21.1 C
Raipur
Sunday, November 1, 2026
Home Blog Page 189

गृह मंत्रालय की मंजूरी, आतंकवाद पर अब प्रहार अभियान

केंद्र सरकार की तीनों मोर्चों पर तैयारी: जल, थल, नभ में आतंकवाद पर करारा प्रहार सुनिश्चित।

नई दिल्ली, 24 फरवरी 2026

यह नीति आतंकवाद के हर रूप पर करारा प्रहार करने का संकल्प दर्शाती है। गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि भारत अब किसी भी खतरे को बर्दाश्त नहीं करेगा। विशेषज्ञों का मानना है कि ‘प्रहार’ से राष्ट्रीय सुरक्षा में नया आयाम जुड़ेगा।

केंद्रीय गृह मंत्रालय ने सोमवार को देश की पहली व्यापक आतंकवाद-रोधी नीति ‘प्रहार’ को मंजूरी दी। यह नीति ‘जीरो टेरर टॉलरेंस’ के सिद्धांत पर आधारित है, जो पारंपरिक हमलों के साथ-साथ साइबर खतरों, ड्रोन हमलों और डार्क वेब जैसी आधुनिक चुनौतियों का मुकाबला करने पर केंद्रित है। मंत्रालय का कहना है कि यह समग्र रणनीति सीमा पार आतंकवाद से लेकर डिजिटल साजिशों तक सभी मोर्चों पर भारत को मजबूत बनाएगी। महत्वपूर्ण क्षेत्रों जैसे ऊर्जा, रेल, हवाई अड्डे और परमाणु संयंत्रों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए विशेष तंत्र स्थापित किए जाएंगे।

खुफिया व कानूनी मजबूती: स्लीपर सेल्स व फंडिंग नेटवर्क को नेस्तनाबूद करने का प्लान

नीति स्पष्ट करती है कि खतरा केवल पड़ोसी देशों से प्रायोजित जिहादी समूहों तक सीमित नहीं। आपराधिक हैकर समूह और कुछ विदेशी ताकतें साइबर हमलों के जरिए भारत की सुरक्षा को भेदने की कोशिश कर रही हैं। पंजाब व जम्मू-कश्मीर में ड्रोन व रोबोटिक्स के दुरुपयोग को प्रमुख चुनौती माना गया है। गृह मंत्रालय की रिपोर्ट में अल-कायदा व आईएसआईएस जैसे वैश्विक संगठनों की स्लीपर सेल गतिविधियों पर सतर्कता बरतने का निर्देश दिया गया, बिना किसी धर्म या समुदाय को जोड़े।

केंद्र की नई नीति ‘प्रहार’ जारी: आतंकवाद पर जीरो टॉलरेंस, कोई समझौता नहीं।

‘प्रहार’ के तहत जल, थल और नभ तीनों मोर्चों पर निगरानी बढ़ाई जाएगी। आतंकी अब एन्क्रिप्टेड ऐप्स, क्रिप्टोकरेंसी, डार्क वेब और ड्रोन तकनीक का सहारा ले रहे हैं, जिसका जवाब देने के लिए नई तकनीकी इकाइयां गठित होंगी। विदेशी धरती से संचालित चरमपंथी भारत में हिंसा भड़काने की साजिश रचते हैं, इसलिए खुफिया तंत्र को मजबूत किया जाएगा। नीति आर्थिक केंद्रों की रक्षा पर विशेष बल देती है।




जनहित याचिका:बढ़ते हवाई किरायों पर सुप्रीम कोर्ट की सुनवाई

0

इस फैसले से एयरलाइंस पर नियंत्रण की संभावना बढ़ी है। सरकार के जवाब से किराया नियमन पर स्पष्टता आएगी। विशेषज्ञों का कहना है कि यह आम यात्री के हित में बड़ा कदम साबित होगा।

नई दिल्ली, 24 फरवरी 2026

सुप्रीम कोर्ट ने त्योहारों व छुट्टियों के दौरान हवाई टिकटों की बेतहाशा बढ़ोतरी पर गहरी चिंता जताई है। जनहित याचिका पर सुनवाई के दौरान जस्टिस विक्रम नाथ व जस्टिस संदीप मेहता की बेंच ने केंद्र सरकार को चार सप्ताह में हलफनामा दाखिल करने का निर्देश दिया।

अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल अनिल कौशिक ने बताया कि मामला उच्च स्तर पर विचाराधीन है और अतिरिक्त समय का अनुरोध किया। कोर्ट ने अगली सुनवाई 23 मार्च तय की।

याचिका में एयरलाइंस पर मनमानी किराया निर्धारण व डायनामिक प्राइसिंग के नाम पर अधिक वसूली का आरोप है। याचिकाकर्ता का तर्क है कि हवाई यात्रा अब आवश्यक सेवा है, लेकिन ऊंचे दाम आम लोगों से दूर कर रहे हैं।

एसेंशियल सर्विसेज मेंटेनेंस एक्ट का हवाला देते हुए यात्रियों के मौलिक अधिकारों के उल्लंघन का दावा किया गया। त्योहारों में यह शोषण विशेष रूप से चिंताजनक है।

फेडरेशन ऑफ इंडियन एयरलाइंस पक्षकार बनने की मांग पर कोर्ट ने कहा कि पहले सरकार कदम उठाए। विशेषज्ञ समिति गठित हो सकती है, जिसमें हितधारकों को शामिल किया जाएगा। कोर्ट ने जोर दिया कि कार्यपालिका निर्णय ले, अन्यथा न्यायपालिका हस्तक्षेप करेगी। यह निर्देश यात्रियों को राहत की उम्मीद जगाता है।


पुलिस कार्रवाई नॉर्थ जोन: 60 चाकूबाजों व हिस्ट्रीशीटर्स की परेड, कड़ी चेतावनी

राजधानी रायपुर नॉर्थ जोन में वारंटियों के खिलाफ पुलिस की विशेष अभियान, 58 फरार आरोपी जेल भेजे गए ।

रायपुर, 24 फरवरी 2026

राजधानी नॉर्थ जोन रायपुर पुलिस ने शांति व्यवस्था मजबूत करने के लिए करीब 60 चाकूबाजों, हिस्ट्रीशीटर्स व अपराधी तत्वों को थाना हाजिर कर परेड लगाई। यह कार्रवाई थाना उरला, खमतराई, गुड़ियारी, खम्हारडीह व पंडरी क्षेत्रों में की गई।पुलिस उपायुक्त (नॉर्थ जोन) के निर्देश पर चली इस मुहिम में अपराधियों को अपराध से दूर रहने व साथियों की गतिविधियां रिपोर्ट करने की हिदायत दी गई।

पुलिस ने स्पष्ट चेतावनी दी कि सोशल मीडिया पर चाकू, तलवार या हथियारों वाली फोटो-वीडियो पोस्ट करने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी। सभी को साप्ताहिक थाना हाजिरी देने व क्षेत्र में शांति बनाए रखने का आदेश दिया गया। गुंडागर्दी या अपराध की कोई गुंजाइश नहीं बरती जाएगी।

थाना प्रभारियों की अगुवाई में परेड के दौरान अपराधियों को कड़ी समझाइश दी गई। भविष्य में ऐसी गतिविधियों पर जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाएगी। यह अभियान शहर में अपराध दर घटाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

नागरिकों से अपील की गई कि संदिग्ध गतिविधि या हथियार पोस्ट की सूचना तुरंत पुलिस को दें। इससे सहयोग से कानून-व्यवस्था मजबूत होगी। पुलिस का यह प्रयास रायपुरवासियों के लिए सकारात्मक संदेश है।

व्यवहार बदलो, जीवन बदलो

जीवन को बेहतर बनाना है तो प्रतीक्षा मत करो कि हालात बदलें — पहले खुद को बदलो। व्यवहार बदलेगा, तो संबंध बदलेंगे। संबंध बदलेंगे, तो जीवन बदलेगा।

जीवन मंत्रास_23/02/2026

जीवन में अक्सर हम यह सोचते हैं कि दूसरे लोग बदलें, तब हमारी परेशानियां दूर होंगी। लेकिन सच्चाई यह है कि बदलाव की शुरुआत हमेशा खुद से होती है। जब आप अपना नजरिया और व्यवहार बदलते हैं, तो दुनिया अपने आप बदली हुई नजर आने लगती है।

