20.5 C
Raipur
Thursday, October 29, 2026
Home Blog Page 62

नक्सलवाद से प्रभावित रहे क्षेत्रों में शांति के साथ खुल रहे विकास और समृद्धि के नए द्वार : मुख्यमंत्री साय

अंतागढ़ के लामकन्हार में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सुनी ‘मन की बात’ की 138वीं कड़ी

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रविवार को कांकेर जिले के अंतागढ़ विकासखंड के ग्राम लामकन्हार स्थित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ की 138वीं कड़ी का श्रवण किया। प्रधानमंत्री मोदी द्वारा कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के ‘हर घर मुनगा-घर-घर मुनगा’ अभियान का उल्लेख किए जाने पर मुख्यमंत्री ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे पूरे प्रदेश के लिए गौरव का विषय बताया। मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश के अलग-अलग हिस्सों में जनभागीदारी से हो रहे सकारात्मक बदलावों और नवाचारों को ‘मन की बात’ के माध्यम से राष्ट्रीय मंच प्रदान करते हैं।

सीएम साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ के प्रयासों का उनके द्वारा लगातार उल्लेख किया जाना प्रदेशवासियों के परिश्रम और सहभागिता का सम्मान है। इससे हमारे स्थानीय प्रयासों को नई पहचान मिलने के साथ ही बेहतर कार्य करने की प्रेरणा भी मिलती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘हर घर मुनगा-घर-घर मुनगा’ अभियान कुपोषण के विरुद्ध छत्तीसगढ़ की लड़ाई को जनभागीदारी से और प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। मुनगा सहज उपलब्ध होने के साथ पोषण का महत्वपूर्ण स्रोत है। इसके पत्ते, फल और फूल भोजन में उपयोग किए जाते हैं तथा इनमें आयरन सहित अनेक पोषक तत्व पाए जाते हैं। उन्होंने उपस्थित ग्रामीणों और विद्यार्थियों से अपने घरों में मुनगा का पौधा लगाने तथा इसके पोषण संबंधी लाभों के प्रति अन्य लोगों को भी जागरूक करने का आह्वान किया।

प्रधानमंत्री ने पोषण से लेकर वोकल फॉर लोकल’ तक विभिन्न विषयों पर किया संवाद

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘मन की बात’ की 138वीं कड़ी में आतंकवाद के खिलाफ भारत की दृढ़ नीति, जनगणना में नागरिकों की भागीदारी, सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, नशामुक्ति, खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहन तथा ‘वोकल फॉर लोकल’ सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर देशवासियों से संवाद किया। प्रधानमंत्री ने सितंबर माह को कुपोषण के विरुद्ध लड़ाई को समर्पित पोषण माह के रूप में रेखांकित करते हुए देश के विभिन्न हिस्सों में पोषण को लेकर किए जा रहे प्रयासों का उल्लेख किया। इसी क्रम में उन्होंने छत्तीसगढ़ में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा संचालित ‘हर घर मुनगा-घर-घर मुनगा’ अभियान की चर्चा की। इस अभियान के माध्यम से लोगों को पौष्टिक मुनगा अर्थात मोरिंगा को दैनिक खान-पान का हिस्सा बनाने और इसके पौधे लगाने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है।

छत्तीसगढ़ के नवाचारों की ‘मन की बात’ में लगातार हो रही चर्चा

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि यह प्रदेश के लिए गौरव का विषय है कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ‘मन की बात’ में छत्तीसगढ़ के जनभागीदारी आधारित प्रयासों और नवाचारों को लगातार स्थान दे रहे हैं। इससे पहले बस्तर पंडुम, बस्तर ओलंपिक, मल्हार में प्राप्त ऐतिहासिक ताम्रपत्र और कोरिया जिले के ‘5 प्रतिशत जल संचय मॉडल’ जैसे प्रयासों की प्रधानमंत्री द्वारा सराहना की जा चुकी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि कोरिया जिले का ‘5 प्रतिशत जल संचय मॉडल’ स्थानीय आवश्यकता और जनभागीदारी से निकला एक प्रभावी समाधान है।

इसके अंतर्गत किसान अपने खेत के पांच प्रतिशत हिस्से में जल संचयन की व्यवस्था करते हैं। इससे आवश्यकता के समय फसलों की सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध होता है और भूजल स्तर बढ़ाने में भी सहायता मिलती है। ऐसे नवाचार बताते हैं कि स्थानीय स्तर पर जनभागीदारी से किए गए छोटे-छोटे प्रयास भी व्यापक बदलाव का आधार बन सकते हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ‘मन की बात’ में ऐसे कार्यों को देश के सामने लाकर उनसे जुड़े लोगों का उत्साहवर्धन करते हैं। साथ ही देश के अन्य क्षेत्रों के लोगों को भी अपने गांव, शहर और समाज में सकारात्मक परिवर्तन के लिए आगे आने की प्रेरणा मिलती है।

नक्सलवाद के प्रभाव से निकलकर विकास की नई राह पर आगे बढ़ रहा क्षेत्र

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि बस्तर के साथ कांकेर का यह क्षेत्र भी लंबे समय तक नक्सलवाद से प्रभावित रहा है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व, केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह की दृढ़ इच्छाशक्ति, सुरक्षा बलों के जवानों के अदम्य साहस और स्थानीय जनता के सहयोग से छत्तीसगढ़ नक्सलवाद से मुक्ति की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि जिन क्षेत्रों में कभी भय और असुरक्षा का वातावरण था, वहां अब शांति, विश्वास और विकास की नई तस्वीर दिखाई दे रही है। शांति और सुरक्षा का वातावरण मजबूत होने के साथ दूरस्थ अंचलों में विकास के नए अवसर भी निर्मित हो रहे हैं।

