सोने की ज्वेलरी खरीदने वाले ग्राहकों के लिए हॉलमार्किंग से जुड़ा अहम बदलाव हुआ है। गोल्ड ज्वेलरी की हॉलमार्किंग फीस 45 रुपए से बढ़ाकर 75 रुपए प्रति आर्टिकल कर दी गई है। यानी फीस में करीब 67 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है। इस बदलाव के बाद ज्वेलरी कारोबार से जुड़े संगठन ने नकली हॉलमार्क के इस्तेमाल को लेकर चिंता जताई है।ग्राहकों के लिए अब केवल हॉलमार्क देखकर ज्वेलरी खरीदना पर्याप्त नहीं होगा। सोने की शुद्धता की जांच के लिए HUID नंबर को भी वेरिफाई करना जरूरी है।
हॉलमार्किंग महंगी होने के बाद क्यों बढ़ी चिंता
ऑल इंडिया जेम एंड ज्वेलरी डोमेस्टिक काउंसिल यानी GJC का कहना है कि हॉलमार्किंग की लागत बढ़ने से नियमों का पालन करने वाले ज्वेलर्स पर अतिरिक्त वित्तीय बोझ पड़ सकता है। संगठन को आशंका है कि कुछ कारोबारी इस अतिरिक्त लागत से बचने के लिए गलत तरीके अपना सकते हैं।GJC ने खासतौर पर छोटे शहरों और कस्बों में ग्राहकों की जागरूकता को लेकर चिंता जताई है। टियर-2, टियर-3 और टियर-4 शहरों में हॉलमार्क और HUID की जांच को लेकर जागरूकता सीमित होने की बात कही गई है।
45 रुपए की जगह अब देने होंगे 75 रुपए
BIS के संशोधित नियमों के अनुसार गोल्ड ज्वेलरी की हॉलमार्किंग फीस अब 75 रुपए प्रति आर्टिकल होगी। यह बदलाव 14 सितंबर 2026 को अधिसूचित BIS Hallmarking Amendment Regulations, 2026 के तहत किया गया है।वहीं चांदी की हॉलमार्किंग फीस में कोई बदलाव नहीं किया गया है। इसकी फीस अभी 35 रुपए प्रति आर्टिकल है।GJC ने गोल्ड हॉलमार्किंग की पुरानी 45 रुपए वाली फीस को दोबारा लागू करने की मांग की है। संगठन ने BIS से यह भी जानकारी मांगी है कि फीस बढ़ाने के पीछे उपकरण, कर्मचारियों, प्रोसेसिंग और स्टोरेज जैसी मदों में अतिरिक्त खर्च कितना बढ़ा है।
ज्वेलरी खरीदते समय इन 3 चीजों की जरूर करें जांच
ग्राहक सोने की ज्वेलरी खरीदते समय केवल हॉलमार्क का निशान देखकर भरोसा न करें। असली हॉलमार्क वाली ज्वेलरी पर आमतौर पर BIS का लोगो, शुद्धता का फाइननेस ग्रेड और 6 अंकों का HUID नंबर दर्ज होता है।HUID नंबर को BIS Care App में Verify HUID विकल्प के जरिए चेक किया जा सकता है। इससे ग्राहक यह पता कर सकते हैं कि ज्वेलरी का हॉलमार्क और उससे जुड़ी जानकारी सही है या नहीं।
22K916 और 18K750 का क्या मतलब है
ज्वेलरी पर लिखी शुद्धता की जानकारी को समझना भी जरूरी है। 22K916 का मतलब 22 कैरेट सोना और 91.6 फीसदी गोल्ड कंटेंट होता है। इसी तरह 18K750 का अर्थ 18 कैरेट सोना और 75 फीसदी गोल्ड कंटेंट है।इसलिए ज्वेलरी खरीदते समय बिल के साथ BIS मार्क, प्योरिटी ग्रेड और HUID नंबर की जांच करना समझदारी होगी।
देश में हॉलमार्किंग का नेटवर्क लगातार बढ़ रहा
सरकारी आंकड़ों के मुताबिक जुलाई 2026 तक देश में मान्यता प्राप्त Assaying and Hallmarking Centres की संख्या बढ़कर 1,577 हो गई। जुलाई 2022 में इनकी संख्या 1,220 थी।वित्त वर्ष 2025-26 के दौरान करीब 13.22 करोड़ ज्वेलरी आर्टिकल्स की हॉलमार्किंग की गई। यानी देश में हॉलमार्किंग का दायरा लगातार बढ़ रहा है।
फीस बढ़ने से कितना पड़ सकता है अतिरिक्त बोझ
GJC के अनुमान के अनुसार हॉलमार्किंग फीस में हुई इस बढ़ोतरी से पूरे इकोसिस्टम पर करीब 400 करोड़ रुपए का अतिरिक्त वित्तीय बोझ पड़ सकता है। इसके अलावा करीब 80 करोड़ रुपए का GST प्रभाव भी होने का अनुमान जताया गया है।


