21.1 C
Raipur
Monday, November 2, 2026
Home Blog Page 165

पुलिस ज्यादती: भाजपा कार्यकर्ता को थाने में जड़े 20 थप्पड़, ASI निलंबित

खबर जनचौपाल 36-21/04/2026

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के रतनपुर थाने में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। अपने केस की जानकारी लेने थाने पहुंचे एक भाजपा कार्यकर्ता के साथ ASI दिनेश तिवारी ने कथित तौर पर बर्बरतापूर्ण व्यवहार किया और उसे एक के बाद एक करीब 20 थप्पड़ जड़ दिए। इस दौरान अधिकारी ने कार्यकर्ता को धमकाते हुए कहा — “नेतागिरी निकाल दूंगा।” थप्पड़ों की मार इतनी तेज थी कि पीड़ित का कान सुन्न हो गया।

पूरी घटना थाने में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। यह फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल होते ही हड़कंप मच गया और लोगों में पुलिस की कार्यशैली को लेकर गुस्से की लहर दौड़ गई। वर्दी के रौब में बेखौफ होकर की गई यह मारपीट तब और गंभीर हो जाती है जब पीड़ित सत्तारूढ़ दल का कार्यकर्ता हो — ऐसे में आम नागरिक के साथ पुलिस का व्यवहार कैसा होता होगा, यह सोचने वाली बात है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी ने तत्काल संज्ञान लिया और आरोपी ASI दिनेश तिवारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। पीड़ित की शिकायत पर एफआईआर दर्ज कर जांच भी शुरू कर दी गई है। यह घटना एक बार फिर पुलिस अनुशासन और जवाबदेही पर गंभीर सवाल उठाती है और यह संदेश देती है कि कानून के रखवाले खुद कानून से ऊपर नहीं हैं।


हाल ए छत्तीसगढ़:_ अफसरशाही का नजारा: सरकारी गेस्ट हाउस में चली शराब पार्टी, जांच के आदेश

खबर जनचौपाल 36-21/04/2026

छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में एक सरकारी गेस्ट हाउस के अंदर अधिकारियों की कथित शराब पार्टी का मामला सामने आने से प्रशासनिक हलकों में हड़कंप मच गया है। डीएसपीएम प्लांट के चीफ केमिस्ट अधिकारी सरकारी परिसर में शराब पीते हुए पाए गए। इस पूरे मामले की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं, जिसके बाद यह मामला चर्चा का विषय बन गया है।

खास बात यह है कि जिस समय यह शराब पार्टी चल रही थी, उसी गेस्ट हाउस में एक राजनीतिक बैठक भी प्रस्तावित थी। इसी बैठक के दौरान अधिकारियों की यह हरकत उजागर हुई और मौके से शराब की बोतलें भी बरामद की गईं। सरकारी संपत्ति के इस तरह दुरुपयोग ने प्रशासन की छवि पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

मामला सामने आते ही शिकायत मंत्री स्तर तक पहुंच गई, जिसके बाद उच्च स्तर पर संज्ञान लिया गया और जांच के आदेश दे दिए गए हैं। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। यह घटना इस बात की ओर इशारा करती है कि सरकारी संसाधनों की मनमानी का यह मामला केवल लापरवाही नहीं बल्कि अनुशासनहीनता की पराकाष्ठा है।

यह मामला एक बार फिर सरकारी तंत्र में व्याप्त अफसरशाही और मनमाने रवैये को उजागर करता है। जब देश के अधिकारी सरकारी गेस्ट हाउस जैसे सार्वजनिक परिसरों को निजी मौज-मस्ती का अड्डा बनाने लगें, तो आम जनता का प्रशासन पर से भरोसा उठना स्वाभाविक है। जनता की नजरें अब इस जांच के नतीजे और दोषियों पर होने वाली कार्रवाई पर टिकी हैं।