मुख्यमंत्री  साय ने कहा कि बस्तर अंचल दशकों तक विकास की मुख्यधारा से अपेक्षाकृत दूर रहा, लेकिन अब सरकार का संकल्प है कि विकास का लाभ अंतिम गांव और अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल, संचार, रोजगार और अन्य बुनियादी सुविधाओं का विस्तार तेजी से किया जा रहा है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार से छत्तीसगढ़ को निरंतर सहयोग मिल रहा है। राज्य सरकार भी पूरी प्रतिबद्धता के साथ क्षेत्र में शांति के साथ समृद्धि और विकास को गति देने में जुटी है।

लामकन्हार के विकास के लिए 85 लाख रुपए की सौगात

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस अवसर पर ग्राम लामकन्हार में शिक्षा, अधोसंरचना और सामुदायिक सुविधाओं के विस्तार के लिए कुल 85 लाख रुपए के विभिन्न विकास कार्यों की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने लामकन्हार में शीतला मंदिर के पास सामुदायिक भवन निर्माण के लिए 15 लाख रुपए, प्राथमिक एवं माध्यमिक शाला भवन निर्माण के लिए 37 लाख रुपए, छोटे पारा में सीसी रोड निर्माण के लिए 18 लाख रुपए तथा एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय लामकन्हार में पुस्तकालय एवं प्रयोगशाला के लिए 15 लाख रुपए प्रदान करने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार दूरस्थ और जनजातीय क्षेत्रों में शिक्षा तथा बुनियादी अधोसंरचना को सुदृढ़ करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। बच्चों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। लामकन्हार में घोषित इन विकास कार्यों से ग्रामीणों के साथ ही विद्यार्थियों को भी बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।

‘एक पेड़ मां के नाम’ के तहत लगाया अमरूद का पौधा

‘मन की बात’ कार्यक्रम के पश्चात मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय परिसर में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के अंतर्गत अमरूद का पौधा लगाया। उन्होंने उपस्थित लोगों से पर्यावरण संरक्षण के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाने के साथ उनकी नियमित देखभाल और संरक्षण का भी आह्वान किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि पर्यावरण का संरक्षण सरकार के साथ समाज के प्रत्येक व्यक्ति की साझा जिम्मेदारी है। आज लगाया गया प्रत्येक पौधा आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और सुरक्षित पर्यावरण की नींव मजबूत करेगा। कार्यक्रम में स्कूली छात्र-छात्राओं और ग्रामीणों ने भी प्रधानमंत्री  नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम का श्रवण किया। इस अवसर पर सांसद भोजराज नाग, अंतागढ़ विधायक विक्रम उसेंडी सहित जनप्रतिनिधिगण, अधिकारी-कर्मचारी, स्कूली छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित थे।

आज का सोना-चांदी भाव: खरीदारी से पहले जान लें 24, 22 और 18 कैरेट के रेट, चांदी भी हुई इतनी महंगी

0

सोना-चांदी  : अगर आप शादी-ब्याह, किसी खास आयोजन या निवेश के लिए सोना-चांदी खरीदने की तैयारी कर रहे हैं, तो बाजार जाने से पहले आज के भाव जान लेना आपके बजट के लिए जरूरी है। 27 सितंबर 2026 को सोने की कीमतें ऊंचे स्तर पर बनी हुई हैं। ऐसे में थोड़ी सी भी खरीदारी में रेट का अंतर आपकी जेब पर असर डाल सकता है।

24 कैरेट सोने का आज क्या है भाव

27 सितंबर को 24 कैरेट सोने की कीमत करीब 1,52,680 रुपये प्रति 10 ग्राम दर्ज की गई है। यानी एक ग्राम 24 कैरेट सोने के लिए करीब 15,268 रुपये चुकाने पड़ सकते हैं।वहीं 22 कैरेट सोना करीब 1,39,950 रुपये प्रति 10 ग्राम और 13,995 रुपये प्रति ग्राम के भाव पर है। गहने बनवाने के लिए आमतौर पर 22 कैरेट सोने की मांग अधिक रहती है।18 कैरेट सोने की कीमत करीब 1,14,510 रुपये प्रति 10 ग्राम यानी 11,451 रुपये प्रति ग्राम है।

चांदी खरीदने से पहले जानें आज का रेट

सोने के साथ चांदी खरीदने वालों के लिए भी आज का भाव जानना जरूरी है। चांदी करीब 2,45,000 रुपये प्रति किलो के स्तर पर कारोबार कर रही है।इस हिसाब से 10 ग्राम चांदी की कीमत करीब 2,450 रुपये और 100 ग्राम चांदी का भाव लगभग 24,500 रुपये बैठता है।

इन शहरों में चांदी 2.45 लाख रुपये किलो के करीब

दिल्ली, मुंबई, कोलकाता, बेंगलुरु, पुणे, वडोदरा और अहमदाबाद में चांदी का भाव करीब 2.45 लाख रुपये प्रति किलो है। दूसरी ओर चेन्नई, हैदराबाद और केरल में इसका भाव करीब 2.50 लाख रुपये प्रति किलो तक पहुंचा हुआ है।शहर, ज्वेलर और स्थानीय बाजार के हिसाब से वास्तविक कीमत में थोड़ा अंतर हो सकता है।

सोना खरीदते समय इन बातों को बिल्कुल न करें नजरअंदाज

सोने की कीमत जान लेना ही पर्याप्त नहीं है। खरीदारी के समय उसकी शुद्धता और हॉलमार्क भी जरूर जांचें। सोने के आभूषणों पर BIS हॉलमार्क और कैरेट की जानकारी देखना जरूरी है।चांदी खरीदते समय भी उसकी शुद्धता की पुष्टि करें। इसके अलावा दुकानदार से पक्का GST बिल लेना न भूलें। बिल में सोने का वजन, प्रति ग्राम रेट, मेकिंग चार्ज और GST की रकम स्पष्ट रूप से दर्ज होनी चाहिए।

