24.1 C
Raipur
Saturday, September 12, 2026

बाल सुरक्षा और अधिकारों को लेकर विद्यार्थियों को किया जागरूक

Must read

गुड टच-बैड टच, साइबर अपराध, बाल विवाह और नशे के दुष्प्रभावों की दी जानकारी।

सूरजपुर -12 सितंबर 2026:- छत्तीसगढ़ में बच्चों की सुरक्षा और उनके अधिकारों को लेकर विद्यालयों में लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में सूरजपुर के साधुराम विद्या मंदिर में विद्यार्थियों के लिए जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें बाल अधिकार, गुड टच-बैड टच, साइबर अपराध, बाल विवाह, नशे के दुष्प्रभाव और यातायात सुरक्षा सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में विद्यार्थियों को किशोर न्याय अधिनियम के प्रावधानों के बारे में सरल भाषा में समझाया गया। संरक्षण की आवश्यकता वाले बच्चों और विधि के विरुद्ध कार्य करने वाले बच्चों के लिए उपलब्ध कानूनी प्रावधानों के साथ बाल भिक्षावृत्ति रोकने तथा बच्चों की सुरक्षा से जुड़े उपायों की जानकारी भी दी गई।

गुड टच-बैड टच और साइबर सुरक्षा पर विशेष जोर देते हुए विद्यार्थियों को समझाया गया कि किसी भी अनुचित या असहज व्यवहार की स्थिति में चुप न रहें और तत्काल किसी भरोसेमंद व्यक्ति को इसकी जानकारी दें। जरूरत पड़ने पर चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 से सहायता लेने की जानकारी भी दी गई। साइबर अपराध से बचने के लिए ओटीपी साझा नहीं करने, अनजान लोगों से वीडियो कॉल पर सावधानी बरतने और निजी फोटो सोशल मीडिया पर साझा नहीं करने की सलाह दी गई।

बाल विवाह और नशे के खिलाफ जागरूकता

बाल विवाह मुक्त सूरजपुर अभियान’ के तहत विद्यार्थियों को बाल विवाह के दुष्परिणामों की जानकारी दी गई। उन्हें स्वयं जागरूक रहने और आसपास बाल विवाह की स्थिति सामने आने पर उसे रोकने में सहयोग करने के लिए प्रेरित किया गया। निर्धारित कानूनी प्रक्रिया के बिना बच्चे को गोद लेने या देने को अपराध बताते हुए दत्तक ग्रहण की वैधानिक प्रक्रिया की जानकारी भी दी गई।

एक युद्ध नशे के विरुद्ध’ अभियान के तहत विद्यार्थियों को नशे से होने वाले नुकसान बताए गए और स्वयं नशे से दूर रहने का संदेश दिया गया।

यातायात नियमों के पालन की समझाइश

विद्यार्थियों को कम उम्र में वाहन नहीं चलाने और बिना लाइसेंस वाहन चलाने से बचने की सलाह दी गई। अभिभावकों को हेलमेट पहनने तथा वाहन के आवश्यक दस्तावेज साथ रखने के लिए प्रेरित करने कहा गया।

कार्यक्रम में सखी वन स्टॉप सेंटर की 181 हेल्पलाइन, किशोरियों के लिए मासिक धर्म स्वच्छता, ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ और महिला सशक्तिकरण से जुड़ी जानकारी भी दी गई। इस दौरान विद्यालय के संचालक राहुल अग्रवाल, प्राचार्य खुशबू सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी और विद्यार्थी उपस्थित रहे।

- Advertisement -spot_img

More articles

- Advertisement -spot_img

Latest article