प्रेरणास्रोत बन गया है, जो यह साबित करता है कि सामूहिक प्रयास और सही दिशा से गांव आत्मनिर्भर और समृद्ध बन सकते हैं।
ग्राम टेमरी के किसान उठा रहे किसान क्रेडिट कार्ड योजना का लाभ


