बेमेतरा में जुआरियों पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, एक दिन में 123 गिरफ्तार; 3.12 लाख रुपये जब्त

Must read

पांच दिनों में जुए के 106 प्रकरण दर्ज, 539 जुआरियों से 6.03 लाख रुपये और ताश की गड्डियां जब्त

बेमेतरा, 10 नवंबर 2026। जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ बेमेतरा पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। पुलिस अधीक्षक श्री त्रिलोक बंसल (IPS) के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. हरीश यादव, एसडीओपी बेमेतरा श्री भूषण एक्का और एसडीओपी बेरला श्रीमती रुचि वर्मा के मार्गदर्शन में पुलिस ने जुआरियों के खिलाफ व्यापक अभियान चलाया है। इसी क्रम में 9 नवंबर को साइबर सेल सहित विभिन्न थाना और चौकी की पुलिस टीमों ने जिले के अलग-अलग गांवों में छापेमारी कर जुआ खेलते हुए 123 लोगों को पकड़ा। इनके कब्जे और जुआ फड़ से कुल 3 लाख 12 हजार 640 रुपये नगद तथा 52 पत्ती ताश जब्त की गई।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिलने पर 9 नवंबर को जिले के विभिन्न थाना एवं चौकी क्षेत्रों में एक साथ कार्रवाई की गई। पुलिस टीमों ने ग्राम भैंसामुड़ा, देवरबीजा, चोटमर्रा, मरतरा, घोठा, जुनवानी कला, झिरिया, पौसरी, जांता, बहरबोड़, भंवरदा, कोदवा, बिरनपुर, चोंगीखपरी, सांकरा, पतोरा, रेवे और हाथीडोब सहित विभिन्न स्थानों पर दबिश दी। इन स्थानों में गौरा-गौरी चौक, तालाब के पास, स्कूल परिसर, श्मशान घाट, स्ट्रीट लाइट के नीचे तथा अन्य सार्वजनिक जगहों पर जुआ खेले जाने की सूचना मिली थी। पुलिस की रेड कार्रवाई के दौरान कुछ लोग मौके से भाग निकले, जबकि 123 जुआरियों को पकड़ लिया गया।

इस कार्रवाई में विभिन्न थाना एवं चौकी क्षेत्रों में कुल 21 प्रकरण दर्ज किए गए। पकड़े गए लोगों में देवचरण साहू (45 वर्ष), निवासी भैंसामुड़ा, सतीश कहार (42 वर्ष), राकेश यादव (25 वर्ष), संतोष यादव (56 वर्ष) और प्रहलाद साहू (60 वर्ष), निवासी देवरबीजा, राजू मेहर (19 वर्ष), निवासी मातापारा नवागढ़, दिलहरण पटेल (30 वर्ष), निवासी घोठा, सनत राजपूत (45 वर्ष), निवासी अंधियारखोर, जयंत वर्मा (40 वर्ष), निवासी कोदवा तथा हेमंत साहू (21 वर्ष), निवासी रेवे सहित कुल 123 लोग शामिल हैं। सभी के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 की धारा 3(2) के तहत कार्रवाई की गई है।

पुलिस ने बताया कि इस कार्रवाई में साइबर सेल सहित विभिन्न थाना एवं चौकी प्रभारियों और पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जिले में अवैध शराब, गांजा, नशीले पदार्थों, जुआ और सट्टा सहित अन्य आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है।

पांच दिनों में 539 जुआरी पकड़े गए

बेमेतरा पुलिस के अनुसार, पिछले पांच दिनों के दौरान जिले के सभी थाना एवं चौकी क्षेत्रों में जुआरियों के खिलाफ अभियान चलाकर कुल 106 प्रकरण दर्ज किए गए हैं। इस दौरान 539 जुआरियों के कब्जे और जुआ फड़ से कुल 6 लाख 3 हजार 595 रुपये नगद तथा 52 पत्ती ताश जब्त की गई। इस अभियान में थाना बेमेतरा, नवागढ़, नांदघाट, दाढ़ी, खम्हरिया, बेरला, चंदनू, साजा, परपोड़़ी सहित चौकी मारो, देवकर, खंडसरा, देवरबीजा, कंडरका और संबलपुर की पुलिस टीमें शामिल रहीं।

- Advertisement -spot_img

More articles

- Advertisement -spot_img

Latest article