दूसरों के प्रति भावना बदलें

जिन लोगों से हम तंग होते हैं, उनके बारे में हम नकारात्मक सोचने लगते हैं। यह नकारात्मकता धीरे-धीरे हमारे व्यवहार में झलकती है और रिश्तों को और खराब कर देती है। इसका सरल उपाय है — उनके प्रति अपनी भावना बदलें। उनकी तारीफ करें, उनसे मदद मांगें और विनम्रता से पेश आएं। यह छोटा-सा बदलाव आपके और उनके दोनों के लिए फायदेमंद साबित होगा।

माफ करना ताकत की निशानी है

बहुत से लोग माफ करने से इसलिए बचते हैं क्योंकि उन्हें लगता है कि माफ करना यानी गलत व्यवहार को स्वीकार करना है। लेकिन असल में माफ करना आपको उस बोझ से मुक्त करता है जो आपने अनजाने में खुद उठा रखा है। माफी दूसरे के लिए नहीं, बल्कि अपने मन की शांति के लिए दी जाती है।

विचारों को दिशा दें

हर सुबह उठने से पहले अपने लक्ष्य को पाने के नए तरीकों के बारे में सोचें। जब आप अपने लक्ष्य को उस भावना से जोड़ते हैं जो उसे पाने पर महसूस होगी, तो आपका मन रचनात्मक हो जाता है। नियमित विचार-मंथन से सौ नए रास्ते खुलते हैं।

राज्यसभा की दो सीटों के लिए भाजपा ने बिछाई बिसात:36 गढ़ से रेस मे कौन?

छत्तीसगढ़ में दो सीटों पर राज्यसभा का चुनाव होना है।16 मार्च को मतदान कराया जाएगा और परिणाम भी उसी दिन घोषित किए जाएंगे।

चौपाल 36 गढ़ _23/02/2026

छत्तीसगढ़ से अप्रैल 2026 में दो राज्यसभा सीटें रिक्त होने वाली हैं। भारत निर्वाचन आयोग ने 16 मार्च को मतदान की घोषणा की है और 26 मार्च से नामांकन प्रक्रिया शुरू होगी।
भाजपा ने इस चुनाव की तैयारी पहले ही शुरू कर दी है। पार्टी ने सात संभावित उम्मीदवारों का पैनल तैयार कर हाईकमान को भेज दिया है, जिसमें SC, OBC और सामान्य वर्ग सभी का प्रतिनिधित्व सुनिश्चित किया गया है। विधानसभा में 54 विधायकों की ताकत के दम पर भाजपा कम से कम एक सीट आसानी से जीतने की स्थिति में है। दूसरी सीट के लिए भी पार्टी का दावा मजबूत माना जा रहा है।

छत्तीसगढ़ की दो सीटों पर चुनाव

खबर सूत्रों से भाजपा की ओर हाईकमान को भेजे गए प्रस्ताव में नवीन मार्कंडेय, कृष्णमूर्ति बांधी और किरण बघेल, गौरीशंकर अग्रवाल, प्रबल प्रताप जूदेव और सरोज पांडे और पूर्व नेता प्रतिपक्ष नारायण सिंह चंदेल का नाम शामिल किया गया है।

राज्यसभा की कुल 37 सीटें 10 राज्यों से खाली हो रही हैं। महाराष्ट्र से सबसे ज्यादा 7 सीटें, तमिलनाडु और बिहार से 6-6, पश्चिम बंगाल से 5, ओडिशा से 4, असम से 3, तेलंगाना, छत्तीसगढ़ और हरियाणा से 2-2, जबकि हिमाचल प्रदेश से 1 सीट। ये सीटें अप्रैल में रिटायर हो रहे सदस्यों की वजह से खाली होंगी। महाराष्ट्र में शरद पवार जैसे दिग्गज नेताओं की सीटें भी शामिल हो सकती हैं, जहां उन्होंने दोबारा चुनाव लड़ने की इच्छा जताई है। महाराष्ट्र में 288 विधायकों वाली विधानसभा में एक राज्यसभा सीट के लिए 37 वोट चाहिए, जिससे यहां कड़ा मुकाबला होने की संभावना है।

नया टोल टैक्स नियम: 1 अप्रैल से बंद हो सकती है कैश की सुविधा

0

राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) 1 अप्रैल से राजमार्ग टोल प्लाजा पर नकद भुगतान बंद करने पर विचार कर रहा है।