मतदाता सूची की पवित्रता: सुप्रीम कोर्ट का हस्तक्षेप और संवैधानिक अनिवार्यता

0

डिजिटल डेस्क/21/04/2026

पश्चिम बंगाल में मतदाता सूची के ‘विशेष गहन पुनरीक्षण’ (SIR) को लेकर उपजा विवाद अब पूरी तरह से न्यायिक प्रक्रिया के दायरे में है। मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत की बेंच के समक्ष जिस तरह से यह मामला सामने आया है, वह इस बात को रेखांकित करता है कि चुनाव आयोग की प्रशासनिक प्रक्रियाओं में पारदर्शिता और जवाबदेही की कितनी सख्त आवश्यकता है।

न्यायिक हस्तक्षेप की आवश्यकता क्यों?
लोकतंत्र में मतदाता सूची केवल नामों की एक सूची नहीं, बल्कि नागरिकों के ‘मताधिकार’ का आधार है। जब इस आधार में व्यापक स्तर पर विसंगतियों की शिकायतें आती हैं, तो न्यायपालिका का हस्तक्षेप अनिवार्य हो जाता है। सुप्रीम कोर्ट का अनुच्छेद 142 के तहत चुनाव आयोग को निर्देश देना यह स्पष्ट करता है कि न्यायालय नागरिक अधिकारों की रक्षा के लिए अपनी ‘पूर्ण न्याय’ की शक्ति का उपयोग करने से पीछे नहीं हटेगा।

प्रशासनिक प्रक्रिया बनाम कानूनी अधिकार
मुख्य न्यायाधीश की टिप्पणी—कि “इस मुद्दे पर रोज नई-नई बातें सामने आ रही हैं”—यह संकेत देती है कि वर्तमान प्रशासनिक तंत्र इन विसंगतियों को संभालने में सक्षम नहीं दिख रहा है।

फॉर्म-6 का मुद्दा: फॉर्म-6 के उपयोग को लेकर उठ रहे सवाल प्रक्रियात्मक त्रुटियों की ओर इशारा करते हैं। यदि इनका उपयोग नियमों के विपरीत हुआ है, तो यह न केवल प्रशासनिक विफलता है, बल्कि मतदाता सूची की शुचिता के साथ खिलवाड़ भी है।

विशेष पीठ (Special Bench) का महत्व: एसआईआर (SIR) से जुड़े मामलों के लिए अलग पीठ का गठन करने का संकेत यह बताता है कि कोर्ट इस मामले को सामान्य प्रशासनिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि एक गंभीर संवैधानिक चुनौती मान रहा है।

खबर सार न्यायिक दृष्टिकोण का महत्व
न्यायालय का दृष्टिकोण स्पष्ट है:प्रक्रियात्मक सुधार और मतदाता अधिकारों की बहाली। अपीलेट ट्राइब्यूनल द्वारा बहाल किए गए नामों को सूची में शामिल करने का निर्देश कोर्ट की उस प्रतिबद्धता को दर्शाता है जहाँ हर पात्र नागरिक का वोट सुरक्षित रहे। आने वाले दिनों में कोर्ट की कार्यवाही यह तय करेगी कि क्या प्रशासनिक मशीनरी ने निर्धारित नियमों का पालन किया है या इसमें सुधार की आवश्यकता है।

अंततः, लोकतंत्र की मजबूती इस बात पर टिकी है कि चुनाव आयोग एक ‘तटस्थ मध्यस्थ’ के रूप में कार्य करे। यदि चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर न्यायालय को बार-बार प्रश्न उठाने पड़ रहे हैं, तो यह एक आत्म-चिंतन का विषय है। अब सबकी निगाहें सुप्रीम कोर्ट की अगली सुनवाई पर हैं, जो यह तय करेगी कि पश्चिम बंगाल की मतदाता सूची पूरी तरह से समावेशी है या नहीं।

