22.1 C
Raipur
Thursday, October 29, 2026
Home Blog Page 74

सोना-चांदी के बाजार में आज हलचल कम, निवेशकों की नजर आगे की दिशा पर

0

 मुंबई :  कमोडिटी बाजार में आज सोने और चांदी की शुरुआत सीमित दायरे में हुई. शुरुआती कारोबार में दोनों कीमती धातुओं में बहुत बड़ा उतार चढाव देखने को नहीं मिला. एमसीएक्स पर सोने का 5 अक्टूबर 2026 का वायदा अनुबंध पिछले कारोबारी सत्र के 1,53,094 रुपये प्रति 10 ग्राम के बंद भाव की तुलना में 1,53,497 रुपये पर खुला.सुबह करीब 10 बजे सोना 36 रुपये यानी 0.02 फीसदी की मामूली कमजोरी के साथ 1,53,058 रुपये प्रति 10 ग्राम पर कारोबार कर रहा था. शुरुआती कारोबार के दौरान इसका निचला स्तर 1,53,005 रुपये और ऊपरी स्तर 1,53,497 रुपये प्रति 10 ग्राम रहा.

चांदी में हल्की तेजी, 2.40 लाख रुपये के स्तर के आसपास कारोबार

चांदी के कारोबार में सोने के मुकाबले थोड़ा बेहतर रुख नजर आया. एमसीएक्स पर 4 दिसंबर 2026 की चांदी का वायदा अनुबंध 2,39,317 रुपये प्रति किलो के पिछले बंद भाव से बढ़कर 2,40,529 रुपये प्रति किलो पर खुला.सुबह के कारोबार में चांदी 238 रुपये यानी 0.10 फीसदी की बढ़त के साथ 2,39,555 रुपये प्रति किलो पर थी. कारोबार के दौरान चांदी ने 2,39,400 रुपये का निचला स्तर और 2,40,529 रुपये प्रति किलो का ऊपरी स्तर दर्ज किया.

अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी सोने और चांदी की चाल अलग अलग

विदेशी बाजार में भी दोनों कीमती धातुओं में एक जैसा रुझान नहीं रहा. कॉमेक्स पर सोना 0.23 फीसदी की गिरावट के साथ 4,347 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रहा था. दूसरी ओर चांदी में 0.15 फीसदी की मजबूती दर्ज की गई और यह करीब 66 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गई.

डॉलर मजबूत होने से सोने पर दबाव, कच्चे तेल से मिल रहा सहारा

बाजार जानकारों के अनुसार डॉलर इंडेक्स के 100 के स्तर से ऊपर जाने का असर सोने की कीमतों पर दिखाई दे रहा है. डॉलर में मजबूती के बीच निवेशकों की ओर से कुछ मुनाफावसूली देखने को मिल रही है, जिससे सोने की तेजी पर फिलहाल दबाव बना हुआ है.हालांकि कच्चे तेल की कीमतों में नरमी सोने के लिए सकारात्मक कारक मानी जा रही है. तकनीकी स्तर पर 4,250 डॉलर प्रति औंस को सोने के लिए महत्वपूर्ण सपोर्ट माना जा रहा है. यानी इस स्तर के आसपास कीमत को सहारा मिलने की संभावना पर बाजार की नजर बनी हुई है.

अमेरिकी आंकड़ों की कमी से सीमित दायरे में रह सकता है सोना

इस सप्ताह अमेरिका से कोई बड़ा आर्थिक आंकड़ा जारी होने की उम्मीद नहीं है. ऐसे माहौल में सोने की कीमतों में बहुत बड़ी दिशा बनने के बजाय सीमित दायरे में कारोबार देखने को मिल सकता है. हालांकि वैश्विक बाजार की गतिविधियों और डॉलर की चाल के कारण बीच बीच में उतार चढाव बना रह सकता है.

कहां तक जा सकता है सोने का भाव

बाजार विशेषज्ञों के अनुमान के मुताबिक कॉमेक्स पर सोने के लिए 4,250 से 4,450 डॉलर प्रति औंस का दायरा महत्वपूर्ण रह सकता है. वहीं घरेलू बाजार में एमसीएक्स पर सोने की कीमत 1,51,000 से 1,56,000 रुपये प्रति 10 ग्राम के बीच रहने की संभावना जताई गई है.इस लिहाज से आने वाले कारोबारी सत्रों में निवेशकों की नजर डॉलर इंडेक्स, कच्चे तेल की कीमत और वैश्विक आर्थिक संकेतों पर बनी रहेगी.