टोल टैक्स नियम_23 फरवरी 2026

NHAI की योजना के अनुसार, 1 अप्रैल 2026 के बाद नेशनल हाईवे और एक्सप्रेसवे पर स्थित सभी टोल प्लाजा पूरी तरह कैशलेस हो जाएंगे। इसके बाद टोल का भुगतान केवल दो डिजिटल माध्यमों से किया जा सकेगा — FASTag या UPI (यूनिफाइड पेमेंट्स इंटरफेस)।
फिलहाल टोल प्लाजा पर FASTag के साथ-साथ नकद भुगतान की सुविधा भी उपलब्ध है, लेकिन नए नियम लागू होने के बाद कैश लेन पूरी तरह बंद कर दी जाएगी।

क्या है नया नियम?

आप अपनी यात्रा सड़क मार्ग से करते हैं तो यह जानकारी आपके लिए बेहद जरूरी है। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) अब टोल प्लाजा पर नकद भुगतान की सुविधा पूरी तरह बंद करने की तैयारी में है। यह बदलाव 1 अप्रैल 2026 से लागू हो सकता है।

वाहन /यात्रियों को क्या करना होगा?
जो लोग अभी भी नकद से टोल चुकाते हैं, उन्हें अब तैयारी करनी होगी। FASTag को अपने वाहन की विंडशील्ड पर लगवाएं और बैंक खाते या वॉलेट से लिंक करके उसमें पर्याप्त बैलेंस बनाए रखें। इसके अलावा UPI ऐप भी एक आसान विकल्प है।

क्यों लिया जा रहा है यह फैसला?
सरकार का उद्देश्य टोल प्लाजा पर लगने वाले लंबे जाम को कम करना और पारदर्शी डिजिटल लेनदेन को बढ़ावा देना है। डिजिटल भुगतान से न केवल समय की बचत होगी, बल्कि राजस्व में भी पारदर्शिता आएगी।

सरल निष्कर्ष: 1 अप्रैल से पहले अपना FASTag अपडेट करें और डिजिटल भुगतान के लिए तैयार रहें, ताकि यात्रा के दौरान किसी परेशानी का सामना न करना पड़े।

बिलासपुर में अंतरराज्यीय टिकट दलाली नेटवर्क का भंडाफोड़, 47 टिकट जब्त

RPF की यह कार्रवाई तत्काल टिकटों की कालाबाजारी पर लगाम लगाने की दिशा में एक अहम कदम मानी जा रही है।

बिलासपुर _23/02/2026

बिलासपुर में रेलवे सुरक्षा बल (RPF) की अपराध गुप्तचर शाखा ने टिकट दलालों के एक बड़े अंतरराज्यीय नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। तत्काल सीजन का फायदा उठाते हुए सक्रिय इस गिरोह के दो सदस्यों को बिलासपुर और हाई कोर्ट आवासीय परिसर बोदरी स्थित आरक्षण केंद्र पर डॉबी देकर गिरफ्तार किया गया।

क्या मिला छापेमारी में?
दोनों आरोपियों के कब्जे से आगामी दिनों के दो टिकटों सहित कुल 47 रेलवे आरक्षित काउंटर टिकट बरामद किए गए, जिनकी कुल कीमत करीब 1 लाख 64 हजार रुपये आंकी गई है।

कैसे काम करता था यह नेटवर्क?
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी बिलासपुर के आरक्षण केंद्रों से टिकट बुक कर उन्हें ट्रेन या बस के जरिए प्रयागराज भेजते थे, जहां रविंदर कुमार नामक व्यक्ति यात्रियों को ये टिकट ऊंचे दामों पर बेचता था। प्रत्येक यात्री से 200 से 300 रुपये तक अतिरिक्त कमीशन वसूला जाता था। त्योहारों और गर्मियों की छुट्टियों के दौरान इस गिरोह की गतिविधियां और तेज हो जाती थीं, जिससे आम यात्रियों को कन्फर्म बर्थ मिलना मुश्किल हो जाता था।

कानूनी कार्रवाई
RPF ने दोनों आरोपियों के खिलाफ Railway Act 1989 की धारा 143 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। जांच में झारखंड के किसी रेलवे स्टेशन से जुड़े सुराग भी मिले हैं। मुख्य आरोपी रविंदर कुमार और अन्य संभावित सहयोगियों की तलाश जारी है।

