24.1 C
Raipur
Friday, October 30, 2026
Home Blog Page 226

बेहतर पुलिसिंग की ओर – दुर्ग रेंज पुलिस की पहल ‘अनुभव’

अब दुर्ग रेंज के थाना-चौकियों में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति साझा करेंगे अपना अनुभव QR कोड के माध्यम से ऑनलाइन फीडबैक की सुविधा, बालोद में हुआ लॉन्च।

दुर्ग /बेमेतरा/बालोद_ 09/11/2025

दुर्ग रेंज पुलिस ने आम नागरिकों की सुविधा और पुलिस सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार के उद्देश्य से एक नई पहल ‘अनुभव’ की शुरुआत की है। इस अभिनव प्रयास का उद्देश्य पुलिस और जनता के बीच संवाद, पारदर्शिता और विश्वास को और सशक्त बनाना है। शनिवार, 08 नवम्बर 2025 को पुलिस कार्यालय बालोद के सभागार कक्ष में इस पहल के तहत QR कोड लॉन्च किया गया। इसके माध्यम से नागरिक अपने अनुभव और सुझाव अब सीधे ऑनलाइन साझा कर सकेंगे।

यह कार्यक्रम पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम के निर्देशन और पुलिस महानिरीक्षक, दुर्ग रेंज रामगोपाल गर्ग के नेतृत्व में प्रारंभ किया गया। अब दुर्ग रेंज के सभी थाना-चौकियों में एक-एक QR कोड उपलब्ध रहेगा, जिसे स्कैन कर आगंतुक ऑनलाइन फीडबैक फॉर्म भर सकेंगे। इस फॉर्म में कुछ सरल प्रश्न होंगे, जिनके माध्यम से नागरिक पुलिस सेवाओं, व्यवहार और कार्यप्रणाली पर अपनी राय दे सकते हैं। नाम और मोबाइल नंबर देना वैकल्पिक रहेगा, जिससे लोग बिना झिझक के अपनी सच्ची प्रतिक्रिया साझा कर सकें।

यह पहल सरगुजा रेंज पुलिस की सफल व्यवस्था से प्रेरित है, जिसे दुर्ग रेंज में और सशक्त रूप में लागू किया गया है। पुलिस महानिरीक्षक श्री गर्ग ने बताया कि — “जनता के अनुभव ही हमारी पुलिसिंग का वास्तविक आईना हैं। ‘अनुभव’ पहल से हमें यह समझने में मदद मिलेगी कि जनता हमारी सेवाओं से कितनी संतुष्ट है और किन क्षेत्रों में सुधार की आवश्यकता है। हमारा उद्देश्य पारदर्शी, संवेदनशील और जवाबदेह पुलिसिंग को और सशक्त बनाना है।”

बेमेतरा जिले में IGP दुर्ग रेंज श्री रामगोपाल गर्ग (भा.पु.से.) के निर्देशन, एसएसपी श्री रामकृष्ण साहू और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती ज्योति सिंह के मार्गदर्शन में सभी थाना-चौकियों में QR कोड लगाए गए हैं। बालोद पुलिस अधीक्षक श्री योगेश पटेल द्वारा इस QR कोड को डिज़ाइन किया गया है, जिसे उन्होंने पुलिस सेवाओं में सुधार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया। इस अवसर पर सीएसपी डॉ. चित्रा वर्मा, सीएसपी बोनीफास एक्का, डीएसपी माया शर्मा, थाना-चौकी प्रभारी सहित आईजी कार्यालय से डॉ. संकल्प राय, आरक्षक अभिषेक यादव और प्रशांत कुमार शुक्ला उपस्थित रहे।


सनातन एकता पदयात्रा से मथुरा में धार्मिक एकता और जनजागरण को नई धार

मथुरा/बागेश्वर पीठाधीश्वर/पं धीरेन्द्र शास्त्री_09/11/2025(मीडिया सूत्र)

बागेश्वर धाम पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री सात नवंबर से दिल्ली के छतरपुर से शुरू हुई सनातन हिंदू एकता पदयात्रा का नेतृत्व कर रहे हैं। यह पदयात्रा 16 नवंबर को ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर, वृंदावन पहुंचकर धर्म ध्वजा वंदन के साथ सम्पन्न होगी।