बाजार भाव और अंतिम बिल में क्यों हो सकता है अंतर

आपने जो सोने का बाजार भाव देखा है, वही रकम आपको दुकान पर अंतिम रूप से नहीं चुकानी पड़ती। आभूषण खरीदने पर मेकिंग चार्ज और GST समेत दूसरे लागू शुल्क जुड़ सकते हैं। इसलिए खरीदारी से पहले सिर्फ सोने के रेट के बजाय पूरे बिल की लागत समझना आपके लिए ज्यादा जरूरी है।

पेट्रोल-डीजल के आज के रेट में नहीं हुआ बदलाव, जानें दिल्ली में कितनी है कीमत…LPG सिलेंडर के दाम भी स्थिर

0

 पेट्रोल-डीजल : 28 सितंबर 2026 को देश में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल के दाम में उतार-चढ़ाव के बावजूद दिल्ली में आज भी पेट्रोल 102.12 रुपये प्रति लीटर और डीजल 95.20 रुपये प्रति लीटर की दर से मिल रहा है। वहीं, प्रीमियम पेट्रोल की अलग-अलग कैटेगरी के दाम भी जारी हैं।

दिल्ली में पेट्रोल-डीजल के रेट स्थिर

इंडियन ऑयल के अनुसार, दिल्ली में सोमवार को पेट्रोल की कीमत 102.12 रुपये प्रति लीटर और डीजल की कीमत 95.20 रुपये प्रति लीटर है। दोनों ईंधनों के रेट में पिछले दिन के मुकाबले कोई बदलाव नहीं किया गया है।प्रीमियम फ्यूल की बात करें तो XP95 की कीमत 109.24 रुपये प्रति लीटर, XP100 की 167.35 रुपये और XG की कीमत 100.52 रुपये प्रति लीटर बनी हुई है।

LPG सिलेंडर के दाम में भी राहत, 1 अक्टूबर को होगा अगला अपडेट

रसोई गैस की कीमतों में भी आज कोई बदलाव नहीं हुआ है। दिल्ली समेत देश के प्रमुख शहरों में LPG सिलेंडर पुराने दाम पर ही उपलब्ध है। दिल्ली में 14.2 किलो का घरेलू LPG सिलेंडर 942 रुपये में मिल रहा है, जबकि 19 किलो के कमर्शियल सिलेंडर की कीमत 2747.50 रुपये है।LPG की कीमतों में अगला बदलाव 1 अक्टूबर को होने की उम्मीद है। ऐसे में आने वाले दिनों में घरेलू बजट पर इसका असर देखने को मिल सकता है।

ईरान-अमेरिका तनाव से फिर महंगा हुआ कच्चा तेल

अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में तेजी के पीछे ईरान और अमेरिका के बीच बातचीत को लेकर बनी अनिश्चितता अहम वजह मानी जा रही है। ईरान ने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को फिर से खोलने के लिए सात दिन का प्रस्ताव दिया था, लेकिन अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इस प्रस्ताव को स्वीकार नहीं किया।इसके बाद इस महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग के जल्द सामान्य होने को लेकर बाजार की चिंता बढ़ गई। मध्य पूर्व में जारी तनाव और यमन में हूती विद्रोहियों से जुड़ी सुरक्षा घटनाओं ने भी तेल बाजार पर दबाव बढ़ाया है।

ब्रेंट क्रूड 106 डॉलर के पार, WTI भी 93 डॉलर से ऊपर

सोमवार सुबह अंतरराष्ट्रीय बाजार में ब्रेंट क्रूड 106 डॉलर प्रति बैरल के स्तर को पार कर गया। वहीं वेस्ट टेक्सास इंटरमीडिएट यानी WTI 93 डॉलर प्रति बैरल से ऊपर कारोबार करता नजर आया।ट्रंप ने ईरान पर बातचीत में जरूरत से ज्यादा मांग रखने का आरोप लगाया है। हालांकि, रिपोर्ट्स के मुताबिक दोनों देशों के बीच बातचीत दोबारा शुरू होने की संभावना भी बनी हुई है। यही वजह है कि बाजार की नजर अब आगे होने वाली कूटनीतिक गतिविधियों पर टिकी है।

तेल की कीमतों में तेजी कितनी टिकेगी, बाजार की नजर होर्मुज पर

ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के अनुसार, DBS बैंक के एनर्जी रिसर्च प्रमुख सुव्रो सरकार का मानना है कि तेल की कीमतों में तेजी बहुत लंबे समय तक जारी रहना जरूरी नहीं है। बाजार पहले से ही इस संभावना को लेकर सतर्क था कि स्ट्रेट ऑफ होर्मुज केवल सात दिनों में पूरी तरह सामान्य नहीं हो पाएगा।इसलिए प्रस्ताव खारिज होने के बाद भी बाजार में बहुत बड़ा बदलाव नहीं माना जा रहा है। आने वाले दिनों में तेल की सप्लाई और होर्मुज से होने वाली आवाजाही की स्थिति कीमतों की दिशा तय करने में अहम भूमिका निभा सकती है।

इस साल करीब 75 फीसदी चढ़ चुका है ब्रेंट क्रूड

इस साल अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कच्चे तेल की कीमतों में काफी तेजी देखने को मिली है। ब्रेंट क्रूड अब तक करीब 75 फीसदी बढ़ चुका है और लगातार तीसरे महीने बढ़त दर्ज करने की दिशा में है।तेल बाजार में इस उतार-चढ़ाव के पीछे अमेरिका और ईरान के बीच बातचीत, मध्य पूर्व से सप्लाई पर खतरा और क्षेत्रीय तनाव जैसे कई कारक हैं। ट्रेडर्स की खास नजर स्ट्रेट ऑफ होर्मुज पर है, क्योंकि संघर्ष से पहले दुनिया के करीब पांचवें हिस्से के कच्चे तेल और LNG की आवाजाही इसी समुद्री रास्ते से होती थी।