मुख्यमंत्री साय ने किया भव्य स्वागत:भारत के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति सूर्यकांत पहुंचे छत्तीसगढ़

हिदायतुल्ला राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में भाग लेने पहुंचे CJI; राजकीय गमछा, कॉफी टेबल बुक और बेल मेटल प्रतिकृति भेंट की।

रायपुर_22 फरवरी 2026


मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने रविवार को भारत के माननीय मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति श्री सूर्यकांत के छत्तीसगढ़ आगमन पर पुष्पगुच्छ भेंटकर उनका आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया। मुख्यमंत्री ने मुख्य न्यायाधीश को छत्तीसगढ़ की समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा के प्रतीक स्वरूप राजकीय गमछा, विश्वविख्यात बस्तर दशहरा पर आधारित कॉफी टेबल बुक तथा बेल मेटल से निर्मित भगवान श्रीराम एवं माता शबरी की आकर्षक प्रतिकृति भेंट की।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री साय ने सर्वोच्च न्यायालय के माननीय न्यायाधीश न्यायमूर्ति श्री पी. नरसिम्हा एवं न्यायमूर्ति श्री प्रशांत कुमार मिश्रा तथा छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के माननीय मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति श्री रमेश सिन्हा का भी पुष्पगुच्छ भेंटकर स्वागत एवं अभिनंदन किया।

उल्लेखनीय है कि भारत के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति श्री सूर्यकांत हिदायतुल्ला राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय (HNLU), रायपुर के दीक्षांत समारोह में सम्मिलित होने हेतु छत्तीसगढ़ प्रवास पर आए हैं। इस समारोह में देशभर से विधि के छात्र-छात्राओं को उपाधियाँ प्रदान की जाएंगी।

बस्तर दशहरा की कॉफी टेबल बुक तथा बेल मेटल निर्मित श्रीराम-शबरी की प्रतिकृति भेंट कर छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत को राष्ट्रीय मंच पर किया प्रस्तुत।


आपको पता है अमेरिका में सबसे पढ़ा-लिखा समुदाय कौन? जवाब चौंका देगा आपको

अमेरिका में हिंदू आबादी तो बहुत कम है, लगभग 1% के आसपास — लेकिन उस छोटी सी आबादी में से 70% लोग उच्च शिक्षित हैं। यही बात इस रिपोर्ट को खास बनाती है।

देश_विदेश डेस्क _22/02/2026

दुनिया के सबसे शक्तिशाली देश अमेरिका में अगर यह सवाल पूछा जाए कि सबसे अधिक शिक्षित धार्मिक समुदाय कौन सा है, तो शायद बहुत कम लोग सही जवाब दे पाएं। एक बड़े शोध ने इस सवाल का जवाब दिया है — और वह जवाब है हिंदू समुदाय।

क्या कहती है रिपोर्ट?
वॉशिंगटन स्थित प्रतिष्ठित संस्था प्यू रिसर्च सेंटर ने 19 फरवरी 2026 को एक विस्तृत अध्ययन जारी किया। यह रिपोर्ट 2023-24 के रिलीजियस लैंडस्केप सर्वे पर आधारित है, जिसमें 36 हज़ार से अधिक अमेरिकी वयस्कों को शामिल किया गया था।
आंकड़े बताते हैं कि अमेरिका में 70 प्रतिशत हिंदुओं के पास बैचलर डिग्री या उससे ऊपर की शिक्षा है। यहूदी समुदाय 65 प्रतिशत के साथ दूसरे स्थान पर है। यह दोनों आंकड़े अमेरिकी राष्ट्रीय औसत 35 प्रतिशत से लगभग दोगुने हैं।

बाकी समुदाय कहाँ खड़े हैं?
इन दोनों के बाद ऑर्थोडॉक्स क्रिश्चियन, मुस्लिम और बौद्ध समुदाय का स्थान है, जहाँ 40 प्रतिशत से अधिक वयस्कों के पास उच्च शिक्षा की डिग्री है। मेनलाइन प्रोटेस्टेंट भी राष्ट्रीय औसत से बेहतर स्थिति में हैं। वहीं कुछ समुदायों में शिक्षा का स्तर राष्ट्रीय औसत से नीचे भी पाया गया।