पेट्रोल-डीजल के दाम आज भी स्थिर, जानिए दिल्ली से लेकर मुंबई तक आपके शहर में कितना है रेट

0

 पेट्रोल-डीजल : कच्चे तेल के अंतरराष्ट्रीय बाजार में जारी उतार चढाव के बावजूद देश में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में आज कोई बदलाव नहीं हुआ है. अलग अलग शहरों में ईंधन के दाम स्थानीय टैक्स और अन्य शुल्क के कारण अलग बने हुए हैं. दिल्ली में पेट्रोल 102.12 रुपये और डीजल 95.20 रुपये प्रति लीटर पर बिक रहा है.मुंबई में पेट्रोल की कीमत 111.31 रुपये प्रति लीटर और डीजल 97.97 रुपये प्रति लीटर है. देश के प्रमुख महानगरों की तुलना करें तो दिल्ली में पेट्रोल और डीजल दोनों अपेक्षाकृत कम कीमत पर मिल रहे हैं.

जानिए प्रमुख शहरों में आज पेट्रोल और डीजल के दाम

शहरपेट्रोल रुपये प्रति लीटरडीजल रुपये प्रति लीटर
दिल्ली102.1295.20
मुंबई111.3197.97
फरीदाबाद103.2896.10
चेन्नई107.7899.56
लखनऊ101.8695.36
पटना113.3599.36
नासिक112.4698.20
भोपाल115.41100.47
प्रयागराज101.8295.05

रूसी तेल की खरीद में आई कमी, मिडिल ईस्ट से बढ़ी सप्लाई

भारत के कच्चे तेल आयात के स्रोतों में भी हाल के दिनों में बदलाव देखने को मिला है. अगस्त में रूस से भारत आने वाले कच्चे तेल की मात्रा जुलाई की तुलना में 16.5 फीसदी घटकर करीब 21 लाख बैरल प्रतिदिन रह गई.इसके उलट मिडिल ईस्ट से कच्चे तेल की सप्लाई में बढ़ोतरी हुई है. इसका एक प्रमुख कारण संयुक्त अरब अमीरात की सरकारी तेल कंपनी ADNOC की ओर से होर्मुज स्ट्रेट के बाहर स्थित फुजैराह और सोहर जैसे टर्मिनलों से कच्चे तेल की आपूर्ति शुरू करना बताया गया है.

अमेरिकी प्रतिबंधों के बीच भारतीय रिफाइनरियों की रणनीति में बदलाव

रूस से कच्चा तेल खरीदने को लेकर भारतीय रिफाइनरियों के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आर्थिक जोखिम बढ़ा है. अमेरिका में रूस और ईरान से जुड़े प्रतिबंधों को लेकर हाल में सख्त कानूनी प्रावधान सामने आए हैं. इनके तहत रूस से तेल और गैस खरीदने वाले देशों पर अतिरिक्त टैरिफ लगाने का अधिकार अमेरिकी राष्ट्रपति को दिया गया है.भारत और अमेरिका के बीच व्यापार समझौते को लेकर बातचीत जारी रहने के बीच भारतीय रिफाइनरियां अपने आयात स्रोतों में संतुलन बनाने पर जोर दे रही हैं. उपलब्ध जानकारी के मुताबिक रूस से तेल खरीद पर निर्भरता को धीरे धीरे कम करके करीब 20 से 30 फीसदी के दायरे में लाने की कोशिश की जा रही है.

आम लोगों के लिए क्यों अहम है कच्चे तेल के आयात में बदलाव

भारत अपनी घरेलू जरूरतों का एक बड़ा हिस्सा आयातित कच्चे तेल से पूरा करता है. इसलिए अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमत, आयात के स्रोत, रुपये की विनिमय दर और सरकार के टैक्स जैसे कई कारक घरेलू ईंधन कीमतों को प्रभावित कर सकते हैं. फिलहाल देश के प्रमुख शहरों में पेट्रोल और डीजल के दाम स्थिर बने हुए हैं.

पंचांग: बुधवार को प्रथम पूज्यनीय भगवान गणेश की करें आराधना, मिलेगा फल

 पंचांग : आज 23 सितंबर, 2026 बुधवार, के दिन भाद्रपद महीने की शुक्ल पक्ष द्वादशी तिथि है. भगवान विष्णु के द्वारा इस तिथि का नियंत्रण होता है. नई योजना बनाने और रणनीति विकसित करने, धन दान करने और उपवास करने के लिए अच्छा दिन माना जाता है.

