29.4 C
Raipur
Monday, July 13, 2026

वृक्षारोपण कार्यक्रम:केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने अहमदाबाद में ‘मिशन फाइव मिलियन ट्रीज’ का किया शुभारंभ

Must read

डिजिटल न्यूज/अहमदाबाद- 12 जुलाई 2026

अहमदाबाद नगर निगम द्वारा विकसित 101 ऑक्सीजन पार्क लगभग 9.66 लाख वर्गमीटर क्षेत्र में फैले हैं, जिनमें 22.71 लाख से अधिक पौधे लगाए गए हैं। इनमें से 62 पार्क गांधीनगर लोकसभा क्षेत्र में स्थित हैं, जहाँ लगभग 16 लाख पौधों का रोपण किया गया है।

केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने आज रविवार अहमदाबाद में अहमदाबाद महानगर निगम द्वारा विज्ञान भवन, साइंस सिटी, सोला में आयोजित कार्यक्रम में ‘मिशन फाइव मिलियन ट्रीज’ के तहत वृक्षारोपण अभियान का शुभारंभ किया।

इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री ने 101 ऑक्सीजन पार्क एवं हेरिटेज पार्क का ई-लोकार्पण किया। साथ ही अहमदाबाद नगर निगम, औडा तथा सड़क एवं भवन विभाग की लगभग 405 करोड़ रुपये लागत की विभिन्न विकास परियोजनाओं का ई-लोकार्पण और शिलान्यास भी किया।

कार्यक्रम में गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल, अहमदाबाद के महापौर हितेश बारोट, राज्य सरकार के मंत्रीगण, सांसद, विधायक, नगर निगम के पदाधिकारी एवं वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

इन पार्कों से शहर के हरित क्षेत्र में वृद्धि होगी, वायु गुणवत्ता में सुधार होगा तथा शहरी ताप द्वीप प्रभाव में कमी आएगी। नागरिकों को योग, प्रातः भ्रमण एवं मनोरंजन के लिए बेहतर सुविधाएं प्राप्त होंगी। 45 पार्कों में बच्चों के लिए प्ले एरिया और 19 पार्कों में खेल सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। ये पार्क वर्षा जल संचयन, भूजल पुनर्भरण और जैव विविधता संरक्षण में भी सहायक होंगे।

कार्यक्रम के दौरान 80 नई वातानुकूलित इलेक्ट्रिक बीआरटीएस बसों का भी शुभारंभ किया गया। जेबीएम कंपनी द्वारा जीसीसी मॉडल के तहत संचालित इन बसों के संचालन पर प्रतिवर्ष लगभग 42 करोड़ रुपये व्यय किया जाएगा। इन बसों से नागरिकों को आधुनिक, आरामदायक और प्रदूषण मुक्त परिवहन सुविधा मिलेगी।

उल्लेखनीय है कि वर्तमान में अहमदाबाद बीआरटीएस बेड़े में कुल 333 बसें हैं, जिनमें 200 इलेक्ट्रिक बसें संचालित हैं। प्रथम चरण में 80 नई इलेक्ट्रिक एसी बसें जोड़ी जा रही हैं। भविष्य में संपूर्ण बीआरटीएस सेवा को इलेक्ट्रिक बेड़े में परिवर्तित करने की योजना है, जिसके लिए एएमटीएस और बीआरटीएस हेतु कुल 325 इलेक्ट्रिक एसी बसों की स्वीकृति प्रदान की जा चुकी है।

- Advertisement -spot_img

More articles

- Advertisement -spot_img

Latest article