यात्रा का उद्देश्य सामाजिक‑धार्मिक एकता को सुदृढ़ करना और सनातन परंपराओं के संरक्षण का संदेश फैलाना है। आयोजन से जुड़े प्रतिनिधियों के अनुसार, यात्रा में समाज में समरसता, पर्यावरण स्वच्छता और सांस्कृतिक धरोहरों की रक्षा जैसे विषय प्रमुख हैं।

13 नवंबर को पदयात्रा का प्रवेश आगरा‑दिल्ली हाईवे स्थित कोटवन सीमा से मथुरा जिले में होगा। यात्रा के दौरान अनेक श्रद्धालु, संत‑महात्मा और सामाजिक कार्यकर्ता सहभागी बनेंगे। बागेश्वर धाम के अनुयायियों के अनुसार, यह अभियान धार्मिक‑सांस्कृतिक जागृति का भाग है, जिसका उद्देश्य देशभर के लोगों को एकता और सद्भाव का संदेश देना है।

कार्यक्रम से संबंधित व्यवस्था समिति के सदस्यों ने बताया कि ब्रज क्षेत्र की स्वच्छता, गोसंरक्षण, यमुना नदी का पुनरुद्धार और मंदिरों की सुरक्षा पर भी विशेष बल दिया जाएगा।

कथावाचक आचार्य मृदुलकांत शास्त्री के अनुसार, वृंदावन में कई प्रमुख संतों और सामाजिक क्षेत्र से जुड़ी हस्तियों की उपस्थिति इस यात्रा को विशेष बनाएगी। फिल्म अभिनेता संजय दत्त और राजपाल यादव सहित कुछ अन्य फिल्म हस्तियों के शामिल होने की संभावना जताई गई है।

पदयात्रा के प्रमुख विषय
– समाज में समरसता और सांस्कृतिक एकता की स्थापना
– मां यमुना की स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण
– ब्रजधाम में मांसाहार व नशा‑मुक्ति का अभियान
– गोसंरक्षण व गोमाता को सम्मान दिलाने की पहल
– प्राचीन मंदिरों और विरासत स्थलों के संरक्षण को बढ़ावा


धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने कहा कि यह यात्रा सभी सनातन अनुयायियों के आत्मिक जागरण की यात्रा है, जिसका उद्देश्य परंपरा और संस्कृति को नई ऊर्जा देना है।


फिल्म ‘हक’: रिश्तों में सम्मान और आत्मसम्मान की सशक्त अभिव्यक्ति

0

हक’ – तलाक से आगे बढ़कर औरत के आत्मसम्मान की कहानी

न्यूज आर्टिकल/फिल्म हक _09/11/2025

अक्सर कहा जाता है कि सिनेमा समाज का आईना होता है, लेकिन बीते कुछ समय से यह आईना मनोरंजन और हिंसा की परिधि में सीमित होता जा रहा था। इसी बीच रिलीज हुई फिल्म ‘हक’ दर्शकों को एक बार फिर सोचने पर मजबूर करती है कि फिल्में केवल मनोरंजन नहीं, समाज की सच्चाइयों का प्रतिबिंब भी हो सकती हैं। सुपर्ण एस वर्मा के निर्देशन में बनी यह फिल्म एक पत्नी की कानूनी और भावनात्मक यात्रा को दिखाती है, जो तीन तलाक के बाद भी अपने सम्मान को पुनः पाने की लड़ाई लड़ती है।

कहानी का गहराई से जुड़ाव शाह बानो प्रकरण से है, जहाँ न्यायालय का निर्णय समाज में महिला अधिकारों की दिशा तय करने वाला साबित हुआ था। ‘हक’ में भी यही संवेदना एक आधुनिक संदर्भ में उभरती है। फिल्म यह संदेश देती है कि जब रिश्ते टूटते हैं, तो असल परीक्षा आत्मसम्मान और समानता की होती है। इमरान हाशमी और यामी गौतम का अभिनय इन संवेदनाओं को सजीव बना देता है, जिससे दर्शक कहानी के हर पल से खुद को जुड़ा महसूस करते हैं।

प्रमोशन के दौरान अभिनेत्री यामी गौतम ने कहा कि जीवन केवल सांस लेने का नाम नहीं, बल्कि अपने भीतर की कला और उद्देश्य को पहचानने का अवसर है। उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति ईश्वर की विशेष रचना है और उसकी क्षमता समाज को दिशा देने का सामर्थ्य रखती है। यामी का यह दृष्टिकोण फिल्म के संदेश से मेल खाता है — कि सच्ची कला वही है जो समाज में सोच की नई लहर पैदा करे।

