24.1 C
Raipur
Friday, October 30, 2026
Home Blog Page 224

बेमेतरा में छत्तीसगढ़ बाँस तीर्थ संकल्पना समारोह का भव्य आयोजन

भारत के सबसे ऊँचे 140 फीट बम्बू टावर पर मुख्यमंत्री ने किया ध्वजारोहण, बेमेतरा बना राष्ट्रीय आकर्षण का केंद्र।

बेमेतरा/ छत्तीसगढ़ | 14 नवंबर 2025:

बेमेतरा जिले के ग्राम कठिया में आज छत्तीसगढ़ बाँस तीर्थ संकल्पना समारोह ऐतिहासिक और भव्य रूप में सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर भारत के सबसे ऊँचे, 140 फीट ऊँचे बम्बू टावर का लोकार्पण हुआ, जिसने बेमेतरा को राष्ट्रीय आकर्षण का केंद्र बना दिया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, उपमुख्यमंत्री अरुण साव सहित स्थानीय जनप्रतिनिधियों की भारी उपस्थिति रही।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राष्ट्रध्वज फहराकर समारोह का शुभारंभ किया और कहा कि यह बम्बू टावर केवल एक संरचना नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ की परंपरा, कौशल और नवाचार का प्रतीक है। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण और बाँस आधारित कृषि को बढ़ावा देने की अपील करते हुए बाँस का पौधा रोपा। मुख्यमंत्री ने बाँस उत्पाद निर्माण इकाइयों और प्रोसेसिंग केंद्रों का भी निरीक्षण किया तथा कारीगरों से संवाद कर उनके कार्यों की सराहना की।

उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि छत्तीसगढ़ आज विकास और नवाचार की दिशा में नए आयाम स्थापित कर रहा है। विश्व के सबसे ऊँचे बम्बू टावर के साथ राज्य ने अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि बाँस आधारित उद्योग ग्रामीण अर्थव्यवस्था और युवाओं के लिए नए रोजगार के अवसर दे रहे हैं। सरकार किसानों, युवाओं और कारीगरों के लिए विशेष योजनाएँ लागू कर रही है, जिससे स्थानीय स्तर पर आर्थिक सशक्तिकरण को बढ़ावा मिलेगा।

उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि जलवायु परिवर्तन और जलसंकट की परिस्थितियों में बाँस की खेती लाभकारी विकल्प बन रही है। उन्होंने कहा कि बाँस कम पानी में तेजी से बढ़ता है, मिट्टी संरक्षण और हरियाली बढ़ाने में सहायक है। बेमेतरा जैसे क्षेत्रों के लिए यह खेती आर्थिक रूप से परिवर्तनकारी सिद्ध हो सकती है। समारोह में बड़ी संख्या में किसान, सरपंच, जनप्रतिनिधि और ग्रामीण उपस्थित रहे, जिन्होंने इस अवसर को राज्य की नई दिशा के रूप में देखा।


छत्तीसगढ़ सीएम साय कैबिनेट की अहम बैठक : तीन बड़े फैसले_

रायपुर, 14 नवंबर।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में आज हुई मंत्रिपरिषद की बैठक में प्रदेश के कृषि क्षेत्र को मजबूत करने, प्रशासनिक ढांचे को सुव्यवस्थित करने और सार्वजनिक आवास योजनाओं को गति देने पर महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। किसानों के हित में फैसला लेते हुए, कैबिनेट ने खरीफ और रबी विपणन मौसम में दलहन-तिलहन फसलों (जैसे अरहर, चना, सरसों) का उपार्जन ‘प्रधानमंत्री अन्नदाता आय संरक्षण अभियान’ (PSS) के तहत समर्थन मूल्य पर जारी रखने को मंजूरी दी। साथ ही, धान खरीदी के सुचारू संचालन हेतु ₹15,000 करोड़ की शासकीय प्रत्याभूति को अगले वर्ष (2025-26) के लिए पुनर्वेधीकृत किया गया, और विपणन संघ को ₹11,200 करोड़ की अतिरिक्त गारंटी भी प्रदान की गई।

