24.1 C
Raipur
Saturday, September 12, 2026

चलती कार छत पर स्टंट : 4 युवक गिरफ्तार, बेमेतरा पुलिस ने 10 लाख की कार जब्त की

Must read

बेमेतरा- 11 सितम्बर 2026

Janchoupal36: सड़क पर खतरनाक स्टंट करने वाले चार युवकों पर बेमेतरा पुलिस ने वैधानिक कार्रवाई की है। पुलिस ने बीएनएस और मोटर व्हीकल एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर घटना में प्रयुक्त कार क्रमांक CG 04 RA 4915 जब्त की है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 10 लाख रुपये है।

पुलिस अधीक्षक त्रिलोक बंसल (भापुसे) के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. हरीश यादव, श्रीमती कौशिल्या साहू, एसडीओपी बेमेतरा भूषण एक्का और एसडीओपी बेरला श्रीमती रूचि वर्मा के मार्गदर्शन में जिले में सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के उल्लंघन के विरुद्ध लगातार कार्रवाई चल रही है।

इसी क्रम में दिनांक 08 सितंबर 2026 की रात्रि करीब 10 बजे मेन रोड पर खतरनाक एवं लापरवाहीपूर्वक कार चलाने तथा कार के बाहर निकलकर छत पर सवार होने के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई की।

प्रार्थी ने थाना बेमेतरा में रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह अपने गांव में मेन रोड किनारे स्थित होटल में बैठा था। इसी दौरान बेमेतरा की ओर से सिमगा की ओर जा रही कार क्रमांक CG 04 RA 4915 का चालक वाहन को उपेक्षापूर्वक एवं खतरनाक ढंग से चला रहा था। कार में सवार दो व्यक्ति वाहन के दोनों दरवाजों से बाहर निकलकर कार की छत पर चढ़ गए। चालक को भली-भांति ज्ञात था कि इस प्रकार वाहन चलाने से सड़क पर आवागमन करने वाले अन्य वाहन चालकों एवं राहगीरों के जीवन को गंभीर खतरा हो सकता है, इसके बावजूद उसने कार को लगातार खतरनाक तरीके से चलाया। इस दौरान राहगीर एवं अन्य वाहन चालक बाल-बाल बचे।

रिपोर्ट पर थाना बेमेतरा में बीएनएस की धारा 281, 125 तथा मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 184, 123(1), 123(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई। विवेचना में पुलिस ने वाहन चालक कामेन्द्र घृतलहरे को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने अपनी संलिप्तता स्वीकार की और कार में तीन अन्य साथियों के सवार होने की जानकारी दी।

प्रकरण में आरोपी कामेन्द्र घृतलहरे (26), निवासी मांढर (बी), थाना सिमगा, जिला बलौदाबाजार; अमन बंजारे (25), निवासी वार्ड नं. 10 नयापारा सिमगा; मोहित कुमार घृतलहरे (22) एवं तरूण कुमार घृतलहरे (19), निवासी मांढर (बी) के विरुद्ध बीएनएस एवं मोटर व्हीकल एक्ट के तहत नियमानुसार अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की गई।

कार्रवाई में थाना प्रभारी सिटी कोतवाली बेमेतरा निरीक्षक सोनल ग्वाला, प्रशिक्षु उपनिरीक्षक विजयेंद्र कश्यप, प्रधान आरक्षक रघुराज यदु, आरक्षक इंद्रजीत पांडेय, सौरभ सिंह, शिव कुमार सेन, महेश जांगड़े सहित थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

बेमेतरा पुलिस की अपील: सड़क पर स्टंट नहीं, सुरक्षा है जरूरी। चलती कार की छत, दरवाजे या वाहन के अन्य बाहरी हिस्से पर बैठना जानलेवा हो सकता है। “सड़क पर थोड़ी सी लापरवाही, जिंदगी भर का नुकसान कर सकती है—सुरक्षित चलें, सुरक्षित पहुंचें।”

- Advertisement -spot_img

More articles

- Advertisement -spot_img

Latest article