23.1 C
Raipur
Wednesday, October 28, 2026
Home Blog Page 252

पटना में इंजीनियर के घर EOU की रेड : जलाए गए नोटों से जाम हुई नालियां, करोड़ों की संपत्ति बरामद

🔴 हाइलाइट
आर्थिक अपराध ईकाई (EOU) द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, विनोद कुमार राय ने जब खुद को सरकार की रडार पर पाया तो उसने न केवल पैसों को जला दिया, बल्कि पानी की टंकी में भी नोट छुपा दिए। हालांकि, इतनी कोशिश के बाद भी वह आर्थिक अपराध ईकाई की नजरों से नहीं बच सके।

पटना, 22 अगस्त 2025।
बिहार की आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने शुक्रवार को ग्रामीण कार्य विभाग के अधीक्षण अभियंता विनोद कुमार राय के पटना स्थित आवास पर बड़ी कार्रवाई की। छापेमारी के दौरान राय के घर से भारी मात्रा में कैश, सोना-चांदी के जेवर, करोड़ों की जमीन-जायदाद के कागजात और लक्ज़री वाहन बरामद किए गए।

नोट जलाने की कोशिश से मचा हड़कंप

रेड की भनक लगते ही अभियंता की पत्नी ने घर में रखी नोटों की गड्डियों को जलाना शुरू कर दिया। लाखों रुपये के नोट जलाकर नालियों और टॉयलेट में बहाए गए, जिससे पाइपलाइन जाम हो गई। बाद में नगर निगम की टीम को बुलाकर अधजले नोटों को पाइप से बाहर निकाला गया।

जब्त की गई संपत्ति

EOU अधिकारियों के मुताबिक कार्रवाई में—
करीब ₹52 लाख कैश, जिनमें ₹39.5 लाख जले हुए नोट शामिल हैं।
लगभग ₹26 लाख कीमत के सोने-चांदी के आभूषण।
करोड़ों रुपये की जमीन-जायदाद से संबंधित दस्तावेज।
एक SUV वाहन, बीमा पॉलिसी और बैंक खातों से जुड़े कागजात बरामद हुए।

करोड़ों की बेनामी संपत्ति का संदेह

प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि विनोद कुमार राय ने अपनी आय से कई गुना अधिक संपत्ति अर्जित की है। अधिकारियों का अनुमान है कि कुल अवैध संपत्ति का मूल्य ₹100 करोड़ से अधिक हो सकता है। अब जांच एजेंसी राय और उनसे जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की गहन जांच करेगी।

कार्रवाई का संदेश

EOU की इस कार्रवाई ने बिहार में सरकारी अधिकारियों के बीच हड़कंप मचा दिया है। यह मामला सिर्फ एक अभियंता की संपत्ति तक सीमित नहीं माना जा रहा, बल्कि इसमें अन्य प्रभावशाली लोगों के शामिल होने की संभावना भी जताई जा रही है।

रिपोर्ट : (Google News Support)





साइबर अपराध से बचने के 5 आसान उपाय

डर, लालच और आलस्य : साइबर अपराध का शिकार होने के तीन प्रमुख कारण; जागरूकता ही उपाय — पीआईबी भोपाल द्वारा ‘वार्तालाप’ मीडिया वर्कशॉप का आयोजन

प्रविष्टि तिथि: 22 अगस्त 2025, 4:45 PM | स्रोत: PIB भोपाल

क्यों फँसते हैं लोग साइबर अपराध में?

विशेषज्ञों का कहना है कि साइबर ठगी का शिकार होने के पीछे ज़्यादातर कारण तीन ही होते हैं—

डर (जैसे पुलिस या बैंक का नाम लेकर धमकी देना)
लालच (जैसे इनाम या लॉटरी का झांसा)
आलस्य (जैसे तुरंत जांच न करना और लिंक पर क्लिक कर देना)
अगर इन तीन आदतों पर काबू पा लिया जाए तो साइबर अपराध से आसानी से बचा जा सकता है।

भोपाल वर्कशॉप ‘वार्तालाप’