जशपुर में प्राइवेट चार्टर्ड विमान दुर्घटनाग्रस्त, राहत-बचाव कार्य जारी

0

डिजिटल डेस्क 20/04/2026

छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले
में सोमवार को एक संभावित विमान दुर्घटना की सूचना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, एक प्राइवेट चार्टर्ड विमान नारायणपुर क्षेत्र के समीप आरा पहाड़ियों और रतनपहली जंगल में दुर्घटनाग्रस्त हो गया।

स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, विमान निचली उड़ान भरते हुए पेड़ों से टकराया और इसके बाद पहाड़ी ढलान से जा भिड़ा। टक्कर के तुरंत बाद जोरदार धमाका हुआ, जिसके साथ घटनास्थल से आग की लपटें और काले धुएं का गुबार उठता देखा गया। इस घटना से आसपास के गांवों में दहशत का माहौल बन गया।

प्रारंभिक रिपोर्टों में पायलट और को-पायलट के हताहत होने की आशंका व्यक्त की जा रही है, हालांकि इस संबंध में अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। विमान में सवार लोगों की संख्या भी स्पष्ट नहीं हो सकी है।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन एवं पुलिस की टीमें मौके के लिए रवाना हो गईं। घने जंगल और दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र के कारण राहत एवं बचाव कार्य में चुनौतियां सामने आ रही हैं, इसके बावजूद टीमों द्वारा आग पर काबू पाने और संभावित पीड़ितों की तलाश जारी है।

दुर्घटना के कारणों का फिलहाल स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। प्रारंभिक तौर पर तकनीकी खराबी या प्रतिकूल मौसम को संभावित कारण माना जा रहा है। संबंधित एजेंसियों द्वारा मामले की जांच की जा रही है।

महिला आरक्षण पर भाजपा की ‘डबल गेम’ का खुलासा: कांग्रेस ने कहा—’आरक्षण का मुखौटा, परिसीमन का षड्यंत्र’

बेमेतरा में कांग्रेस की हुंकार: भाजपा के झूठ को बेनकाब करने के लिए देशभर में जिलास्तरीय प्रेस वार्ता।

बेमेतरा, 20 अप्रैल 2026
छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर आज बेमेतरा जिला मुख्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने केंद्र की भाजपा सरकार पर जोरदार हमला बोला। कांग्रेस ने भाजपा पर महिला आरक्षण को लेकर देश की महिलाओं को भ्रमित करने और इसके आड़ में खतरनाक राजनीतिक एजेंडा साधने का गंभीर आरोप लगाया है।

“भाजपा का महिला विरोधी चेहरा बेनकाब”
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री रवींद्र चौबे ने भाजपा को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि, “भाजपा की पूरी पार्टी ‘आधा झूठ, पूरा सच’ की नीति पर चल रही है। 400 पार का दावा करने वाली पार्टी को जनता ने 240 सीटों पर समेट दिया है, लेकिन फिर भी इनका अहंकार कम नहीं हुआ है।”* उन्होंने भाजपा पर महिला आरक्षण बिल को लेकर लगातार झूठ फैलाने का आरोप लगाते हुए कहा कि केंद्र सरकार ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम (106वां संविधान संशोधन) के पारित होने के बावजूद इसे लागू करने में टाल-मटोल की है।

“आरक्षण के नाम पर परिसीमन का षड्यंत्र”
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक आशीष छाबड़ा ने बड़ा खुलासा किया। उन्होंने कहा कि 16 अप्रैल 2026 को संसद में लाया गया विधेयक (131वां संविधान संशोधन) महिला आरक्षण नहीं, बल्कि परिसीमन और केंद्र शासित प्रदेशों से संबंधित कानून था। छाबड़ा ने आरोप लगाया, *”भाजपा महिला आरक्षण को एक मुखौटा बनाकर उसके पीछे से परिसीमन के जरिए अपने खतरनाक राजनीतिक उद्देश्य साधना चाहती है। भाजपा की यह चाल अब उन्हीं पर उल्टी पड़ रही है।”