ईरान के तेल भंडार पर भी बाजार की नजर

अमेरिकी ट्रेजरी सचिव स्कॉट बेसेंट के मुताबिक ईरान अगले दो सप्ताह में चीन को अपने आखिरी तेल शिपमेंट भेज सकता है। उन्होंने यह भी कहा कि समुद्र में करीब 1.5 करोड़ बैरल ईरानी तेल बचा हुआ है।ऐसे में ईरान की तेल आपूर्ति, चीन का रुख और अमेरिका के साथ संभावित बातचीत आने वाले दिनों में अंतरराष्ट्रीय कच्चे तेल की कीमतों के लिए महत्वपूर्ण कारक बन सकते हैं।

आज का पंचांग: राहुकाल में न करें ये काम, जानें शुभ मुहूर्त और भोलेनाथ की पूजा का समय

 पंचांग  : आज 28 सितंबर, 2026 सोमवार, के दिन आश्विन महीने की कृष्ण पक्ष की द्वितिया तिथि है. इस द्वितिया तिथि के देवता वायु है, जो धरती पर मौजूद हवा के देवता हैं. यह द्वितिया तिथि नए भवन निर्माण के साथ-साथ तीर्थयात्रा करने के लिए बेहद अच्छी मानी जाती है.

28 सितंबर का पंचांग :

  1. विक्रम संवत : 2083
  2. मास : आश्विन
  3. पक्ष : कृष्ण पक्ष द्वितिया
  4. दिन : सोमवार
  5. तिथि : कृष्ण पक्ष द्वितिया
  6. योग : ध्रुव
  7. नक्षत्र : रेवती
  8. करण : तैतिल
  9. चंद्र राशि : मीन
  10. सूर्य राशि : कन्या
  11. सूर्योदय : 06:12:00 AM
  12. सूर्यास्त : 06:11:00 PM
  13. चंद्रोदय : 07:04 PM
  14. चंद्रास्त : 07:35 AM
  15. राहुकाल : 07:42 से 09:12
  16. यमगंड : 10:42 से 12:11

आज का नक्षत्र
आज सोमवार के दिन चंद्रमा मीन राशि और रेवती नक्षत्र में रहेगा. यह नक्षत्र मीन राशि में 16:40 डिग्री से लेकरद 30 डिग्री तक फैला हुआ है. इसके शासक ग्रह बुध है. देवता पूषा है. यह कोमल और सौम्य स्वभाव का नक्षत्र है. इस नक्षत्र आध्यात्मिक उन्नति के काम के साथ व्यापार की योजना बनाने के लिए उपयुक्त है.

आज के दिन का वर्जित समय
आज के दिन 07:42 से 09:12 बजे तक राहुकाल रहेगा. ऐसे में कोई शुभ कार्य करना हो, तो इस अवधि से परहेज करना ही अच्छा रहेगा. इसी तरह यमगंड, गुलिक, दुमुहूर्त और वर्ज्यम से भी परहेज करना चाहिए.

छत्तीसगढ़ प्रभारी सुखदेव भगत का रायपुर आगमन पर भव्य स्वागत

रायपुर,27 सितंबर 2026

विकास उपाध्याय के नेतृत्व में उमड़ा जनसैलाब, पंथी नृत्य, भांगड़ा और हुलहुली से हुआ अभिनंदन।


रायपुर। छत्तीसगढ़ कांग्रेस के प्रभारी सुखदेव भगत के रायपुर आगमन पर पूर्व संसदीय सचिव एवं पूर्व विधायक विकास उपाध्याय के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भव्य एवं आत्मीय स्वागत किया। इस दौरान प्रभारी सुखदेव भगत का पुष्पमाला एवं पुष्पगुच्छ से स्वागत किया गया। उन्हें प्रतीक चिन्ह स्वरूप गदा और तलवार भेंट करने के साथ खुमरी पहनाकर अभिनंदन किया गया।

स्वागत कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विविधता भी देखने को मिली। पंथी नृत्य, भांगड़ा और गाड़ा समाज की ओर से हुलहुली अभिवादन किया गया। वहीं पंडितों द्वारा मंत्रोच्चार और शंखनाद के साथ प्रभारी सुखदेव भगत का स्वागत किया गया।

इस अवसर पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने संगठन को मजबूत करने तथा जनहित के मुद्दों को लेकर सक्रियता से कार्य करने का संकल्प लिया।
विकास उपाध्याय ने कहा कि सुखदेव भगत के नेतृत्व और मार्गदर्शन से छत्तीसगढ़ में कांग्रेस संगठन को और मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता एकजुट होकर जनता की आवाज को मजबूती से उठाने के लिए निरंतर कार्य करेंगे।

रायपुर में छत्तीसगढ़ कांग्रेस प्रभारी सुखदेव भगत के भव्य स्वागत का यह कार्यक्रम संगठनात्मक एकजुटता और कार्यकर्ताओं के उत्साह का प्रतीक रहा। कार्यक्रम में पारंपरिक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और उत्साहपूर्ण माहौल ने सभी का ध्यान आकर्षित किया।

कार्यक्रम में विकास उपाध्याय के अनुसार लगभग 5,000 कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं समर्थक उपस्थित रहे।

वीडियो में देखिए स्वागत समारोह की पूरी झलक, पंथी नृत्य, भांगड़ा, हुलहुली अभिवादन और कांग्रेस कार्यकर्ताओं का जोश।

आज का राशिफल: किस राशि की खुलेगी किस्मत, किसे रहना होगा सावधान? पढ़ें 28 सितंबर का भविष्यफल

 मेष- चंद्रमा आज 28 सितंबर, 2026 सोमवार के दिन मीन राशि में है. यह आपकी राशि से बारहवें भाव में होगा. आज आप वाणी पर संयम रखें. स्नेहीजनों के साथ किसी बात पर विवाद हो सकता है. आय की अपेक्षा व्यय अधिक रहेगा. किसी उलझन में दिन गुजरेगा. स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहें. दोपहर बाद का समय आपके लिए अनुकूल रहेगा. आप नए काम का आरंभ कर सकेंगे. दोस्तों से मुलाकात होगी. किसी तरह का आर्थिक लाभ भी हो सकता है, हालांकि स्वास्थ्य को लेकर उतार-चढ़ाव बना रहेगा.

