21 C
Raipur
Saturday, October 31, 2026
Home Blog Page 212

इथियोपिया में पीएम मोदी को मिला सर्वोच्च सम्मान: ‘ग्रेट ऑनर निशान ऑफ इथियोपिया’

जॉर्डन दौरे के बाद इथियोपिया पहुंचे पीएम मोदी का डॉ. अबी ने एयरपोर्ट पर गले लगाकर स्वागत किया। विज्ञान संग्रहालय भ्रमण के बाद सम्मान समारोह हुआ। यह यात्रा दोनों देशों के रिश्तों को नई ऊंचाई देगी।

अदीस अबाबा, 17 दिसंबर 2025

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को इथियोपिया की पहली द्विपक्षीय यात्रा (16-17 दिसंबर) के दौरान देश का सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘ग्रेट ऑनर निशान ऑफ इथियोपिया’ प्रदान किया गया। अदीस इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर में आयोजित भव्य समारोह में इथियोपिया के प्रधानमंत्री डॉ. अबी अहमद अली ने पीएम मोदी को यह सम्मान भेंट किया। यह पुरस्कार भारत-इथियोपिया साझेदारी मजबूत करने और वैश्विक नेतृत्व के लिए दिया गया। पीएम मोदी पहले वैश्विक राष्ट्राध्यक्ष हैं जिन्हें यह सम्मान मिला। अब तक इथियोपिया दुनिया का 25वां देश है जिसने मोदी जी को अपना सर्वोच्च पुरस्कार दिया।

पीएम मोदी का भावुक संबोधन
समारोह में पीएम मोदी ने कहा, “इथियोपिया की इस महान भूमि पर होना सौभाग्य की बात है। आज दोपहर पहुंचा तो लोगों ने अद्भुत आत्मीयता दिखाई। प्रधानमंत्री अली हवाई अड्डे पर लेने आए और फ्रेंडशिप पार्क व विज्ञान संग्रहालय ले गए।” उन्होंने सम्मान को “दुनिया की प्राचीन सभ्यताओं में से एक” इथियोपिया से मिला बताया और डॉ. अबी अहमद व इथियोपियाई जनता के प्रति आभार जताया। पीएम ने अबी के नेतृत्व, राष्ट्रीय एकता व समावेशी विकास की सराहना की। यह सम्मान सभी भारतीयों व इथियोपियाईयों को समर्पित करते हुए कहा, “1.4 अरब भारतीयों की ओर से कृतज्ञता। ज्ञान राष्ट्र निर्माण का आधार है; भारतीय शिक्षक दशकों से इथियोपिया की प्रगति में योगदान दे रहे हैं।”

मजबूत हुए द्विपक्षीय रिश्ते
यात्रा में कई समझौते हुए: द्विपक्षीय संबंधों को ‘रणनीतिक साझेदारी’ बनाने, सीमा शुल्क सहयोग, इथियोपिया विदेश मंत्रालय में डेटा सेंटर MoU, UN शांति अभियानों में प्रशिक्षण, G20 ऋण पुनर्गठन, ICCR छात्रवृत्ति दोगुनी, ITEC के तहत AI कोर्स, तथा अदीस अबाबा के महात्मा गांधी अस्पताल में मातृ-शिशु स्वास्थ्य क्षमता वृद्धि।


FCI में AGA(ऑटोमैटिक ग्रेन एनालाइजर) मशीन बंद होना डिजिटल इंडिया के खिलाफ: बृजमोहन अग्रवाल

नई दिल्ली/रायपुर, 16 दिसंबर 2025

रायपुर सांसद एवं वरिष्ठ भाजपा नेता श्री बृजमोहन अग्रवाल के नेतृत्व में “द फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया राइस मिलर्स एसोसिएशन” (FARIMA) के प्रतिनिधिमंडल ने आज संसद भवन में केंद्रीय उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्री श्री प्रहलाद जोशी से भेंट कर राइस उद्योग की गंभीर समस्याओं पर ज्ञापन सौंपा।

