एडिशनल एसपी और एसडीओपी के आवासीय क्षेत्र में वारदात, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
बलौदाबाजार/भाटापारा /छत्तीसगढ़/21/09/2025
जिले के भाटापारा स्थित जे.डी. कॉलोनी शनिवार रात चोरी की बड़ी वारदात से दहल गई। यह कॉलोनी प्रशासनिक अफसरों और कर्मचारियों का रिहायशी इलाका है, जिसे अब तक सबसे सुरक्षित माना जाता था। लेकिन इसी कॉलोनी में अज्ञात चोरों ने धावा बोलते हुए एक ही रात में सात घरों के ताले तोड़ डाले।सुबह जब कॉलोनी के लोग उठे तो दरवाजों पर टूटे ताले और बिखरा सामान देखकर हड़कंप मच गया। हैरानी की बात यह रही कि जिन मकानों को निशाना बनाया गया उनमें तहसीलदार और पटवारी जैसे राजस्व अधिकारियों के घर भी शामिल थे।
सुरक्षा दायरे में भी वारदात
यह कॉलोनी एडिशनल एसपी और एसडीओपी के आवासीय क्षेत्र से सटी हुई है। बावजूद इसके, इतनी बड़ी वारदात होना सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़ा कर रहा है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि चोर पहले से इलाके की रेकी कर चुके थे और बेहद सफाई से चोरी को अंजाम देकर फरार हो गए।
सुबह फैला हड़कंप
चोरी का पता तब चला जब सुबह लोग बाहर निकले। उन्होंने देखा कि कई मकानों के ताले टूटे हुए हैं और घरों का सामान अस्त-व्यस्त पड़ा है। परिवारों ने आशंका जताई कि चोर देर रात ही घुसपैठ कर गए थे और उन्हें जगाए बिना सब कुछ ले उड़े।
पुलिस की जांच शुरू, CCTV खंगाले जा रहे
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। अधिकारियों ने बताया कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और जल्द ही आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी की जाएगी।
लोगों में दहशत और नाराजगी
इस घटना ने कॉलोनी के लोगों में दहशत का माहौल बना दिया है। निवासियों ने कहा कि अगर अफसरों और पुलिस अधिकारियों के घरों के आसपास भी चोर वारदात कर सकते हैं, तो आम जनता खुद को कैसे सुरक्षित महसूस करेगी। उन्होंने रात की पुलिस गश्त और निगरानी व्यवस्था पर भी नाराजगी जताई है।
कितना नुकसान हुआ, अभी साफ नहीं
अब तक किसी भी पीड़ित परिवार ने चोरी गए कैश और जेवरात का आधिकारिक ब्यौरा नहीं दिया है। हालांकि अनुमान लगाया जा रहा है कि चोरी की रकम और सामान की कीमत लाखों में हो सकती है।