वृषभ- चंद्रमा आज 28 सितंबर, 2026 सोमवार के दिन मीन राशि में है. यह आपकी राशि से ग्यारहवें भाव में होगा. आज का दिन लाभ का बना हुआ है. व्यापार में आपको लाभ होगा. संतान के साथ संबंध अच्छे बने रहेंगे. दोपहर बाद मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य का ध्यान रखें. किसी बात को लेकर ज्यादा इमोशनल ना हो. कन्फ्यूजन दूर होगा. कानूनी विषयों में आपको सावधानी रखने की सलाह दी जाती है. आज कोई नए दोस्त बनने से आपको खुशी मिलेगी. ये रिश्ते आगे आपकी मदद करेंगे.

मिथुन- चंद्रमा आज 28 सितंबर, 2026 सोमवार के दिन मीन राशि में है. यह आपकी राशि से दसवें भाव में होगा. आज का दिन लाभकारी है. पारिवारिक और प्रोफेशनल क्षेत्रों में प्रतिष्ठा में वृद्धि होगी. घर-परिवार में आनंद का वातावरण आपको खुश रखेगा. स्वास्थ्य भी अच्छा रहेगा. व्यापार में लाभ होगा. अटके हुए सरकारी काम में सफलता मिलेगी. दोस्तों संग बाहर घूमने जाने का कार्यक्रम बनेगा. विद्यार्थियों के लिए भी समय अच्छा है, हालांकि आज स्पोर्ट्स जैसी गतिविधि में आपकी रुचि ज्यादा होगी.

कर्क- चंद्रमा आज 28 सितंबर, 2026 सोमवार के दिन मीन राशि में है. यह आपकी राशि से नवें भाव में होगा. आज के दिन बौद्धिक काम, नए सृजन और साहित्यिक गतिविधि में आप व्यस्त रहेंगे. नए काम की शुरुआत कर सकते हैं. किसी धार्मिक यात्रा का आयोजन हो सकता है. व्यापार में लाभ का अवसर मिलेगा. आज आपको कार्यालय और व्यापार में थोडा़ संभलकर चलना होगा. स्वास्थ्य का ध्यान रखें. दोपहर बाद पारिवारिक जीवन में हर्षोल्लास का वातावरण बना रहेगा. माता से लाभ होगा. उत्तम सुख की प्राप्ति हो सकती है.

सिंह- चंद्रमा आज 28 सितंबर, 2026 सोमवार के दिन मीन राशि में है. यह आपकी राशि से आठवें भाव में होगा. आज कोई नया काम शुरू कर सकते हैं. पिता से आपको लाभ होगा. ज्योतिष और आध्यात्मिक विषय में आपकी रुचि बनी रहेगी. अपनी वाणी और व्यवहार को संयमित रखना आपके ही हित में रहेगा. आज व्यवसाय में आप कोई नया काम करेंगे. साथी कर्मचारियों का साथ मिलेगा, हालांकि स्वास्थ्य का ध्यान रखें. संतान की चिंता हो सकती है. भाग्य का साथ मिला-जुला रहेगा. प्रेम जीवन में सकारात्मक बदलाव के लिए अभी इंतजार करने की जरूरत है.

कन्या- चंद्रमा आज 28 सितंबर, 2026 सोमवार के दिन मीन राशि में है. यह आपकी राशि से सातवें भाव में होगा. सुबह का समय दोस्तों के साथ घूमने-फिरने, खान-पान एवं मनोरंजन में बीत सकता है. पार्टनरशिप के काम में ध्यान रखें. व्यापार में ज्यादा लाभ की उम्मीद नहीं करें. दोपहर बाद आपको प्रतिकूलता का सामना करना पड़ सकता है. स्वास्थ्य के मामले में कमजोर रहेंगे. दवाई खरीदने या अस्पताल की फीस पर आकस्मिक खर्च हो सकता है. जीवनसाथी के साथ आपके मतभेद हो सकते हैं.

तुला- चंद्रमा आज 28 सितंबर, 2026 सोमवार के दिन मीन राशि में है. यह आपकी राशि से छठे भाव में होगा. आज दृढ़ मनोबल और आत्मविश्वास के साथ हर काम को आसानी से बना पाएंगे. गृहस्थ जीवन में सुख और शांति बनी रहेगी. शारीरिक स्वास्थ्य अच्छा बना रहेगा. स्वभाव में उग्रता हो सकती है, इसलिए वाणी पर संयम रखें. दोपहर बाद आप मनोरंजन की ओर ज्यादा बढ़ेंगे. मित्रों और स्नेहीजनों संग प्रवास या पर्यटन का योग है. कोई पुरानी चिंता दूर होने से मन को शांति मिलेगी.

वृश्चिक- चंद्रमा आज 28 सितंबर, 2026 सोमवार के दिन मीन राशि में है. यह आपकी राशि से पांचवें भाव में होगा. मानसिक रूप से आपमें भावुकता अधिक रहेगी. किसी बात को लेकर विचलित ना हो. विद्यार्थी आज अभ्यास और कॅरियर के मामले में सफलता प्राप्त कर सकेंगे. अपनी कल्पनाशक्ति से साहित्य-सृजन में आप नवीनता ला पाएंगे. घर के वातावरण में सुख-शांति बनी रहेगी. व्यवसाय में सफलता प्राप्त होगी. मित्रों का सहयोग भी आपको प्राप्त होगा. विरोधियों पर विजय मिलेगी.