प्रशासनिक दक्षता बढ़ाने और ‘मिनिमम गवर्मेंट मैक्सिमम गवर्नेंस’ के सिद्धांत को लागू करने के लिए छत्तीसगढ़ शासन कार्य (आवंटन) नियम में संशोधन किया गया। इसके तहत दो विभागों का संविलियन (विलय) किया गया है: सार्वजनिक उपक्रम विभाग को वाणिज्य और उद्योग विभाग में और बीस सूत्रीय कार्यान्वयन विभाग को योजना, आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग में मिलाया गया है। इस कदम का उद्देश्य शासकीय कार्यों में बेहतर तालमेल और सुशासन सुनिश्चित करना है।

बैठक में शहीद वीर नारायण सिंह अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम को दीर्घकालिक संचालन और विकास हेतु छत्तीसगढ़ राज्य क्रिकेट संघ को लीज पर देने का भी अहम निर्णय लिया गया, जिससे राज्य में उच्चस्तरीय क्रिकेट को बढ़ावा मिलेगा। इसके अतिरिक्त, राज्य की विभिन्न आवास योजनाओं (EWS और LIG) में अविक्रित भवनों की बिक्री को आसान बनाया गया। अब लगातार विज्ञापनों के बाद भी न बिकने पर, इन भवनों को किसी भी आय वर्ग के व्यक्ति या संस्थाओं को थोक में बेचा जा सकेगा; हालांकि, शासन द्वारा स्वीकृत अनुदान की पात्रता केवल निर्धारित आय वर्ग के हितग्राहियों को ही मिलेगी।

बिहार विधानसभा चुनाव 2025: एनडीए का नया इतिहास बनता दिख रहा है

बिहार भाजपा मुख्यालय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 7:00 बजे पहुंच सकते हैं

बिहार विधानसभा चुनाव परिणाम _14/11/2025

बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के प्रारंभिक रुझान इस ओर संकेत दे रहे हैं कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में एनडीए इस बार दो तिहाई बहुमत के पार पहुंचता दिखाई दे रहा है। भाजपा और जेडीयू के संयुक्त प्रदर्शन ने विपक्षी गठबंधन को पीछे छोड़ते हुए 2010 के ऐतिहासिक चुनाव की याद ताजा कर दी है।

बिहार के कई जिलों में एनडीए को शुरुआती बढ़त मिल रही है, जिससे यह संकेत मिल रहा है कि जनता एक बार फिर स्थिर शासन के पक्ष में मतदान कर रही है।

2010 के विधानसभा चुनाव में एनडीए ने 206 सीटों के साथ अभूतपूर्व जीत दर्ज की थी, जिसमें जेडीयू को 115 और भाजपा को 91 सीटें मिली थीं। उस चुनाव ने नीतीश कुमार की ‘विकास पुरुष’ की छवि को नई ऊंचाई दी थी। अब 15 साल बाद, वही इतिहास दोहराने या उससे आगे बढ़ने की दिशा में एनडीए कदम बढ़ा रहा है। इस चुनाव में भाजपा की सीटें 90 से अधिक तक पहुंचने की संभावना जताई जा रही है, जो पार्टी के लिए बिहार में अब तक का सबसे मजबूत प्रदर्शन साबित हो सकता है।

अगर रुझान अंतिम परिणामों में कायम रहते हैं, तो यह जीत न सिर्फ नीतीश कुमार की राजनीतिक वापसी का प्रतीक होगी, बल्कि बिहार की सत्ता में एनडीए के सबसे स्थायी दौर की शुरुआत भी मानी जाएगी। विपक्षी दलों, खासकर राजद, के लिए यह परिणाम एक नई चुनौती लेकर आएगा, जबकि नीतीश-भाजपा गठबंधन राज्य की राजनीति में एक बार फिर निर्णायक भूमिका में उभरता दिख रहा है।