‘हक’ सिर्फ एक फिल्म नहीं, बल्कि एक सामाजिक दस्तावेज है जो यह दिखाता है कि कानून, धर्म और पारिवारिक मूल्यों के बीच भी संवेदना और सम्मान के लिए जगह बन सकती है। यह फिल्म आज के दौर में भारतीय सिनेमा को एक नई दिशा देती है — जहां पर्दे की कहानी केवल मनोरंजन तक नहीं, बल्कि सामाजिक आत्ममंथन तक पहुंचती है। ‘हक’ यह याद दिलाती है कि सिनेमा का असली हक तभी पूरा होता है, जब वह विचार और बदलाव दोनों को जन्म दे।


9 नवंबर देहरादून:”पीएम मोदी का उत्तराखंड को रजत जयंती का तोहफा—

8140 करोड़ की परियोजनाएँ, किसानों को सीधी सहायता और ऐतिहासिक डाक टिकट जारी करेंगे।

देहरादून/उत्तराखंड_8 नवंबर 2025 —(नमो ऐप)

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 9 नवंबर को देहरादून का दौरा कर उत्तराखंड राज्य के गठन की रजत जयंती समारोह में भाग लेंगे ,साथ ही राज्य की जनता को संबोधित करेंगे और एक स्मारक डाक टिकट भी जारी करेंगे।कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री 8140 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। ये परियोजनाएँ पेयजल, सिंचाई, तकनीकी शिक्षा, ऊर्जा, शहरी विकास, खेल और कौशल विकास जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों को गति देंगी।

समारोह में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत 28,000 से अधिक किसानों के खातों में सीधे 62 करोड़ रुपये की सहायता राशि भी जारी करेंगे, जिससे राज्य के कृषि क्षेत्र को मजबूती मिलेगी।

प्रधानमंत्री मोदी अमृत योजना के अंतर्गत देहरादून के 23 क्षेत्रों में जलापूर्ति कवरेज, पिथौरागढ़ में विद्युत सबस्टेशन, सरकारी भवनों में सौर ऊर्जा संयंत्र तथा हल्द्वानी स्टेडियम में एस्ट्रोटर्फ हॉकी मैदान का उद्घाटन शामिल है।

प्रधानमंत्री जल क्षेत्र की दो बड़ी परियोजनाओं — सोंग बांध पेयजल परियोजना और नैनीताल की जमरानी बांध बहुउद्देशीय परियोजना — का शिलान्यास भी करेंगे।इसके अलावा, चंपावत में महिला खेल महाविद्यालय की स्थापना और नैनीताल में अत्याधुनिक डेयरी संयंत्र जैसी परियोजनाओं की आधारशिला भी रखी जाएगी।

प्रधानमंत्री मोदी का यह दौरा उत्तराखंड की रजत जयंती के ऐतिहासिक अवसर पर राज्य के सर्वांगीण विकास को समर्पित रहेगा और प्रदेशवासियों के लिए नई आशाओं व संभावनाओं का संदेश देगा।


सीमांचल में गरजे अमित शाह: एनडीए की जीत का शंखनाद, बीजेपी ने साधा पूरा बिहार

बनमक्खी/पूर्णिया, बिहार — 08/11/2025

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने आज बनमक्खी और पूर्णिया में जोरदार रोड शो और सभाओं के जरिए चुनावी माहौल को गरम कर दिया। अपने संबोधन की शुरुआत उन्होंने क्षेत्र की प्राचीन देवी-देवताओं और बिहार के पहले दलित मुख्यमंत्री भोला पासवान शास्त्री को नमन कर करते हुए की।

मंच पर मौजूद प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिलीप जायसवाल, यूपी सांसद अनूप प्रधान, जिला अध्यक्ष प्रकाश सिंह पटेल, मीनाक्षी सिन्हा सहित कई वरिष्ठ भाजपा नेता और स्थानीय कार्यकर्ता मौजूद थे।