पत्र सूचना कार्यालय (PIB) भोपाल और राज्य साइबर पुलिस के सहयोग से ‘वार्तालाप’ मीडिया वर्कशॉप आयोजित की गई। इसका उद्देश्य पत्रकारों के माध्यम से आम लोगों तक साइबर सुरक्षा के संदेश को पहुँचाना था।

कार्यक्रम में बताया गया कि 2022 से 2024 के बीच भोपाल के नागरिकों को 104 करोड़ रुपये का नुकसान ऑनलाइन ठगी से हुआ। इसमें से केवल 2% रकम ही वापस मिल पाई।

विशेषज्ञों की सलाह

1. डर पर काबू रखें
साइबर कमांडो श्री अनुज समाधिया ने बताया कि कोई भी कॉल या मैसेज आए जिसमें तुरंत कार्रवाई करने को कहा जाए, तो घबराएँ नहीं। सोच-समझकर कदम उठाएँ।

2. लालच से बचें
अक्सर धोखेबाज लॉटरी, इनाम या निवेश के नाम पर फँसाते हैं। याद रखें—फ्री में कुछ नहीं मिलता।

3. बैंकिंग में सावधानी रखें
सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के श्री अरुण पोनप्पन ने कहा कि ऑनलाइन ट्रांजेक्शन करते समय ओटीपी, पासवर्ड या कार्ड डिटेल कभी किसी से साझा न करें।

4. सोशल मीडिया पर अलर्ट रहें
साइबर सुरक्षा प्रशिक्षक श्री अतुल श्रीवास्तव ने समझाया कि सोशल मीडिया पर फैलने वाली भ्रामक सूचनाओं से सावधान रहें। किसी भी लिंक या वीडियो को बिना जाँचे-परखे शेयर न करें।

5. तुरंत शिकायत करें
अगर आप किसी साइबर ठगी का शिकार हो जाते हैं तो तुरंत राष्ट्रीय हेल्पलाइन 1930 पर कॉल करें या www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज करें।

निष्कर्ष
डिजिटल युग में सुविधा बढ़ी है, लेकिन खतरे भी उतने ही बढ़ गए हैं। थोड़ी सी जागरूकता, सतर्कता और सही समय पर की गई कार्रवाई से हम अपने पैसों और डाटा को सुरक्षित रख सकते हैं।




फेडरल रिजर्व के संकेतों से शेयर बाजार में लगातार रैली, Dow और S&P 500 तीसरे हफ्ते भी लाभ में

22 अगस्त 2025 | अंतर्राष्ट्रीय शेयर बाजार

अमेरिकी केंद्रीय बैंक फेडरल रिजर्व के अध्यक्ष जेरोम पॉवेल द्वारा ब्याज दरों में कटौती के संकेत देने के बाद शेयर बाजार में रैली का माहौल लगातार बना हुआ है। निवेशकों के भरोसे और बढ़ते उत्साह के चलते Dow Jones और S&P 500 लगातार तीसरे सप्ताह भी बढ़त में बंद हुए हैं।

Powell के संकेतों का असर

पॉवेल ने हाल ही में कहा कि “खतरे का संतुलन अब बदल रहा है”, जिसका अर्थ निवेशकों ने संभावित ब्याज दरों में कटौती से जोड़ा। इस बयान के बाद बाजार में तेज़ खरीदारी देखने को मिली और प्रमुख सूचकांकों ने ऊँचाई हासिल की।

Dow और S&P 500 रिकॉर्ड की ओर

Dow Jones इस सप्ताह लगभग 850 अंक उछला और 2025 में पहली बार रिकॉर्ड क्लोज तक पहुँचा।
S&P 500 भी 1.5% की तेजी के साथ बढ़त पर रहा और लगातार तीसरे सप्ताह लाभ दर्ज किया।
Nasdaq Composite में भी सुधार देखने को मिला, हालांकि निवेशकों की नजर अब Nvidia जैसी टेक कंपनियों की अगली वित्तीय रिपोर्ट पर है।

निवेशकों का बढ़ता भरोसा

बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि पॉवेल के बयान से यह स्पष्ट है कि महंगाई पर नियंत्रण पाया जा रहा है और अर्थव्यवस्था मंदी की ओर नहीं जा रही। इस भरोसे ने बाजार में नए निवेश और लिक्विडिटी को बढ़ावा दिया है।

किन सेक्टरों को मिला लाभ?

