बेमेतरा में जुए के फड़ पर पुलिस की रेड, 15 जुआरी सहित 3 लाख रुपये का सामान जब्त

Must read

अकलवारा के पुराने शासकीय भवन में चल रहा था जुए का खेल, साइबर सेल और देवकर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई; नकदी, 9 मोबाइल और ताश की गड्डी जब्त

बेमेतरा, 21 नवंबर 2026।

जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे पुलिस अभियान के तहत साइबर सेल और चौकी देवकर पुलिस की संयुक्त टीम ने ग्राम अकलवारा में जुए के फड़ पर दबिश देकर 15 लोगों को पकड़ा है। पुलिस ने मौके से 2 लाख 32 हजार 800 रुपये नकद, 9 एंड्रॉयड मोबाइल और 52 पत्ती ताश जब्त की है। जब्त सामग्री की कुल कीमत 2 लाख 95 हजार 800 रुपये बताई गई है।

पुलिस के अनुसार, 20 नवंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम अकलवारा में श्मशान घाट के पास स्थित पुराने शासकीय भवन के अंदर कुछ लोग ताश के पत्तों पर रुपये-पैसों का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना पर साइबर सेल और चौकी देवकर की टीम ने मौके पर पहुंचकर दबिश दी। पुलिस को देखकर कुछ लोग भाग निकले, जबकि मौके से 15 लोगों को पकड़ लिया गया।

15 लोगों के खिलाफ जुआ अधिनियम के तहत कार्रवाई

पुलिस ने पकड़े गए सभी 15 लोगों के खिलाफ चौकी देवकर, थाना साजा में छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 की धारा 5 के तहत एक प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई की है। जब्त नकदी और मोबाइल सहित कुल 2,95,800 रुपये की सामग्री पुलिस ने अपने कब्जे में ली है।

एसपी के निर्देशन में जारी है कार्रवाई

जिले में अवैध शराब, गांजा, नशीले पदार्थों, जुआ और सट्टा जैसी गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक त्रिलोक बंसल के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. हरीश यादव, एसडीओपी बेमेतरा भूषण एक्का और एसडीओपी बेरला रुचि वर्मा के मार्गदर्शन में की गई।

कार्रवाई में साइबर सेल प्रभारी निरीक्षक मयंक मिश्रा, चौकी प्रभारी देवकर प्रशिक्षु उप निरीक्षक निधि गुप्ता सहित साइबर सेल और चौकी देवकर के पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

जन चौपाल 36 की नजर
पुलिस द्वारा अवैध शराब, गांजा, नशीले पदार्थों, जुआ और सट्टे जैसी गतिविधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई किए जाने की बात कही जा रही है। हालांकि, इन कार्रवाइयों का वास्तविक असर जिले में अपराध की स्थिति में कितना दिखाई देता है, यह आने वाला समय बताएगा।

पुलिस की सक्रियता का आकलन केवल कार्रवाई और गिरफ्तारी की संख्या से नहीं, बल्कि इन अवैध गतिविधियों पर लगने वाले प्रभावी अंकुश से भी होगा। अब देखना होगा कि बेमेतरा पुलिस इन अपराधों पर नियंत्रण स्थापित करने में कितनी सफल हो पाती है।

- Advertisement -spot_img

More articles

- Advertisement -spot_img

Latest article