देश में PPP मॉडल पर 100 नए सैनिक स्कूल खोलेंगे: अमित शाह

मोदी सरकार पीपीपी मॉडल पर देशभर में 100 नए सैनिक स्कूल बना रही है, उसमें से एक मोतीभाई चौधरी सैनिक स्कूल मेहसाणा का गौरव बनेगा

मेहसाणा/गुजरात/केंद्रीय गृह मंत्री/अमित शाह _14/11/2025

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गुरुवार को कहा कि केंद्र सरकार ने सार्वजनिक-निजी भागीदारी (PPP) मॉडल के तहत देशभर में 100 नए सैनिक स्कूल खोलने का निर्णय लिया है। वे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से मोतीभाई आर. चौधरी सागर सैनिक स्कूल और सागर ऑर्गेनिक प्लांट के उद्घाटन समारोह को संबोधित कर रहे थे।

50 करोड़ की लागत से बना नया सैनिक स्कूल स्मार्ट क्लास, छात्रावास और पुस्तकालय जैसी आधुनिक सुविधाओं से लैस है। शाह ने कहा कि यह स्कूल मेहसाणा सहित कई जिलों के युवाओं को सशस्त्र बलों में जाने का मार्ग देगा।

उन्होंने बताया कि 30 मीट्रिक टन क्षमता वाला सागर ऑर्गेनिक प्लांट APEDA और NPOP प्रमाणित है, जिससे प्राकृतिक खेती करने वाले किसानों को वैश्विक बाजार तक पहुंच मिलेगी और उनकी आय बढ़ेगी।

शाह ने बताया कि दूधसागर डेयरी 1960 में 3,300 लीटर से बढ़कर अब 35 लाख लीटर प्रतिदिन दूध एकत्र कर रही है और इसका कारोबार 8,000 करोड़ रुपये तक पहुंच चुका है। अमूल के 70% कारोबार में महिलाओं का योगदान है।

उन्होंने बताया कि गुजरात सरकार ने बेमौसम बारिश से प्रभावित किसानों के लिए उदार राहत पैकेज घोषित किया है।


धान खरीदी से पहले संकट: केंद्रों में सन्नाटा, हड़ताल से तैयारी ठप

छत्तीसगढ़ /जांजगीर, 14 नवंबर |

जिले के 129 धान खरीदी केंद्रों में अभी तक बारदाना सहित कोई तैयारी नहीं हो सकी है। सहकारी समिति कर्मचारी और कंप्यूटर ऑपरेटर 11 दिनों से हड़ताल पर हैं, जिससे खरीदी प्रक्रिया प्रभावित है। किसानों ने कहा कि नहर क्षेत्र होने से धान 10 दिन बाद ही केंद्रों में आएगा।

मंत्री नेताम ने कहा कि सरकार बिचौलियों और कोच्चियों से धान नहीं खरीदेगी, और कांग्रेस पर कटाक्ष करते हुए कहा—
“कांग्रेस एक ऐसी पार्टी है जो कोच्चियों के दम पर चलती है—चाहे शराब कोचिया हो या ज़मीन दलाल।”
हड़ताल पर मंत्री का रुख सख्त दिखाई दिया।

वहीं कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने कहा कि धान खरीदी तय समय पर शुरू होगी और सरकार वैकल्पिक व्यवस्था कर रही है। मंत्री ने स्पष्ट किया कि बिचौलियों और कोच्चियों से धान नहीं खरीदा जाएगा। हड़ताल पर उन्होंने सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि किसान हित में आवश्यक निर्णय लिए जाएंगे।

कांग्रेस विधायक ब्यास कश्यप ने सरकार पर किसान हित की अनदेखी का आरोप लगाया।

उधर बिलासपुर में हड़ताली कर्मचारियों को कांग्रेस का समर्थन मिला है। कांग्रेस ने मांगें जल्द पूरी न होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है।कांग्रेस नेताओं ने कहा
“कार्यकर्ता अपनी जायज़ मांगों को लेकर धरने पर हैं, और कांग्रेस उनका पूर्ण समर्थन करती है। यदि सरकार मांगें पूरी नहीं करती, तो कांग्रेस इनके साथ मिलकर उग्र आंदोलन करेगी।”

