SIR, मतदाता सूची में बदलाव और निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर पूर्व विधायक विकास उपाध्याय के नेतृत्व में कांग्रेस ने रायपुर में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। शहर जिला और ग्रामीण कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राजीव गांधी चौक से शास्त्री चौक स्थित मुख्य चुनाव आयुक्त कार्यालय तक पैदल मार्च किया और ज्ञापन सौंपा।
विकास उपाध्याय ने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी लगातार चुनाव प्रक्रिया और कथित वोट चोरी के मुद्दे को उठा रहे हैं। कांग्रेस का आरोप है कि मतदाता सूची में बदलाव और SIR की प्रक्रिया को लेकर पारदर्शिता से जुड़े गंभीर सवाल सामने आए हैं।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने हाल में सामने आई उस रिपोर्ट का भी उल्लेख किया, जिसमें चुनाव आयुक्त सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी की ओर से 10 महीनों में आयोग के फैसलों और प्रक्रियाओं पर कम से कम 14 लिखित आपत्तियां दर्ज किए जाने की बात कही गई है।
कांग्रेस का कहना है कि यह स्थिति चुनावी व्यवस्था की पारदर्शिता और विश्वसनीयता को लेकर सवाल खड़े करती है। पार्टी ने SIR से प्रभावित चुनावों की निष्पक्ष समीक्षा कराने और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की।
विकास उपाध्याय ने कहा कि मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे तक कांग्रेस का आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची और चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता लोकतंत्र के लिए महत्वपूर्ण है।
एआईसीसी महासचिव केसी वेणुगोपाल के दिशा-निर्देश और छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के मार्गदर्शन में आयोजित प्रदर्शन में श्रीकुमार मेनन और राजेंद्र पप्पू बंजारे सहित कांग्रेस के नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए।