लखनऊ/प.बंगाल-27/04/2026
पश्चिम बंगाल में दूसरे चरण के मतदान के लिए आज प्रचार का अंतिम दिन है, जिसे लेकर भाजपा ने पूरी ताकत झोंक दी है। इसी सिलसिले में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज राज्य में धुआंधार प्रचार करेंगे। वे चार प्रमुख स्थानों पर अपनी उपस्थिति दर्ज कराएंगे, जिसमें दो रोड शो और दो जनसभाएं शामिल हैं।
कल्याणी (उत्तर 24 परगना) में सुबह 11:50 बजे रोड शो के साथ उनके दिन की शुरुआत होगी, जिसके बाद वे दोपहर 2:05 बजे हुगली के धानेखाली में एक जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री कोलकाता का रुख करेंगे, जहां दोपहर 3:25 बजे दम दम में रोड शो और शाम 4:10 बजे राजारहाट गोपालपुर में एक बड़ी जनसभा के साथ उनके चुनावी कार्यक्रम का समापन होगा।
इस चुनावी चरण में भाजपा अपनी पूरी ताकत झोंकते हुए ममता सरकार पर चौतरफा हमला बोल रही है। सभी प्रमुख स्टार प्रचारक जमीनी स्तर पर सक्रिय हैं और पार्टी का स्पष्ट लक्ष्य ममता सरकार की विफलताओं को उजागर करके मतदाताओं को लुभाना है।
चूँकि आज प्रचार का आखिरी दिन है, इसलिए भाजपा इस अंतिम अवसर का उपयोग जनता के बीच अपनी पैठ और मजबूत करने के लिए कर रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी से पार्टी का उत्साह बढ़ा है और वे अपने आक्रामक तेवर के साथ भाजपा के पक्ष में माहौल तैयार करने में जुटे हैं।
पश्चिम बंगाल चुनाव में योगी आदित्यनाथ का चुनावी कार्यक्रम