कार से 3 करोड़ रुपये नकद बरामद, गुप्त चैंबर में छुपाकर ले जा रहे थे—पुलिस भी रह गई हैरान

बालोद, 14 नवम्बर 2025।

बालोद पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई में 3 करोड़ रुपये नकद से भरी एक सफेद क्रेटा कार को जब्त किया है। पुलिस भी तब दंग रह गई जब कार की सीट के नीचे स्पेशल गुप्त चैंबर तैयार किया हुआ मिला, जिसमें 500 और 100 रुपये के नोटों के बंडल ठूंसकर रखे गए थे।

गुप्त चैंबर में छुपाकर ले जा रहे थे करोड़ों रुपये
पुलिस को सूचना मिलने पर रायपुर से धमतरी होकर नागपुर की ओर जा रही कार को घेराबंदी कर रोका गया। कार में सवार दो व्यक्तियों को हिरासत में लिया गया है—
पटेल अलपेश कुमार, जिला महेसाना, गुजरात
आशिक गाड़गे, नवी मुंबई निवासी
दोनों से पूछताछ जारी है।

रकम किसकी? पुलिस जांच में जुटी
अब तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि यह 3 करोड़ रुपये आखिर किसके हैं, और कार सवार इन्हें किसके कहने पर एक स्थान से दूसरे स्थान ले जा रहे थे। पुलिस इस पूरे मामले को गंभीरता से जांच रही है।

जब्त सामग्री :_महाराष्ट्र पासिंग क्रेटा कार
₹3,00,00,000 नकद (500 व 100 के नोट)
पुलिस अब नकदी के स्रोत, उद्देश्य और नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है।

अनुशासन और समय पालन से सफलता मिलती है – राज्यपाल डेका

रायपुर, 13 नवम्बर 2025

राज्यपाल रमेन डेका ने कहा कि जो जीवन में अनुशासित और समय के पाबंद होते हैं, सफलता उनका साथ देती है। वे नवा रायपुर स्थित कलिंगा विश्वविद्यालय के पंचम् दीक्षांत समारोह में शामिल हुए। राज्यपाल ने उपाधि और पदक प्राप्त विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि यह अंत नहीं, बल्कि नई यात्रा की शुरुआत है। गिरकर हार न मानें, बल्कि फिर उठकर आगे बढ़ें।

कलिंगा विश्वविद्यालय के इस समारोह में वर्ष 2023, 2024 और 2025 के छात्रों को उपाधियाँ प्रदान की गईं। राज्यपाल ने 150 पीएच.डी., 1500 स्नातकोत्तर और 2500 स्नातक छात्रों को डिग्रियाँ दीं। उन्होंने विश्वविद्यालय परिसर में ‘मां के नाम एक पेड़’ अभियान के तहत पौधा भी लगाया और कहा कि विद्यार्थियों को संघर्ष के साथ योजनाबद्ध तरीके से अपना भविष्य तय करना चाहिए।

राज्यपाल श्री डेका ने शिक्षकों से आह्वान किया कि वे केवल शिक्षक नहीं, बल्कि सच्चे गुरू बनें। राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 में शिक्षकों की भूमिका महत्वपूर्ण है, इसलिए विद्यार्थियों के साथ सतत संवाद बनाए रखें। उन्होंने कहा कि मानव, पशु और प्रकृति के बीच संतुलन कायम रखना आवश्यक है। सतत विकास के लिए हर व्यक्ति एक पेड़ माता के नाम लगाने की परंपरा विकसित करे।

उच्च शिक्षा मंत्री टंकराम वर्मा ने कहा कि राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका सबसे अहम है। विद्यार्थियों को अपनी रचनात्मकता बढ़ाकर नवाचार की दिशा में काम करना चाहिए। राज्य सरकार युवाओं के विकास के लिए नीतिगत कदम उठा रही है, जिसके परिणामस्वरूप उन्हें नए अवसर मिल रहे हैं।