प्रतिनिधिमंडल में FARIMA चेयरमैन श्री जी. वेंकटेश्वर राव, प्रेसिडेंट श्री तरसेम सैनी, सीनियर वाइस प्रेसिडेंट श्री योगेश अग्रवाल और कोषाध्यक्ष श्री माखन लाल सिंहला शामिल थे। चर्चा का मुख्य फोकस भारतीय खाद्य निगम (FCI) द्वारा ऑटोमैटिक ग्रेन एनालाइज़र (AGA) मशीन बंद करने, VFR (वैरायटी फ्री रिजेक्शन) तथा फोर्टिफाइड राइस कर्नेल (FRK) की समस्याओं पर रहा।

श्री बृजमोहन अग्रवाल ने कहा, “AGA मशीन AI और इमेज प्रोसेसिंग से बिना मानवीय हस्तक्षेप के खाद्यान्न की गुणवत्ता तुरंत जांचती है, जो पारदर्शिता सुनिश्चित करती है। पीएम मोदी के डिजिटल इंडिया विजन के तहत 2021-22 में पायलट प्रोजेक्ट सफल रहा और 2023 में इसे देशव्यापी लागू करने का फैसला हुआ। फिर भी कुछ अधिकारियों के कारण इसे बंद कर राइस मिलर्स का उत्पीड़न हो रहा है।”

प्रतिनिधिमंडल ने FRK निर्माण में BIS-FSSAI मानकों के उल्लंघन का भी जिक्र किया। इससे उपभोक्ता स्वास्थ्य, किसान आय और सरकारी राजस्व प्रभावित हो रहा है। राइस मिलें बंद हो रही हैं और किसान कम दामों पर धान बेचने को मजबूर हैं।

सांसद ने AGA को तुरंत पुनः लागू करने और FRK व्यवस्था बंद करने की मांग की। मंत्री श्री प्रहलाद जोशी ने सभी मुद्दों पर गंभीरता से सुनते हुए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।


लाल किले में सबले बढ़िया 36 गढ़िया:लाल आतंक से लाल किले तक_!!

छत्तीसगढ़ के गेड़ी नर्तकों ने यूनेस्को को किया दीवाना, CM साय ने कहा- छत्तीसगढ़िया सबले बढ़िया!

नई दिल्ली/रायपुर_16/12/2025

छत्तीसगढ़ के 36 गढ़, जो कभी लाल आतंक के साए में सिहरते थे, आज अपनी खेल और नृत्य प्रतिभा से विश्व पटल पर चमक रहे हैं। बिलासपुर की सांस्कृतिक संस्था लोक श्रृंगार भारती के गेड़ी लोक नृत्य दल ने नई दिल्ली के ऐतिहासिक लाल किला प्रांगण में कमाल कर दिया। यूनेस्को और भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय के आमंत्रण पर 7 से 13 दिसंबर तक चले अंतरराष्ट्रीय समारोह में 180 देशों के प्रतिनिधियों के सामने छत्तीसगढ़ की कला ने तहलका मचा दिया।

गेड़ी नृत्य दल की भावपूर्ण और साहसिक प्रस्तुति ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। मुख्य गायक अनिल गढ़वाल का ‘काट ले हरियर बांसे’ गीत, मोहन डोंगरे का घूमते मांदल वादन, सौखी लाल कोसले का हारमोनियम और महेश नवरंग की बांसुरी ने विदेशी मेहमानों को झूमने पर मजबूर कर दिया। नर्तक प्रभात बंजारे, सूरज खांडे, शुभम भार्गव, लक्ष्मी नारायण माण्डले, फूलचंद ओगरे और मनोज माण्डले ने गेड़ी पर संतुलन बनाते हुए मानवीय संरचनाएं गढ़ीं, जिससे पूरा प्रांगण तालियों से गूंज उठा। पारंपरिक वेशभूषा—कौड़ियां, चीनी मिट्टी की मालाएं, पटसन वस्त्र, सिकबंध और मयूर पंख—ने प्रस्तुति को और आकर्षक बना दिया।

केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत इतने प्रभावित हुए कि उन्होंने ‘छत्तीसगढ़िया सबले बढ़िया’ का नारा बुलंद किया। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कलाकारों को बधाई दी और कहा कि यह छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विजय है। यूनेस्को महानिदेशक डॉ. खालिद एन. अल-अनानी सहित विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर और अन्य डेलिगेट्स ने नृत्य दल के साथ स्मृति चित्र खिंचवाए। समारोह का क्लाइमेक्स तब आया जब दीपावली को यूनेस्को ने विश्व सांस्कृतिक धरोहर घोषित किया, जिसमें गेड़ी प्रस्तुति की विशेष सराहना हुई।


भाजपा में नई पीढ़ी के सशक्त नेतृत्व का उदय: सांसद बृजमोहन की नितिन नबीन को बधाई

नई दिल्ली/रायपुर, 15 दिसंबर 2025

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष के रूप में पदभार संभालने वाले छत्तीसगढ़ प्रभारी एवं बिहार सरकार के कैबिनेट मंत्री नितिन नबीन को रायपुर सांसद एवं वरिष्ठ भाजपा नेता बृजमोहन अग्रवाल ने नई दिल्ली स्थित पार्टी मुख्यालय में सौहार्दपूर्ण भेंट कर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। यह मुलाकात भाजपा के संगठनात्मक विस्तार और नई नेतृत्व क्षमता के प्रतीक के रूप में देखी जा रही है।

सांसद अग्रवाल ने कहा, “श्री नितिन नबीन जी छत्तीसगढ़ के पहले सह-प्रभारी रहे और फिर पूर्ण प्रभारी के रूप में उन्होंने संगठन को नई दिशा प्रदान की। उनके कुशल नेतृत्व, अथक परिश्रम और रणनीतिक मार्गदर्शन में भाजपा ने 2023 के विधानसभा चुनावों में ऐतिहासिक जनादेश हासिल कर भारी बहुमत से सरकार गठन किया। यह उपलब्धि छत्तीसगढ़ की जनता के विश्वास और नबीन जी की जमीनी पकड़ का प्रमाण है।”

श्री अग्रवाल ने नितिन नबीन की विशेषताओं पर प्रकाश डालते हुए कहा, “वे एक सच्चे जमीनी कार्यकर्ता हैं—सरल, सीधे-सादे, मृदुभाषी और हर स्तर के कार्यकर्ता की बात ध्यान से सुनने वाले। उनका आत्मीय संवाद संगठन को एकजुट रखता है। बिहार में कैबिनेट मंत्री के रूप में भी उन्होंने विकास और पार्टी विस्तार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।”

वरिष्ठ नेता ने उत्साह से कहा, “राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष जैसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी श्री नबीन को मिलना भाजपा में नई पीढ़ी के सशक्त नेतृत्व के उदय का स्पष्ट संकेत है। उनके अनुभव, कार्यशैली और समर्पण से पार्टी का संगठन और मजबूत होगा। देशभर में भाजपा का जनाधार निरंतर विस्तारित होगा, जो ‘सबका साथ, सबका विकास’ के मंत्र को साकार करेगा।”

यह नियुक्ति भाजपा की रणनीति को दर्शाती है, जहां युवा और अनुभवी नेतृत्व का मिश्रण पार्टी को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगा। सांसद अग्रवाल ने कार्यकर्ताओं से नबीन के नेतृत्व में और सक्रिय होने का आह्वान किया।


कर्मचारी फेडरेशन ने 29-31 दिसंबर तक हड़ताल का किया ऐलान

छत्तीसगढ़ संचालनालयीन शासकीय कर्मचारी संघ की तरफ से इंद्रावती भवन में 13 दिसंबर को एक अहम बैठक की गई।