वसुंधरा राजे के पत्र का जिक्र, भाजपा में मचा हड़कंप
प्रेस वार्ता में गुरुदयाल बंजारे पूर्व विधायक नवागढ़ ने राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा की वरिष्ठ नेत्री वसुंधरा राजे द्वारा मोहन भागवत को लिखे गए पत्र का भी विशेष रूप से उल्लेख किया ।उन्होंने कहा कि जब भाजपा के अपने ही वरिष्ठ नेता पार्टी की कार्यप्रणाली और महिला विरोधी रवैये पर सवाल उठा रहे हैं, तो यह स्पष्ट है कि भाजपा पूरी तरह से भटक चुकी है।

“कांग्रेस ने ही दिया महिलाओं को वास्तविक हक”
कांग्रेस की महिला नेत्रियों ने एक स्वर में कहा कि महिलाओं को पंचायती राज और स्थानीय निकायों में आरक्षण देने का ऐतिहासिक काम स्वर्गीय राजीव गांधी ने 1989 में किया था। आज देशभर में जो महिलाएं चुनकर आ रही हैं, वह कांग्रेस की दूरदर्शी नीतियों का परिणाम है। नारी सम्मान पर केवल लच्छेदार भाषण देना भाजपा की पुरानी आदत है, जबकि धरातल पर वे महिलाओं के हितों के विरुद्ध काम कर रहे हैं।

प्रेस वार्ता में इनकी रही उपस्थिति
कार्यक्रम का संचालन और सहयोग मनोज शर्मा, ललित विश्वकर्मा ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन प्रांजल तिवारी द्वारा किया गया। इस अवसर पर कांग्रेस किसान जिलाध्यक्ष मंगत साहू, हरीश साहू जिला पंचायत सदस्य,कांग्रेस नेता रवि रजक, बेरला जनपद अध्यक्ष माधुरी रवि परगनिया, सीमा टिकहरिया,, शकुंतला साहू, सुशीला जोशी, रश्मि मिश्रा, रीता पांडेय, शशि प्रभा, बाल कुमारी, योगिता साहू,रूबी सलूजा, श्रीमति जनता साहू,हेमीन यादव सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



चिंता छोड़ो, सुख से जियो” महज एक विचार ही तो है

लाइफस्टाइल -20/04/2026

क्या आप भी अपना वर्तमान, कल की चिंता में गँवा रहे हैं?

एक पल के लिए रुकिए और सोचिए — आज सुबह उठते ही आपके मन में पहला विचार क्या आया? क्या वह किसी आने वाली समस्या की चिंता थी? कोई अधूरा काम, कोई अनिश्चित भविष्य, या कोई पुरानी गलती जो बार-बार दिमाग में घूम रही थी?

अगर हाँ, तो आप अकेले नहीं हैं।

आज की भागती-दौड़ती जिंदगी में चिंता हमारी सबसे पुरानी और सबसे थकाऊ साथी बन चुकी है। हम सोते-जागते, खाते-पीते, यहाँ तक कि हँसते-हँसाते भी किसी न किसी बात की चिंता करते रहते हैं। पर क्या यह चिंता वाकई हमारे किसी काम आती है?

— चिंता है क्या, असल में?

मनोविज्ञान की भाषा में चिंता वे नकारात्मक विचार हैं जो बार-बार मन में आते हैं और भविष्य में कुछ बुरा होने की आशंका से जुड़े होते हैं। कभी हम सोचते हैं — “नौकरी रहेगी या नहीं?”, कभी — “बच्चे का भविष्य कैसा होगा?”, और कभी अतीत की किसी घटना पर अटक जाते हैं — “काश, मैंने वैसा न किया होता।”

(Journal of Anxiety Disorders) में प्रकाशित बैक एंड न्यूमैन के एक महत्वपूर्ण अध्ययन में यह बताया गया कि चिंता और अवसाद दो अलग-अलग, लेकिन आपस में गुँथी हुई स्थितियाँ हैं। शोधकर्ता अरश इमामजादेह के अनुसार —

चिंता मूलतः बेचैनी का एक सामान्य रूप है, जबकि बीती बातों पर सोचते रहना अवसाद और मूड विकार की निशानी है।

