बालाघाट/मध्य प्रदेश/07/11/2025 :_
नक्सल मोर्चे पर सर्चिंग अभियान में जुटे हॉक_फोर्स के जवानों पर गुरुवार दोपहर मधुमक्खियों ने अचानक हमला कर दिया। इस हमले में करीब 20 जवान घायल हो गए, जिनमें से चार की हालत गंभीर बताई जा रही है। गंभीर रूप से घायल जवानों को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, ये सभी जवान गोदरी कैंप के हैं जो बीते दिनों हुई नक्सली मुठभेड़ के बाद जंगल में सर्च ऑपरेशन के लिए उतारे गए थे। बताया गया कि जवान तीन-चार दिनों से लगातार पालागोंदी के जंगल में तलाशी अभियान में लगे हुए थे।
घटना आज सुबह लगभग 10 से 11 बजे के बीच हुई, जब सर्च टीम आगे बढ़ रही थी। उसी दौरान पीछे कवर दे रहे जवानों की ओर अचानक मधुमक्खियों का झुंड टूट पड़ा। देखते ही देखते पूरी टीम इसकी चपेट में आ गई।
गंभीर रूप से घायल जवानों की पहचान अभिनव बैस, पवन कोल, नरेंद्र धुर्वे और अजय मिश्रा के रूप में हुई है। डॉक्टरों के मुताबिक, सभी जवानों के चेहरे, गर्दन, सिर और हाथों पर मधुमक्खी के डंक के गहरे निशान पाए गए हैं। फिलहाल चारों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।