रायपुर छत्तीसगढ़ 15/12/2025

छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन ने 29 से 31 दिसंबर 2025 तक तीन दिवसीय हड़ताल का ऐलान किया है। यह 11 सूत्रीय मांगों को लेकर है, जिसमें महंगाई भत्ता, वेतन विसंगति और नियमितीकरण प्रमुख हैं ।

हड़ताल का कारण
फेडरेशन का आरोप है कि सरकार ने चुनावी वादे पूरे नहीं किए, जैसे डीए एरियर का समायोजन और पेंशन बहाली । इंद्रावती भवन में बैठक कर आंदोलन की रणनीति तय की गई, टीमें बनाई गईं । कर्मचारी संगठन धरना-प्रदर्शन तेज कर रहे हैं ।फेडरेशन की 11 सूत्रीय मांगें लंबे समय से लंबित हैं, और सरकार चुनावी वादों पर खरी उतरने का दबाव झेल रही है।

प्रभाव और मांगें
हड़ताल से राजस्व, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित होंगी। मुख्य मांगें: कैशलेस इलाज, पदोन्नति, सेवानिवृत्ति आयु 65 वर्ष। यदि बातचीत न हुई तो आंदोलन व्यापक होगा ।

सरकार का रुख अभी स्पष्ट नहीं
छत्तीसगढ़ सरकार ने कर्मचारी फेडरेशन की 29-31 दिसंबर हड़ताल घोषणा पर अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया जारी नहीं की है। पिछले संदर्भों से पता चलता है कि ऐसी स्थितियों में सरकार आमतौर पर वार्ता की पहल करती है

कोझिकोड हिंसा: कांग्रेस कार्यालय पर माकपा का कथित हमला, 5 लाख का नुकसान

कोझिकोड /केरल:_15/12/2025

केरल के कोझिकोड जिले के एरमला में कांग्रेस के ‘इंदिरा गांधी भवन’ पर माकपा कार्यकर्ताओं ने हथियारों से लैस 200 लोगों के साथ हमला कर तोड़फोड़ की। पूर्व पीएम इंदिरा गांधी की प्रतिमा को नुकसान पहुंचा, नुकसान का अनुमान 5 लाख रुपये है। एडाचेरी थाने में FIR दर्ज हुई।

यूडीएफ जुलूसों पर पथराव, तनाव बढ़ा

घटना के बाद यूडीएफ कार्यकर्ता पहुंचे, जिससे हालात बिगड़े; पुलिस ने रातभर मशक्कत कर नियंत्रण लिया। मराड में यूडीएफ जुलूस पर पथराव से कई घायल, वायनाड के सुल्तान बाथरी में कार पर 40 माकपा कार्यकर्ताओं का हमला। दोनों पक्षों पर केस दर्ज।

कन्नूर-कासरगोड में झड़पें

कन्नूर के पनूर में माकपा ने मुस्लिम लीग घरों-वाहनों पर हमला किया, तलवार-खंजर से रैली रोकी। उलिक्कल में यूडीएफ-एलडीएफ टकराव, कासरगोड के बेडाकम में विजय मार्च हिंसक; पुलिसकर्मी भी चोटिल। जांच जारी।(खबर सूत्रों पर आधारित)

भाजपा का युवा नया चेहरा: नितिन नबीन बने राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष—’नया चेहरा’ से ताजगी का एहसास

नई दिल्ली:_15/12/2025

भाजपा ने बिहार के मंत्री नितिन नबीन को राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया है, जो 45 वर्ष के हैं और पार्टी के इतिहास में सबसे युवा इस पद पर पहुंचे हैं। यह नियुक्ति पीढ़ीगत बदलाव का संकेत देती है। जेपी नड्डा की जगह लेते हुए नितिन नबीन को युवा ऊर्जा से पार्टी को मजबूत करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।भारतीय जनता युवा मोर्चा के बिहार अध्यक्ष से लेकर छत्तीसगढ़ में चुनाव प्रभारी बनने तक का उनका सफर संघर्ष और सफलता का रहा है।