यानी जब हम भविष्य को लेकर घबराते हैं — वह चिंता है। और जब हम अतीत में उलझे रहते हैं — वह अवसाद की ओर धकेलता है। दोनों मिलकर हमारी मानसिक शांति को धी7रे-धीरे खोखला कर देते हैं।

वह मिथक जिस पर हम सब भरोसा करते हैं

हम चिंता क्यों करते हैं? इसका जवाब बड़ा दिलचस्प है।

हम चिंता इसलिए करते हैं क्योंकि हमें लगता है — “अगर मैं पहले से सोच लूँगा, तो जब बुरा होगा, तो कम दर्द होगा।” जैसे चिंता एक सुरक्षा कवच हो। जैसे मन खुद को तैयार कर रहा हो।

लेकिन अरश इमामजादेह इसे सीधे खारिज करते हैं — यह केवल एक नजरिया है, सच्चाई नहीं।

शोध बताते हैं कि जितना अधिक हम चिंता करते हैं, उतनी ही अधिक उदासी और बेचैनी बढ़ती है। चिंता दर्द को कम नहीं करती — वह दर्द को पहले ही शुरू कर देती है। हम उस तकलीफ को भविष्य से खींचकर अभी भोगने लगते हैं, जो शायद कभी आएगी ही नहीं। चिंता के मतलब यह भी है कि हम खुशियों से मुंह मोड़ रहे है।


117 दिन से जारी B.Ed आंदोलन: परशुराम जयंती पर रामायण पाठ, पुलिस ने रोका मार्च

रायपुर, 20 अप्रैल 2026

छत्तीसगढ़ में बीएड और डीएड पास अभ्यर्थियों का अनिश्चितकालीन धरना 117वें दिन भी जारी रहा। रायपुर के तूता धरना स्थल पर डटे अभ्यर्थी 2300 से अधिक सहायक शिक्षक पदों पर नियुक्ति की मांग को लेकर लगातार संघर्ष कर रहे हैं। यह आंदोलन अब छत्तीसगढ़ की शिक्षक भर्ती प्रक्रिया में सबसे लंबे चले संघर्षों में से एक बन चुका है।

परशुराम जयंती के अवसर पर अभ्यर्थियों ने रामायण पाठ कर शांतिपूर्ण विरोध दर्ज कराया और शिक्षा मंत्री के बंगले की ओर रैली निकाली। हालांकि पुलिस ने इस मार्च को तूता धरना स्थल पर ही रोक दिया। प्रदर्शनकारियों ने गृहमंत्री के बंगले का घेराव करने की भी कोशिश की, लेकिन उन्हें आगे बढ़ने से रोक दिया गया।

अभ्यर्थियों का कहना है कि उच्च न्यायालय ने उनकी नियुक्ति के पक्ष में आदेश दिया था, इसके बावजूद सरकार ने अब तक कोई कार्रवाई नहीं की। उनका यह भी कहना है कि यह आंदोलन अब केवल 2300 पदों तक सीमित नहीं रहा, बल्कि यह अधिकार और सम्मान की लड़ाई बन चुका है जिसे व्यापक जन समर्थन मिल रहा है। इससे पहले बर्खास्त बीएड शिक्षकों ने भी 113 दिनों से अधिक समय तक संघर्ष किया था।

अभ्यर्थियों ने सरकार को कड़ी चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही नियुक्तियां नहीं की गईं तो आंदोलन और उग्र रूप ले सकता है। यह मामला अब केवल रोजगार का नहीं, बल्कि न्यायिक आदेशों के पालन और शासन की जवाबदेही का सवाल भी बन गया है।