शाह ने बनमक्खी के लोकप्रिय प्रत्याशी कृष्ण कुमार ऋषि का विशेष रूप से अभिनंदन किया और सभा में जमा भारी भीड़ से मत मांगते हुए स्पष्ट संदेश दिया कि यह चुनाव “दो खेमों” के बीच है — एक बिखरा हुआ गठबंधन और दूसरी ओर पांच पांडवों जैसी सशक्त एनडीए।

अमित शाह ने सभा में तीखे तेवर दिखाते हुए सीमांचल को लेकर अपनी चिंता व्यक्त की और घुसपैठियों के मुद्दे को चुनावी परिदृश्य का मुख्य विषय बना दिया। उन्होंने कहा कि “यह घुसपैठिया हमारे युवाओं की नौकरियाँ छीनते हैं, हमारे गरीबों के राशन से हिस्सा लेते हैं और देश को असुरक्षित करते हैं,” ।

शाह ने विपक्ष पर कटाक्षों की झड़ी भी लगायी — कहा कि पहले चरण में एक तरफ लालू-राहुल का सुपड़ा साफ हुआ है और बिहार में सबसे ज़्यादा सीटों के साथ एनडीए की सरकार बनेगी। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नितीश कुमार के नेतृत्व में बिहार को विकसित राज्य बनाने का विजन दोहराया और चेतावनी दी कि अगर जनता ने गलती की तो “जंगलराज” लौट सकता है ।

रोड शो और सभाओं के बाद राजनीतिक हल्कों में जोश स्पष्ट रूप से दिखा — भाजपा ने पूरी तरह से चुनावी मोर्चा संभालने का इरादा जाहिर किया है और शाह की मौजूदगी ने स्थानीय उम्मीदवारों को पूरक जनसमर्थन दिया।



अवैध रेत उत्खनन पर जिला प्रशासन की बड़ी कार्रवाई: महानदी घाट से चार नौकाएँ जब्त

रायपुर/महासमुंद/जनसंपर्क विभाग_
08 नवम्बर 2025:

महाप्रशासनिक निर्देशों के अनुपालन में, महासमुंद जिला प्रशासन ने खनिजों के अवैध उत्खनन पर लगाम कसने के लिए एक महत्वपूर्ण कार्रवाई की है। कलेक्टर विनय लंगेह के स्पष्ट निर्देश पर, खनिज, राजस्व और पुलिस विभाग की एक संयुक्त टीम ने आज ग्राम बड़गांव स्थित महानदी रेत घाट पर औचक निरीक्षण और जांच अभियान चलाया।

इस अभियान के दौरान, टीम ने महानदी से नियम विरुद्ध रेत निकासी में लगी हुई चार नौकाओं (बोट्स) को तत्काल प्रभाव से जब्त कर लिया। यह कार्रवाई जिले में अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ चल रहे विशेष अभियान का हिस्सा है।

कलेक्टर श्री विनय लंगेह ने इस संबंध में अधिकारियों को कड़े निर्देश देते हुए कहा है:
“जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भण्डारण पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित किया जाए। यह अभियान निरंतर जारी रहना चाहिए और नियम का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।”

जिला प्रशासन यह स्पष्ट करता है कि खनिजों के अवैध कारोबार में लिप्त किसी भी व्यक्ति या समूह को बख्शा नहीं जाएगा, और पर्यावरण की सुरक्षा के लिए यह अभियान भविष्य में भी जारी रहेगा।

‘अब घर लौटना चाहते हैं’: 37 लाख के इनामी 7 नक्सलियों का गरियाबंद में सरेंडर, टॉप लीडर भी शामिल

गरियाबंद/छत्तीसगढ़_08/11/2025

छत्तीसगढ़ के नक्सल विरोधी अभियान को (शुक्रवार को) एक बड़ी सफलता मिली है, जहाँ 37 लाख रुपये के कुल इनामी सात माओवादियों ने पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। यह सरेंडर गरियाबंद-धमतरी-नुआपाड़ा डिवीजन के अंतर्गत उदंती एरिया कमेटी के सदस्यों ने किया।

टॉप लीडरशिप का आत्मसमर्पण
आत्मसमर्पण करने वालों में नक्सली संगठन के दो शीर्ष नेता भी शामिल हैं, जिससे इस कमेटी को बड़ा झटका लगा है।
👉 उदंती एरिया कमांडर सुनील: इस पर 8 लाख रुपये का इनाम था।
👉 एरिया सचिव एरिना: इस पर भी 8 लाख रुपये का इनाम घोषित था।अन्य सरेंडर करने वालों में कमेटी सदस्य लुद्रो, विद्या, नंदिनी और मलेश (प्रत्येक पर 5-5 लाख रुपये का इनाम) और 1 लाख रुपये की इनामी कांती शामिल हैं।