टेक सेक्टर (AI और सेमीकंडक्टर) में निवेशकों की दिलचस्पी बरकरार रही।
बैंकिंग और वित्तीय शेयरों में भी मजबूती आई, क्योंकि ब्याज दरों में कमी इन पर सकारात्मक असर डाल सकती है।

आगे की राह

विशेषज्ञों का कहना है कि शॉर्ट टर्म में बाजार में उतार-चढ़ाव संभव है, लेकिन लंबी अवधि के निवेशकों के लिए यह रैली अच्छे संकेत दे रही है। निवेशकों की नजर अब Nvidia की अर्निंग रिपोर्ट पर टिकी है, जो आने वाले दिनों में टेक सेक्टर की दिशा तय कर सकती है।
न्यूज रिपोर्ट : (Google News Support)

जमीन विवाद में उलझा हुआ, बेरला पुलिस ने 5 आरोपी किए गिरफ्तार

Janchoupal36
बेमेतरा, 22 अगस्त 2025।

थाना बेरला क्षेत्र के ग्राम बोरिया में जमीन विवाद को लेकर हुई घटना में पुलिस ने 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

प्रार्थीया कुमारी बाई पाल (60 वर्ष), निवासी वार्ड नं. 05 बोरिया ने थाना बेरला में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 20 अगस्त को उसकी बेटी निर्मला बाई पाल पर आरोपियों ने मिलकर हमला किया। तुकेराम यदु ने लोहे के धारदार टंगिया से निर्मला के सिर और चेहरे पर वार किया। इस दौरान आरोपियों ने कुमारी बाई और उसके नाती के साथ भी मारपीट की।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रामकृष्ण साहू (भा.पु.से.) के निर्देशन
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रामकृष्ण साहू (भा.पु.से.), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ज्योति सिंह एवं एसडीओपी बेरला विनय कुमार के मार्गदर्शन में थाना बेरला प्रभारी निरीक्षक कृष्णकांत सिंह व पुलिस टीम ने मौके पर पहुँचकर कार्रवाई की। फोरेंसिक टीम की भी मदद ली गई।

पुलिस जांच में पता चला कि मृतका का परिवार पिछले 15–16 वर्षों से तुकेराम यदु के परिवार के साथ जमीन विवाद में उलझा हुआ था। हाल ही में तहसील कार्यालय बेरला ने जमीन का कब्जा कुमारी बाई पाल को सौंपा था और तुकेराम के अवैध मकान को प्रशासन ने तोड़ दिया था। इसी रंजिश में यह हमला किया गया।

गिरफ्तार आरोपी
तुकेराम यदु (28 वर्ष)
भुनेश्वरी यदु (23 वर्ष)
सरिता यदु (24 वर्ष)
मोंगरा बाई यदु (55 वर्ष)
पुन्नी बाई यदु (70 वर्ष)
सभी आरोपी ग्राम बोरिया, थाना बेरला निवासी हैं। पुलिस ने इन्हें 22 अगस्त को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहाँ से इन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

पुलिस टीम का योगदान
इस कार्यवाही में एसडीओपी बेरला विनय कुमार के नेतृत्व में थाना प्रभारी कृष्णकांत सिंह, प्रधान आरक्षक दिनेश मंडावी, दिनानाथ यादव, आरक्षक रामेश्वर पटेल, खुशाल बोरकर, सुरेंद्र जांगड़े, धनसाय मिरे, तुकाराम निषाद एवं महिला आरक्षक मालती साहू सहित पूरी थाना टीम की भूमिका सराहनीय रही।

मोबाईल और मोटरसाइकिल लूटने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार

Janchoupal36 । बेमेतरा । 22/08/2025 ।

थाना नांदघाट पुलिस ने बड़ी कार्यवाही करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिन्होंने जून माह में एक युवक से मोबाइल और मोटरसाइकिल लूटकर फरार हो गए थे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थी गोविंद साहू (32) निवासी ग्राम झिलगा ने 12 जून की रात थाना नांदघाट में रिपोर्ट दर्ज कराई थी।

