नाम बड़ा या काम “क्या सूरज को पता है कि उसका नाम सूरज है?” अल्बर्ट आइंस्टीन और स्टीफन हॉकिंग जिस सच को आधा छोड़ गए
डिजिटल डेस्क – 11जुलाई 2026
एक अनजान जिज्ञासु की विचार/ डायरी से…
आज हम सोशल मीडिया की एक ऐसी दुनिया में जी रहे हैं, जहाँ ज्ञान और तर्क नहीं, बल्कि सिर्फ़ पब्लिसिटी (प्रसिद्धि) का बोलबाला है। जब पूरी दुनिया सस्ती लोकप्रियता की होड़ में शामिल होकर डिजिटल पब्लिसिटी को ही सब कुछ मान बैठी है, तो क्यों न हम कुछ गूढ़ बातें करें? ताकि तथ्य और तर्कों के आधार पर, कम से कम इस मूढ़ता को कुछ गुढ़ता में बदला जा सके।
मान लीजिए, कल सुबह जब आप सोकर उठें और दुनिया के सारे इंसान यह भूल जाएं कि किस चीज़ को क्या कहते हैं। आपके सामने खड़ी एक गाय को देखकर आपके मुंह से कोई शब्द न निकले, आसमान में चमकते उस दहकते गोले को देखकर आप शांत रह जाएं।
तब क्या होगा? क्या वह गाय गायब हो जाएगी? क्या वह दहकता हुआ गोला रोशनी देना बंद कर देगा?
नहीं! वे सब वैसे ही रहेंगे जैसे आज हैं।
यहीं से वह तीखा और मौलिक सवाल पैदा होता है, जो आज के विकसित समाज की मान्यताओं का सार है—“क्या गाय को पता है कि उसका नाम गाय है? क्या सूरज जानता है कि इंसान उसे सूरज या सन (Sun) कहकर बुलाता है?”
जवाब है—बिल्कुल नहीं। पूरे ब्रह्मांड पूरी सृष्टि की किसी भी वस्तु का अपना कोई नाम नहीं होता। नाम तो इंसानी चेतना का वह ‘खेल’ है, जो हमने इस असीम संसार को अपनी छोटी सी बुद्धि में समेटने के लिए रचा है।
नामकरण का असली विज्ञान: नाम वस्तु का नहीं, ‘ध्वनि’ का है
आधुनिक विज्ञान (पदार्थ विज्ञान) जहाँ जाकर अपनी सीमाएं खत्म कर देता है, हमारे पूर्वजों का अध्यात्म और चेतना का विज्ञान ठीक वहीं से शुरू होता है। विज्ञान कहता है कि सामने टेबल पर रखी चीज़ ‘लकड़ी’ है, क्योंकि उसके मॉलिक्यूल्स (अणु) वैसे हैं। लेकिन अध्यात्म पूछता है कि उसे ‘लकड़ी’ या ‘Wood’ नाम किसने दिया?
जब इस धरती पर पहली बार इंसानी चेतना ने होश संभाला, तो उसने ब्रह्मांड से आने वाली तरंगों को डिकोड करना शुरू किया।
ध्वनि तरंगों का रहस्य:
हमारे ऋषियों ने समझा कि ब्रह्मांड में सब कुछ ‘कंपन’ (Vibration) है। जब हम किसी वस्तु को देखते हैं, तो हमारे मस्तिष्क में एक विशेष चेतना पैदा होती है। उस चेतना को व्यक्त करने के लिए गले से जो हवा निकली, उसने एक ‘ध्वनि’ (Sound Wave) का रूप लिया।
सूरज और नाम का दर्शन:
हमने उस आग के गोले को देखा, उससे निकलने वाली ऊर्जा को महसूस किया और हमारी चेतना ने एक ध्वनि चुनी—‘सूर्या’। यह नाम उस गोले का नहीं है, यह नाम उस गोले को देखकर हमारे भीतर पैदा हुई ‘अनुभूति की ध्वनि तरंग’ का है।
विज्ञान जहाँ रुकता है, अध्यात्म वहाँ रास्ता खोलता है
आज के महान वैज्ञानिक क्वांटम फिजिक्स (Quantum Physics) में उलझे हुए हैं। वे कहते हैं कि “जब तक कोई देखने वाला (Observer) नहीं होता, तब तक पदार्थ का अस्तित्व तय नहीं होता।”
यही बात तो हमारा दर्शन सदियों से कह रहा है! नाम वस्तुओं के भीतर नहीं छिपा है, नाम उसे ‘देखने वाली चेतना’ (इंसान) के भीतर है। अगर इस धरती से सारे इंसान गायब हो जाएं, तो नाम की यह पूरी मायावी दुनिया एक सेकंड में ढह जाएगी।
प्रकृति फिर से अपने उस मौन और आदिम रूप में आ जाएगी, जहाँ न कोई ‘गाय’ होगी, न ‘सूरज’, न ‘ईश्वर’ और न ‘शैतान’। वहाँ सिर्फ एक अनंत, बिना नाम की ऊर्जा होगी।
जिज्ञासु का निष्कर्ष: शब्दों के जाल से बाहर निकलिए
हम इंसानों की सबसे बड़ी त्रासदी यह है कि हमने चेतना द्वारा बनाए गए ‘नामों’ और ‘शब्दों’ को ही अंतिम सत्य मान लिया। हम नामों पर लड़ रहे हैं, हम भाषाओं पर दीवारें खींच रहे हैं, हम प्रतीकों के पीछे एक-दूसरे की जान लेने पर उतारू हैं।
जबकि सच यह है कि जिसे आप ‘गाय’ कहकर पूज रहे हैं या जिसे विज्ञान ‘बॉस इंडिकस’ (Bos indicus) कह रहा है, वह इन सारे शब्दों से परे प्रकृति की एक मूक, मासूम और पवित्र चेतना है। नामकरण का यह विज्ञान हमें यह सिखाता है कि ब्रह्मांड की हर चीज़ आपस में एक अदृश्य ध्वनि और चेतना की डोरी से जुड़ी हुई है।
जनचौपाल36 का तीखा सवाल:
जब आप शब्दों और नामों के इस भ्रमजाल को हटाकर दुनिया को देखते हैं, तो क्या आपको ब्रह्मांड का वह मौन सत्य सुनाई देता है? क्या आज का विज्ञान सचमुच इस चेतना को कभी नाप पाएगा? अपनी राय नीचे कमेंट बॉक्स में जरूर लिखें और इस वैचारिक क्रांति का हिस्सा बनें।
- Advertisement -
- Advertisement -