बेमेतरा 10/05/2026
जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष एवं बेमेतरा के पूर्व विधायक ने राज्य की भाजपा सरकार पर बड़ा हमला बोलते हुए कहा कि किसान विरोधी भाजपा सरकार अब छत्तीसगढ़ के किसानों के साथ अत्याचार करने पर तुल गई है।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार द्वारा पूर्व में सुनियोजित तरीके से धान खरीदी प्रभावित करने के लिए तरह-तरह के रोडे अटकाए गए। इसके बावजूद जब बात नहीं बनी तो अब सरकार ऐसी व्यवस्था लागू कर रही है जिससे किसानों का उत्पादन ही प्रभावित हो जाए।
उन्होंने सहकारी समितियों के माध्यम से कृषकों को प्रति एकड़ एक बोरी यूरिया प्रदान करने, उर्वरक विक्रय हेतु पीओएस मशीन की अनिवार्यता लागू करने तथा किसानों द्वारा एक माह में प्राप्त की जाने वाली अधिकतम मात्रा निर्धारित किए जाने के फैसले को किसानों पर कुठाराघात बताया।
आशीष छाबड़ा ने कहा कि भाजपा सरकार अपनी जिम्मेदारियों से बचना चाहती है और इसके लिए लगातार षड्यंत्र कर रही है। यदि किसानों तक समय पर उर्वरक और यूरिया नहीं पहुंचेगा तो निश्चित रूप से इसका असर खेतों में होने वाले उत्पादन पर पड़ेगा। उत्पादन घटेगा और सरकार यही चाहती है ताकि उसे किसानों से धान खरीदना न पड़े। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार किसानों को मिलने वाले पैसों का उपयोग अपना खजाना भरने में करना चाहती है।
जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक ने कहा कि कांग्रेस पार्टी शुरू से भाजपा सरकार को किसान विरोधी सरकार बताती रही है। यह सरकार अमीरों और पूंजीपतियों की सरकार है, जिसे किसानों के सुख-दुख से कोई लेना-देना नहीं है।
उन्होंने कहा कि शासन द्वारा जारी किए गए इस आदेश का कांग्रेस पार्टी पुरजोर विरोध करेगी। कांग्रेस किसानों की आवाज बनकर सरकार को इस तुगलकी फरमान को वापस लेने के लिए विवश करेगी। आवश्यकता पड़ने पर कांग्रेस पार्टी किसानों के हित में सड़क की लड़ाई लड़ने के लिए भी तैयार है।
किसानों के साथ अत्याचार कर रही है भाजपा सरकार : आशीष छाबड़ा