राजनीतिक महत्व
45 वर्ष से कम उम्र के व्यक्ति को पहली बार अध्यक्ष बनाने से भाजपा युवा नेतृत्व पर जोर दे रही है, जो पार्टी में जेनरेशन नेक्स्ट को बढ़ावा देता है। इससे जातिगत राजनीति से ऊपर उठने और हिंदी पट्टी में पकड़ मजबूत करने का संदेश जाता है। पीएम मोदी और अमित शाह की रणनीति के अनुरूप यह कदम पूर्वी भारत पर फोकस बढ़ाता है।

पार्टी को लाभ
नितिन नबीन के अनुभव—पांच बार विधायक, मंत्री और छत्तीसगढ़ प्रभारी के रूप में सफलता—से संगठन में नई ऊर्जा आएगी। उनकी सौम्य छवि और संगठनात्मक क्षमता पार्टी विस्तार को तेज करेगी, खासकर युवाओं को जोड़ने में। इससे भाजपा का ‘नेशन फर्स्ट’ विचारधारा आम जनता तक बेहतर पहुंचेगी।नितिन नवीन की यह नियुक्ति BJP में युवा नेतृत्व को बढ़ावा देने का संकेत है। वे पार्टी के सबसे युवा राष्ट्रीय स्तर के पदाधिकारियों में से एक हैं। जांच

मजबूत होने वाले राज्य
नितिन नबीन की बिहार पृष्ठभूमि से बिहार में भाजपा की स्थिति मजबूत होगी, साथ ही हिंदी पट्टी के यूपी, राजस्थान, एमपी जैसे राज्य पावरहाउस बनेंगे। पूर्वी भारत पर फोकस से छत्तीसगढ़ सहित इन क्षेत्रों में वृद्धि संभव है साथ ही पीएम नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 2029 के चुनाव और उसके बाद भाजपा का राष्ट्रीय प्रभाव बढ़ाने के बारे में देख रहे हैं।

जो करना है… खुद को करना है: कर्म ही जीवन है

(कर्म की शक्ति पर एक आध्यात्मिक–दार्शनिक रचना)
“जहाँ प्रतिक्रिया थमती है, वहीं समझ जन्म लेती है”
“प्रतिक्रिया नहीं, समझ चुनिए—यही कर्म की परिपक्वता है”

जीवन में उलझना नहीं है तो सबसे पहले
प्रतिक्रिया बदलिए, परिणाम बदल जाएगा”
यदि मैं प्रतिक्रिया नहीं,समझ चुनूँ,तो सबसे पहले मेरा मन शांत होगा।फिर मेरी सेहत बचेगी।फिर वह नकारात्मक ऊर्जा मुझ पर हावी नहीं होगी।

“प्रतिक्रिया पर विजय ही आत्मिक शांति का मार्ग है”और संभव है—दूसरा भी बदल जाए।हम यह सोचते रहते हैं—“मेरे साथ ही ऐसा क्यों?”पर सही प्रश्न यह है—
“मैं इसके साथ क्या कर रहा हूँ?”जो मैं सोचता हूँ—वह कर्म है।जो मैं बोलता हूँ—वह कर्म है।जो मैं करता हूँ—वह कर्म है।

“क्रिया नहीं, प्रतिक्रिया पर दृष्टि रखें”
थोड़े गहरे आध्यात्मिक भाव के साथ:
और जो मेरे साथ होता है—वह मेरे कर्मों की भाषा में लिखा हुआ मेरा भाग्य है।मैं कैसे बात करूँ—यह मेरा कर्म है।
मुझसे कैसे बात की जाए—यह मेरा भाग्य है।इन दोनों के बीच का सेतु एक ही नियम से बना है—जैसा कर्म, वैसा फल।
युग बदलने के लिए समय नहीं बदलना पड़ता,इंसान बदलना पड़ता है।और इंसान बदलने के लिए सबसे पहले यह स्वीकार करना पड़ता है—करना है… खुद को करना है।

