हादसे के बाद प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री दोनों ने दुख जताते हुए पीड़ित परिवारों को मुआवजे का ऐलान किया है ।साथ ही मामले की जांच के आदेश भी दिए गए हैं।
रायपुर, 15 अप्रैल 2026
सक्ती जिले के सिंघीतराई स्थित वेदांता पावर प्लांट में हुई दर्दनाक दुर्घटना पर मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने गहरा दुःख और संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने इस हादसे को अत्यंत पीड़ादायक बताते हुए शोकाकुल परिवारों के साथ राज्य सरकार की पूर्ण एकजुटता का भरोसा दिलाया है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने पीड़ित परिवारों को तत्काल आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। इसके तहत हादसे में जान गंवाने वाले श्रमिकों के परिजनों को 5-5 लाख रुपए की सहायता राशि प्रदान की जाएगी। वहीं, घायल श्रमिकों को 50-50 हजार रुपए की आर्थिक मदद दी जाएगी, जिससे उन्हें उपचार और पुनर्वास में सहूलियत मिल सके।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि सभी घायल श्रमिकों का समुचित एवं निःशुल्क इलाज सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि उपचार में किसी भी स्तर पर लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
घटना की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री ने **कमिश्नर बिलासपुर को जांच के आदेश** दिए हैं। उन्होंने दो टूक कहा कि जांच में जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ कठोरतम कार्रवाई की जाएगी — चाहे वह किसी भी पद या स्तर पर क्यों न हों।
मुख्यमंत्री श्री साय ने आश्वस्त किया कि राज्य सरकार इस पूरे मामले पर सतत नजर बनाए हुए है। राहत एवं पुनर्वास कार्य युद्धस्तर पर संचालित किए जा रहे हैं और प्रभावित परिवारों को हर संभव सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा।