23 सितंबर का पंचांग :

  • विक्रम संवत : 2083
  • मास : भाद्रपद
  • पक्ष : शुकल पक्ष द्वादशी
  • दिन : बुधवार
  • तिथि : शुकल पक्ष द्वादशी
  • योग : सुकर्म
  • नक्षत्र : श्रवण
  • करण : बव
  • चंद्र राशि : मकर
  • सूर्य राशि : कन्या
  • सूर्योदय : 06:09:00 AM
  • सूर्यास्त : 06:17:00 PM
  • चंद्रोदय : 04:26 PM
  • चंद्रास्त : 03:35 AM, सितम्बर 24
  • राहुकाल : 12:13 से 13:44
  • यमगंड : 07:40 से 09:11

आज का नक्षत्र
आज के दिन चंद्रमा मकर राशि और श्रवण नक्षत्र में रहेगा. यह नक्षत्र मकर राशि में 10 डिग्री से लेकर 23:20 तक फैला हुआ है. इसके देवता हरि है और इस नक्षत्र पर चंद्रमा का शासन है. यह गतिशील तारा है, जिसमें यात्रा करने, वाहन चलाने, बागवानी करने, जुलूस में जाने, दोस्तों से मिलने, खरीदारी करने और अस्थायी प्रकृति केेे किसी भी तरह के कार्य किए जा सकते हैं.

आज के दिन का वर्जित समय
आज के दिन 12:13 से 13:44 बजे तक राहुकाल रहेगा. ऐसे में कोई शुभ कार्य करना हो, तो इस अवधि से परहेज करना ही अच्छा रहेगा. इसी तरह यमगंड, गुलिक, दुमुहूर्त और वर्ज्यम से भी परहेज करना चाहिए.

धनु राशि: बुधवार को क्यों जरूरी है संभलकर कदम उठाना? जानें आज का संकेत

मेष- चंद्रमा आज 23 सितंबर, 2026 बुधवार को मकर राशि में है। यह आपकी राशि से दसवें भाव में होगा. आपका दिन औसत फलदायी है. परिजनों के साथ बैठकर आप महत्वपूर्ण चर्चा करेंगे. घर की सजावट में आपको परिवर्तन की इच्छा होगी. ऑफिस या व्यवसाय में अधिकारियों के साथ किसी महत्वपूर्ण विषय पर चर्चा हो सकती है. सरकारी लाभ मिलने की संभावना है. ऑफिस से संबंधित काम के लिए यात्रा करनी पडे़गी. काम का भार बढ़ सकता है. स्वास्थ्य के मामले में शारीरिक थकान के साथ थोड़ी अस्वस्थता का अनुभव होगा. माता से लाभ होने की संभावना है.

वृषभ- चंद्रमा आज 23 सितंबर, 2026 बुधवार को मकर राशि में है. यह आपकी राशि से नवें भाव में होगा. आज का दिन व्यापारी वर्ग के लिए अच्छा प्रतीत हो रहा है. वे नई योजनाएं बना सकेंगे. नए बिजनेस में भी आर्थिक लाभ की संभावना है. विदेश में रहने वाले दोस्तों और रिश्तेदारों से बातचीत होने से आनंद का अनुभव करेंगे. आपको लंबी यात्रा करनी पड़ सकती है. धार्मिक स्थान की यात्रा करेंगे. अत्यधिक काम के कारण आप थकान महसूस करेंगे. जीवनसाथी के साथ संबंध और मजबूत होंगे.

मिथुन- चंद्रमा आज 23 सितंबर, 2026 बुधवार को मकर राशि में है। यह आपकी राशि से आठवें भाव में होगा. आज का दिन प्रतिकूल है, हर काम सावधानी से करें. आज किसी नए काम का आरंभ न करें. ऑफिस में अधिकारियों के साथ विवाद करने से नुकसान हो सकता है. गुस्से के कारण कुछ अनिष्ट न हो, इसका खास ध्यान रखें. रोगी अपना कोई नया इलाज या शल्य चिकित्सा आज न करवाएं. स्वास्थ्य के मामले लापरवाही के कारण आपको नुकसान उठाना पड़ सकता है. अपने व्यवहार पर संयम रखने की कोशिश करें. अधिक खर्च होने से चिंतित रह सकते हैं. वाणी पर संयम रखने से विवादों को टाल सकेंगे. किसी कारण से समय पर खाना नहीं मिलेगा. ईश्वर की आराधना से शांति मिलेगी.

कर्क- चंद्रमा आज 23 सितंबर, 2026 बुधवार को मकर राशि में है. यह आपकी राशि से सातवें भाव में होगा. आज सम्मान मिलेगा और बिजनेस में लाभ होगा. वस्त्राभूषण तथा वाहन की खरीदारी कर सकेंगे. मनोरंजन, रुचिकर प्रवृत्तियों तथा दोस्तों से मिलकर सुख का अनुभव करेंगे. आपका वैवाहिक जीवन बहुत सुखी रहेगा. पार्टनरशिप में किए गए कोई भी काम से लाभ प्राप्त कर सकेंगे. यात्रा की संभावना रहेगी. स्वास्थ्य की दृष्टि से समय मध्यम रहेगा. आपको बाहर खाने-पीने में लापरवाही से बचना होगा.