शिकायत के मुताबिक वह अपनी बहन के घर अकलतरा से लौटते समय ग्राम सेमरिया-मुर्रा मार्ग पर तीन अज्ञात युवकों से भिड़ गया। आरोपियों ने चाकू दिखाकर उसे धमकाया और उसकी मोटरसाइकिल (क्रमांक CG 07 AN 7932, कीमत लगभग 20 हजार रुपये) एवं मोबाइल फोन (कीमत लगभग 4 हजार रुपये) लूटकर फरार हो गए।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रामकृष्ण साहू (भा.पु.से.) के निर्देश पर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ज्योति सिंह और एसडीओपी बेमेतरा मनोज तिर्की के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी नांदघाट भुनेश्वर यादव के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।

पुलिस ने विवेचना के दौरान घेराबंदी कर आरोपियों वेदप्रकाश वैष्णव उर्फ निलेश (23 वर्ष, जिला बिलासपुर), युवराज साहू उर्फ नानू (19 वर्ष, जिला मुंगेली) और सुरीत विश्वकर्मा (20 वर्ष, जिला मुंगेली) को गिरफ्तार किया। पूछताछ में तीनों ने वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपियों से एक स्टील का चाकू बरामद किया गया, जबकि लूटी गई मोटरसाइकिल थाना जरहागांव में जप्त की गई।
गिरफ्तार आरोपियों को 21 अगस्त 2025 को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

इस कार्यवाही में थाना प्रभारी भुनेश्वर यादव, एएसआई यागेश्वर देशमुख, आरक्षक बालमुकुंद सिंह, रूपेंद्र वर्मा, संजय साहू समेत थाना नांदघाट की पूरी टीम की सराहनीय भूमिका रही।

रायपुर सेंट्रल जेल से कैदी फरार, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

रायपुर। सख्त सुरक्षा व्यवस्था के बीच गुरुवार को रायपुर सेंट्रल जेल से एनडीपीएस एक्ट के तहत सजा काट रहा एक कैदी फरार हो गया। इस घटना से जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया है।

मिली जानकारी के अनुसार, फरार कैदी का नाम चंद्रवीर सिंह है, जो वर्ष 2021 से जेल में बंद था। गुरुवार दोपहर करीब ढाई बजे उसे चार अन्य कैदियों के साथ महिला जेल के पास अंडर कंस्ट्रक्शन हिस्से में वेल्डिंग का काम करने के लिए ले जाया गया था। इसी दौरान वह जेलकर्मियों को चकमा देकर मौके से फरार हो गया।

फरारी के बाद पुलिस अलर्ट

घटना की जानकारी मिलने के बाद जेल प्रशासन ने पहले अपने स्तर पर पतासाजी की, लेकिन सफलता नहीं मिलने पर गंज थाना पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई। फिलहाल पुलिस ने बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और शहर के अन्य प्रमुख स्थानों पर सघन तलाशी अभियान शुरू कर दिया है। साथ ही फरार कैदी की तस्वीर भी जारी कर दी गई है।

सुरक्षा पर उठे सवाल

एनडीपीएस एक्ट जैसे गंभीर मामले में सजा काट रहे कैदी का जेल से भाग जाना, जेल की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है। बताया जा रहा है कि घटना के समय जेलकर्मी मौके पर मौजूद थे, फिर भी कैदी उनके कब्जे से निकल भागा। अब मामले की जांच की जा रही है कि लापरवाही किस स्तर पर हुई।

भगवान कृष्ण के मार्ग का अनुसरण कर समाजहित और राष्ट्रहित में कार्य करना चाहिए : विधायक दीपेश साहू

भगवान श्री कृष्ण एक युग पुरुष थे जिन्होंने चार पुरुषार्थ धर्म अर्थ काम और मोक्ष का रास्ता दिखाया,इसलिए उन्हें जगतगुरु भी कहा गया।

बेमेतरा, गुरुवार। 22/08/2025
_Janchoupal 36 ।

बेमेतरा के ऐतिहासिक बेसिक ग्राउंड में यादव ठेठवार समाज द्वारा भव्य श्रीकृष्ण जन्माष्टमी एवं कलश यात्रा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक श्री दीपेश साहू शामिल हुए। इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष श्री विजय सिन्हा सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, समाजजन और नगरवासी उपस्थित रहे।

