महिला टी-20 वर्ल्ड कप: दक्षिण अफ्रीका से हार के बाद फंसा सेमीफाइनल का पेंच, अब हर मैच बना नॉकआउट
खेल डेस्क 23 जून 2026
महिला टी20 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान और नीदरलैंड्स को हराकर शानदार शुरुआत करने वाली भारतीय टीम की राह दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मिली छह विकेट की हार के बाद मुश्किल हो गई है।हरमनप्रीत कौर की कप्तानी वाली टीम इंडिया ने फिलहाल तीन मैचों में दो जीत के साथ चार अंक जुटाए हैं और उसका नेट रन रेट +2.511 है।
इस हार ने ग्रुप-ए के समीकरणों को पूरी तरह से उलट-पुलट कर दिया है, जिससे अब भारत, ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका के बीच सेमीफाइनल की रेस बेहद रोमांचक हो गई है।
ग्रुप-ए में फिलहाल सबसे मजबूत स्थिति में ऑस्ट्रेलियाई टीम है, जो लगातार तीन जीत और +4.391 के नेट रन रेट के साथ छह अंक हासिल कर चुकी है। दूसरी ओर, दक्षिण अफ्रीका ने भारत को हराकर अपनी उम्मीदों को नई जान दे दी है। लॉरा वोलवार्ट की कप्तानी वाली दक्षिण अफ्रीकी टीम के अगले मुकाबले नीदरलैंड्स और बांग्लादेश जैसी कमजोर टीमों से हैं, जिन्हें जीतकर वह आठ अंकों तक पहुंच सकती है।
हालांकि, कमजोर नेट रन रेट (-0.546) के कारण उन्हें अब बड़े अंतर से जीत दर्ज करनी होगी।
भारतीय टीम के लिए अब आगे का समीकरण बिल्कुल साफ है- अगले दोनों मैच जीतो और बिना किसी जोड़-घटाव के सेमीफाइनल में कदम रखो।भारत का अगला मुकाबला बांग्लादेश से है, जहां कागज़ पर टीम इंडिया का पलड़ा भारी है। लेकिन यहाँ सिर्फ जीत काफी नहीं होगी, हरमनप्रीत कौर की टीम को एक बड़ी और एकतरफा जीत दर्ज करनी होगी ताकि नेट रन रेट इतना मजबूत हो जाए कि बाद में किसी दूसरी टीम के नतीजों पर निर्भर न रहना पड़े।
असली परीक्षा 28 जून को होगी, जब भारत का सामना सबसे मजबूत दावेदार ऑस्ट्रेलिया से होगा।यदि ऑस्ट्रेलिया अपने अगले मैचों में लड़खड़ाती है और भारत उसे हरा देता है, तो सेमीफाइनल का टिकट पक्का हो जाएगा।लेकिन अगर तीनों टीमें आठ-आठ अंकों पर टाई कर जाती हैं, तो फैसला नेट रन रेट के आधार पर होगा।यही वजह है कि 28 जून को होने वाला भारत-ऑस्ट्रेलिया मुकाबला महज एक लीग मैच न होकर ग्रुप-ए का ‘वर्चुअल क्वार्टर फाइनल’ बन चुका है।
- Advertisement -
- Advertisement -