सिंह- चंद्रमा आज 23 सितंबर, 2026 बुधवार को मकर राशि में है. यह आपकी राशि से छठे भाव में होगा. आपका आज का दिन मध्यम फलदायी होगा. परिजनों संग बातचीत करते समय संयम बरतें. जीवनसाथी के साथ किसी खास चर्चा में दिन व्यतीत हो सकता है. दैनिक काम में विघ्न आ सकते हैं. नौकरीपेशा लोग काम समय पर पूरा करने में असमर्थ रहेंगे. मेहनत के बाद भी रिजल्ट कम मिलेगा. माता के स्वास्थ्य की चिंता बनी रहेगी. आपको भी स्वास्थ्य का ध्यान रखना होगा. दोपहर बाद धैर्य के साथ आगे बढ़ेंगे, तो आपके कार्य पूरे हो सकेंगे. स्वास्थ्य की दृष्टि से समय आपके अनुकूल है.

कन्या- चंद्रमा आज 23 सितंबर, 2026 बुधवार को मकर राशि में है. यह आपकी राशि से पांचवें भाव में होगा. आज आपके मन में चिंता और भय का माहौल रहेगा. नौकरीपेशा लोग समय पर काम पूरा कर पाने की स्थिति में नहीं होंगे. आपको स्वास्थ्य और संतान की चिंता हो सकती है. अपच की शिकायत होगी. मौसमी बीमारी होने की आशंका रहेगी. विद्यार्थियों के लिए समय अनुकूल नहीं है. अचानक धन खर्च हो सकता है. शेयर- सट्टे से दूर रहने की सलाह आपको दी जाती है. प्रियजनों से मिलने की संभावना है. यात्रा नहीं करना ही श्रेष्ठ रहेगा. हालांकि प्रेम के मोर्चे पर आज आपका दिन अच्छा रह सकता है. आज अपने प्रिय के साथ ज्यादा समय बिताने का मौका मिलेगा.

तुला- चंद्रमा आज 23 सितंबर, 2026 बुधवार को मकर राशि में है. यह आपकी राशि से चौथे भाव में होगा. आज सावधानी बरतें. विचारों की भरमार आपको मानसिक रूप से अस्वस्थ बनाएगी. आपका मन काम में नहीं लगेगा. माता और स्त्रीवर्ग की चिंता हो सकती है. आज प्रेम जीवन में सकारात्मकता के लिए आपको अपने प्रिय की बातों को भी महत्व देना होगा. आज के दिन यात्रा स्थगित रखें. समय से भोजन नहीं मिलने और पर्याप्त नींद नहीं आने के कारण चिड़चिड़े रह सकते हैं. पारिवारिक संपत्ति बारे में सावधानी से काम लेना बेहतर होगा.

वृश्चिक- चंद्रमा आज 23 सितंबर, 2026 बुधवार को मकर राशि में है. यह आपकी राशि से तीसरे भाव में होगा. आज का दिन खुशी से व्यतीत करेंगे. नए काम की शुरुआत होगी. अपने व्यापार को बढ़ाने के लिए कोई नई योजना बना सकते हैं. नौकरीपेशा लोगों के काम की प्रशंसा हो सकती है. घर में भाई-बहनों के साथ मेल-मिलाप रहेगा. स्वजनों और मित्रों के साथ मुलाकात होगी. किसी छोटी यात्रा के योग हैं. आज आपके सभी काम सफल होंगे. भाग्य में लाभदायक परिवर्तन होगा. दुश्मन और विरोधी अपनी चाल में असफल रहेंगे. आपकी लोकप्रियता में वृद्धि होगी. स्वास्थ्य की दृष्टि से भी आज का दिन आपके लिए लाभप्रद रहेगा. प्रेम जीवन में आप संतुष्ट रहेंगे.

धनु- चंद्रमा आज 23 सितंबर, 2026 बुधवार को मकर राशि में है. यह आपकी राशि से दूसरे भाव में होगा. आज किसी बात का भय आपके मन में रहेगा. परिवार में भी किसी से विवाद हो सकता है. कहीं गलत जगह पैसा खर्च हो सकता है. आपके कार्यों में भी विघ्न आएगा. आज कोई महत्वपूर्ण निर्णय न लें. बिजनेस या नौकरीपेशा लोगों को कोई मतभेद या गलतफहमी हो सकती है. दूर रहने वाले मित्रों या स्वजनों के साथ संपर्क आपके लिए लाभदायक साबित होगा. आज दिन धैर्यपूर्वक गुजारें. जल्दबाजी में कोई काम नहीं करें.