धनु- चंद्रमा आज 28 सितंबर, 2026 सोमवार के दिन मीन राशि में है. यह आपकी राशि से चौथे भाव में होगा. पारिवारिक शांति बनाए रखने के लिए वाद-विवाद ना करें. माता का स्वास्थ्य खराब रहेगा. धन और प्रतिष्ठा में हानि हो सकती है. दोपहर बाद आपके स्वभाव में भावुकता बढ़ सकती है. आपकी रचनात्मकता में सकारात्मक वृद्धि होगी. विद्यार्थियों के लिए समय अनुकूल है. स्नेहीजनों से घनिष्ठता बढ़ेगी. आप कार्यस्थल पर अपना काम समय पर पूरा कर पाने की स्थिति में होंगे.

मकर- चंद्रमा आज 28 सितंबर, 2026 सोमवार के दिन मीन राशि में है. यह आपकी राशि से तीसरे भाव में होगा. आज कोई महत्वपूर्ण डिसीजन ले पाएंगे. मित्रों और प्रियपात्र संग मुलाकात सुखद होगी. कोई छोटी यात्रा का आयोजन हो सकता है. भाइयों के साथ संबंधों में निकटता रहेगी. दोपहर बाद अरुचिकर घटनाओं से आपका मन अस्वस्थ रहेगा. शारीरिक रूप से दोपहर बाद ताजगी नहीं रख पाएंगे. धन की हानि हो सकती है. स्थायी संपत्ति के दस्तावेज साइन करते समय सावधान रहें. माता के स्वास्थ्य की चिंता रहेगी.

कुंभ- चंद्रमा आज 28 सितंबर, 2026 सोमवार के दिन मीन राशि में है. यह आपकी राशि से दूसरे भाव में होगा. आज क्रोध और वाणी पर संयम बरतें. नकारात्मक विचार से मन दु:खी हो सकता है. खान-पान में भी संयम बरतें. दोपहर बाद आप वैचारिक स्थिरता के साथ सभी कार्यों को आसानी से पूरा कर पाएंगे. अपनी क्रिएटिविटी से काम को नए तरीके से कर पाएंगे. भाई-बहनों संग संबंध अच्छे बने रहेंगे. हालांकि आज दिनभर आप वाणी पर नियंत्रण ही रखें. स्वास्थ्य को लेकर लापरवाही ना बरतें.

मीन- चंद्रमा आज 28 सितंबर, 2026 सोमवार के दिन मीन राशि में है. यह आपकी राशि से पहले भाव में होगा. आज आपके घर में धार्मिक कार्य होंगे. परिवार में आनंद का वातावरण रहेगा. काम में सफलता मिलेगी. शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य का ध्यान रखें. नए काम के लिए दिन शुभ है. दोपहर बाद आपके स्वभाव में क्रोध अधिक रहेगा. आपको वाणी और व्यवहार में संतुलन रखना होगा. बाहर खाने-पीने से बचें. नकारात्मक विचारों से दूर रहें. व्यापार बढ़ाने के लिए किसी मीटिंग में जाना हो सकता है.

गर्लफ्रेंड से मिलने रायगढ़ आया युवक, पैसे खत्म हुए तो शुरू कर दी बाइक चोरी…पुलिस ने 5 वाहन बरामद कर खोला पूरा राज

रायगढ़ : बाइक चोरी का एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसमें आरोपी के चोरी करने की वजह जानकर पुलिस भी हैरान रह गई। मध्य प्रदेश के ग्वालियर से अपनी गर्लफ्रेंड से मिलने रायगढ़ पहुंचे युवक के पास जब पैसे खत्म हो गए तो उसने खर्च चलाने के लिए चोरी का रास्ता अपना लिया। पुलिस ने आरोपी निर्मल धाकड़ को गिरफ्तार कर लिया है।

पैसे खत्म होने के बाद बनाया चोरी का प्लान

पुलिस के मुताबिक, निर्मल धाकड़ मध्य प्रदेश के ग्वालियर के मोरार इलाके का रहने वाला है। वह 12 सितंबर को अपनी गर्लफ्रेंड से मिलने रायगढ़ आया था। कुछ समय बाद उसके पास मौजूद पैसे खत्म हो गए।इसके बाद उसने वापस लौटने या पैसे जुटाने के बजाय बाइक चोरी करना शुरू कर दिया। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी ने एक के बाद एक कुल पांच बाइक और स्कूटर चोरी किए।

इग्निशन में चाबी लगी देख तुरंत उड़ा ले जाता था वाहन

पुलिस के अनुसार, आरोपी ऐसे वाहनों को निशाना बनाता था, जिनके मालिक इग्निशन में चाबी लगी छोड़ देते थे। उसे ऐसे वाहन चोरी करने में ज्यादा मशक्कत नहीं करनी पड़ती थी।वाहन चोरी करने के बाद वह उसे तब तक इस्तेमाल करता था, जब तक उसमें मौजूद पेट्रोल खत्म नहीं हो जाता। इसके बाद वह दूसरे वाहन की तलाश में निकल जाता था। इसी तरीके से उसने कई वाहन चोरी किए।

पांच चोरी के बाद पुलिस ने शुरू की जांच

लगातार वाहन चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए रायगढ़ पुलिस ने जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली।फुटेज की जांच में पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिले। पांच अलग अलग जगहों से चोरी हुए वाहनों की घटनाओं में एक ही व्यक्ति के शामिल होने की जानकारी सामने आई।

