42.2 C
Raipur
Monday, June 8, 2026

132 निजी और सहकारी कृषि केंद्रों पर औचक छापेमारी: नियमों के उल्लंघन पर 19 विक्रेताओं को नोटिस

Must read

न्यूज डेस्क 08 जून 2026

बेमेतरा जिला प्रशासन द्वारा खरीफ सीजन 2026 के लिए जारी इस रिपोर्ट के अनुसार, किसानों को समय पर और सही दाम में अच्छी गुणवत्ता की खाद उपलब्ध कराने के लिए सख्त कदम उठाए जा रहे हैं।

जिला स्तरीय उड़नदस्ता और कृषि विभाग की संयुक्त टीम ने अब तक 132 निजी और सहकारी कृषि केंद्रों का औचक निरीक्षण किया है। इस दौरान स्टॉक में गड़बड़ी, रेट लिस्ट न लगाने और नियमों का उल्लंघन करने पर 19 दुकानों को कारण बताओ नोटिस दिया गया है।

इसके अलावा, एक केंद्र से अवैध रूप से संचित यूरिया जब्त किया गया है, 4 दुकानों पर बिक्री की रोक लगा दी गई है और 1 कृषि केंद्र का लाइसेंस निलंबित कर दिया गया है।

प्रशासन ने साफ चेतावनी दी है कि खाद की जमाखोरी, कालाबाजारी या तय कीमत से ज्यादा दाम वसूलने पर उर्वरक नियंत्रण आदेश-1985 और आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत सीधे पुलिस में एफआईआर (FIR) दर्ज कराई जाएगी।

​भंडारण की स्थिति को देखें तो जिले के लिए तय 68,300 मीट्रिक टन के लक्ष्य के मुकाबले अब तक 48,569 मीट्रिक टन खाद मिल चुकी है, जिसमें से 30,341 मीट्रिक टन खाद किसानों को बांटी जा चुकी है। हालांकि डीएपी का भंडारण अब तक 5,165 मीट्रिक टन ही हुआ है, लेकिन इसके विकल्प के तौर पर 7,901 मीट्रिक टन सिंगल सुपर फास्फेट (SSP) और 6,279 मीट्रिक टन एनपीके (NPK) उपलब्ध है।

कृषि विशेषज्ञों ने किसानों को सलाह दी है कि वे केवल डीएपी के भरोसे न रहें, क्योंकि सिंगल सुपर फास्फेट में 16 प्रतिशत फास्फोरस के साथ-साथ 11 प्रतिशत सल्फर होता है, जो फसलों की अच्छी ग्रोथ और पैदावार के लिए बहुत फायदेमंद है।

जिला प्रशासन ने सभी किसान भाइयों से अपील की है कि वे खाद खरीदते समय दुकानदार से अनिवार्य रूप से पक्का बिल लें और यदि कोई भी विक्रेता ज्यादा पैसे मांगता है या गड़बड़ी करता है, तो तुरंत विकासखंड स्तर के कृषि अधिकारियों (SADO) से बेमेतरा (7999469649), साजा (8717872585), बेरला (7999972258) या नवागढ़ (8770309426) के नंबरों पर शिकायत दर्ज कराएं।

- Advertisement -spot_img

More articles

- Advertisement -spot_img

Latest article