हम अक्सर जीवन को ऊपर की ओर देख कर जीते हैं।
जो हुआ—भगवान ने किया।जो होगा—भगवान करेंगे।
और जो नहीं हो रहा—उसके लिए भी हम उन्हीं से शिकायत करते हैं।
हम रोज़ प्रार्थना में कहते हैं—“हे प्रभु, मेरी समस्या ठीक कर दो।”पर क्या समस्या का समाधान किया जा सकता है, या उसे किया जाना पड़ता है?

अगर मेरे सामने एक भारी मेज़ रखी हो और मुझे उसे उठाना हो,तो क्या प्रार्थना से वह अपने आप उठ जाएगी?नहीं।पर प्रार्थना मुझे वह शक्ति दे सकती है जिससे मैं मेज़ उठा सकूँ।यही वह सूक्ष्म अंतर है,जिसे समझ लेने से जीवन का पूरा दर्शन बदल जाता है।

परमात्मा हमारे कर्म नहीं करते।वे हमें कर्म करने की क्षमता देते हैं।वे हमारे हिस्से का श्रम नहीं उठाते,वे हमारे भीतर वह साहस जगाते हैं जिससे हम श्रम कर सकें।

जैसे माता–पिता बच्चे का होमवर्क नहीं करते,पर उसे सीखने की शक्ति देते हैं—वैसे ही ईश्वर हमारे जीवन का होमवर्क हमारे बदले नहीं करते।जब यह समझ नहीं होती,तो हम भटकते हैं।एक से मांगते हैं,न मिला तो दूसरे की ओर मुड़ जाते हैं।

विश्वास बदलते रहते हैं,पर दृष्टि नहीं बदलते।जीवन का सबसे कठोर और सबसे न्यायपूर्ण नियम है—जैसा कर्म, वैसा फल।
कर्म दिखाई नहीं देता,फल दिखाई देता है।इसी भ्रम में हम भाग्य को दोष देते हैं।मैंने कोई वस्तु फेंकी—वह लौटकर आई।
पर मुझे सिर्फ आती हुई वस्तु दिखी,फेंकना याद नहीं रहा।

“जब प्रतिक्रिया रुकी, तभी भीतर का युद्ध थमा”
किसी ने मुझे अपमानित किया—मुझे अपमान दिखा,अपनी भीतर की कठोरता नहीं दिखी।
कोई मुझे धोखा देता है—मुझे धोखा दिखता है,मेरी पूर्व चेतावनियाँ नहीं दिखतीं।
जब कोई अनचाही वस्तु मेरी ओर आती है,तो मेरे पास विकल्प होता है—
मैं भी वही चीज ही लौटाऊँ,या उसे यहीं थाम लूँ।
गाली के बदले गाली—यही कलियुग है।
गाली के बदले समझ—यहीं से सतयुग शुरू होता है।


केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह बोले— बस्तर हिंसा के ‘रेड कॉरिडोर’ से निकलकर विकास के ‘ग्रीन कॉरिडोर’ की ओर बढ़ रहा है

आज बस्तर परंपरा और आधुनिक विकास का संगम बनकर उभर रहा है, शिक्षा, खेल और नवाचार का नया केंद्र बनता क्षेत्र।

जगदलपुर, छत्तीसगढ़/14/12/2025

केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह ने कहा है कि कभी हिंसा और भय का प्रतीक रहा बस्तर अब प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकास, विश्वास और अवसरों के नए दौर में प्रवेश कर चुका है। श्री शाह आज जगदलपुर में आयोजित बस्तर ओलंपिक–2025 के भव्य समापन समारोह में युवाओं से संवाद कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने खिलाड़ियों को पुरस्कार भी वितरित किए।

केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि बस्तर ओलंपिक–2025 में साढ़े तीन लाख से अधिक खिलाड़ियों की भागीदारी यह स्पष्ट संदेश देती है कि बस्तर के लोग नक्सलवाद को नकारकर विकास के मार्ग को अपना चुके हैं।
श्री शाह ने कहा कि मोदी सरकार का संकल्प है कि बस्तर को भय और हिंसा से मुक्त कर शिक्षा, खेल, नवाचार और रोजगार का केंद्र बनाया जाए।

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि बस्तर ओलंपिक से निकले युवा आने वाले समय में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर देश का नाम रोशन करेंगे। ये खिलाड़ी न केवल खेल के क्षेत्र में पहचान बनाएंगे, बल्कि बस्तर की सकारात्मक और प्रेरणादायक छवि को पूरे देश और दुनिया के सामने प्रस्तुत करेंगे।

केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि सुरक्षा, विकास और विश्वास—इन तीन स्तंभों पर खड़ा नया बस्तर, प्रधानमंत्री मोदी के ‘विकसित बस्तर’ के विजन को साकार कर रहा है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे खेल, शिक्षा और नवाचार के माध्यम से बस्तर की नई पहचान गढ़ने में सक्रिय भूमिका निभाएं।

समारोह में छग मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ,विधानसभा अध्यक्ष डॉ रमन सिंह राज्य सरकार के उप मुख्यमंत्री अरुण साव, विजय शर्मा सहित जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, खिलाड़ी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

मेडिकल छात्रों को बड़ी सौगात: स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने रायपुर मेडिकल कॉलेज के 120 सीटर छात्रावास का किया उद्घाटन

स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने मेडिकल कॉलेज रायपुर के 120 सीटर छात्रावास का किया उद्घाटन।

रायपुर, 14 दिसंबर 2025।

छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल ने शनिवार को रायपुर स्थित पंडित जवाहरलाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय के 120 सीटर अनुबंधित छात्र–छात्रावास का विधिवत उद्घाटन किया। शांति नगर क्षेत्र में निर्मित इस छात्रावास के प्रारंभ होने से मेडिकल कॉलेज के विद्यार्थियों को आवास संबंधी सुविधाओं में उल्लेखनीय राहत मिलेगी।

उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए स्वास्थ्य मंत्री श्री जायसवाल ने कहा कि राज्य सरकार चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य अधोसंरचना को मजबूत करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि यह नया अनुबंधित छात्रावास छात्रों को सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं अध्ययन के अनुकूल वातावरण प्रदान करेगा, जिससे उनकी शैक्षणिक गुणवत्ता और कार्यक्षमता में सकारात्मक वृद्धि होगी। मंत्री ने यह भी आश्वासन दिया कि मेडिकल कॉलेज के स्थायी छात्रावास का निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण किया जाएगा।

इस छात्रावास में विद्यार्थियों के लिए स्वच्छ और सुव्यवस्थित कमरे, पेयजल, विद्युत व्यवस्था, सुरक्षा सहित सभी आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। इससे विशेष रूप से दूर-दराज़ क्षेत्रों से आने वाले विद्यार्थियों को लाभ मिलेगा।

इस अवसर पर मेडिकल कॉलेज के छात्रों ने छात्रावास सुविधा उपलब्ध कराने के लिए स्वास्थ्य मंत्री का आभार व्यक्त किया। छात्रों ने कहा कि अब उन्हें रहने की चिंता से मुक्ति मिली है और वे बेहतर वातावरण में अध्ययन एवं चिकित्सकीय प्रशिक्षण पर पूरा ध्यान केंद्रित कर सकेंगे।

कार्यक्रम में रायपुर दक्षिण के विधायक श्री सुनील सोनी, मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ. विवेक चौधरी, अस्पताल अधीक्षक डॉ. संतोष सोनकर, चिकित्सा शिक्षा विभाग के अधिकारी, चिकित्सक, छात्र एवं अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।