स्थानीय लोगों की मदद से आरोपी तक पहुंची पुलिस

जांच के दौरान एक और बाइक चोरी होने की सूचना पुलिस को मिली। इसके बाद टीम ने संदिग्ध की पहचान के लिए स्थानीय लोगों से भी जानकारी जुटाई। पुलिस ने आरोपी की तस्वीर दिखाई तो लोगों ने उसकी पहचान कर दी।इसके बाद पुलिस ने उसके संभावित ठिकानों पर नजर रखना शुरू कर दिया। इसी दौरान संदिग्ध युवक पुलिस कॉलोनी इलाके में वायरलेस सेट के पास दिखाई दिया।

पीछा कर दबोचा, पूछताछ में सामने आया पूरा मामला

संदिग्ध के दिखाई देने की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने उसका पीछा किया और उसे पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने वाहन चोरी करने की बात स्वीकार कर ली।पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी किए गए वाहनों को बरामद कर लिया है। अब पुलिस आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है और चोरी की अन्य घटनाओं से उसके संबंधों की भी जांच की जा रही है।

मोबाइल रिचार्ज को लेकर TRAI का बड़ा बदलाव, 30 दिन की वैलिडिटी से साल में एक रिचार्ज की होगी बचत

0

मोबाइल रिचार्ज कराने वाले करोड़ों ग्राहकों के लिए टेलीकॉम सेक्टर में बड़ा बदलाव हुआ है। भारतीय दूरसंचार नियामक प्राधिकरण यानी TRAI ने टेलीकॉम कंज्यूमर प्रोटेक्शन रेगुलेशंस 2026 में संशोधन किया है। नए प्रावधानों के तहत ग्राहकों को 30 दिन की वैलिडिटी वाले रिचार्ज विकल्प उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया है।इस बदलाव से 28 दिन की वैलिडिटी वाले प्लान के कारण होने वाले अतिरिक्त रिचार्ज का दबाव कम हो सकता है। हालांकि, अलग अलग कंपनियों के प्लान, कीमत और लागू होने की तारीख अलग हो सकती है।

28 दिन के चक्र से मिलेगी राहत, महीने की अवधि पर आधारित होंगे प्लान

अब तक कई प्रीपेड प्लान 28 दिन की वैलिडिटी के साथ आते रहे हैं। ऐसे में 12 महीने की अवधि पूरी करने के लिए ग्राहकों को साल में 12 से अधिक बार रिचार्ज कराना पड़ सकता था।30 दिन की वैलिडिटी वाले विकल्प उपलब्ध होने पर ग्राहक कैलेंडर महीने के हिसाब से अपना रिचार्ज कर सकेंगे। इससे बार बार रिचार्ज कराने की जरूरत कम होगी और पूरे साल के खर्च को समझना भी आसान हो सकता है।

डेटा की जरूरत नहीं तो सिर्फ कॉल और SMS वाला विकल्प

नए नियमों में ऐसे ग्राहकों के लिए भी विकल्प बढ़ाने की बात है, जिन्हें मोबाइल इंटरनेट की जरूरत नहीं होती। टेलीकॉम कंपनियों को केवल वॉयस कॉल और SMS की सुविधा वाले प्लान उपलब्ध कराने होंगे।इस तरह जिन ग्राहकों का मोबाइल इस्तेमाल मुख्य रूप से फोन कॉल और संदेश भेजने तक सीमित है, उन्हें डेटा वाले पैक के लिए अतिरिक्त भुगतान करने की जरूरत नहीं होगी।

फीचर फोन इस्तेमाल करने वालों के लिए उपयोगी बदलाव

देश में बड़ी संख्या में ऐसे मोबाइल यूजर्स हैं जो अभी भी कीपैड या फीचर फोन का इस्तेमाल करते हैं। इनमें बुजुर्गों समेत ऐसे ग्राहक भी शामिल हैं, जिन्हें इंटरनेट डेटा की नियमित जरूरत नहीं होती।इन ग्राहकों के लिए वॉयस और SMS आधारित रिचार्ज विकल्प अधिक उपयोगी हो सकते हैं। इससे उन्हें अपनी जरूरत के मुताबिक टेलीकॉम सेवा चुनने का विकल्प मिलेगा।

Jio, Airtel, Vi और BSNL के प्लान पर भी नजर

नए नियामकीय बदलाव के बाद Jio, Airtel, Vi और BSNL समेत टेलीकॉम कंपनियों के रिचार्ज विकल्पों में बदलाव देखने को मिल सकता है। ग्राहकों के लिए जरूरी होगा कि वे रिचार्ज करते समय प्लान की वैलिडिटी, कॉलिंग, SMS और डेटा की सुविधा के साथ उसकी कीमत भी जांच लें।इस बदलाव का वास्तविक फायदा इस बात पर निर्भर करेगा कि कंपनियां 30 दिन और Voice Only श्रेणी में कौन से प्लान और किस कीमत पर उपलब्ध कराती हैं।

पांच साल की बच्ची से दुष्कर्म मामले में अदालत का फैसला, दो दोषियों को आजीवन कारावास की सजा

 कांकेर :  कोतवाली थाना क्षेत्र में पांच साल की बच्ची से दुष्कर्म के मामले में अदालत ने दो आरोपियों को दोषी करार देते हुए आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश विभा पाण्डेय की अदालत में मामले की सुनवाई पूरी होने के बाद यह फैसला सुनाया गया।घटना मार्च 2026 की बताई गई है। पुलिस में शिकायत दर्ज होने के बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था। जांच पूरी करने के बाद पुलिस ने दोनों के खिलाफ न्यायालय में अभियोग पत्र पेश किया था।