भाठागांव चारागाह विवाद: सरकारी जमीन पर अतिक्रमण और पेड़ कटाई का मामला

रायपुर -20/04/2026

रायपुर के भाठागांव क्षेत्र में चारागाह की सरकारी जमीन पर अतिक्रमण की आशंका के बीच पेड़ों की अवैध कटाई का मामला सामने आया है। स्थानीय लोगों ने मौके पर मजदूरों को पेड़ काटते हुए रंगे हाथों पकड़ा, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। वीडियो में स्थानीय निवासी मजदूरों का जमकर विरोध करते नजर आए।

मजदूरों ने ठेकेदार के माध्यम से यह खुलासा किया कि पेड़ की कटाई भाजपा पार्षद रवि सोनकर के निर्देश पर की जा रही थी। इस आरोप के सामने आते ही पूरे क्षेत्र में हंगामा मच गया और मामला राजनीतिक रूप लेने लगा। हालांकि पार्षद की ओर से इन आरोपों को सिरे से खारिज किया गया है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए महापौर मीनल चौबे ने स्वयं संज्ञान लिया और जांच कराने के साथ ही दोषियों के खिलाफ सख्त कार्यवाही का आश्वासन दिया है। प्रशासनिक स्तर पर जांच की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

वहीं कांग्रेस प्रवक्ता ब्रम्हा सोनकर ने इस पूरे मामले को अवैध प्लाटिंग से जोड़ते हुए इसे एक बड़ा भू-माफिया घोटाला करार दिया है। उनका आरोप है कि चारागाह की जमीन को अवैध रूप से प्लाट में बदलने की साजिश के तहत पेड़ काटे जा रहे थे। फिलहाल भाठागांव में जांच जारी है और मामले पर सभी की निगाहें टिकी हुई हैं।

मन की बात:स्वयं को देखना है मन को दर्पण बनाएं और भरपूर जीने की चाह रखे

रविवारीय-19/04/2026

पहली सोच
मन मारते-मारते जिंदगी कब संवेदना विहीन हो गई,पता ही नहीं चला। जिस उम्र को जी भर कर जीने की चाह थी, उस उम्र से ही नफरत हो गई, जैसा सोचा था वैसा कुछ भी नहीं हुआ, जैसे सारे ख्वाब ख्वाहिशें और वो सपनें सबकुछ अधूरे रह गए।

आज के मनुष्य का सबसे बड़ा संघर्ष बाहर की दुनिया से नहीं, भीतर की टूटने से है। धैर्य का अभ्यास करते-करते वह भीतर से ऐसा खंडित हो जाता है कि उसकी चेतना ही थकने लगती है। कभी मन में आकांक्षाओं की चंचल नदी बहती थी, सब कुछ पा लेने का साहस था, पर अब उसी जीवन में एक मौन-सा ठहराव उतर आया है।

ऐसा लगता है जैसे हम जीवन को जी नहीं रहे, बल्कि उसके बोझ को धीरे-धीरे ढो रहे हैं। धैर्य, जो कभी आत्मबल का स्वरूप था, कई बार परिस्थितियों के आगे निरंतर झुकते-झुकते मौन पीड़ा में बदल जाता है; और मनुष्य अपने ही भीतर की उजास को खोता चला जाता है ।

किन्तु दर्शन हमें केवल पीड़ा का वर्णन नहीं, दृष्टि का विस्तार भी देता है। जीवन की कठोरताओं के सामने सब कुछ सह जाना ही अंतिम सत्य नहीं है; प्रश्न यह है कि सहने के इस अनुभव से चेतना क्या सीखती है। गीता की समता-बुद्धि यही सिखाती है कि सुख-दुःख, अनुकूल-प्रतिकूल, प्रिय-अप्रिय—सबको एक व्यापक दृष्टि से देखा जाए, ताकि मन परिस्थितियों का दास न बने। जो बात हमें तोड़ती हुई प्रतीत होती है, वही यदि समझ और आत्मनिरीक्षण के साथ जिया जाए, तो वह अंततः भीतर की दृढ़ता बन सकती है ।