मकर- चंद्रमा आज 23 सितंबर, 2026 बुधवार को मकर राशि में है. यह आपकी राशि से पहले भाव में होगा. आज आपका काम सरलता से पूरा होगा. नौकरी और व्यापार के लिए प्रयासों से प्रतिष्ठा बढ़ेगी. पदोन्नति के योग हैं. अधिकारी आपके काम की प्रशंसा करेंगे. आपको किसी नए काम की जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है. प्रेम जीवन सामान्य है, लेकिन जो लोग विवाहित है उनके गृहस्थ जीवन में आनंद रहेगा. वाहन आदि के उपयोग में ध्यान रखें. चोट लगने की आशंका रहेगी. मित्रों, स्नेहीजनों के साथ मुलाकात सुखद होगी. मानसिक शांति रहेगी. आज आप खर्च पर नियंत्रण रखने में भी कामयाब रहेंगे.

कुंभ- चंद्रमा आज 23 सितंबर, 2026 बुधवार को मकर राशि में है. यह आपकी राशि से बारहवें भाव में होगा. धन के लेन-देन और जमीन-जायदाद के सौदों में आज बहुत ध्यान रखने की जरूरत है. पैसों के लेन-देन के मामले में आज का दिन सामान्य है. किसी से उधार लेने या देने से आज आपको बचना चाहिए. व्यवसाय में पहले से ज्यादा लाभ की उम्मीद ना करें. मानसिक रूप से आज एकाग्र बने रहेंगे. खर्च की मात्रा अधिक होगा. स्वास्थ्य के विषय में ध्यान रखें. पूंजी निवेश गलत जगह पर न हो, इसका ध्यान रखें. आपकी बातों से परिजन सहमत नहीं होंगे. दूसरों की बातों में हस्तक्षेप ना करें, क्योंकि इससे आपको नुकसान हो सकता है. कन्फ्यूजन से बचकर रहें. क्रोध पर संयम रखें.

मीन- चंद्रमा आज 23 सितंबर, 2026 बुधवार को मकर राशि में है. यह आपकी राशि से ग्यारहवें भाव में होगा. आज आप पारिवारिक तथा सामाजिक बातों में व्यस्त रहने वाले हैं. मित्रों से मुलाकात होगी. अपने प्रिय मित्र के साथ दिन का ज्यादा समय गुजारेंगे. मित्रों की जरूरतों पर धन खर्च करना होगा. किसी खास जगह पर जाना हो सकता है. प्रत्येक काम में आपको लाभ होगा. विवाह योग्य जातकों का रिश्ता पक्का हो सकता है. आप उत्साह से पूरा काम कर पाएंगे. व्यवसाय में नई योजना से काम आगे बढ़ाएंगे. नौकरीपेशा लोगों को कोई नया टारगेट मिल सकता है. उनके काम की तारीफ भी हो सकती है. अतिउत्साह में किए कार्य से नुकसान हो सकता है. स्वास्थ्य की दृष्टि से समय अच्छा बना हुआ है.

CG Patwari Transfer: गौरेला-पेंड्रा-मरवाही में 60 पटवारियों का तबादला, 3 दिन में नई जगह संभालना होगा पदभार

गौरव जैन, गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही. जिले के राजस्व विभाग में बड़े पैमाने पर पटवारियों का ट्रासंफर किया गया है. यह सभी लंबे वक्त से एक ही हल्के में जमे हुए थे. प्रशासनिक कसावट के लिए पेंड्रारोड, मरवाही, सकोला और पेण्ड्रा तहसीलों में पटवारियों का ताबदला किया गया है. कलेक्टर कार्यालय से जारी सूची में 60 पटवारियों का नाम शामिल है.

CG Patwari Transfer : चार प्रमुख तहसीलों में फेरबदल

कलेक्टर कार्यालय (भू-अभिलेख) द्वारा 21 सितंबर 2026 को जारी अलग-अलग आदेशों के तहत जिले की चारों प्रमुख तहसीलों में पदस्थ 60 पटवारियों के हल्के बदलकर उन्हें तत्काल प्रभाव से नई पदस्थापनाएं दी गई हैं. मरवाही में 22, पेंड्रारोड में 18, पेंड्रा में 10 और सकोला में 10 पटवारियों का ट्रांसफर किया गया है.

3 दिन में पदभार ग्रहण करने का आदेश

​आदेश में स्पष्ट किया गया है कि सभी स्थानांतरित पटवारियों को तत्काल प्रभाव से कार्यमुक्त कर दिया गया है. उन्हें 03 दिवस के भीतर अपने नवीन तहसील कार्यालय में उपस्थिति दर्ज कराकर नए पटवारी हलके का प्रभार ग्रहण करने के सख्त निर्देश दिए गए हैं.