सुबह नगर के प्रमुख मार्गों से निकली भव्य कलश यात्रा बेसिक ग्राउंड पहुँची। यात्रा में सैकड़ों महिलाएँ सिर पर कलश धारण कर पारंपरिक वेशभूषा में शामिल हुईं। बैंड-बाजों, भजन मंडलियों और आकर्षक झांकियों ने सभी का मन मोह लिया।

विधायक दीपेश साहू का संबोधन
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक साहू ने कहा –
“भगवान श्रीकृष्ण का जीवन हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने अन्याय के विरुद्ध खड़े होकर धर्म की स्थापना की और समाज को सत्य, प्रेम और कर्तव्य का संदेश दिया। जन्माष्टमी जैसे पर्व हमारी आस्था के साथ-साथ संस्कृति और सामाजिक एकता को भी मजबूत करते हैं। यादव ठेठवार समाज सदैव संस्कृति संरक्षण और सामाजिक सरोकारों में अग्रणी रहा है। हमें कृष्ण के मार्ग का अनुसरण करते हुए समाजहित और राष्ट्रहित में कार्य करना चाहिए।”

नगर पालिका अध्यक्ष का वक्तव्य
नगर पालिका अध्यक्ष विजय सिन्हा ने कहा कि भव्य कलश यात्रा और श्रीकृष्ण जन्माष्टमी उत्सव समाज की आस्था और एकता का परिचायक है। नगर पालिका परिवार सदैव ऐसे आयोजनों के साथ खड़ा रहेगा।

प्रमुख उपस्थितजन

इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष ठेठवार यादव समाज गुलेन्द्र यादव, परमानंद यदु, नरोत्तम यदु, अंजोर सिंह यदु, राममिंग यादव, जितेन्द्र यदु, डॉ. वी.पी. यदु, पार्षद निखित साहू, डॉ. धनेश यदु, संतोष यदु, सरोज यदु, शत्रुघन यदु, विद्युरी यदु, भागीरथी यदु, दीपक यदु, दीनबंधु यदु, उदय राम यादव, कु. प्रीति जितेन्द्र यदु (सरपंच बसनी), गौरव यदु सहित समाज के वरिष्ठजन, भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और नगरवासी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

कैंसर अस्पताल का होगा उन्नयन, जनता को मिलेगी अत्याधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएँ

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर 39.36 करोड़ की स्वीकृति

रायपुर। जनचौपाल36। 22 अगस्त 2025।

मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर राजधानी रायपुर स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर स्मृति चिकित्सालय परिसर का कैंसर अस्पताल अब और आधुनिक रूप लेगा। मौजूदा जी+2 (ग्राउंड फ्लोर + 2 मंजिल) बिल्डिंग का विस्तार कर इसे जी+6 (ग्राउंड फ्लोर + 6 मंजिल) में उन्नत किया जाएगा।
इस परियोजना के लिए ₹39.36 करोड़ की पुनरीक्षित राशि स्वीकृत की गई है।

स्वास्थ्य मंत्री का बयान

स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल ने जानकारी दी कि परियोजना के सभी कार्य तय दिशा-निर्देशों के अनुरूप तेजी से पूरे किए जाएंगे। उन्होंने कहा—

“यह केवल भवन विस्तार नहीं, बल्कि प्रदेश की जनता के लिए नई उम्मीद है। जी+6 कैंसर अस्पताल से छत्तीसगढ़ को अत्याधुनिक स्वास्थ्य सेवाएँ मिलेंगी।”

उन्होंने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह कदम राज्य की स्वास्थ्य सेवाओं को नई पहचान दिलाएगा।

“छत्तीसगढ़ की नई दशा,नई दिशा”- श्री अरुण साव:_ गोबरा नवापारा को मिला 5.3 करोड़ का विकास पैकेज

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने किया लोकार्पण-भूमिपूजन, 2 करोड़ की अतिरिक्त घोषणा

रायपुर/गोबरा नवापारा, 21 अगस्त।
Janchoupal36

उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री श्री अरुण साव ने आज गोबरा नवापारा नगर पालिका में ₹5.30 करोड़ के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। इस दौरान उन्होंने शहर के लिए अतिरिक्त ₹2 करोड़ देने की घोषणा भी की।