इसके पीछे क्या है वजह?
विशेषज्ञों का मानना है कि इमिग्रेशन के तौर-तरीके और पारिवारिक पृष्ठभूमि इसमें बड़ी भूमिका निभाते हैं। अमेरिका आने वाले हिंदू अक्सर पहले से ही उच्च शिक्षित परिवारों से होते हैं और शिक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हैं।

गर्व की बात
यह अध्ययन भारतीय मूल के लोगों की कड़ी मेहनत, अनुशासन और शिक्षा के प्रति समर्पण का प्रमाण है। दुनिया के सबसे विकसित देश में शीर्ष स्थान पर होना निस्संदेह एक उल्लेखनीय उपलब्धि है।



गलोबल साउथ भारत-ब्राजील: दो महाशक्तियों की साझेदारी नई ऊंचाइयों पर

राष्ट्रपति लूला और उनके डेलीगेशन का भारत में स्वागत करते हुए मुझे अत्यंत प्रसन्नता हो रही है।भारत और ब्राजील —दो प्रभावशाली देश एक बार फिर दुनिया को यह संदेश देने में जुटे हैं कि विकासशील राष्ट्र मिलकर वैश्विक व्यवस्था को नई दिशा दे सकते हैं_पीएम मोदी

नई दिल्ली_22/02/2026

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और ब्राजील के राष्ट्रपति लूला दा सिल्वा के बीच हुई द्विपक्षीय वार्ता में दोनों नेताओं ने रिश्तों को और गहरा करने का संकल्प लिया। पीएम मोदी ने इस साझेदारी को “विन-विन” करार देते हुए अगले पाँच वर्षों में द्विपक्षीय व्यापार को 20 अरब डॉलर के पार ले जाने की प्रतिबद्धता जताई।

व्यापार से परे, रिश्ते की गहराई
ब्राजील पहले से ही लैटिन अमेरिका में भारत का सबसे बड़ा व्यापारिक साझेदार है। दोनों देशों के बीच अब केवल व्यापार नहीं, बल्कि टेक्नोलॉजी, रक्षा, स्वास्थ्य, फार्मा, आयुर्वेद और क्रिटिकल मिनरल्स जैसे संवेदनशील क्षेत्रों में भी सहयोग तेज़ी से बढ़ रहा है। क्रिटिकल मिनरल्स और रेयर अर्थ पर हुआ समझौता मजबूत सप्लाई चेन की नींव रखने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।

लूला का बड़ा बयान — डॉलर से आज़ादी की राह
राष्ट्रपति लूला ने इस साझेदारी को “दुनिया की फार्मेसी और दुनिया के अन्न भंडार” तथा “डिजिटल सुपरपावर और रिन्यूएबल एनर्जी सुपरपावर” का मिलन बताया। उन्होंने एक महत्वपूर्ण संकेत यह भी दिया कि दोनों देश आपसी व्यापार अपनी-अपनी मुद्राओं में करने की दिशा में आगे बढ़ सकते हैं, जिससे अमेरिकी डॉलर पर निर्भरता धीरे-धीरे कम होगी।

साझा मंच, साझा सोच
BRICS, G20 और संयुक्त राष्ट्र जैसे वैश्विक मंचों पर भारत और ब्राजील कंधे से कंधा मिलाकर काम करते आए हैं। दोनों देशों के बीच 2025 में द्विपक्षीय व्यापार 15.21 अरब डॉलर तक पहुँचा, जबकि ब्राजील में भारतीय निवेश 15 अरब डॉलर से अधिक रहा।

डिजिटल और ऊर्जा क्षेत्र में नई उड़ान
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, सेमीकंडक्टर, डिजिटल पेमेंट सिस्टम और बायोफ्यूल जैसे भविष्य के क्षेत्रों में भी सहयोग मजबूत हो रहा है। लगभग चार हज़ार भारतीय मूल के पेशेवरों की ब्राजील में मौजूदगी दोनों देशों के बीच मानवीय संबंधों की मज़बूत कड़ी बनी हुई है।

भारत और ब्राजील की यह साझेदारी केवल दो देशों का नहीं, बल्कि ग्लोबल साउथ के उस सपने का प्रतिनिधित्व करती है जो एक न्यायसंगत और बहुध्रुवीय विश्व व्यवस्था की कामना करता है।