₹40 करोड़ से अधिक का सोना और ₹2.9 करोड़ नकद जब्त, चार आरोपी गिरफ्तार
नई दिल्ली : 07 जनवरी 2026 (PIB)
सीमा पार तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए राजस्व आसूचना निदेशालय (डीआरआई) ने दिल्ली और अगरतला में एक साथ तलाशी अभियान चलाकर दुबई और बांग्लादेश से संचालित एक अंतरराष्ट्रीय संगठित सोना तस्करी सिंडिकेट का भंडाफोड़ किया है।
इस कार्रवाई में कुल 29.2 किलोग्राम विदेशी मूल का सोना, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग ₹40 करोड़ है, तथा ₹2.90 करोड़ नकद बरामद किया गया है। नकद राशि में भारतीय एवं बांग्लादेशी मुद्रा शामिल है।
विशेष खुफिया जानकारी के आधार पर 6 जनवरी 2026 को डीआरआई ने सिंडिकेट के एक प्रमुख सदस्य को दिल्ली स्थित एक घरेलू लॉजिस्टिक्स वेयरहाउस से उस समय गिरफ्तार किया, जब वह अगरतला (त्रिपुरा) से आई दो खेपों की डिलीवरी ले रहा था। खेप की जांच करने पर 15 किलोग्राम विदेशी मूल का सोना बरामद किया गया, जिस पर अंतरराष्ट्रीय रिफाइनरी के निशान थे। इस सोने का मूल्य लगभग ₹20.73 करोड़ आंका गया है।
इसके बाद दिल्ली और अगरतला में कई ठिकानों पर एक साथ तलाशी अभियान चलाया गया, जिसमें अतिरिक्त 14.2 किलोग्राम सोना और ₹2.90 करोड़ नकद जब्त किया गया। सीमा शुल्क अधिनियम के तहत कुल जब्ती के साथ ही सिंडिकेट के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है।
जांच में सामने आया है कि यह सिंडिकेट त्रिपुरा के रास्ते भारत-बांग्लादेश सीमा से सोने की तस्करी कर रहा था।
इसके बाद दुबई और बांग्लादेश में बैठे हैंडलर्स तथा अगरतला में ज्वेलरी दुकानों से जुड़े स्थानीय ऑपरेटरों की मिलीभगत से घरेलू कार्गो सेवाओं के जरिए सोना दिल्ली भेजा जाता था।
अवैध सोने की आपूर्ति पर प्रभावी रोक लगाकर डीआरआई देश की आर्थिक एवं वित्तीय स्थिरता की रक्षा करने के साथ-साथ निष्पक्ष और पारदर्शी व्यापार वातावरण सुनिश्चित करने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। मामले में आगे की जांच जारी है।


