24.1 C
Raipur
Tuesday, August 18, 2026

लंबित मांग: भारतीय मजदूर संघ ने घेरा कलेक्ट्रेट, मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन

Must read

कबीरधाम -18 अगस्त 2026

श्रमिकों की विभिन्न लंबित मांगों और समस्याओं को लेकर भारतीय मजदूर संघ जिला कबीरधाम के नेतृत्व में जिला कलेक्ट्रेट का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन में पंडरिया शक्कर कारखाना के श्रमिकों, आंगनबाड़ी सेविका-सहायिकाओं, स्कीम वर्करों सहित जिले के विभिन्न श्रमिक संगठनों के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में श्रमिक शामिल हुए।

प्रदर्शन के दौरान श्रमिकों ने रोजगार सुरक्षा, वेतन, सामाजिक सुरक्षा और लंबित भुगतान सहित विभिन्न मांगों को लेकर शासन-प्रशासन के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद की। प्रदर्शनकारियों ने मांगों का शीघ्र निराकरण किए जाने की मांग की।

पंडरिया शक्कर कारखाना के श्रमिकों की प्रमुख मांगें

भारतीय मजदूर संघ ने बताया कि लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल सहकारी शक्कर कारखाना, पंडरिया में प्रत्येक वर्ष जुलाई माह में श्रमिकों की कार्य पर वापसी होती रही है, लेकिन इस वर्ष बड़ी संख्या में श्रमिकों को अब तक काम पर वापस नहीं लिया गया है। संगठन ने सभी पात्र श्रमिकों को तत्काल कार्य पर वापस लेने तथा उनकी रोजगार सुरक्षा और सेवा निरंतरता सुनिश्चित करने की मांग की।
इसके साथ ही समान काम के लिए समान वेतन लागू करने और श्रमिकों का न्यूनतम वेतन 30 हजार रुपये प्रतिमाह किए जाने की मांग भी उठाई गई।

ललित चन्द्रवंशी की आईडी डिलीट करने का विरोध

प्रदर्शन के दौरान पंडरिया शक्कर कारखाना के इकाई महामंत्री ललित चन्द्रवंशी की आईडी डिलीट किए जाने का मामला भी प्रमुखता से उठाया गया। भारतीय मजदूर संघ ने उनकी आईडी तत्काल बहाल करने और उन्हें पूर्ववत कार्य पर लिए जाने की मांग की।

संगठन का कहना है कि श्रमिक प्रतिनिधि के साथ इस तरह की कार्रवाई स्वीकार नहीं की जाएगी और श्रमिकों के अधिकारों से जुड़े मामलों में संगठन मजबूती से आवाज उठाता रहेगा।

लंबित वेतन और सामाजिक सुरक्षा का मुद्दा

भारतीय मजदूर संघ ने श्रमिकों के लंबित वेतन, बोनस, एरियर्स और अन्य वैधानिक भुगतानों का तत्काल निराकरण करने की मांग की। इसके अलावा श्रमिकों को EPF, ESI, बोनस, ग्रेच्युटी सहित अन्य सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का पूर्ण लाभ दिलाने की मांग भी रखी गई।

आंगनबाड़ी सेविका-सहायिकाओं और स्कीम वर्करों की मांगें

प्रदर्शन में आंगनबाड़ी सेविका-सहायिकाओं और स्कीम वर्करों की समस्याओं को भी प्रमुखता से उठाया गया। स्कीम वर्करों को मजदूर की श्रेणी में शामिल करने, न्यूनतम मजदूरी और सामाजिक सुरक्षा का लाभ देने तथा न्यूनतम वेतन 30 हजार रुपये प्रतिमाह करने की मांग की गई।
वहीं आंगनबाड़ी सेविका-सहायिकाओं के लिए सेवानिवृत्ति लाभ, सामाजिक सुरक्षा, पदोन्नति और अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग भी ज्ञापन में शामिल की गई।

मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन
प्रदर्शन के बाद भारतीय मजदूर संघ द्वारा जिला कलेक्टर के माध्यम से मुख्यमंत्री, छत्तीसगढ़ शासन के नाम ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में श्रमिकों की विभिन्न मांगों का उल्लेख करते हुए शासन से इनका जल्द निराकरण करने की मांग की गई।

भारतीय मजदूर संघ जिला कबीरधाम के जिला महामंत्री ने कहा कि श्रमिकों के अधिकार, रोजगार, सम्मान और सामाजिक सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर संगठन पूरी मजबूती के साथ खड़ा है। उन्होंने कहा कि यदि मांगों का शीघ्र निराकरण नहीं किया गया तो संगठन आगामी दिनों में आंदोलन की नई रणनीति तय करेगा।
- Advertisement -spot_img

More articles

- Advertisement -spot_img

Latest article