हथियारों के साथ पहुंचे थाने।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सभी माओवादी पैदल चलकर जंगल से बाहर निकले और स्वयं ही अपने हथियारों के साथ सरेंडर करने थाने पहुंचे।जब्त किए गए हथियारों में एक SLR (सेल्फ-लोडिंग राइफल), तीन इंसास राइफलें, और एक सिंगल शॉट बंदूक शामिल हैं। उनके पास से जिंदा कारतूस और कुछ विस्फोटक सामग्री भी बरामद की गई है।

मुख्यधारा में लौटने की अपील
सरेंडर करने वाली नक्सली सदस्य विद्या ने पुलिस को बताया कि उन्होंने यह फैसला पूर्व टॉप कमांडर रूपेश दादा की अपील के बाद लिया है। उन्होंने भावुक होकर कहा, “हम अब जंगल में नहीं रहना चाहते, हथियार छोड़कर घर जाना चाहते हैं।”कमेटी मेंबर लुद्रो ने बताया कि लगातार मुठभेड़ों में शीर्ष नेताओं के मारे जाने के कारण नक्सली संगठन टूट गया है और बिखर गया है। उन्होंने कहा कि अब उनका लक्ष्य माओवाद का रास्ता छोड़कर समाज की मुख्यधारा में शामिल होना है।

पुलिस का मानना है कि शीर्ष माओवादी नेताओं के एनकाउंटर से पैदा हुआ खौफ भी बड़ी संख्या में सक्रिय नक्सलियों को आत्मसमर्पण के लिए प्रेरित कर रहा है।

बस्तर में NIA का बड़ा एक्शन: IED ब्लास्ट मामले में 12 ठिकानों पर रेड, करोड़ों की वसूली का खुलासा?

जगदलपुर/छत्तीसगढ़:08/11/2025

राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने 2023 के अरनपुर आईईडी विस्फोट और माओवादी हमले के मामले में अपनी जांच को निर्णायक मोड़ देते हुए, बस्तर क्षेत्र में 12 अलग-अलग स्थानों पर व्यापक छापेमारी की है।
एजेंसी ने शुक्रवार को सीपीआई (माओवादी) संगठन से जुड़े संदिग्धों और आरोपितों के परिसरों को निशाना बनाया। यह कार्रवाई प्रतिबंधित माओवादी समूह के सशस्त्र कैडरों से संबंधित बताई जा रही है।

जब्त की गई सामग्री
तलाशी अभियान के दौरान, NIA ने कई आपत्तिजनक और महत्वपूर्ण सामग्री जब्त की है, जिनमें शामिल हैं:
👉भारी मात्रा में नकदी।
👉माओवादियों द्वारा की जाने वाली लेवी (रंगदारी) वसूली की रसीद बुकें।
👉हस्तलिखित दस्तावेज़ और महत्वपूर्ण डिजिटल उपकरण।

क्या है मामला?
यह मामला 26 अप्रैल 2023 को दंतेवाड़ा जिले के अरनपुर थाना क्षेत्र में हुए भीषण हमले से जुड़ा है, जिसे दरभा डिवीजन कमेटी के माओवादियों ने अंजाम दिया था।
NIA इस मामले में लगातार जांच कर रही है और अब तक 27 आरोपितों को गिरफ्तार कर चुकी है, जिनके खिलाफ दो आरोपपत्र भी दाखिल किए जा चुके हैं।

सहयोगी गिरफ़्तार
जांच में धनेंद्र राम धु्रव उर्फ गुरुजी और रामस्वरूप मरकाम समेत कई माओवादी सहयोगियों की भूमिका सामने आई है। ये लोग IED विस्फोट को अंजाम देने के लिए लॉजिस्टिक्स और अन्य सहायता उपलब्ध कराने में शामिल थे।

NIA ने यह भी खुलासा किया है कि इन्हीं आरोपितों का हाथ 17 नवंबर 2023 को गरियाबंद जिले के बड़ेगोबरा गांव में मतदान के बाद लौट रहे सुरक्षाकर्मियों पर हुए विस्फोट में भी था, जिसमें ITBP का एक हेड कांस्टेबल शहीद हो गया था।