दूसरी सोच
अब ज्यादा सोचना नहीं है सब अपने में व्यस्त हैं,आप भी हो जाइए लोग आपके बारे में क्या सोचते हैं, चाहे वह सकारात्मक हो या नकारात्मक, इसे लेकर आपको अधिक विचार करने की आवश्यकता ही नहीं है। वास्तविकता यह है कि, दूसरों की आपके बारे में काफी कम राय होती है।

हम प्रायः यह मान लेते हैं कि लोग हमारी हर कमी, हर असफलता और हर चूक को बहुत ध्यान से देख रहे हैं। पर सच यह है कि अधिकांश मनुष्य अपने ही जीवन, अपनी ही उलझनों और अपनी ही असुरक्षाओं में इतने व्यस्त होते हैं कि दूसरों के बारे में उनकी सोच हमारी कल्पना से कहीं कम होती है। हम अपने भीतर एक अनावश्यक निगाहें गढ़ लेते हैं, और फिर उन्हीं काल्पनिक निगाहों के डर से अपने व्यवहार, अपने साहस और अपनी सहजता को सीमित कर लेते हैं ।

दार्शनिक दृष्टि से देखें तो यह बाहरी संसार का नहीं, अहं के अतिशय विस्तार का प्रश्न है। जब व्यक्ति अपने को ही केंद्र मान लेता है, तब उसे हर ओर आलोचना, तिरस्कार और मूल्यांकन दिखाई देने लगता है। लेकिन यदि वह थोड़ी दूरी से जीवन को देखे, तो समझ आता है कि अधिकांश लोग हमारे विषय में सोच ही नहीं रहे होते; वे स्वयं अपने भीतर के प्रश्नों से जूझ रहे होते हैं । इस बोध के साथ मन हल्का होता है, और जीने का स्वाभाविक साहस लौट आता है।

अगली बार जब आप खुद के बारे में शर्मिंदगी महसूस करें, तो याद रखें कि आप खुद के बारे में सोच रहे हैं। आप सुरक्षित रूप से मान सकते हैं कि आपके आस-पास हर कोई लगभग वैसा ही कर रहा है।




भारत की अर्थव्यवस्था फिसली, वैश्विक रैंकिंग में छठे स्थान पर पहुंची

0

डिजिटल डेस्क-19/04/2026

भारत की अर्थव्यवस्था को लेकर हाल में एक महत्वपूर्ण बदलाव सामने आया है, जिसके अनुसार देश वैश्विक अर्थव्यवस्था की रैंकिंग में छठे स्थान पर पहुंच गया है। यह बदलाव मुख्य रूप से रुपये की कमजोरी और सकल घरेलू उत्पाद (GDP) के आंकड़ों में संशोधन के कारण देखा जा रहा है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अर्थव्यवस्थाओं की तुलना आमतौर पर डॉलर के आधार पर की जाती है, ऐसे में जब रुपये का मूल्य गिरता है तो भारतीय अर्थव्यवस्था का आकार भी डॉलर में कम दिखाई देता है, जिससे रैंकिंग प्रभावित होती है।


विशेषज्ञों का मानना है कि यह गिरावट स्थायी नहीं है, बल्कि विनिमय दर में उतार-चढ़ाव और वैश्विक आर्थिक परिस्थितियों का अस्थायी प्रभाव है। भारत की आंतरिक आर्थिक गतिविधियां, उपभोग और निवेश की स्थिति अभी भी मजबूत बनी हुई है, जो भविष्य में फिर से रैंकिंग सुधारने में मदद कर सकती है।

सरकार और आर्थिक विशेषज्ञ लगातार यह भरोसा जता रहे हैं कि भारत जल्द ही दुनिया की शीर्ष अर्थव्यवस्थाओं में अपनी स्थिति मजबूत करेगा और आने वाले वर्षों में तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने का लक्ष्य हासिल कर सकता है।


कुल मिलाकर, यह बदलाव भले ही आंकड़ों में गिरावट दर्शाता हो, लेकिन भारत की आर्थिक वृद्धि की दीर्घकालिक संभावनाएं अभी भी सकारात्मक बनी हुई हैं।