मोबाईल और मोटरसाइकिल लूटने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार
Janchoupal36 । बेमेतरा । 22/08/2025 ।
थाना नांदघाट पुलिस ने बड़ी कार्यवाही करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिन्होंने जून माह में एक युवक से मोबाइल और मोटरसाइकिल लूटकर फरार हो गए थे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थी गोविंद साहू (32) निवासी ग्राम झिलगा ने 12 जून की रात थाना नांदघाट में रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
शिकायत के मुताबिक वह अपनी बहन के घर अकलतरा से लौटते समय ग्राम सेमरिया-मुर्रा मार्ग पर तीन अज्ञात युवकों से भिड़ गया। आरोपियों ने चाकू दिखाकर उसे धमकाया और उसकी मोटरसाइकिल (क्रमांक CG 07 AN 7932, कीमत लगभग 20 हजार रुपये) एवं मोबाइल फोन (कीमत लगभग 4 हजार रुपये) लूटकर फरार हो गए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रामकृष्ण साहू (भा.पु.से.) के निर्देश पर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ज्योति सिंह और एसडीओपी बेमेतरा मनोज तिर्की के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी नांदघाट भुनेश्वर यादव के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।
पुलिस ने विवेचना के दौरान घेराबंदी कर आरोपियों वेदप्रकाश वैष्णव उर्फ निलेश (23 वर्ष, जिला बिलासपुर), युवराज साहू उर्फ नानू (19 वर्ष, जिला मुंगेली) और सुरीत विश्वकर्मा (20 वर्ष, जिला मुंगेली) को गिरफ्तार किया। पूछताछ में तीनों ने वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपियों से एक स्टील का चाकू बरामद किया गया, जबकि लूटी गई मोटरसाइकिल थाना जरहागांव में जप्त की गई।
गिरफ्तार आरोपियों को 21 अगस्त 2025 को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
इस कार्यवाही में थाना प्रभारी भुनेश्वर यादव, एएसआई यागेश्वर देशमुख, आरक्षक बालमुकुंद सिंह, रूपेंद्र वर्मा, संजय साहू समेत थाना नांदघाट की पूरी टीम की सराहनीय भूमिका रही।
- Advertisement -
- Advertisement -