भ्रष्टाचार के दशावतार – भारत की दशा और दिशा का दर्पण

जब तक समाज में पारदर्शिता की संस्कृति और जवाबदेही की चेतना नहीं बढ़ेगी, तब तक यह ‘दशावतार’ अपने नए रूपों में सामने आता रहेगा।

मेरा देश / आलेख_13/11/2025

जानकारी आधारित:_आज भारत में भ्रष्टाचार हर क्षेत्र—शिक्षा, स्वास्थ्य, प्रशासन और राजनीति—में किसी न किसी रूप में मौजूद है। हाल की रिपोर्टों और शिकायतों से स्पष्ट है कि कई विभाग जनता के भरोसे की कसौटी पर खरे नहीं उतर रहे।

इस सूची में पुलिस विभाग को सबसे प्रमुख माना गया है—जहां न्याय की उम्मीद रखने वाले नागरिक कभी-कभी प्रक्रिया से अधिक पैसों के दांव पर खुद को खड़ा पाते हैं। उसके बाद राजस्व विभाग, जहां ज़मीन संबंधित रिकॉर्ड और नामांतरण जैसे कार्य अक्सर रिश्वत की जटिल परतों के नीचे दब जाते हैं।

नगर निगम और पंचायत स्तर के विभागों में योजनाओं की गड़बड़ियां, फर्जीवाड़े और अवैध निर्माण को लेकर भी लोगों के अनुभव समान रहे हैं। बिजली विभाग की बिलिंग व्यवस्था से लेकर आरटीओ की लाइसेंस प्रणाली तक—हर जगह ‘सेवा के बदले सुविधा शुल्क’ का बोलबाला आम जन के धैर्य की परीक्षा लेता है। स्वास्थ्य सेवाओं और शिक्षा प्रणाली में भी जवाबदेही कम और व्यापारिक प्रवृत्ति अधिक दिखाई देती है। शिक्षक भर्ती, दवा वितरण या अस्पताल में चिकित्सकीय सुविधा—सब कुछ व्यवस्था पर प्रश्नचिह्न खड़े करते हैं।एक ओर जहां आवास और शहरी विकास विभाग पर निर्माण टेंडरों में अनियमितताओं के आरोप लगते हैं, वहीं कर-प्रणाली से जुड़े विभागों पर फर्जी रिटर्न और छापे के नाम पर दबाव की चर्चाएं आम हैं।

भ्रष्टाचार केवल अधिकारी वर्ग का विषय नहीं है। यह एक सामाजिक प्रवृत्ति बन चुका है—जहां बिचौलियों, स्थानीय प्रभावशाली व्यक्तियों और नीतिगत ढिलाई की परतों ने इसे संस्थागत रूप दे दिया है। बढ़ती रकम और घटता विश्वास नागरिक व्यवस्था की सबसे बड़ी चुनौती बन रहे हैं।जब तक पारदर्शिता और जवाबदेही नहीं बढ़ेगी, भ्रष्टाचार नए रूपों में बना रहेगा। नागरिक, मीडिया और प्रशासन को अब आत्ममंथन करना होगा, क्योंकि राष्ट्र का भविष्य नैतिक क्रियान्वयन पर निर्भर है, न कि केवल घोषणाओं पर।



राष्ट्रीय मीडिया प्रतिनिधिमंडल रायपुर पहुँचा, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से करेगा मुलाकात

नई दिल्ली के प्रिंट, टेलीविज़न और डिजिटल मीडिया के वरिष्ठ पत्रकारों का एक राष्ट्रीय प्रतिनिधिमंडल तीन दिवसीय दौरे पर रायपुर पहुँचा है।

रायपुर, 13 नवम्बर 2025 | PIB समाचार

—तीन दिवसीय दौरे पर आए प्रवक्ता पत्रकारों का यह दल भारत सरकार के प्रेस सूचना ब्यूरो द्वारा आयोजित है। दौरे का उद्देश्य छत्तीसगढ़ की जनजातीय संस्कृति, विरासत और विकास योजनाओं का अवलोकन है।

