रायपुर, 15 मई 2026
प्रदेश भर में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन रोकने के लिए प्रशासन की छापामारी तेज की गई है। पिछले दो दिनों में विभिन्न जिलों में संयुक्त कार्रवाई के दौरान कुल 5 हाईवा और 4 ट्रैक्टर वाहन जब्त किए गए हैं, जबकि कई मामलों में दोषियों के खिलाफ वैधानिक कदम उठाए गए हैं।
जांजगीर-चांपा: राजस्व एवं खनिज विभाग की संयुक्त टीम ने केवा, भादा और नवापारा घाटों में विशेष निरीक्षण चलाकर अवैध रेत परिवहन करने वाले 5 हाईवा वाहन जब्त किए। जब्त वाहनों को पुलिस लाइन जांजगीर में सुरक्षित रखवाया गया है।
कार्रवाई के दौरान शांति व्यवस्था भंग करने के आरोप में चालक जोहन कुमार और संतोष मिरी के खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की प्रासंगिक धाराओं के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई। जिला प्रशासन ने चेतावनी दी है कि अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण में संलिप्त लोगों के खिलाफ इसी तरह निरंतर और सख्त कदम उठाए जाएंगे।
बलरामपुर: खनिज विभाग की टीम ने विकासखंड शंकरगढ़ के ग्राम डीपाडीह के पास गलफुल्ला नदी क्षेत्र में छापा मारकर रेत से भरे 4 ट्रैक्टर जब्त किए। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि संबंधित वाहनों के खिलाफ आवश्यक करवाई जारी रखी जाएगी और जिले में अवैध खनिज परिवहन रोकने के लिए सतत निगरानी की जा रही है।
प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे अवैध खनिज उत्खनन या परिवहन की जानकारी तुरंत दें, ताकि त्वरित कार्रवाई संभव हो सके। आगे भी प्रदेश में खनिज और राजस्व की हानि रोकने तथा प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के उद्देश्य से समान रूप से सघन निगरानी और छापामारी जारी रखी जाएगी।


