डिजिटल डेस्क 20/04/2026
छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले
में सोमवार को एक संभावित विमान दुर्घटना की सूचना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, एक प्राइवेट चार्टर्ड विमान नारायणपुर क्षेत्र के समीप आरा पहाड़ियों और रतनपहली जंगल में दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, विमान निचली उड़ान भरते हुए पेड़ों से टकराया और इसके बाद पहाड़ी ढलान से जा भिड़ा। टक्कर के तुरंत बाद जोरदार धमाका हुआ, जिसके साथ घटनास्थल से आग की लपटें और काले धुएं का गुबार उठता देखा गया। इस घटना से आसपास के गांवों में दहशत का माहौल बन गया।
प्रारंभिक रिपोर्टों में पायलट और को-पायलट के हताहत होने की आशंका व्यक्त की जा रही है, हालांकि इस संबंध में अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। विमान में सवार लोगों की संख्या भी स्पष्ट नहीं हो सकी है।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन एवं पुलिस की टीमें मौके के लिए रवाना हो गईं। घने जंगल और दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र के कारण राहत एवं बचाव कार्य में चुनौतियां सामने आ रही हैं, इसके बावजूद टीमों द्वारा आग पर काबू पाने और संभावित पीड़ितों की तलाश जारी है।
दुर्घटना के कारणों का फिलहाल स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। प्रारंभिक तौर पर तकनीकी खराबी या प्रतिकूल मौसम को संभावित कारण माना जा रहा है। संबंधित एजेंसियों द्वारा मामले की जांच की जा रही है।
जशपुर में प्राइवेट चार्टर्ड विमान दुर्घटनाग्रस्त, राहत-बचाव कार्य जारी