देखें लिस्ट

नकली तंबाकू का नेटवर्क पकड़ा, मालवाहक से 75 बोरा संदिग्ध माल जब्त

भानुप्रतापपुर। नकली शराब के मामले के बाद भानुप्रतापपुर पुलिस ने नकली तंबाकू की सप्लाई से जुड़े एक नेटवर्क का पता लगाया है। पुलिस ने जांच के दौरान एक छोटे मालवाहक वाहन से करीब 75 बोरा तंबाकू जब्त किया है। प्रारंभिक जांच में इसे ‘ऊं सुरेश छाप’ ब्रांड के नाम और मार्का की नकल कर तैयार किया गया माल बताया जा रहा है।पुलिस ने मामले में नागपुर निवासी सचिन ठाकरे को कथित सप्लायर और दल्लीराजहरा निवासी ओम प्रकाश कुकरेजा को डीलर बताए जाने के आधार पर दोनों के खिलाफ अपराध दर्ज किया है। फिलहाल किसी आरोपी की गिरफ्तारी नही हुई है।

वाहन जांच के दौरान खुला मामला

पुलिस को भानुप्रतापपुर और दल्लीराजहरा क्षेत्र में नकली तंबाकू खपाए जाने की सूचना मिली थी। इसी आधार पर 18 सितंबर को वाहनों की जांच की जा रही थी। इस दौरान CG 08 BH 6398 नंबर का छोटा मालवाहक पुलिस के संदेह के घेरे में आया।वाहन को रोककर चालक से पूछताछ की गई और उसमें रखे सामान से संबंधित दस्तावेज मांगे गए। दस्तावेज प्रस्तुत नही किए जाने पर वाहन को थाने लाकर उसकी विस्तृत जांच की गई।

ब्रांड की नकल वाले माल की आशंका

जांच में वाहन में बड़ी मात्रा में तंबाकू लदा मिला। पुलिस ने इसके निर्माता और ब्रांड से संबंधित जानकारी जुटाई। इस दौरान भिलाई स्थित ओम आशा पुरी ट्रेडर्स के संचालक नदीम शहबाज से भी पूछताछ की गई।जांच के दौरान पुलिस को क्षेत्र में संबंधित मार्का की नकल कर तैयार तंबाकू की सप्लाई किए जाने की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस ने वाहन समेत करीब 75 बोरा तंबाकू जब्त कर लिया।

नागपुर से दल्लीराजहरा तक सप्लाई की कड़ी

पुलिस के अनुसार पूछताछ और जांच में जब्त तंबाकू की सप्लाई नागपुर निवासी सचिन ठाकरे से जुड़े होने की जानकारी सामने आई। वहीं दल्लीराजहरा के ओम प्रकाश कुकरेजा को स्थानीय स्तर पर डीलर बताए जाने की बात पुलिस ने कही है।अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि संदिग्ध तंबाकू की खेप कहां से तैयार होकर आ रही थी और भानुप्रतापपुर-दल्लीराजहरा के अलावा किन इलाकों में इसकी सप्लाई की जा रही थी।

कॉपीराइट एक्ट और BNS में अपराध दर्ज

पुलिस ने सचिन ठाकरे और ओम प्रकाश कुकरेजा के खिलाफ कॉपीराइट एक्ट की धारा 63 तथा BNS की धारा 318(4) और 3(5) के तहत अपराध दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर मामले में आगे और लोगों की भूमिका सामने आ सकती है।

नकली शराब के बाद तंबाकू मामले से बढ़ी चिंता

भानुप्रतापपुर पुलिस ने करीब 13 दिन पहले नकली शराब तैयार करने वाले एक नेटवर्क का भी खुलासा किया था। इसके बाद नकली तंबाकू की बड़ी खेप पकड़े जाने से क्षेत्र में नकली उत्पादों की सप्लाई को लेकर सवाल उठ रहे है। पुलिस अब दोनों मामलों की जांच के साथ यह भी पता लगा रही है कि नकली सामान की सप्लाई में कोई व्यापक नेटवर्क सक्रिय तो नही है।

जिला अस्पताल में प्रसव के दौरान जच्चा-बच्चा की मौत, परिजनों ने लापरवाही का लगाया आरोप; कलेक्टर से शिकायत

राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिला अस्पताल में प्रसव के दौरान महिला और उसके नवजात बच्चे की मौत का मामला सामने आया है। घटना के बाद परिजनों ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए अस्पताल में विरोध जताया। परिजनों का यह भी आरोप है कि महिला की मौत के बाद अस्पताल प्रबंधन ने बिना पोस्टमार्टम कराए शव उन्हें सौंप दिया। मामले को लेकर अब कलेक्टर से शिकायत कर निष्पक्ष जांच की मांग की गई है।

प्रसव पीड़ा के बाद जिला अस्पताल लाए थे परिजन

परिजनों के मुताबिक महिला को प्रसव पीड़ा होने पर राजनांदगांव के जिला अस्पताल लाया गया था। अस्पताल में उपचार के दौरान महिला और उसके नवजात बच्चे की मौत हो गई। दोनों की मौत की जानकारी मिलने के बाद परिजनों में आक्रोश फैल गया और उन्होंने डॉक्टरों तथा स्वास्थ्यकर्मियों पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया।