जमुई की चुनावी रैली में अमित शाह का हमला — परिवारवाद पर वार, विकास का संकल्प दोहराया

श्री शाह ने दावा किया कि पहले चरण के मतदान में जनता ने “लालू और राहुल का सूपड़ा साफ” कर दिया है।

जमुई/बिहार चुनाव रैली/केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह 07/11/2025

बिहार में चुनावी घमासान जारी है।बड़े स्तर के नेता,केंद्रीय मंत्री पूरी तरीके से अपनी ताकत झोंक रहे हैं।बिहार के जमुई में आयोजित एक चुनावी रैली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने जोरदार ,जनसभा को संबोधित करते हुए विपक्षी दलों पर तीखा प्रहार किया। सभा की शुरुआत उन्होंने स्थानीय देवी-देवताओं और स्वतंत्रता सेनानियों को नमन कर की, साथ ही घनवेरिया के पेड़े और खैरा की बालूशाही का उल्लेख करते हुए स्थानीय संस्कृति से जुड़ाव का संदेश दिया।

अमित शाह ने अपने संबोधन में आरजेडी और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि लालू प्रसाद यादव अपने बेटे को मुख्यमंत्री और सोनिया गांधी अपने बेटे को प्रधानमंत्री बनाना चाहती हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि बिहार में मुख्यमंत्री का पद नीतीश कुमार के नेतृत्व में सुरक्षित है और प्रधानमंत्री का पद नरेंद्र मोदी के हाथों में है।

गृह मंत्री ने अपने भाषण में विकास के कई वादे किए — बिहार को बाढ़ मुक्त बनाने, जमुई को पर्यटन केंद्र विकसित करने, और युवाओं के लिए रोजगार सृजन के संकल्प को दोहराया। उन्होंने बताया कि जमुई से दो एक्सप्रेसवे गुजरेंगे और यहां इलेक्ट्रिक व्हीकल तथा गोला-बारूद निर्माण के कारखाने स्थापित किए जाएंगे।

शाह ने कहा कि किसानों को अब अधिक वित्तीय सहायता मिलेगी और जीविका दीदियों की योजनाओं में किसी प्रकार की कटौती नहीं होगी।

परिवारवाद और “जंगलराज” की राजनीति पर प्रहार करते हुए शाह ने जनता से सतर्क रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि “भेष बदलकर आने वाले लोग” राज्य को फिर से अपराध और भ्रष्टाचार की ओर धकेलना चाहते हैं। सभा में झाझा से दामोदर रावत, चकाई से सुमित कुमार सिंह और जमुई से श्रेयसी सिंह सहित कई नेताओं ने भी अपने विचार रखे।

बिहार में फिर से सुशासन की सरकार बनाने का आह्वान: प्रधानमंत्री मोदी ने औरंगाबाद में विशाल रैली को संबोधित किया

शांतिपूर्ण मतदान बदलाव की निशानी है। उन्होंने कांग्रेस-राजद पर गाली-गलौज की राजनीति का आरोप लगाते हुए मतदाताओं से 11 नवंबर को करारा जवाब देने की अपील की

औरंगाबाद/ बिहार_ 7 नवंबर 2025

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज औरंगाबाद में एक विशाल रैली को संबोधित करते हुए कहा कि बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण की वोटिंग में एनडीए ने भारी बढ़त हासिल कर ली है और दूसरे चरण में भी उसकी लहर है।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि पहले चरण में रिकॉर्ड वोटिंग से पता चलता है कि बिहार और बिहार के युवाओं ने एनडीए सरकार को बनाए रखने का फैसला कर लिया है। उन्होंने कहा, “फिर एक बार, NDA सरकार… बिहार में फिर से सुशासन की सरकार जनता की सरकार।”

प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि एनडीए ने पंचायती राज संस्थाओं और शहरी निकायों में महिलाओं को 50% और सरकारी नौकरियों में 35% आरक्षण दिया है। उन्होंने कहा कि एनडीए ने विधानसभा और संसद में भी महिलाओं के लिए आरक्षण सुनिश्चित किया है और पूरे बिहार में महिलाओं के लिए स्वरोज़गार के अवसर पैदा कर रहा है।