घर से बच्ची को ले जाने का था आरोप

मामले के अनुसार, पांच साल की बच्ची अपने घर में सो रही थी। इसी दौरान दोनों आरोपियों पर उसे घर से अपने साथ ले जाने और उसके साथ दुष्कर्म करने का आरोप लगा था। घटना की जानकारी सामने आने के बाद बच्ची के परिजनों ने पुलिस से शिकायत की थी।मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की और घटना से जुड़े साक्ष्य जुटाए। इसके बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई की गई।

पुलिस जांच के बाद अदालत में पेश किया गया चालान

पुलिस ने विवेचना के दौरान मामले से जुड़े साक्ष्य और दस्तावेज एकत्र किए। जांच पूरी होने के बाद दोनों आरोपियों के खिलाफ अदालत में चालान पेश किया गया। इसके बाद प्रकरण की न्यायिक सुनवाई शुरू हुई।सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष ने आरोपों के समर्थन में उपलब्ध साक्ष्य और दस्तावेज अदालत के समक्ष रखे। मामले से जुड़े तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर अदालत में दोनों पक्षों की दलीलें सुनी गईं।

साक्ष्यों के परीक्षण के बाद दोनों आरोपी दोषी करार

अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश विभा पाण्डेय की अदालत ने सुनवाई के दौरान प्रस्तुत साक्ष्यों और मामले से जुड़े तथ्यों का परीक्षण किया। इसके बाद अदालत ने दोनों आरोपियों को दोषी माना और दोनों को आजीवन कारावास की सजा सुनाई।अदालत के फैसले के साथ मार्च 2026 में सामने आए इस मामले की न्यायिक प्रक्रिया पूरी हो गई।

नाबालिग पीड़िता की पहचान रखी गई गोपनीय

मामले में पीड़ित बच्ची की पहचान और उससे जुड़ी व्यक्तिगत जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है। नाबालिग से संबंधित मामलों में पीड़ित की पहचान गोपनीय रखने के कानूनी प्रावधानों को ध्यान में रखते हुए बच्ची का नाम या ऐसी कोई जानकारी सामने नहीं रखी गई है, जिससे उसकी पहचान उजागर हो।पुलिस जांच से लेकर न्यायालय में सुनवाई तक बच्ची की पहचान को सुरक्षित रखा गया। अदालत के फैसले के बाद दोनों दोषियों को आजीवन कारावास की सजा भुगतनी होगी।

किराए के मकान में नाबालिग की संदिग्ध मौत से सनसनी, साथ रहने वाला युवक फरार; चोट के निशानों ने बढ़ाई पुलिस की चिंता

 दुर्ग :  सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के लुचकी पारा वार्ड नंबर 7 में शनिवार को एक नाबालिग लड़की की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया। लड़की एक युवक के साथ किराए के मकान में रह रही थी। घर के भीतर उसका शव मिलने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। घटना के बाद उसके साथ रहने वाला युवक रविदास मानिकपुरी फरार बताया जा रहा है।अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शोभराज अग्रवाल के अनुसार, शनिवार सुबह करीब 11 बजे के बाद पुलिस को घटना की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू की।

शरीर पर चोट के निशान, मौत की वजह अभी स्पष्ट नहीं

पुलिस की प्रारंभिक जांच में नाबालिग के सिर और पेट पर चोट के निशान मिलने की बात सामने आई है। लड़की के गले में मंगलसूत्र और मांग में सिंदूर भी मिला। स्थानीय लोगों के मुताबिक, वह युवक के साथ पति-पत्नी की तरह रह रही थी।हालांकि, इन परिस्थितियों के बावजूद उसकी मौत किस वजह से हुई, यह अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस ने किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले सभी पहलुओं की जांच शुरू कर दी है।

फोरेंसिक टीम ने जुटाए मौके से साक्ष्य

घटना की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने मकान और आसपास के क्षेत्र का निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने घटनास्थल से मिले सामान और अन्य साक्ष्यों को सुरक्षित कर लिया है, जिनकी जांच की जा रही है।नाबालिग के शव को पोस्टमार्टम के लिए दुर्ग जिला अस्पताल भेजा गया है। पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारण को लेकर महत्वपूर्ण जानकारी सामने आ सकती है।

फरार युवक की तलाश में जुटी पुलिस

घटना के बाद से रविदास मानिकपुरी फरार है। पुलिस उसके संभावित ठिकानों की जानकारी जुटाकर तलाश कर रही है। जांच में यह भी पता लगाया जा रहा है कि युवक और नाबालिग कितने समय से इस मकान में रह रहे थे और उनके बीच किस तरह का संबंध था।पुलिस आसपास रहने वाले लोगों से पूछताछ करने के साथ ही इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है। इसके अलावा मोबाइल फोन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की जांच की जा रही है, ताकि घटना से पहले और बाद की गतिविधियों का पता लगाया जा सके।

पूर्व में पॉक्सो मामले में गिरफ्तारी की जानकारी

पुलिस के मुताबिक, फरार युवक के पूर्व में पॉक्सो से जुड़े एक मामले में गिरफ्तार होने की जानकारी भी जांच के दौरान सामने आई है। हालांकि, मौजूदा मामले में उसकी भूमिका को लेकर पुलिस ने फिलहाल कोई अंतिम निष्कर्ष नहीं दिया है।युवक के पकड़े जाने के बाद उससे पूछताछ और अब तक जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

मौत से पहले घर में क्या हुआ, पुलिस खंगाल रही हर कड़ी

जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि नाबालिग किन परिस्थितियों में वहां रह रही थी, उसके परिवार को इसकी जानकारी थी या नहीं और घटना के समय मकान में कौन मौजूद था। इसके अलावा मौत से पहले दोनों के बीच क्या हुआ और घटनास्थल पर मिले चोट के निशान किस परिस्थिति में आए, इन सवालों के जवाब भी जांच का हिस्सा हैं।फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक जांच, सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस मामले की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।