मौत के बाद अस्पताल में हुआ हंगामा

जच्चा और बच्चे की मौत के बाद परिजनों ने अस्पताल परिसर में विरोध जताया। उनका आरोप है कि समय पर उचित इलाज नहीं मिलने के कारण दोनों की जान गई। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है और पूरे मामले की जांच के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।

बिना पोस्टमार्टम शव सौंपने का भी आरोप

परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर एक और गंभीर आरोप लगाया है। उनका कहना है कि महिला की मौत के बाद मामले को दबाने की कोशिश की गई और बिना पोस्टमार्टम कराए ही शव उन्हें सौंप दिया गया। परिजनों का दावा है कि इस तरह की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के मामले में पोस्टमार्टम कराया जाना जरूरी था।

कलेक्टर से शिकायत, जांच की मांग

घटना से नाराज महिला के रिश्तेदारों ने जिला प्रशासन के सामने शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और इलाज के दौरान हुई घटनाओं की जिम्मेदारी तय करने की मांग की है। अब प्रशासनिक स्तर पर मामले की जांच के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि महिला और नवजात की मौत किन परिस्थितियों में हुई और पोस्टमार्टम नहीं कराने के पीछे क्या कारण था।

Durg Chain Snatching: BTech के छात्र निकले चेन स्नैचर, युवती चलाती थी स्कूटी और युवक झपट लेता था सोने की चेन; बुजुर्ग महिलाएं थीं निशाने पर

 दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में चेन स्नैचिंग की वारदातों का पुलिस ने खुलासा किया है। इस मामले में पकड़े गए युवक-युवती की पहचान के बाद पुलिस भी हैरान रह गई। दोनों किसी आपराधिक गिरोह का हिस्सा नहीं, बल्कि साथ में BTech की पढ़ाई करने वाले छात्र बताए जा रहे हैं। पैसों की जरूरत पूरी करने के लिए दोनों ने चेन स्नैचिंग का रास्ता चुना और सुबह के समय बुजुर्ग महिलाओं को निशाना बनाना शुरू कर दिया।

सुबह टहलने निकली बुजुर्ग महिला को बनाया शिकार

मामला सुपेला थाना क्षेत्र का है। पुलिस के मुताबिक 31 जुलाई की सुबह करीब साढ़े 6 बजे प्रियदर्शनी परिसर में 62 वर्षीय गीता देवी घर के बाहर टहल रही थीं। इसी दौरान स्कूटी पर सवार युवक-युवती वहां पहुंचे। स्कूटी युवती चला रही थी, जबकि पीछे बैठे युवक ने मौका देखकर गीता देवी के गले से सोने की चेन झपट ली।वारदात के बाद दोनों तेजी से मौके से फरार हो गए। इसके बाद 20 सितंबर को नेहरू नगर ईस्ट की विद्या विहार कॉलोनी में भी इसी तरह गीता देवी को निशाना बनाए जाने की जानकारी सामने आई।

CCTV और तकनीकी साक्ष्यों से आरोपियों तक पहुंची पुलिस

लगातार सामने आ रही घटनाओं के बाद सुपेला पुलिस ने आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके साथ ही तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदिग्धों की पहचान करने का प्रयास किया गया। जांच आगे बढ़ने पर पुलिस विक्की नायक और तरूणा सिन्हा तक पहुंची।दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस के अनुसार पूछताछ के दौरान दोनों ने चेन स्नैचिंग की वारदातों में शामिल होने की बात स्वीकार की है।

युवती स्कूटी चलाती, युवक झपटता था चेन

ASP मणिशंकर चंद्रा के मुताबिक आरोपियों ने वारदात के लिए एक खास तरीका अपनाया था। दोनों सुबह के समय स्कूटी से इलाके में घूमते थे और ऐसी बुजुर्ग महिलाओं की तलाश करते थे, जो अकेले पैदल चल रही हों।मौका मिलते ही स्कूटी पर पीछे बैठा युवक महिला के गले से चेन झपट लेता था। इसके बाद युवती स्कूटी तेज रफ्तार से भगाकर दोनों को वहां से निकाल ले जाती थी।

पहचान छिपाने के लिए बदलते थे हुलिया

पुलिस के अनुसार आरोपी अपनी पहचान छिपाने के लिए हेलमेट और कपड़ों का इस्तेमाल करते थे। पुलिस अब दोनों से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि उन्होंने कितनी वारदातों को अंजाम दिया और छीनी गई चेन कहां खपाई गईं। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

गरियाबंद में पत्नी की बेल्ट से पिटाई कर हत्या का आरोप, चरित्र पर संदेह को लेकर हुआ था विवाद; पति हिरासत में