प्रतिनिधिमंडल बुधवार, 12 नवम्बर को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से मुलाकात करेगा। इसके बाद जनजातीय कल्याण, आजीविका संवर्द्धन, कौशल विकास और समावेशी शासन से जुड़ी योजनाओं पर बातचीत होगी। साथ ही शहीद वीर नारायण सिंह स्मारक और जनजातीय स्वतंत्रता सेनानी संग्रहालय का भ्रमण किया जाएगा, जहाँ डिजिटल स्टोरीटेलिंग से आंदोलनों की कहानी प्रस्तुत होती है।

गुरुवार, 13 नवम्बर को प्रतिनिधिमंडल बलौदा बाजार जिले के गिरोधपुरी का दौरा करेगा, जो जनजातीय समाज के लिए अत्यंत सांस्कृतिक और आध्यात्मिक महत्व रखता है। वहाँ प्रतिनिधिमंडल स्थानीय समुदायों से संवाद करेगा तथा जनजातीय सांस्कृतिक एवं आजीविका विरासत कॉरिडोर का भी अवलोकन करेगा, जो पारंपरिक आजीविकाओं को आधुनिक अवसरों से जोड़कर आर्थिक सशक्तिकरण को बढ़ावा देने की दिशा में एक अभिनव पहल है।

दौरे के अंतिम दिन प्रतिनिधिमंडल नया रायपुर स्थित पुरखौती मुक्तांगन पहुंचेगा, जहाँ छत्तीसगढ़ की जनजातीय कला, वास्तुकला और परंपराओं की झलक देखने को मिलेगी। यह दौरा भारत सरकार की उस व्यापक पहल का हिस्सा है जिसके जरिए जनजातीय संस्कृति, पहचान और नवाचार को राष्ट्रीय परिप्रेक्ष्य में सशक्त किया जा रहा है। ‘आदि संस्कृति परियोजना’ और AI-आधारित ‘आदि वाणी’ मंच जैसी पहलों के माध्यम से जनजातीय भाषाओं, परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण को प्रोत्साहन दिया जा रहा है।


रायपुर एयरपोर्ट पर यात्री सुविधाओं में नया अध्याय – सांसद बृजमोहन ने किया आधुनिक लाउंज का शुभारंभ

रायपुर, 12 नवंबर

स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट, रायपुर पर यात्रियों की सुविधाओं में लगातार सुधार की दिशा में एक और अहम कदम बढ़ाया गया है। बुधवार को सांसद एवं वरिष्ठ भाजपा नेता श्री बृजमोहन अग्रवाल ने एयरपोर्ट परिसर में नव निर्मित आधुनिक लाउंज का शुभारंभ किया।

श्री अग्रवाल ने इस अवसर पर कहा कि
“स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट अब प्रदेश की प्रगतिशील सोच और आधुनिक छवि का प्रतीक बन चुका है। यहां तैयार हुआ यह अत्याधुनिक लाउंज यात्रियों को आराम, सुविधा और उत्कृष्ट अनुभव प्रदान करेगा। यह पहल छत्तीसगढ़ की बढ़ती पहचान और यात्री-हितैषी दृष्टिकोण को दर्शाती है।”

उन्होंने एयरपोर्ट प्रबंधन को इस उत्कृष्ट पहल के लिए हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि ऐसे प्रयासों से रायपुर एयरपोर्ट देश के सर्वश्रेष्ठ हवाई अड्डों में अपनी जगह और अधिक मजबूत करेगा।

इस मौके पर विधायक श्री रिकेश सेन, एयरपोर्ट निदेशक, अधिकारीगण एवं अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। शुभारंभ कार्यक्रम के दौरान लाउंज की नई सुविधाओं का अवलोकन भी किया गया, जिनमें यात्रियों के लिए आरामदायक बैठने की व्यवस्था, आधुनिक इंटीरियर, रिफ्रेशमेंट ज़ोन और वाई-फाई कनेक्टिविटी शामिल हैं।