काशी एक्सप्रेस में फर्जी TTE गिरफ्तार, आधी रात यात्रियों को धमकाकर मांग रहा था टिकट

Must read

जबलपुर। काशी एक्सप्रेस में आधी रात को खुद को टीटीई बताकर यात्रियों से टिकट मांगने और टिकट नहीं दिखाने पर अगले स्टेशन पर उतारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। रेलवे सुरक्षा बल (RPF) की सतर्कता से आरोपी को पकड़ लिया गया। पूछताछ के बाद उसे राजकीय रेलवे पुलिस (GRP) के हवाले कर दिया गया है।

करनेली स्टेशन से ट्रेन में चढ़ा था आरोपी

घटना 19 और 20 नवंबर की दरमियानी रात की है। मुंबई के लोकमान्य तिलक टर्मिनस से गोरखपुर जा रही काशी एक्सप्रेस (ट्रेन नंबर 15018) में रात करीब 2:10 बजे RPF स्क्वॉड को एक संदिग्ध व्यक्ति के टीटीई बनकर टिकट जांचने की सूचना मिली।

उस समय जबलपुर से इटारसी की ओर जा रही RPF की एस्कॉर्ट टीम ने संबंधित कोच में पहुंचकर व्यक्ति से पूछताछ की। संदेह के आधार पर उसे हिरासत में ले लिया गया। आरोपी की पहचान अनिल कुमार महोबिया के रूप में हुई है। बताया गया कि वह करेली रेलवे स्टेशन से ट्रेन में सवार हुआ था।

न पहचान पत्र मिला, न ड्यूटी से जुड़े दस्तावेज

जांच के दौरान आरोपी के पास रेलवे विभाग की ओर से जारी कोई वैध पहचान पत्र नहीं मिला। इसके अलावा वह ट्रेन में टिकट जांच की ड्यूटी से संबंधित कोई दस्तावेज भी पेश नहीं कर सका। इससे उसके फर्जी टीटीई होने का संदेह पुख्ता हुआ।

यात्रियों को नींद से जगाकर मांग रहा था टिकट

पूछताछ में पता चला कि आरोपी देर रात यात्रियों को नींद से जगाकर टिकट दिखाने के लिए कह रहा था। टिकट नहीं दिखाने पर वह उन्हें अगले स्टेशन पर ट्रेन से उतारने की धमकी देता था। यात्रियों ने भी RPF को इसकी जानकारी दी।

समय रहते आरोपी की पहचान होने से यात्री संभावित ठगी और अवैध वसूली से बच गए।

RPF ने आरोपी को GRP के सुपुर्द किया

घटना की जानकारी RPF एस्कॉर्ट टीम ने जबलपुर मुख्यालय को दी। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर आरोपी को इटारसी स्थित RPF पोस्ट ले जाया गया। इसके बाद वैधानिक कार्रवाई के लिए उसे गाडरवारा GRP थाने भेज दिया गया। मामले में आगे की जांच की जा रही है।

- Advertisement -spot_img

More articles

- Advertisement -spot_img

Latest article