 गरियाबंद। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में घरेलू विवाद के दौरान महिला की मौत का मामला सामने आया है। शोभा थाना क्षेत्र के जरहीडीह गांव में एक पति पर अपनी पत्नी की बेल्ट से बेरहमी से पिटाई करने का आरोप है। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच चरित्र को लेकर संदेह के चलते विवाद हुआ था। मारपीट के बाद महिला की मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी पति को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

चरित्र पर संदेह को लेकर शुरू हुआ विवाद

मिली जानकारी के अनुसार, जरहीडीह निवासी राम कुमार का बीती रात अपनी पत्नी मोनिका, उम्र 32 वर्ष, से विवाद हुआ। विवाद की वजह पत्नी के चरित्र को लेकर पति का संदेह बताया जा रहा है। कहासुनी बढ़ने के बाद मामला मारपीट तक पहुंच गया।आरोप है कि राम कुमार ने बेल्ट से मोनिका की पिटाई शुरू कर दी। मारपीट इतनी गंभीर थी कि मोनिका की हालत बिगड़ गई और बाद में उसकी मौत हो गई।

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस

घटना की जानकारी मिलने के बाद शोभा थाना पुलिस जरहीडीह गांव पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल से संबंधित जानकारी जुटाई और मामले की प्रारंभिक जांच शुरू की। महिला की मौत के बाद पुलिस ने आरोपी पति राम कुमार को हिरासत में लिया है।

हत्या की परिस्थितियों की जांच जारी

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि विवाद किस बात से शुरू हुआ और मारपीट के दौरान वास्तव में क्या परिस्थितियां बनीं। घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। पुलिस की जांच और आगे की कानूनी कार्रवाई के बाद मामले की पूरी स्थिति स्पष्ट होगी।

फर्जी निवास-आय प्रमाण पत्र से CISF में नौकरी, दंतेवाड़ा पुलिस ने राजस्थान से आरोपी को पकड़ा

 दंतेवाड़ा। छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में फर्जी दस्तावेजों के सहारे सरकारी नौकरी हासिल करने का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार, उत्तर प्रदेश के रायबरेली निवासी सत्यम दीक्षित ने कथित तौर पर दंतेवाड़ा के फर्जी निवास और आय प्रमाण पत्र तैयार कराए और इन्हीं दस्तावेजों का इस्तेमाल CISF भर्ती के दौरान किया। भर्ती होने के बाद उसकी पोस्टिंग राजस्थान के देवली में हुई थी। दंतेवाड़ा पुलिस ने आरोपी को राजस्थान पहुंचकर गिरफ्तार कर लिया है।

दस्तावेजों के सत्यापन में सामने आया फर्जीवाड़ा

पुलिस के मुताबिक, मामले की जांच के दौरान आरोपी द्वारा प्रस्तुत किए गए प्रमाण पत्रों पर संदेह हुआ। इसके बाद निवास और आय प्रमाण पत्रों का राजस्व अधिकारियों तथा संबंधित तहसील कार्यालय से सत्यापन कराया गया।जांच में पता चला कि प्रमाण पत्र हासिल करने के लिए लगाए गए दस्तावेज वास्तविक नहीं थे। सत्यापन रिपोर्ट सामने आने के बाद पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की।

CISF में भर्ती के बाद राजस्थान में था तैनात

जांच आगे बढ़ने पर पुलिस को जानकारी मिली कि सत्यम दीक्षित CISF में भर्ती हो चुका है और राजस्थान के देवली में पदस्थ है। इसके बाद दंतेवाड़ा पुलिस ने आरोपी की लोकेशन की पुष्टि की और उसे गिरफ्तार करने के लिए टीम राजस्थान भेजी।पुलिस टीम ने देवली पहुंचकर आरोपी को हिरासत में लिया। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

फर्जी प्रमाण पत्र किसकी मदद से बने, जांच जारी

पुलिस अब इस मामले की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है। जांच का एक अहम पहलू यह है कि आरोपी ने दंतेवाड़ा जिले का निवास और आय प्रमाण पत्र किसके माध्यम से हासिल किया।पुलिस यह भी पता लगा रही है कि फर्जी दस्तावेज तैयार करने या प्रमाण पत्र जारी कराने की प्रक्रिया में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका थी या नहीं। यदि जांच में किसी और की संलिप्तता सामने आती है तो उसके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

SP के निर्देश पर टीम ने की कार्रवाई

यह कार्रवाई सिटी कोतवाली पुलिस ने दंतेवाड़ा SP चंद्र मोहन सिंह के निर्देश पर की। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जितेंद्र खूंटे और SDOP आकांक्षा ठाकुर के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने राजस्थान जाकर आरोपी को गिरफ्तार किया।पुलिस अब आरोपी से पूछताछ के आधार पर फर्जी दस्तावेज तैयार कराने से लेकर CISF भर्ती में उनके इस्तेमाल तक की पूरी प्रक्रिया की जांच कर रही है।