प्रमुख कार्य
₹1.23 करोड़ से निर्मित व्यावसायिक परिसर का लोकार्पण
₹71 लाख से बने तहसील कार्यालय और ₹30 लाख से विकसित अटल परिसर का उद्घाटन
धीवर व कसेर समाज के सामुदायिक भवन (₹25 लाख व ₹30 लाख)

दो स्कूलों में अतिरिक्त कक्ष (₹48 लाख 42 हजार)
स्ट्रीट पोल विस्तारीकरण (₹98 लाख 78 हजार)
सांस्कृतिक भवन (₹53 लाख 17 हजार)
वार्डों में सीसी रोड निर्माण (₹15 लाख)
कहार भोई समाज भवन (₹7 लाख)
आकांक्षी शौचालय (₹28 लाख 20 हजार) का भूमिपूजन

कार्यक्रम की खास बातें
प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के हितग्राहियों को अनुज्ञा पत्र वितरित
स्वच्छता दीदियों को सम्मानित किया गया
“एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत उप मुख्यमंत्री ने रुद्राक्ष का पौधा और राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने कपूर का पौधा लगाया

नेताओं के वक्तव्य
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा—
“पिछले डेढ़ वर्षों में गोबरा नवापारा को 23 करोड़ रुपए के विकास कार्य मिले हैं। राज्य के हर शहर का सुव्यवस्थित विकास सिटी डेवलपमेंट प्लान से किया जा रहा है। मोदी जी की गारंटी को पूरा करना हमारी प्राथमिकता है।”

राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने कहा—
“पिछले 20 महीनों में राजस्व विभाग सहित कई विभागों में बड़े सुधार हुए हैं। लोगों के काम तेजी से निपट रहे हैं और फर्जीवाड़ा थमा है।”

उपस्थिति
कार्यक्रम में विधायक इंद्र कुमार साहू, नगर पालिका अध्यक्ष ओमकुमारी साहू, पूर्व मंत्री चंद्रशेखर साहू, अशोक बजाज सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि व नागरिक मौजूद रहे।


कुरूद नगर पंचायत को नगर पालिका का दर्जा, क्षेत्रवासियों में हर्ष – विधायक अजय चंद्राकर ने कहा, महत्वपूर्ण उपलब्धि

कुरूद नगर पंचायत अब कुरूद नगर पालिका लिखा जाएगा । नगर पालिका का दर्जा, मिलने से शहरी विकास को मिलेगी गति।

नवा रायपुर।21 अगस्त 2025। जनचौपाल_36

छत्तीसगढ़ शासन ने नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग की अधिसूचना जारी कर धमतरी जिले के कुरूद नगर पंचायत को नगर पालिका का दर्जा प्रदान किया है। यह फैसला क्षेत्र के लिए एक बड़ी सौगात माना जा रहा है।

अधिसूचना के अनुसार,
छत्तीसगढ़ नगर पालिका अधिनियम 1961 की धारा 5(1)(क) के तहत यह निर्णय लिया गया है। अब कुरूद नगर पंचायत की सीमाएं ही नगर पालिका क्षेत्र के रूप में मान्य होंगी। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।

विकास कार्यों को गति
जनगणना वर्ष 2011 के अनुसार कुरूद की जनसंख्या 13,783 थी। सरकार का मानना है कि नगर पालिका का दर्जा मिलने से क्षेत्र में शहरी विकास कार्यों को गति मिलेगी और नागरिकों को बेहतर आधारभूत संरचना व सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

स्थानीय विधायक अजय चंद्राकर ने(face _book)
इस निर्णय को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि
“कुरूद को नगर पालिका का दर्जा मिलना हमारे क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इस फैसले से शहरी विकास, आधारभूत संरचना और नागरिक सुविधाओं को नई दिशा मिलेगी। यह क्षेत्र की समग्र प्रगति की दिशा में सराहनीय कदम है।”

कुरूद नगर पालिका का दर्जा मिलने के बाद अब यहां आधुनिक नगरीय योजनाओं, सड़क, पेयजल, स्वच्छता और अन्य नागरिक सेवाओं को और मजबूती मिलने की उम्मीद है।